नेपाल में इस साल 1 लाख 20 हजार से अधिक पर्यटक आए, फरवरी में सबसे ज्यादा भारतीय
काठमांडू। इस साल के पहले दो महीनों में नेपाल में बाहर से 1 लाख 20 हजार से अधिक पर्यटक आए। फरवरी में जितने विदेशी पर्यटक आए उनमें सबसे ज्यादा भारतीय थे। नेपाल के पर्यटन विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। कोविड-19 महामारी के कारण तीन साल पहले लागू यात्रा प्रतिबंधों में विभिन्न देशों द्वारा ढील दिए जाने के साथ नेपाल में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। नेपाल पर्यटन बोर्ड (एनटीबी) के मुताबिक इस साल के शुरुआती दो महीने में हवाई मार्ग से 1 लाख 28 हजार 329 यात्री आए। फरवरी में 73 हजार 255 पर्यटक आए। फरवरी का आंकड़ा पिछले साल इसी महीने की तुलना में 270 प्रतिशत ज्यादा है। एनटीबी के मुताबिक पिछले महीने सबसे ज्यादा पर्यटक भारत से आए जिनकी संख्या 18 हजार 401 थी। इसके बाद सबसे ज्यादा अमेरिका से 7 हजार 887 पर्यटक आए। इस साल फरवरी में 2266 चीनी पर्यटक नेपाल आए।
Leave A Comment