लोकसभा अध्यक्ष बिरला के नेतृत्व में संसदीय शिष्टमंडल मंगोलिया की यात्रा पर जाएगा
नयी दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में एक भारतीय संसदीय शिष्टमंडल 6 से 8 जुलाई तक मंगोलिया की यात्रा पर जाएगा। लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष बिरला के नेतृत्व में यह भारतीय शिष्टमंडल मंगोलिया की स्टेट ग्रेट खुराल (संसद) के अध्यक्ष के निमंत्रण पर वहां जा रहा है। इस शिष्टमंडल में संसद सदस्य राजेश वर्मा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, नारायण दास गुप्ता, रेबती त्रिपुरा और पबित्रा मार्गेरिटा शामिल होंगे।
भारतीय संसदीय शिष्टमंडल 7 साल के अंतराल के बाद मंगोलिया का दौरा कर रहा है। इससे पहले दिसंबर 2021 में मंगोलिया का संसदीय शिष्टमंडल भारत यात्रा पर आया था। बयान के अनुसार, स्टेट ग्रेट खुराल के अध्यक्ष जेंडनशटार गोम्बोजाव, उलन बटोर के सुखबटार स्क्वेयर में लोकसभा अध्यक्ष बिरला का स्वागत करेंगे। शिष्टमंडल के सदस्य मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख से मुलाकात करेंगे। मंगोलिया के प्रधानमंत्री ओयुन-एर्डेन लवसन्नामसराय और लोकसभा अध्यक्ष बिरला की मुलाकात का भी कार्यक्रम है। बयान में कहा गया है कि भारतीय संसदीय शिष्टमंडल जब मंगोलिया यात्रा पर होगा, उसी समय मंगोलियाई नव वर्ष के अवसर पर नादाम उत्सव आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में मंगोलिया की संसद के अध्यक्ष जेंडनशटार गोम्बोजाव ने लोकसभा अध्यक्ष और शिष्टमंडल के सदस्यों को मिनी नादाम समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। बयान में कहा गया है कि शिष्टमंडल सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थानों के साथ ही ऑयल रिफाइनरी परियोजना के मुख्यालय का भी दौरा करेगा जिसे भारतीय एक्ज़िम बैंक ने 1.23 अरब डॉलर के आसान ऋण से वित्त पोषित किया है।
यह ऑयल रिफाइनरी परियोजना मंगोलिया में भारत की सबसे बड़ी परियोजना है और मंगोलिया की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंगोलिया स्थित बौद्ध सर्वोच्च पीठ, गंदन मठ के प्रमुख को भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। वर्ष 2022 के दौरान बौद्ध अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए आईसीसीआर द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। इसमें कहा गया है कि शिष्टमंडल पेथुब मठ का दौरा करेगा जहां लोकसभा अध्यक्ष और शिष्टमंडल के सदस्य महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। शिष्टमंडल 6 जुलाई को मंगोलिया में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेगा।







.jpg)

.jpg)
Leave A Comment