झूला झूलते समय गले में फंसी रस्सी...! 11 साल की बच्ची की मौत...!
लखनऊ। अलीगढ़ में झूला झूलते समय एक बच्ची के गले में रस्सी का फंदा कस गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी। परिजनों बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना टप्पला थाना क्षेत्र के जतरौली मोड़ की है।
पुलिस ने बताया कि जतरौली मोड़ के रहने वाले रन सिंह का घर से ही लगभग 200 मीटर दूरी पर जनरल स्टोर है। परिवार में उनकी पत्नी नीलम, बेटा (15) और 11 साल की बेटी अदिति थी। हर दिन की तरह शुक्रवार को भी रन सिंह अपनी दुकान पर थे। बेटा किसी काम से घर से कहीं गया हुआ था और बेटी छत पर खेल रही थी। नीलम भी पशुओं को चारा देने के लिए घर से निकल गई। इसी दौरान छत पर खेलने और झूला झूलने के दौरान झूले की रस्सी मासूम के गले में फंस गई और उसका दम घुट गया। पशुओं को चारा देने के बाद जब नीलम वापस लौटी तो अपने घर के दूसरे काम में लग गई। लेकिन, काफी देर तक जब उन्हें अदिति नजर नहीं आई तो उन्होंने छत पर जाकर देखा। छत पर जाते ही उनके होश उड़ गए और घर में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Leave A Comment