राष्ट्रमंडल खेलों में पहलवान रवि दहिया, विनेश फोगट और नवीन ने स्वर्ण पदक जीते, पैरा टेबल टेनिस में भाविना पटेल ने भी स्वर्ण जीता
बर्मिंघम । राष्ट्रमंडल खेलों के नौवें दिन बर्मिंघम में कल भारत ने पदकों की चमक बिखरते हुए चार स्वर्ण, तीन रजत और सात कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक जीते। कुश्ती में पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया और रवि कुमार दहिया, विनेश फोगट और नवीन ने अपने-अपने वर्ग में सोने की चमक बिखेरी। तो वहीं पूजा सिहाग, पूजा गहलोत और दीपक नेहरा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने महिला सिंगल्स में स्वर्ण पदक और सोनलबेन मनुभाई पटेल ने कांस्य पदक जीता। एथलेटिक्स में अविनाश साबले ने तीन हजार मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए रजत पदक अपने नाम किया और वह स्वर्ण पदक जीतने से सिर्फ शून्य दशमलव पांच सेकंड से चूके। वहीं प्रियंका गोस्वामी ने महिलाओं की दस हजार मीटर पैदल चाल इतिहास रचते हुए रजत पदक जीता। लॉन बाउल्स में पुरुष टीम को रजत पदक हासिल हुआ। मुक्केबाजी में मोहम्मद हुसामुद्दीन, रोहित टोकस और जैस्मिन को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। आज अमित पंघल, सागर अहलावत, नीतू घंघास और निकहत जरीन स्वर्ण पदक के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। पुरुष हॉकी टीम ने कल दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराकर फाइनल में फाइनल में जगह बना ली है। स्वर्ण पदक के लिए अब भारतीय टीम का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। महिला हॉकी में आज भारत कांस्य पदक के लिए न्यूजीलैंड के साथ खेलेगा। महिला टी 20 क्रिकेट में भारत इंग्लैंड को चार रन से हराकर फाइनल में पहुंच गया है। आज स्वर्ण पदक के लिए भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। बैडमिंटन में, पीवी सिंधु, किदांबी श्रीकांत और लक्ष्य सेन भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। टेबल टेनिस में, अचंता शरथ कमल ने सिंगापुर के खिलाड़ी को हराकर पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पदक तालिका में भारत 13 स्वर्ण, 11 रजत और 16 कांस्य पदक सहित कुल 40 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
Leave A Comment