ब्रेकिंग न्यूज़

भाजपा ने सरदार पटेल को जयंती पर दी श्रद्धांजलि, देश के एकीकरण में उनके योगदान को किया याद

 नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश की एकता एवं अखंडता में उनके योगदान को याद किया। पार्टी ने इस अवसर पर लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पटेल के साहस और दूरदर्शिता ने देश की नींव को मजबूत किया। शाह ने कहा, ''अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से सरदार साहब ने रियासतों में बंटे देश को एकजुट किया और एक मजबूत भारत की नींव रखी। अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना करके उन्होंने देश की प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत आधार प्रदान किया।'' उन्होंने खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए पटेल के संघर्ष को भी याद किया और इसे जनसेवा एवं नेतृत्व का अद्वितीय उदाहरण बताया। शाह ने कहा कि पटेल का त्याग, समर्पण और देशभक्ति प्रत्येक नागरिक को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश के लिए उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। गडकरी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि भारत रत्न से सम्मानित और देश की एकता एवं अखंडता के प्रतीक पटेल ने आधुनिक भारत के शिल्पकार के रूप में दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति का परिचय दिया। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने कहा कि पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण करके अखंड भारत की नींव मजबूत की थी। उन्होंने कहा, ''भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने देश के बिखरे हुए क्षेत्रों को एक अखंड राष्ट्र में एकजुट किया और सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया।'' ईरानी ने कहा कि उनके दृढ़ संकल्प ने भारत को एकता का सूत्र दिया, उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता ने राष्ट्र की नींव मजबूत की और उनका जीवन पीढ़ियों के लिए राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल बन गया। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि पटेल का राष्ट्र के प्रति समर्पण, अदम्य साहस और अखंड भारत के निर्माण में उनका ऐतिहासिक योगदान सभी को प्रेरित करता रहेगा। 'लौह पुरुष' के नाम से विख्यात पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था। उनका निधन 15 दिसंबर 1950 को हुआ था। देश की आजादी के बाद 1947 में पटेल भारत के पहले गृहमंत्री बने थे। उन्हें 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने का श्रेय दिया जाता है। मोदी सरकार वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मना रही है। इसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने एवं मजबूत करने के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करना है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english