राज्यसभा के सदस्य विभिन्न वैधानिक निकायों, संसदीय समितियों के लिए निर्वाचित
नयी दिल्ली. राज्यसभा के 10 सदस्य देशभर के एम्स समेत विभिन्न वैधानिक निकायों के लिए निर्वाचित हुए हैं। उम्मीदवारों की संख्या रिक्त पदों के बराबर होने के कारण सभी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। राज्यसभा सदस्य गुलाम अली अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), अवंतीपुरा के सदस्य निर्वाचित हुए, जबकि अशोक कुमार मित्तल एम्स, बठिंडा और रजनीश कुमार अग्रवाल एम्स, भोपाल के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। असम से असम गण परिषद (एजीपी) के राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र प्रसाद बैश्य एम्स, गुवाहाटी के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। जम्मू-कश्मीर से भाजपा सांसद सतपाल शर्मा एम्स, विजयपुर के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। आई. एस. इनबदुरई एम्स, मदुरै और मदन राठौड़ एम्स, जोधपुर के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। लहर सिंह सिरोया को केंद्रीय रेशम बोर्ड का सदस्य चुना गया है। हिमाचल प्रदेश से भाजपा सांसद सिकंदर कुमार राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थानों की परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। वहीं, हरियाणा से भाजपा सांसद रेखा शर्मा को राष्ट्रीय सहायक प्रजनन प्रौद्योगिकी एवं सरोगेसी बोर्ड का सदस्य चुना गया है। राज्यसभा सचिवालय की एक अधिसूचना में कहा गया कि इन सदस्यों का निर्वाचन इसलिए हुआ क्योंकि विभिन्न वैधानिक निकायों के चुनाव के लिए नामांकित उम्मीदवारों की संख्या रिक्त पदों के बराबर थी। राज्यसभा सचिवालय की एक अन्य अधिसूचना में कहा गया कि लोक लेखा समिति और सार्वजनिक उपक्रम समिति के लिए निर्वाचित किए जाने वाले सदस्यों की संख्या और उम्मीदवारों की संख्या समान होने के कारण सदस्यों को इन समितियों के लिए विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सुखेंदु शेखर राय और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसद तिरुचि शिवा को लोक लेखा समिति का सदस्य चुना गया है, जबकि मोहम्मद नदीमुल हक को सार्वजनिक उपक्रम समिति का सदस्य चुना गया है। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कल्याण संबंधी समिति के लिए निर्वाचित किए जाने वाले सदस्यों की संख्या और उम्मीदवारों की संख्या समान होने के कारण सदस्यों को समिति के लिए विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया। उनका कार्यकाल समिति की पहली बैठक की तारीख से एक वर्ष का होगा। ओबीसी कल्याण समिति के लिए मस्तान राव यादव बीधा, शुभाशीष खुंटिया, अमर पाल मौर्य, मयंककुमार नायक, ए. ए. रहीम, के. आर. एन. राजेशकुमार, कल्पना सैनी, पका वेंकट सत्यनारायण, अशोक सिंह और भीम सिंह निर्वाचित हुए हैं।






.jpg)



Leave A Comment