पंचायत सचिव के घर छापा, 15 तोला सोना सहित 2 करोड़ की संपत्ति मिली
इंदौर। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार अलसुबह देपालपुर पंचायत के सचिव योगेश दुबे के घर दबिश दी। छापे में टीम ने दावा किया है कि पंचायत सचिव दुबे के घर से करीब 15 तोला सोना, 4 लाख से ज्यादा नकद, दो मकान और देपालपुर में साढ़े 3 बीघा जमीन के दस्तावेज मिले हैं। लोकायुक्त डीएसपी संतोष सिंह भदौरिया ने बताया देपालपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत अत्याना के सचिव योगेश दुबे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी। शिकायत को पुख्ता करने के बाद टीम ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे दबिश दी। जिस समय टीम ने दबिश दी दुबे घर पर ही थे। इसके बाद टीम ने सर्चिंग शुरू की। श्री भदौरिया ने बताया कि छापे में करीब 15 तोला सोना, 4 लाख 16 हजार रुपए नकद, 2 मकान, देपालपुर में साढ़े 3 बीघा जमीन के दस्तावेज मिले हैं, जो उसकी आय से कहीं ज्यादा है। टीम दुबे की अन्य संपत्ति और बैंक खातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। दुबे ने 1997 में नौकरी ज्वॉइन की थी। इस हिसाब से उनकी आय 20 लाख होनी चाहिए थी, लेकिन उनके पास करीब 2 करोड़ की संपत्ति मिल चुकी है।
Leave A Comment