राष्ट्रीय तैराकी: आर्यन नेहरा ने चौथा राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया
हैदराबाद। युवा तैराक आर्यन मेहरा ने राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप का अंत बुधवार को एक और स्वर्ण पदक और एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ किया। सर्वश्रेष्ठ पुरुष तैराक चुने गए गुजरात के 19 साल के आर्यन ने यहां प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुष 400 मीटर मेडले में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला। आर्यन ने चार मिनट 25.62 सेकेंड के समय के साथ रेहान पोंचा के 2009 में बनाए चार मिनट 30.13 सेकेंड के समय में चार सेकेंड से अधिक का सुधार किया। आर्यन ने प्रतियोगिता में चार स्वर्ण पदक के साथ चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने 400 मीटर मेडले के अलावा 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए। लिनेशा एके को सर्वश्रेष्ठ महिला तैराक चुना गया। उन्होंने महिला 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। कर्नाटक की इस तैराक ने एक मिनट 12.67 सेकेंड का समय लिया। निना वेंकटेश ने महिला 100 मीटर बटरफ्लाई में एक मिनट 2.51 सेकेंड के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। कर्नाटक ने पुरुष और महिला टीम चैंपियनशिप सहित ओवरऑल चैंपियन भी जीती।
टीम कर्नाटक ने 16 स्वर्ण, 10 रजत और 12 कांस्य पदक सहित कुल 38 पदक जीते।महाराष्ट्र दूसरे जबकि गुजरात तीसरे स्थान पर रहा। इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान 18 नए रिकॉर्ड बने।
Leave A Comment