नए अंतरिक्ष स्टेशन से चीनी अंतरिक्ष यात्रियों ने किया स्पेसवॉक
बीजिंग। चीन के दो अंतरिक्ष यात्रियों ने शनिवार को नए अंतरिक्ष स्टेशन से ‘स्पेसवॉक' (निर्वात में चहल कदमी) किया। इस नए अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण इस साल पूरा हो जाएगा। काई शुझे और चेन डोंग ने पंप लगाए, आपातकाल द्वार में बाहर से खोलने के लिए हैंडल लगाया तथा रोबोट से अंतरिक्षयात्री के पांव को जोड़ने के लिए उपकरण लगाया। चीन के सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। चीन की सेना देश का अंतरिक्ष कार्यक्रम चला रही है इसलिए चीन को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर कर दिया गया है। छह महीने के अभियान में चीनी अंतरिक्ष यात्रियों ने दूसरी बार स्पेसवॉक किया है। चीन अपना स्वयं का अंतरिक्ष स्टेशन बना रहा है।
Leave A Comment