ब्रेकिंग न्यूज़

 धान के बाद दलहन-तिलहन की खेती अपनाएं किसान, खेत की नमी से बढ़ाएं आमदनी

0- कृषि विभाग की किसानों से अपील, रबी फसलों की समय पर करें बुवाईय समितियों में उपलब्ध हैं उन्नत बीज
बालोद. खरीफ की धान फसल कटने के बाद खेतों में बची नमी किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का अच्छा अवसर बन सकती है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा किसानों को फसल चक्र अपनाने और रबी सीजन में दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि धान के बाद गेहूं, चना, तिवड़ा और सरसों जैसी फसलों की बुवाई करें। इससे कम पानी में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
खेतों में बची नमी बनेगी अतिरिक्त कमाई का जरिया
खरीफ फसल की कटाई के बाद खेतों में मौजूद नमी का उपयोग रबी फसलों की बुवाई के लिए किया जा सकता है। समय पर बुवाई करने से सिंचाई की जरूरत कम होगी और उपलब्ध प्राकृतिक नमी का बेहतर उपयोग हो सकेगा। दलहन फसलों की खेती से मिट्टी की सेहत सुधारने में भी मदद मिलती है। इससे किसानों को एक ही फसल पर निर्भर रहने के बजाय आय के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
सेवा सहकारी समितियों में उपलब्ध कराए गए उन्नत बीज
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड, झलमला के माध्यम से जिले की विभिन्न सेवा सहकारी समितियों में चना, गेहूं, तिवड़ा, सरसों और कुसुम के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। शेष समितियों में भी बीज भंडारण की प्रक्रिया जारी है। जिले के बालोद, गुरूर, डौण्डी, डौण्डीलोहारा और गुण्डरदेही विकासखंडों के किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार नजदीकी सेवा सहकारी समिति से बीज प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों में उपलब्ध नमी का लाभ लेने के लिए समय पर बुवाई करें, ताकि फसल की अच्छी बढ़वार हो सके।
पीएम-आशा योजना से मिलेगी उपज का उचित मूल्य
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) योजना के अंतर्गत जिले में चना, मसूर और सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 22 खरीदी केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार चना 5,875 रुपए, मसूर 7,000 रुपए और सरसों 6,200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जाएगी। इसके अलावा कोदो 3,200 रुपए, कुटकी 3,350 रुपए और रागी 5,205 रुपए प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारी भी की जा रही है।
पंजीयन की तारीख बढ़ी, किसानों को मिला अतिरिक्त समय
खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए एकीकृत किसान पोर्टल पर नवीन पंजीयन तथा फसल एवं रकबे में संशोधन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। इसके तहत कोदो, कुटकी और रागी के पंजीयन की अवधि 16 नवंबर 2026 से बढ़ाकर 30 दिसंबर 2026 तक तथा गन्ना फसल के पंजीयन की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2027 तक कर दी गई है। इससे किसानों को पंजीयन और आवश्यक संशोधन के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे नजदीकी सेवा सहकारी समिति से उन्नत बीज प्राप्त करें और खेतों में बची नमी का सदुपयोग करते हुए समय पर रबी फसलों की बुवाई करें। फसल विविधीकरण अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाएं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english