विकास का सूत्रपात करने के लिए बीजद सरकार को उखाड़ फेंके: नड्डा
बरहामपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को ओडिशा के लोगों से विकास का सूत्रपात करने के लिए बीजद सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में राजनीति की संस्कृति, प्रकृति एवं परिभाषा बदल दी है। नड्डा ने यहां अंबापुआ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने पिछले 10 सालों में केंद्र में अपने शासनकाल के दौरान सभी मोर्चों पर एवं हर तरह से समृद्धि सुनिश्चित की । उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ पहले, जाति और धर्म की राजनीति होती थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सुनिश्चित किया कि यह विकास पर आधारित है... ओडिशा में बीजद सरकार में कुशासन है। यह राज्य में ‘बाबू राज' स्थापित कर रहा है।'' नड्डा ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी वी के पांडियन की परोक्ष रूप से चर्चा करते हुए कहा, ‘‘ क्या ओडिशा में सरकार चलाने के लिए भूमिपुत्र नहीं है कि हमें अन्य राज्यों से लोगों को आयात करना पड़ता है।'
Leave A Comment