ब्रेकिंग न्यूज़

'वोट चोरी' विवाद : भाजपा अध्यक्ष नवीन ने रोहतक में पदयात्रा की अगुवाई की, कांग्रेस पर हमला बोला

चंडीगढ़. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को दिल्ली में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की रैली को लेकर निशाना साधा और कहा कि जनता का जनादेश नहीं मिलने से हताश कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। नवीन 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर विपक्ष की रैली के जवाब में हरियाणा के रोहतक में मार्च का नेतृत्व कर रहे थे। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा' को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के लिए प्रायश्चित करने और माफी मांगने के बजाय कांग्रेस दंगे की बरसी पर प्रदर्शन करने निकली है। विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में 'चलो दिल्ली' रैली कर रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''कांग्रेस पार्टी को सिख भाइयों के खिलाफ किए गए कृत्यों, नरसंहार और हत्याओं के लिए प्रायश्चित करना चाहिए था और माफी मांगनी चाहिए थी, जो 1984 में इसी दिन हुई थीं। इसके बजाय, आज वे प्रदर्शन करने निकल पड़े हैं।'' उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता सरकार चलाने के लिए जनादेश देती है, लेकिन कांग्रेस को ऐसा जनादेश नहीं मिला। इसलिए वह स्पष्ट रूप से निराश और हताश है तथा इसके लिए संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहरा रही है। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा' का जिक्र करते हुए नवीन ने कहा, ''आज हम लोगों के जनादेश का सम्मान करते हुए पदयात्रा निकालकर लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत कर रहे हैं। लोग हमसे पूछते हैं कि दिल्ली और कई अन्य राज्यों में भाजपा की सरकार है, फिर लोकतंत्र बचाने की जरूरत क्यों महसूस हो रही है।'' नवीन ने कहा कि जब विपक्ष जनता के जनादेश का अनादर करता है, तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर उसे जवाब देते हैं। उन्होंने एक नवंबर को हरियाणा के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं, लेकिन कहा कि इस दिन की कुछ दर्दनाक यादें भी हैं। नवीन ने कहा, ''मैं राहुल जी से पूछना चाहता हूं कि जब हमारे सिख भाइयों की हत्या की जा रही थी और उनका नरसंहार हो रहा था, तब आपके पिता ने टिप्पणी की थी कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है। आपको उन सिखों की मौत पर पश्चाताप करना चाहिए था और इसके लिए माफी मांगनी चाहिए थी। लेकिन आपने आज प्रदर्शन करना चुना।'' उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती दी कि वे पहले राहुल गांधी के इर्द-गिर्द केंद्रित अपनी पार्टी के भीतर के 'राजतंत्र' को समाप्त करें और वहां लोकतंत्र स्थापित करें। इस पदयात्रा में हरियाणा के लिए भाजपा की प्रभारी स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) नेता जयंत चौधरी, हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पार्टी के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश धनखड़, सुभाष बराला, कैप्टन अभिमन्यु और मोहन लाल बड़ौली शामिल हुए।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english