नहीं है फ्रिज तब भी बना सकते हैं ढेर सारी आइसक्रीम
चिलचिलाती गर्मियों में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाना भला किसे नहीं पसंद। वैसे भी आजकल तो इंटरनेट पर आइसक्रीम बनाने की तमाम रेसिपीज पड़ी हुई हैं। जैसी मर्जी वैसे फ्लेवर की आइसक्रीम का मजा घर पर बैठकर ही उठाया जा सकता है। फिर क्यों बाजार वाली केमिकल से भरी आइसक्रीम को खाना, लेकिन उसके लिए जरूरत है फ्रिज की। बिना इसके तो आइसक्रीम बनाने की सोच भी नहीं सकते, हैं ना। लेकिन आज हम आपके लिए ऐसा तरीका खोजकर लाए हैं जहां आपको फ्रिज की जरूरत ही नहीं पड़ेगी और आप घर पर ही ढेर सारी आइसक्रीम का आनंद उठा पाएंगे।
बिना फ्रिज के बना रहे हैं आम की आइसक्रीम, तो चाहिए होंगी ये चीजें
बिना फ्रिज के आइसक्रीम बनाना बेहद ही आसान है। इसके लिए सबसे पहले हम अपने ही घर पर एक फ्रिज तैयार करेंगे। डरिए मत इसमें कोई झंझट या तामझाम नहीं है। इसके लिए बस आपको दो जिप लॉक बैग (वही प्लास्टिक के बैग जो आगे से बंद हो जाते हैं) , थोड़े से बर्फ के टुकड़े, आधा कप सेंधा नमक चहिए होगा। बस आपका फ्रिज तैयार है।
वैसे तो आप इस तरीके से अपने मन पसन्द की कोई भी आइसक्रीम बना सकते हैं , लेकिन यहां हम आपको आम की आइसक्रीम की रेसिपी बता रहे हैं। अब आम की आइसक्रीम बना रहे हैं तो जाहिर है आम की जरूरत होगी। इसके साथ ही थोड़ी चीनी या मिश्री, मलाई और दूध की भी जरूरत होगी।
ये है बिना फ्रिज आइसक्रीम जमाने का आसान तरीका
बिना फ्रिज के आइसक्रीम जमाने के लिए आपको सबसे पहले जो भी आइसक्रीम बना रहे हैं उसकी तैयारी कर लेनी है। यहां हम आम की आइसक्रीम बना रहे हैं तो सबसे पहले उसके मिश्रण को तैयार करेंगे। आम का गूदा निकाल लें। अब एक मिक्सर में उसे डालें। अब उसमें स्वाद अनुसार चीनी, आधा कप दूध और थोड़ी सी मलाई या क्रीम डाल दें। सब कुछ मिलकर एक घोल तैयार हो जाएगा।
अब बारी है इसे बिना फ्रिज के जमाने की। इसके लिए आपको एक प्लास्टिक बैग में बर्फ के टुकड़ों को भर लेना है। बर्फ के टुकड़े आप आसानी से किसी दुकान से खरीद सकते हैं। अब उसमें आधा कप सेंधा नमक डाल लीजिए। अपने आइसक्रीम के मिक्सचर को भी एक दूसरे प्लास्टिक बैग में पलट लीजिए। इस मिक्सर वाले बैग को बर्फ वाले बैग में बर्फ के बीचों बीच रख दीजिए। पूरे मिक्सचर वाले बैग को ऊपर से भी बर्फ से ढंक दीजिए। अब आप इसे तौलिया से ढंक दें और पांच मिनट के लिए हाथों से हिलाते रहें। बस पांच मिनट में ही आप देखेंगे कि आपकी आइसक्रीम पूरी तरह तैयार है।
Leave A Comment