सड़क दुर्घटना में भाजपा सांसद लक्ष्मी वर्मा घायल
रायपुर. रायपुर जिले में कार दुर्घटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और उनके वाहन चालक घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार देर शाम बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग पर खरोरा थाना क्षेत्र में हुआ। उन्होंने बताया कि वर्मा पड़ोसी जिले बलौदाबाजार-भाटापारा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। कार में उनके साथ उनका बेटा और एक सुरक्षाकर्मी भी सवार थे। अधिकारियों के अनुसार, खरोरा थाना क्षेत्र में उनकी कार सामने से आ रही एक अन्य कार से टकरा गई। इस हादसे में वर्मा (59) और उनके वाहन चालक को चोटें आईं, जबकि दूसरी कार में सवार तीन लोग भी मामूली रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वर्मा को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि वर्मा के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार रात घटना पर चिंता जताई और वर्मा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।













Leave A Comment