महिला हॉकी विश्व कप के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम का ऐलान
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। सलीमा टेटे टीम की कप्तान होंगी। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।मुख्य कोच स्जोर्ड मारीन ने टीम को अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण बताते हुए विश्वास जताया कि भारतीय टीम विश्व की शीर्ष टीमों को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है।
हाल ही में न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप जीतने वाली भारतीय टीम का अधिकांश हिस्सा विश्व कप के लिए बरकरार रखा गया है। भारत ने उस टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए खिताब अपने नाम किया था।टीम में सविता और बिचू देवी खरीबाम को गोलकीपर के रूप में चुना गया है। रक्षापंक्ति में इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं।मध्य पंक्ति में कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग खेलेंगी।आक्रमण पंक्ति में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को जगह मिली है।भारतीय टीम को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारत अपने सभी लीग मुकाबले नीदरलैंड के एम्सटेलवीन स्थित वैगेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा।









.jpg)
Leave A Comment