चेक गणराज्य में एक रेस्तरां में आग लगने से छह लोगों की मौत
प्राग। चेक गणराज्य के उत्तरी हिस्से में एक रेस्तरां में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गयी जबकि छह अन्य गंभीर रूप से झुलस गये। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि प्राग के उत्तर में लगभग 100 किलोमीटर (63 मील) की दूरी पर स्थित मोस्ट शहर में शनिवार को ‘यू कोजोटा' रेस्तरां आधी रात से पूर्व आग लगने के समय खुला था। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि संभवतः आग का कारण गैस हीटर का पलट जाना था।
आगू पर एक बजे तक काबू पाया जा सका और उसमें 60 से अधिक दमकलकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। झुलसे लोगों को मोस्ट और आस-पास के शहरों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मामले की जांच की जा रही है। रविवार सुबह मौके का दौरा करने के बाद गृहमंत्री विट राकुसान ने कहा कि रेस्तरां और समीप के एक अपार्टमेंट से करीब 30 लोगों को बाहर निकाला गया। मोस्ट के महापौर मारेक हर्वोल ने कहा कि यह शहर के हाल के इतिहास की सबसे बुरी त्रासदी है।
Leave A Comment