शादी से लौट रहे चार युवकों की सड़क हादसे में मौत
कैथल। हरियाणा कैथल में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। 33 से 48 वर्ष के बीच की उम्र के ये चारों लोग पंजाब के मोहाली के रहने वाले थे। चारों युवक देर रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे। अचानक इनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना के बाद पुलिस ने चारों शवों को मर्चुरी में भिजवाया और मामले की पड़ताल शुरू कर दी। रविवार को इनका पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब 1 बजे कैथल जिले के क्योंड़क में हुआ। चारों युवक जींद में एक शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। वहां से कैथल के रास्ते अंबाला होते हुए इन्हें खरड़ जाना था। रात करीब 1 बजे कैथल के निकलने के बाद गांव क्योंड़क के पास हाईवे पर इनकी अल्टो कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं इसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मारे गए लोगों की पहचान पंजाब के मोहाली जिले के गांव खिजराबाद निवासी राम सिंह (45) सुरेंद्र (48) राजेंद्र पाल (38) भूषण सिंह (33) के रूप में हुई है।
हादसे के बारे में पता चलने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर इन्हें निकालने की कोशिशें शुरू की और साथ ही पुलिस को सूचित किया। एंबुलेंस से चारों शवों को पुलिस ने कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवाया और मामले की पड़ताल शुरू की।
Leave A Comment