- Home
- छत्तीसगढ़
- -35 अभ्यर्थियों की अर्हता जांच के लिए उच्च स्तरीय विषय-विशेषज्ञ समिति गठितरायपुर । राज्य में प्राध्यापक (उच्च शिक्षा) परीक्षा–2021 के अंतर्गत 595 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज करते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने उच्च स्तरीय विषय-विशेषज्ञ समिति का गठन कर दिया है। यह समिति अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक दस्तावेजों और प्रमाण-पत्रों की गहन जांच कर अंतिम पात्रता निर्धारण करेगी।ज्ञात हो इससे पहले 11 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग को पत्र प्रेषित कर 35 अभ्यर्थियों की शैक्षणिक अर्हताओं की विस्तृत जांच के लिए विषय-विशेषज्ञ समिति गठित करने का अनुरोध किया था। आयोग ने 4 दिसंबर 2025 को आयोजित बैठक में निर्णय लिया था कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान उत्कृष्ट प्राध्यापक पद के लिए आवेदन करने वाले इन अभ्यर्थियों के अभिलेखों का विशेषज्ञ स्तर पर परीक्षण आवश्यक है।मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार, चयन प्रक्रिया को यूजीसी विनियम 2018 के तहत निर्धारित अर्हताओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। विज्ञापन की कंडिका 6 (2) (iv) (ख) के विशेष संदर्भ में विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी। गठित समिति में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ प्राध्यापकों को शामिल किया गया है। समिति के संयोजक के रूप में निदेशक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर ओम प्रकाश व्यास को नियुक्त किया गया है। इसी तरह सदस्य के रूप में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष जैविक विज्ञान विभाग डॉ.एस.एस.सन्धु, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष वाणिज्य विभाग के डॉ.पवन मिश्रा, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष गणित विभाग के डॉ. अवनीश कुमार,अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रींवा के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. एन. पी.पाठक,रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान के डॉ. विवेक मिश्रा तथा आरटीएम नागपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष रसायनशास्त्र विभाग के डॉ. नंद किशोर कराडे को शामिल किए गए हैं।उच्च शिक्षा विभाग की इस पहल को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समिति द्वारा परीक्षण उपरांत योग्य अभ्यर्थियों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जिससे राज्य के महाविद्यालयों में रिक्त पद शीघ्र भरे जा सकें और शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिल सके।
- रायपुर । प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से कबीरधाम जिले के जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत डबरी निवासी श्रीमती श्याम बाई के जीवन सकारात्मक बदलाव आया है। किसान परिवार से संबंधित श्रीमती श्याम बाई एवं उनके पति श्री परसन पूर्व में जर्जर कच्चे मकान में निवास करते थे। बरसात के दौरान टपकती छत और क्षतिग्रस्त दीवारों के कारण परिवार निरंतर असुरक्षा की स्थिति में जीवनयापन कर रहा था।योजना अंतर्गत स्वीकृति मिलने पर आवास निर्माण हेतु 1.20 लाख रुपये की राशि तीन किश्तों में डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में अंतरित की गई। पंचायत एवं मैदानी अमले के मार्गदर्शन से निर्धारित समयावधि में पक्का आवास पूर्ण हुआ। परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं का भी समन्वित लाभ प्राप्त हुआ है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत 90 मानव दिवस के बदले लगभग 22 हजार रुपये की मजदूरी, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से शौचालय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, नल-जल एवं विद्युत सुविधा, आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य सुरक्षा तथा पेंशन एवं अन्य योजनाओं से नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। कलेक्टर कबीरधाम श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि जिले में आवास निर्माण कार्यों की सतत समीक्षा की जा रही है। जिले में 50,869 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 27,966 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
- रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप सुकमा जिले के दूरस्थ अंचलों में निवासरत दिव्यांगजनों को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के सहयोग से 20, 21 एवं 22 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय स्थित शबरी ऑडिटोरियम, कुम्हाररास में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण सह प्रमाणीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरांत आवश्यकता अनुसार आधुनिक कृत्रिम हाथ-पैर (जयपुर फुट), कैलीपर्स, बैसाखी, ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर एवं श्रवण यंत्र पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। शिविर प्रतिदिन प्रातः 8रू30 बजे से प्रारंभ होगा। 20 फरवरी को छिंदगढ़, 21 फरवरी को सुकमा तथा 22 फरवरी को कोन्टा विकासखंड के दिव्यांगजन लाभान्वित होंगे। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों से अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को शिविर में सहभागिता सुनिश्चित कराने की अपील की है। यह पहल दिव्यांगजनों को गरिमामय एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सशक्त कदम है।
- रायपुर। राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज यहां लोकभवन में छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी की नवगठित प्रबंध समिति के सदस्यों ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर रेडक्रॉस की वर्तमान गतिविधियों तथा भावी योजनाओं पर चर्चा की गई। राज्यपाल श्री डेका ने रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाकर अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने सिकल सेल बीमारी की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश दिए। राज्यपाल ने रायपुर में शीघ्र ब्लड बैंक प्रारंभ करने हेतु ठोस प्रयास करने को कहा। उन्होंने जानकारी दी कि सर्व सुविधा युक्त एम्बुलेंस सेवा के लिए एसईसीएल से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही एम्बुलेंस उपलब्ध होगी।साथ ही, जिलों में रेडक्रॉस के लिए भवन, एम्बुलेंस और ब्लड बैंक की स्थापना हेतु जिला कलेक्टरों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेने का सुझाव भी दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. के. राउत, अध्यक्ष श्री टोमन साहू सहित प्रबंध समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
- रायपुर । जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की टीम ने 02 चैन माउंटेन मशीन एवं 03 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई तहसील बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम खपरीडीह तथा तहसील पामगढ़ के ग्राम देवरघटा क्षेत्र में की गई। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि संयुक्त जांच के दौरान ग्राम खपरीडीह में अवैध उत्खनन में संलिप्त 01 चैन माउंटेन मशीन तथा ग्राम देवरघटा में 01 चैन माउंटेन मशीन एवं 03 ट्रैक्टर जब्त किए गए। सभी वाहनों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई की जा रही है। जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा सतत निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।
- -श्रम एवं लागत में कमी आने से गन्ने की खेती होगी लाभकारीरायपुर। बालोद जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए जिला प्रशासन की अभिनव पहल वरदान साबित हो रही है। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के वित्तीय सहयोग से दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना को प्रदेश की पहली अत्याधुनिक गन्ना हार्वेस्टर मशीन उपलब्ध कराई गई है। इससे जिले में गन्ना कटाई की प्रक्रिया तकनीक आधारित और अधिक दक्ष हो गई है। कारखाना के प्रबंध संचालक श्री आर.पी. राठिया ने बताया कि यह मशीन प्रतिदिन 80 से 100 टन गन्ने की कटाई एवं छिलाई करने में सक्षम है। कटाई, छिलाई एवं लोडिंग की समेकित प्रक्रिया से श्रम लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा किसानों को मजदूरों की उपलब्धता की समस्या से राहत मिलेगी। मशीन द्वारा कटाई के पश्चात रेटुन (ठूंठ) का पृथक प्रबंधन आवश्यक नहीं होगा तथा गन्ना सीधे इनफील्डर के माध्यम से ट्रैक्टर अथवा ट्रक में लोड हो सकेगा, जिससे परिवहन में भी तेजी आएगी। ग्राम दुधली के कृषक श्री प्रेमशंकर देशमुख ने बताया कि इस पहल से लागत घटेगी और समय की बचत होगी, जिससे गन्ना उत्पादन अधिक लाभकारी बनेगा। यह पहल जिले में कृषि यंत्रीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
- रायपुर । राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज यहां लोेकभवन में छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री गौतम चौरड़िया ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने आयोग के कार्याे एवं गतिविधियों की जानकारी राज्यपाल को दी। श्री डेका ने इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश एवं मार्गदर्शन दिया। श्री चौरड़िया ने 21 एवं 22 फरवरी 2026 को रायपुर में उपभोक्ता संरक्षण पर आयोजित हो रहे दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला हेतु बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल को आमंत्रित भी किया।
- रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज महानदी भवन में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने 21 व 22 फरवरी 2026 को बलौदाबाजार -भाटापारा जिले के ग्राम चाँपा (सैंहा)में आयोजित हो रहे 80 वॉ छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज महा-अधिवेशन के लिए निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा,केन्द्रीय महामंत्री यशवंत सिंह वर्मा, कोषाध्यक्ष जागेश्वर बघेल, राज प्रधान बलौदाबाजार श्रीमती सुनीता वर्मा,चन्दखुरी चिन्ता राम वर्मा, रायपुर जगेश्वर प्रसाद वर्मा अर्जुन राज हरी राम वर्मा ,हरिश्चंद्र वर्मा, रघुनंदन वर्मा सहित समाज के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
- -देशसेवा का संकल्प और सफलता की उड़ान: मुंगेली की सुप्रिया सिंह बनी लेफ्टिनेंट-मुख्यमंत्री श्री साय ने किया सम्मानित, राज्य का नाम रोशन करने पर दी बधाई एवं शुभकामनाएंरायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त करने वाली मुंगेली की सुश्री सुप्रिया को सम्मानित किया। उन्होंने सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और मुँह मीठा कराया।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुप्रिया की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला युवा भी असाधारण उपलब्धि हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि सुप्रिया का अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को सुप्रिया से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य पाने की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार भी उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि जिले के ग्राम टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया ठाकुर ने सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त कर मुंगेली जिला सहित राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। अपनी प्रतिभा, अनुशासन और देशसेवा के अटूट संकल्प के बल पर वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित हुई हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं दी है।ग्राम टेढ़ाधौंरा निवासी सुप्रिया सिंह श्रीनेत एक किसान परिवार से आती हैं। उनकी माता श्रीमती संतोषी सिंह श्रीनेत और पिता श्री वैदेही शरण सिंह, जो पेशे से किसान हैं, ने सदैव उन्हें शिक्षा और संस्कारों का मजबूत आधार दिया। परिवार के स्नेहिल और अनुशासित वातावरण में पली-बढ़ी सुप्रिया ने प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। उन्होंने कक्षा 10वीं में 71 प्रतिशत और 12वीं में 58 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसके बाद उन्होंने बी.टेक (इलेक्ट्रॉनिक एंड टेलीकम्युनिकेशन) में स्नातक की डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग अध्ययन के दौरान ही उन्होंने एनसीसी को अपनाया और अपने नेतृत्व कौशल के बल पर जूनियर अंडर ऑफिसर के पद तक पहुंचीं। एनसीसी के प्रशिक्षण ने उनके भीतर अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया। यहीं से भारतीय सेना में अधिकारी बनने का उनका संकल्प आकार लेने लगा।वर्ष 2023 में इंजीनियरिंग पूर्ण करने के बाद सुप्रिया ने पूरी एकाग्रता के साथ सीडीएस परीक्षा की तैयारी प्रारंभ की। कठोर परिश्रम, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने शॉर्ट सर्विस कमिशन के अंतर्गत आयोजित एसएसबी साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल की। उनकी यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाली प्रेरक कहानी है। शैक्षणिक और सैन्य उपलब्धियों के साथ-साथ सुप्रिया सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं। नृत्य उनकी प्रमुख रुचि है, जो उनके व्यक्तित्व को ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करता है। सुप्रिया सिंह श्रीनेत की यह सफलता न केवल मुंगेली, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
- रायपुर ।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज महानदी भवन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन छत्तीसगढ़ स्टेट के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।इस दौरान डॉक्टरों ने 7 व 8 मार्च 2026 राजधानी रायपुर में स्थित श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में "आईएमए सीजीकॉन 2026" 21 वां स्टेट कॉन्फ्रेंस का न्यौता दिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर आईएमए छत्तीसगढ़ राज्य शाखा अध्यक्ष एवं चेयरमेन डॉ अनूप वर्मा,अध्यक्ष हॉस्पिटल बोर्ड डॉ सुरेंद्र शुक्ला,आईएमए सचिव डॉ संजीव श्रीवास्तव, डॉ गंभीर सिंह उपस्थित थे।
