कबीरधाम के दिव्यांग तैराकों ने रचा इतिहास, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीते 8 पदक
-तीन खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव
-कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने खिलाड़ियों का किया सम्मान एवं उत्साहवर्धन
रायपुर। 13वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक हासिल किए हैं। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का परिचय देते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर आज खिलाड़ियों ने कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति से सौजन्य भेंट कर सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों को भविष्य में भी निरंतर अभ्यास करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने तथा जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
13वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में किया गया था। प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में सुखचौन निषाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर फ्रीस्टाइल एवं 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। इसी प्रकार खिलेश्वर पटेल ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक तथा 50 मीटर फ्रीस्टाइल एवं 50 मीटर बैकस्ट्रोक में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, सुखनंदन निषाद ने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक तथा 50 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार कबीरधाम जिले के तीनों खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से 4 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 8 पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।












.jpg)
Leave A Comment