सरकार किसानों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता, किफायती कीमत सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध: नड्डा
नयी दिल्ली. केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि सरकार किसानों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता और किफायती कीमत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण आपूर्ति बाधित होने के बावजूद इस साल उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गयी। मंत्री ने भारतीय उर्वरक संघ (एफएआई) के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने यूरिया उत्पादन में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। नड्डा ने उद्योग को आश्वासन दिया कि उसके सुझावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का विषय 'मजबूत कृषि के लिए उर्वरकों का भविष्य सुरक्षित करना' है। यह विषय अपने आप में बहुत प्रासंगिक है। नड्डा ने कहा, ''आपने जो निष्कर्ष निकाले हैं, मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि हम उन्हें पूरी भावना और प्रतिबद्धता के साथ लागू करने का प्रयास करेंगे। मुझे एफएआई और सरकार के विचारों में कोई अंतर नहीं दिखता। हम एक-दूसरे के साथ तालमेल से काम करते हैं।'' यहां 26 से 28 नवंबर तक आयोजित वार्षिक सम्मेलन में 26 देशों के 1,800 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नड्डा ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में किसानों का कल्याण विकास के एजेंडे का केंद्रीय बिंदु रहा है।'' उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश का खाद्यान्न उत्पादन काफी बढ़ा है और यह उर्वरक उद्योग के योगदान के बिना संभव नहीं होता। नड्डा ने कहा कि भारत दुनिया में उर्वरकों का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक है। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष और आपूर्ति शृंखला पर इसके प्रतिकूल प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने उर्वरकों की आपूर्ति बनाए रखी।










Leave A Comment