- -गुरु घासीदास के अनुयायियों का दल पावन गिरौदपुरी धाम के लिए हुआ रवाना-पवित्र जैतखाम की पूजा-अर्चना और गुरु घासीदास बाबा का पुण्य स्मरण कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना कीरायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के मोवा स्थित सतनाम भवन परिसर से “विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा” का शुभारंभ किया। उन्होंने धार्मिक विधि-विधान के साथ पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर पावन गिरौदपुरी धाम के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पवित्र जैतखाम की पूजा-अर्चना कर गुरु घासीदास बाबा का पुण्य स्मरण किया तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।मुख्यमंत्री श्री साय ने पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और सामाजिक बंधुओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि गुरु घासीदास बाबा का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पदयात्रा समाज में सद्भावना, समरसता और भाईचारे को और सुदृढ़ करेगी। श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा सामाजिक हितों को गति देने हेतु विशेष प्राधिकरण का गठन भी किया गया है। पदयात्रा के उपरांत विशाल मेले के आयोजन की जानकारी भी उन्होंने दी।कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह पदयात्रा सामाजिक समरसता, मानव कल्याण और एकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी से सामाजिक भेदभाव और द्वेष से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा गुरु घासीदास बाबा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएगी।कार्यक्रम में धर्मगुरु गुरु श्री बालदास साहेब, विधायक श्री ललित चंद्राकर, विधायक श्री मोतीलाल साहू, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, संत समाज के प्रतिनिधि एवं सर्व समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।गौरतलब है कि रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक प्रस्तावित “विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा” का आयोजन 18 से 22 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। पदयात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान गिरौदपुरी धाम मेले में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए।
- -डिजिटल किसान किताब और ऋण पुस्तिका का शुभारंभ-पारदर्शी और तकनीक-सक्षम राजस्व व्यवस्था की ओर ऐतिहासिक कदमरायपुर । छत्तीसगढ़ में आज डिजिटल शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने आज निवास कार्यालय में डिजिटल किसान किताब का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उमेश कुमार पटेल और श्रीकांत वर्मा द्वारा लिखित छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली भाग 1से 4 पुस्तक का भी विमोचन किया गया। यह पहल राज्य के किसानों और भूमिधारकों को आधुनिक, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। इस अवसर पर संचालक भू अभिलेख श्री विनीत नन्दनवार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।डिजिटल किसान किताब अब पारंपरिक मैन्युअल किसान किताब का स्थान लेगी। इसके माध्यम से किसानों को अपनी भूमि संबंधी जानकारी कभी भी और कहीं से भी ऑनलाइन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा भुइया पोर्टल पर B-1 एवं P-II रिपोर्ट के साथ उपलब्ध रहेगी, जिसे किसान आसानी से देख और डाउनलोड कर सकेंगे।डिजिटल प्रणाली में आवश्यक विवरण स्वतः अपडेट होते रहेंगे, जिससे जानकारी संशोधन के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता समाप्त होगी। साथ ही, संबंधित पटवारी द्वारा डिजिटल हस्ताक्षरित प्रमाणित प्रति उपलब्ध होने से दस्तावेजों की वैधता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि डिजिटल ऋण पुस्तिका केवल एक तकनीकी नवाचार नहीं, बल्कि राजस्व व्यवस्था को पारदर्शी, सशक्त और नागरिक-केन्द्रित बनाने की दिशा में ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जहाँ बड़ी संख्या में किसान अपनी आजीविका के लिए भूमि पर निर्भर हैं। अब ऋण पुस्तिका से संबंधित जानकारी ऑनलाइन और वास्तविक समय में उपलब्ध होने से किसानों को बैंक ऋण, फसल ऋण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।मंत्री ने बताया कि डिजिटल प्रणाली से त्रुटियों में कमी आएगी, अभिलेखों की शुद्धता सुनिश्चित होगी और प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक सरल एवं प्रभावी बनेगी। यह पहल “डिजिटल छत्तीसगढ़” की अवधारणा को मजबूती प्रदान करेगी तथा शासन और नागरिकों के बीच विश्वास को और सुदृढ़ बनाएगी। उन्होंने राजस्व विभाग, NIC तथा परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों और तकनीकी टीम को बधाई देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम उपयोग करें।डिजिटल किसान किताब और डिजिटल ऋण पुस्तिका का शुभारंभ छत्तीसगढ़ में राजस्व सुधारों की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और राज्य को डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
