यूपीएससी प्रमुख और सदस्यों ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की
नयी दिल्ली. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के अध्यक्ष अजय कुमार और आयोग के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यूपीएससी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए सिविल सेवा परीक्षा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाएं आयोजित करता है। राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि आयोग के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के साथ आयोग के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) राज शुक्ला, सुमन शर्मा, विद्युत बिहारी स्वैन, डॉ. दिनेश दासा, शीलवर्धन सिंह, संजय वर्मा, सुजाता चतुर्वेदी और अनुराधा प्रसाद ने राष्ट्रपति से मुलाकात की। कार्यालय ने बताया कि इस दौरान आयोग की 76वीं वार्षिक रिपोर्ट, स्मारक सिक्के और यूपीएससी के शताब्दी वर्ष के अवसर पर जारी डाक टिकट राष्ट्रपति को भेंट किए गए। राष्ट्रपति कार्यालय ने अलग-अलग पोस्ट में बताया कि कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव और ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम ने भी राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की।



.jpg)





.jpg)
Leave A Comment