उप मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में जुटा बालोद जिला प्रशासन, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
0- 23 और 24 अक्टूबर को दो दिवसीय प्रस्तावित दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन एवं लोकार्पण
बालोद,. जिले में आगामी 23 और 24 अक्टूबर को उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा के दो दिवसीय प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल और सुचारू आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्यक्रम में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और हितग्राहियों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर मॉडल विलेज नारागांव, एमवीएस, प्रोजेक्टर दिनकर और विज्ञान केंद्र से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
शासकीय योजनाओं और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा जोर
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत नारागांव की वेंडर दीदियों के सम्मान की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा तथा बेटी@work कार्यक्रम के संचालन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके।
सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं के लिए निर्देश
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था पुलिस अधीक्षक, बालोद द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की तैनाती, विभागीय समन्वय और मंच पर बैठने की व्यवस्था का दायित्व अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बालोद को सौंपा गया है।
लोक निर्माण विभाग और संबंधित विद्युत विभाग मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, ध्वनि व्यवस्था, कूलर-पंखे तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी तरह, खाद्य विभाग को स्वल्पाहार की व्यवस्था तथा उद्यानिकी और पशु चिकित्सा विभाग को अतिथियों के स्वागत के लिए पुष्पगुच्छ एवं मालाओं की व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। नगर सेना अग्निशमन वाहन की व्यवस्था करेगी, जबकि जनपद पंचायत और नगर पालिका बालोद कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई सुनिश्चित करेंगे।
भूमिपूजन एवं लोकार्पण से संबंधित शिलालेख तैयार करने का दायित्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और जिला पंचायत को सौंपा गया है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी उद्घोषक की व्यवस्था करेंगे। वहीं, एनआईसी और चिप्स द्वारा समीक्षा बैठक के लिए प्रेजेंटेशन एवं इंटरनेट की व्यवस्था की जाएगी।
अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र कुमार वैद्य होंगे नोडल अधिकारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र कुमार वैद्य को संपूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने और कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं।








.jpeg)
.jpg)
Leave A Comment