जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सुचारू संपादन हेतु पदनामित जनगणना अधिकारी नियुक्ति
बालोद. जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध संपादन के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रशासनिक एवं नगरीय निकाय अधिकारियों को पदनामित जनगणना अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। विभिन्न अधिकारियों के स्थानांतरण के फलस्वरूप जनगणना अधिनियम 1948 (1948 का 37) की धारा 4 की उप-धारा (2) के तहत पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन कर पदनामित जनगणना अधिकारी नियुक्तियां की गई हैं।
जिला एवं अनुविभाग स्तरीय जनगणना अधिकारियों की जिम्मेदारी
जारी आदेश में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ‘प्रमुख जनगणना अधिकारी’ तथा अपर कलेक्टर श्री गिरधारी लाल यादव ‘जिला जनगणना अधिकारी’ और उप संचालक जिला योजना एवं सांख्यिकी श्री एस. कुजूर ‘अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी’ के रूप में संपूर्ण बालोद जिले की सीमाओं के भीतर जनगणना कार्य का संपादन करेंगे। इसी प्रकार संबंधित राजस्व अनुविभागों के क्षेत्राधिकार के भीतर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बालोद श्री नूतन कुमार कंवर, गुरुर श्री शिवनाथ बघेल, गुण्डरदेही श्री टंकेश्वर प्रसाद साहू, डौण्डीलोहारा श्री लवकेश कुमार धु्रव तथा डौण्डी श्री आशीष कुमार को ‘अनुविभागीय जनगणना अधिकारी’ नियुक्त किया गया है।
इसी तरह संबंधित राजस्व तहसीलों के अंतर्गत तहसीलदार बालोद श्री संध्या नामदेव, गुरुर श्री हेमंत पैकरा, गुण्डरदेही श्री हनुमंत श्याम, डौण्डीलोहारा श्री हिन्सा राम नायक, डौण्डी श्री देवेन्द्र नेताम, अर्जुन्दा श्री चन्द्रशेखर चन्द्राकर तथा मार्रीबंगला (देवरी) के तहसीलदार श्री प्रीतम साहू को ‘चार्ज जनगणना अधिकारी’ का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही अतिरिक्त तहसीलदार बालोद श्री तारसिंग खरे, नायब तहसीलदार गुरुर श्री रमेश कुमार मण्डावी, अतिरिक्त तहसीलदार गुण्डरदेही श्री अम्बर गुप्ता, नायब तहसीलदार डौण्डीलोहारा श्री दीपक चन्द्राकर, नायब तहसीलदार अर्जुन्दा श्री बी. रुद्रापति तथा नायब तहसीलदार मार्रीबंगला (देवरी) श्री घनेन्द्र कुमार कश्यप को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में ‘अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी’ नियुक्त किया गया है।
नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी होंगे नगर चार्ज जनगणना अधिकारी
जिले के सभी नगरीय निकायों एवं उनके बाह्य विकास क्षेत्रों (यदि कोई हो) की सीमाओं के भीतर जनगणना कार्य हेतु संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ) को ‘नगर चार्ज जनगणना अधिकारी’ बनाया गया है। इनमें नगर पालिका बालोद के सीएमओ श्री मनीष वारे, दल्लीराजहरा के श्री विकास पाटले, नगर पंचायत गुरुर के श्री श्रीनिवास पटेल, गुण्डरदेही के श्री कोमल ठाकुर, डौण्डीलोहारा के श्री ओमप्रकाश शर्मा, डौण्डी के श्री संतोष देवांगन, चिखलाकसा के श्री अरविंद नाथ योगी, अर्जुन्दा के श्री चन्द्रकांत शर्मा तथा नगर पंचायत पलारी के सीएमओ श्री गिरीश साहू शामिल हैं।











Leave A Comment