- कांकेर। भानुप्रतापपुर की प्राथमिक शाला सलिहापारा तुएगुहान में कक्षा दूसरी की बहुदिव्यांग छात्रा कु. गुंजन चुरेन्द्र को व्हीलचेयर एवं एम.आर. किट प्रदान की गई। समग्र शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में व्हीलचेयर मिलने से छात्रा के दैनिक जीवन में सुगमता आएगी तथा विद्यालय आने-जाने में अब उसे काफी सुविधा होगी तथा आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी। बहुदिव्यांग छात्रा के पिता श्री गौकरण चुरेन्द्र ने बताया कि पहले बच्ची को स्कूल लाने-ले जाने में बहुत कठिनाई होती थी और उन्हें रोज गोद में उठाकर विद्यालय छोड़ना पड़ता था। अब व्हीलचेयर मिलने से उसकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियाँ आसान हो जाएगी।
- बिलासपुर/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति और कार्यों की समयबद्धता की गहन समीक्षा जिला पंचायत सभाकक्ष में की । कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अप्रारंभ आवास 15 मार्च तक प्रारंभ और सभी अपूर्ण आवास जून तक पूर्ण किए जाएँ। सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल भी मौजूद थे।बैठक में योजना से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा का पालन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर आवास उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसमें जिला समन्वयक, सहायक अभियंता, सहायक प्रोग्रामर, साथ ही जनपद और विकासखंड स्तर के अधिकारी तथा तकनीकी सहयोगी उपस्थित रहे।
- रायपुर/छत्रपति शिवाजी महाराज की जयन्ती दिनांक 19 फरवरी 2026 गुरुवार को प्रातः 11 बजे रायपुर नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में राजधानी शहर रायपुर के जी ई मार्ग में तात्यापारा चौक ( मेजर यशवंत गोरे चौक ) के किनारे स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वारोही प्रतिमा स्थल के समक्ष उन्हें सादर नमन करने पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन रखा गया है। कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज से सम्बंधित उनके अश्वारोही प्रतिमा स्थल में नियत दिवस को अश्वारोही प्रतिमा स्थल के प्रांगण का संधारण और प्रतिमा स्थल प्रांगण सहित उसके आसपास के क्षेत्र की विशेष सफाई, प्रतिमा स्थल की पुष्प सज्जा सहित आवश्यकतानुसार पेयजल की व्यवस्था रायपुर नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में रायपुर नगर पालिक निगम के सम्बंधित जोन क्रमांक 2 के सहयोग से की जायेगी।
- रायपुर/ रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 4 अंतर्गत सिविल लाईन वार्ड क्रमांक 46 के पंचशील नगर में उद्यान सौंदर्यीकरण कार्य का रायपुर उत्तर विधायक निधि मद से 20 लाख रू. की स्वीकृत लागत से शीघ्र करने वार्ड 46 पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्रीमती संजना संतोष हियाल सहित गणमान्यजनों, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्त्ताओं, नवयुवकों, आमजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति के मध्य नगर निगम जोन 4 जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव, कार्यपालन अभियंता श्री शेखर सिंह, सहायक अभियंता श्री दीपक देवांगन, श्री गुलाबचंद कर्ष की उपस्थिति में श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर भूमिपूजन करते हुए वार्डवासियों को शानदार सौगात दी.नगर निगम जोन 4 द्वारा रायपुर उत्तर विधायक निधि मद से पंचशील नगर उद्यान को शीघ्र संवारा जायेगा. सुरक्षा हेतु बाउंड्रीवाल निर्माण, भीतर परिसर में सामुदायिक हाल का निर्माण, लैंड स्केपिंग कार्य, पाथवे निर्माण एवं विकास सहित मरम्मत के आवश्यक कार्य करवाकर उद्यान को सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जायेगा.रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने नगर निगम जोन 4 के सम्बंधित अधिकारियों को रायपुर उत्तर विधायक निधि मद से स्वीकृति अनुसार सिविल लाईन वार्ड के पंचशील नगर स्थित उद्यान को सुव्यवस्थित कर जनसदुपयोग हेतु सजाने और संवारने का कार्य तत्काल प्रारम्भ करवाकर तय समयसीमा के भीतर सतत मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता सहित प्राथमिकता से जनहित में जनसुविधा विस्तार की दृष्टि से पूर्ण करवाना सुनिश्चित करने निर्देशित किया.
