दिवाली मनाने जा रहे थे घर....ट्रेलर से बस टकराई, 15 मजदूरों की मौत
रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा के नजदीक नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। बस और ट्रेलर की टक्कर में यूपी के 15 यात्रियों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री घायल हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, तब जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
एसपी नवनीत भसीन ने बताया कि हादसा शुक्रवार की रात रीवा से 70 किमी दूर सोहागी पहाड़ी पर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, बस पहाड़ से नीचे उतरते वक्त ट्रेलर से जा टकराई। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। इसमें 55 से ज्यादा लोग सवार थे। मरने वालों में ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर हैं। ये दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे।
एसपी नवनीत भसीन के अनुसार सागर से प्रयागराज जा रहे प्रत्यक्षदर्शी शिवा शुक्ला ने बताया, मैं रात में सागर जिले से अपनी कार से लौट रहा था। हादसे वाली जगह ही मैंने कार खड़ी की। कार के ठीक बगल से बस निकली। थोड़ी ही दूर आगे जाने के बाद जोरदार धमाका सुनाई दिया। बहुत तेज आवाज आई। देखते ही देखते बस के अंदर से चीख-पुकार सुनाई देने लगी। मैंने तुरंत अपने एक परिचित को कॉल किया। उन्होंने ही पुलिस को हादसे की सूचना दी। करीब एक घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को निकाला जाने लगा था। पुलिस के पहुंचने के बाद खून से लथपथ लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। बस सोहागी पहाड़ी पर नीचे उतरते वक्त ट्रेलर से जा टकराई। यहां मौजूद लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी, तब जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ।
रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि बस के अगले हिस्से को ज्यादा नुकसान हुआ। रफ्तार ज्यादा होने से यह ट्रेलर में घुस गया। इससे बस के केबिन और फ्रंट सीट पर बैठे यात्रियों की मौत हुई है। 40 घायल यात्रियों को संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया है। कुछ को त्योंथर अस्पताल ले जाया गया।
Leave A Comment