स्कॉटलैंड में महाराजा चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक में सर्वधर्म प्रार्थना
लंदन। ब्रिटेन के नए महाराजा के राज्याभिषेक के जश्न के तहत स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में आयोजित ऐतिहासिक उत्सव में बुधवार को महाराजा चार्ल्स तृतीय और महारानी कैमिला को देश का राजमुकुट प्रदान किया गया। ब्रिटेन के वेस्टमिंस्टर ऐबे में मई में हुए राज्याभिषेक की तरह ही स्कॉटलैंड में आयोजित समारोह में भी सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। एडिनबर्ग के संत गिल्स कैथेड्रल में ‘नेशनल सर्विस ऑफ थैंक्सगिविंग एंड डेडिकेशन' स्कॉटलैंड के साथ महाराजा के सांकेतिक संबंध का प्रतीक है। ईसाई धर्म के अनुरूप आयोजित इस समारोह में हिन्दू पुजारी, मुस्लिम इमाम, यहूदी राब्बी और बौद्ध भिक्षु ने भी हिस्सा लिया। ग्लासगो में स्थित हिन्दू मंदिर के पुजारी डॉक्टर श्रीहरी वल्लभाजोसुला ने अपनी प्रार्थना में कहा, ‘‘यूनाइटेड किंगडम और राष्ट्रमंडल देशों की जनता के कल्याण हेतु काम करने के लिए देवी श्री लक्ष्मी और भगवान श्री वेंकटश्वर महाराज और राज परिवार को विचारों, शब्दों और कर्म की शुद्धता और एकात्मकता प्रदान करें।'' स्कॉटलैंड के फर्स्ट मिनिस्टर हमजा युसूफ (पाकिस्तानी मूल के) ने प्रार्थना सभा के दौरान बाइबल के ‘ओल्ड टेस्टामेंट' के कुछ हिस्सों को पढ़ा।
Leave A Comment