उप्र विधानसभा चुनावों की तैयारी को लेकर मथुरा में सोमवार और मंगलवार को भाजपा की रणनीतिक बैठक
मथुरा/ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में मथुरा के परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में सोमवार और मंगलवार (16 और 17 नवंबर) को दो दिवसीय रणनीतिक बैठक आयोजित करेगी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा प्रदेश के सभी छह संगठन मंत्री और अन्य पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में वरिष्ठ नेता चुनावी मुद्दों और तैयारियों पर विचार-विमर्श करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को बैठक में शामिल हो सकते हैं। चतुर्वेदी ने कहा कि बैठक के लिए मथुरा को चुनने के पीछे राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्व है। भाजपा भगवान कृष्ण से जुड़े ब्रज क्षेत्र में अपनी वैचारिक और संगठनात्मक उपस्थिति मजबूत करना चाहती है। उन्होंने बताया कि बैठक के दोनों दिन उत्तर प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बैठक में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की स्थिति और निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने जैसे विषयों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश चुनाव से पहले बूथ स्तर तक ऐसा मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने की होगी, जो मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर सके। नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।








.jpeg)

Leave A Comment