तालपुरी महिला समिति ने साइबर की गुलामी के खतरों से किया आगाह
![]( https://chhattisgarhaaj.com/uploads/upload_images/1718546782-2.jpg)
-
-क्लब हाउस में आयोजित समारोह में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी बी ब्लॉक महिला समिति के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने क्लब हाउस में रविवार को आयोजित एक समारोह में पद की शपथ ली। इनका निर्वाचन हाल ही में हुआ था। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनका महिलाओं ने खूब लुत्फ लिया। इस अवसर पर समिति की सदस्यता ग्रहण करने वाली महिलाओं का स्वागत भी किया गया। यह समिति पिछले सात वर्षों से सक्रिय है, जो समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित कर महिलाओं को जागरूक करने का कार्य करती है। अध्यक्ष रेखा सिंह ने अपने संबोधन में महिलाओं को एकजुट रहकर अपना क्वालिटी समय व्यतीत करने का आह्वान किया।
क्लब हाउस के हॉल में आयोजित समारोह में अधिवक्ता रेखा सिंह अध्यक्ष, महिमा ढोबले उपाध्यक्ष, नीतू साहू सचिव, सरोज तिवारी सह सचिव, मोना सिंह कोषाध्यक्ष, धनेश्वरी शर्मा उप कोषाध्यक्ष, रेखा मालवीय मीडिया प्रभारी पद की शपथ ली। जबकि आशा जानी, अनीता सिंह, माला यादव, मनोरमा सिंह, ममता शुक्ला, सरला श्रीवास्तव, श्यामली मुखर्जी, सुशीला सूर्यवंशी, कृतिका साव, वकुला राव, किरण शर्मा, मनीषा हाड़गे और सीमा देवांगन ने बतौर कार्यकारिणी सदस्य शपथ ग्रहण की। दो सौ सदस्यीय इस समिति का हाल ही में निर्वाचन हुआ था।
समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इस अवसर पर जहां नाटक के माध्यम से साइबर की गुलामी का बच्चों के मनोमस्तिष्क पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी गई, वहीं चाहे बेटी हो या बेटा मां द्वारा कभी भी भेदभाव नहीं करने के उद्देश्य को लेकर रचित नाटक का प्रभावोत्पादक मंचन भी किया गया। इस मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में छत्तीसगढ़ का सुप्रसिद्ध लोक नृत्य सुआ पेश किया, जिसमें प्रदेश की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। इन कार्यक्रमों के अलावा महिलाओं ने फिल्मी धुनों पर नृत्य भी प्रस्तुत किया, जो आकर्षण का केंद्र बने। साथ ही साथ मनोरंजक प्रतियोगिता हाउजी भी आयोजित की गई, जिसमें सभी ने उत्साह से हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन आशा जानी ने किया। समारोह में अनीता दत्ता, निर्मला स्वर्णकार, शिवा, रिंकू पात्रो, ममता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत की।
Leave A Comment