ब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के शीर्ष नेताओं ने वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली.  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और देश की प्रगति में उनकी अतुलनीय भूमिका को याद किया। मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में यमुना किनारे स्थित वाजपेयी के समाधि स्थल 'सदैव अटल' पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। दिल्ली सरकार ने कम आय वाले परिवारों को स्वच्छ और रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए 25 नयी 'अटल कैंटीन' शुरू की। वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हुआ था और उन्होंने 16 अगस्त 2018 को नयी दिल्ली में अंतिम सांस ली। वह प्रधानमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता थे। मोदी ने वाजपेयी को असाधारण राजनेता बताया, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, ''अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं। वह एक असाधारण राजनेता थे, जिनकी दूरदृष्टि अद्भुत थी। उन्होंने अपना जीवन हमारे राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि वाजपेयी के शब्दों और प्रयासों ने पीढ़ियों को प्रेरित किया तथा उनके नेतृत्व ने देश को मजबूत किया। मोदी ने कहा, ''सुशासन और जनकल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।'' रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी वाजपेयी के समाधि स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयां हासिल कीं। सिंह ने कहा, ''भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनका व्यक्तित्व, आदर्श और राष्ट्र सेवा के प्रति अटूट समर्पण हमेशा हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।'' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री की मूल्य आधारित राजनीति ने पहली बार 'अंत्योदय' की अवधारणा और सुशासन के विचार को धरातल पर उतारा। उन्होंने वाजपेयी को एक राष्ट्रभक्त राजनेता बताया, जिन्होंने अपने जीवन का हर क्षण राष्ट्र को समर्पित कर दिया। शाह ने कहा, ''एक ओर उन्होंने परमाणु परीक्षणों और कारगिल युद्ध के जरिए पूरी दुनिया को भारत की ताकत से अवगत कराया, वहीं दूसरी ओर उनकी मूल्य आधारित राजनीति ने पहली बार अंत्योदय की सोच और सुशासन को धरातल पर उतारा।'' भाजपा अध्यक्ष नवीन ने भी वाजपेयी के समाधि स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, ''अटल जी एक महान राजनेता और दूरदर्शी नेता थे। उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और सुशासन के प्रति समर्पित रहा। उनके आदर्श राष्ट्र निर्माण की दिशा में हमारा हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे।'' उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में वाजपेयी की प्रतिमा पर फूल चढाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। योगी ने कहा, ''अटल जी जितने सहज और सरल थे, अपने संकल्प के प्रति उतने ही दृढ़ थे। कारगिल संघर्ष के दौरान दुनिया ने उनके दृढ़ निश्चय और मजबूत इरादों को देखा। उनकी पावन स्मृतियों को नमन।'' केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वाजपेयी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा, ''एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में अटल जी का विचारधारा और सिद्धांतों से जुड़ा जीवन हमेशा राष्ट्र को समर्पित रहा।'' केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के संस्थापक वाजपेयी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा, ''मैं उन्हें अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने सुशासन, विकास और राष्ट्रीय गौरव की जो मजबूत नींव रखी, वह हमेशा हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।'' दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी वाजपेयी के समाधि स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गुप्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने उनके जैसे अनगिनत कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा, संगठनात्मक अनुशासन और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के संस्कार विकसित किए।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english