- रायपुर/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रतिबद्धता के अनुरूप रायपुर जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट ग्रीन पालना” अभियान को प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस अभिनव पहल के तहत शासकीय अस्पतालों में प्रसव उपरांत माताओं को फलदार पौधे भेंट स्वरूप दिए जा रहे हैं, ताकि एक नई ज़िंदगी के आगमन के साथ एक नया वृक्ष भी धरती पर जन्म ले।कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत आज ग्रीन पालना में आरंग में 05, मंदिर हसौद में 01, बिरगांव में 01 एवं अभनपुर में 05 कुल 12 महिला प्रसुताओं को 60 पौधे भेंट किए गए।यह प्रयास मातृत्व के साथ प्रकृति से जुड़ाव को भी बढ़ावा देता है। प्रोजेक्ट ग्रीन पालना न सिर्फ नवजात के जीवन की शुरुआत को यादगार बनाता है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरियाली और शुद्ध वातावरण की नींव भी रखूता है।
- *पानी के लिए घंटों कतार से मिली मुक्ति*बिलासपुर/रायगढ़ के धरमजयगढ़ विकासखंड का कुमा ग्राम पंचायत आज ग्रामीण परिवर्तन की एक सशक्त मिसाल बनकर उभरा है। जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर बसे इस गांव में कभी पानी की समस्या जीवन का सबसे बड़ा संघर्ष थी। आज वही गांव जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर नल-जल योजना से आत्मनिर्भरता, स्वच्छता और समृद्धि की नई कहानी लिख रहा है।कुछ वर्ष पहले तक ग्राम कुमा में जल संकट सामान्य बात थी। महिलाएं सुबह से लेकर दोपहर तक हैंडपंपों के पास कतार में खड़ी दिखाई देती थीं। गर्मी के दिनों में जलस्तर गिरने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। कई बार पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था। इस दैनिक संघर्ष ने महिलाओं का समय, श्रम और ऊर्जा छीन लिया था। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और परिवार के स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर पड़ता था। गांव के जीवन की रफ्तार पानी की उपलब्धता पर निर्भर थी और यही सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई थी।गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल प्रदाय प्रणाली स्थापित किए जाने के बाद परिवर्तन की कहानी शुरू हुई। गांव में लगाए गए सोलर पैनलों से संचालित पंप के माध्यम से जल को ऊंची टंकी तक पहुंचाया जाता है और वहां से पाइपलाइन द्वारा प्रत्येक घर तक नियमित जल आपूर्ति की जाती है। यह व्यवस्था बिजली पर निर्भर नहीं है, इसलिए बिजली की आपूर्ति बाधित होने पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ता। पर्यावरण के अनुकूल यह प्रणाली न्यूनतम रखरखाव में दीर्घकालिक समाधान प्रदान कर रही है।कुमा में अब हर घर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है, जिससे गांव की जीवन शैली में स्थायी परिवर्तन आया है। गांव की श्रीमती देवमती बताती हैं कि पहले रोज दो से तीन घंटे बाहर से पानी लाने में निकल जाते थे। उस समय वे न तो बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दे पाती थीं और न ही किसी और काम के लिए समय निकाल पाती थीं। अब घर पर ही नल से नियमित जल आपूर्ति होने से उनका जीवन पूरी तरह बदल गया है। वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर अधिक समय दे रही हैं, स्वसहायता समूह की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं और सामाजिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता बढ़ी है। स्वच्छ पेयजल मिलने से परिवार का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है और जलजनित बीमारियों में कमी आई है। देवमती गर्व से कहती हैं, अब हमें पानी के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ता। घर पर ही स्वच्छ पानी मिलने से हमारा जीवन सरल और सुरक्षित हो गया है।