फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों को सतर्क रहने की सलाह, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों से फसल सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील
बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में किसानों को मौसम की स्थिति को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव होने तथा कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।किसानों की मेहनत से तैयार फसल को नुकसान से बचाने के लिए कृषि विभाग ने आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम के पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें और फसल की सुरक्षा के लिए समय रहते उचित कदम उठाएं।
खेतों में पकी हुई फसल की कटाई कर ली गई है, तो उसे जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं। खलिहान में रखी फसल को तिरपाल से अच्छी तरह ढंक कर रखें। बारिश की संभावना को देखते हुए खेतों में पानी जमा होने से रोकने के लिए जल निकासी नालियां तैयार रखें, ताकि फसल को जलभराव से बचाया जा सके।
27 से 29 अक्टूबर के दौरान फसल की कटाई, कड़ाई या अन्य कृषि कार्यों में सावधानी बरतें। फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करें। मंडियों में बिक्री के लिए रखी गई फसल को बारिश से बचाने के लिए ढककर रखें, ताकि उपज खराब न हो।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के दौरान खेतों में काम करने से बचें। मौसम संबंधी स्थानीय सूचनाओं के लिए रेडियो, टेलीविजन और मोबाइल के माध्यम से जारी होने वाले पूर्वानुमान पर ध्यान दें।
यदि बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से फसल को नुकसान पहुंचता है, तो किसान इसकी सूचना 72 घंटे के भीतर फसल बीमा टोल-फ्री नंबर 14447 पर दें। फसल बीमा से संबंधित जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के लिए किसान अपने क्षेत्र के कृषि विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए समय पर सावधानी बरतें, ताकि उनकी मेहनत से तैयार फसल को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।









.jpeg)
.jpg)
Leave A Comment