दीपावली में लक्ष्मी पूजन में जरूर शामिल करें ये चीजें
मां लक्ष्मी की कृपा से हो सकते हैं मालामाल
देश में दीपावली का त्योहार बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस साल दीपावली 14 नवंबर (शनिवार) को है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 11 नवंबर से 14 नवंबर तक सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है। ऐसे में धनतेरस और दीपावली के बीच बन रहे सर्वार्थ सिद्धि योग में खरीदारी करना शुभ होगा। दीपावली के दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। इस दिन मां लक्ष्मी के सामने कुछ चीजों को रखना शुभ होता है। कहते हैं कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और भक्तों पर कृपा बरसाती हैं।
1. कमल का फूल
मां लक्ष्मी को कमल का फूल अति प्रिय है। मान्यता है कि उनकी पूजा के दौरान कमल का पुष्प अर्पित करना शुभ होता है। अगर बाजार में कमल का फूल नहीं मिल रहा है तो बाजार से कमल गट्टे खरीद कर अर्पित कर सकते हैं।
2. सफेद फूल
दीपावली पूजन में मां लक्ष्मी की पूजा करने के लिए थाली में सफेद फूल जरूर रखें। कहते हैं कि दीपावली के दिन मां लक्ष्मी पूजन के दौरान मोगरा या सफेद पुष्प अर्पित करने से मां लक्ष्मी कृपा बरसाती है।
3. कौडिय़ां
दीपावली की रात को मां लक्ष्मी की पूजा में सफेद या पीले रंग की कौडिय़ां जरूर अर्पित करनी चाहिए। मां लक्ष्मी को सफेद कौड़ी अति प्रिय हैं। कहते हैं कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी धन-धान्य के साथ समृद्धि भी देती हैं। मान्यता है कि रात में पूजा के दौरान कौडिय़ां रखिए और सुबह नहा धोकर उन कौडिय़ों को तिजोरी में रखना शुभ होता है।
4. बताशे
दीपावली के दिन मां लक्ष्मी को बताशे अर्पित करने का विशेष महत्व है। पूजा के दौरान बताशे, खील और सफेद रंग की मिठाई रखना शुभ होता है। मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी अपनी कृपा बरसाती हैं।
Leave A Comment