बाहर से पानी लाने की बाध्यता समाप्त होने से महिलाओं को समय की स्वतंत्रता मिली है। वे इस समय को अब आयवर्धक गतिविधियों और सामाजिक भागीदारी में लगा रही हैं। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे निर्णय प्रक्रिया में भी अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। यह परिवर्तन केवल सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सम्मान और आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से बच्चों की उपस्थिति और स्वास्थ्य में सुधार देखा गया है, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और घरों में शौचालय के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिला है।कुमा में ग्राम स्तर पर जल प्रबंधन समिति का गठन किया गया है, जो जल आपूर्ति प्रणाली के रखरखाव और निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रही है। इससे ग्रामीणों में जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित हुई है। आज कुमा केवल एक गांव नहीं, बल्कि प्रेरणा का प्रतीक है। यहां बहता स्वच्छ जल केवल प्यास नहीं बुझा रहा, बल्कि विकास, आत्मसम्मान और उज्ज्वल भविष्य की नई धारा प्रवाहित कर रहा है।
- बिलासपुर/म.प्र. शासकीय कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित बिलासपुर की मतदाता सूची का प्रथम प्रकाशन कर दिया गया है। सूची के संबंध में दावा आपत्ति 24 फरवरी तक समिति कार्यालय में श्री आरपी वर्मा के समक्ष एवं कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता, पुराना कम्पोजिट बिल्डिंग में लिखित में प्रस्तुत कर सकते है। आपत्तियों का निराकरण कर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 फरवरी को सवेरे 11 बजे किया जाएगा।
- - महापौर मीनल के नगर निवेश अधिकारियों को सख्त निर्देश**राजधानी शहर में समस्त गेंत्ट्री गेट के दोनों छोर पर दिशा सूचक जानकारी स्पष्ट दिखे,इसमें अनुबंध की शर्तों का कड़ाई से पालन करवाएं :- महापौर की सख्त हिदायत*रायपुर/ अब रायपुर शहर के मौदहापारा में लगने वाले सन्डे बाजार के प्रत्येक फेरी वाले को अपना पहचान पत्र रायपुर नगर पालिक निगम को देना होगा, वहीं शहर के समस्त गेंट्री गेट के दोनों छोर पर दिशा सूचक जानकारी नागरिकों को स्पष्ट दिखेगी. इसमें अनुबंध की शर्तों का नियमानुसार कड़ाई से जनसुविधा हेतु पालन करवाने की सख्त हिदायत महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नगर निवेश विभाग के सम्बंधित अधिकारियों को दी है.नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने राजधानी शहर में नियमित लगने वाले संडे बाजार को व्यवस्थित करके सडक मार्ग यातायात सुगम बनाने आवश्यक कार्यवाही करने के स्पष्ट निर्देश नगर निगम रायपुर के सम्बंधित अधिकारियों को दिये है। आज महापौर कक्ष में महापौर ने नगर निगम नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग अध्यक्ष श्री मनोज वर्मा सहित नगर निवेशक श्री आभास मिश्रा, कार्यपालन अभियंता श्री आशुतोष सिंह, सहायक अभियंता श्री नितिश झा, श्री सोहन गुप्ता, उपअभियंता श्री अमित सरकार की उपस्थिति में आवश्यक बैठक लेकर जनसुविधा एवं जनहित का विशेष ध्यान रखकर संडे बाजार की व्यवस्था को नगर में सभी के लिए व्यवस्थित बनाने नगर निगम, बाजार विभाग, नगर निवेश विभाग, यातायात पुलिस प्रशासन, नगर निगम जोन 2 की टीम के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये।महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राजधानी शहर के संडे बाजार में स्थानीय निवासी फेरी वालो को ही व्यवसाय की अनुमति दी जाये। अन्य बाहर के व्यवसायियों को संडे बाजार में व्यवसाय की अनुमति ना दी जाये। संडे बाजार के व्यवसायियों के पास मान्य आईडी अनिवार्य रूप से रहे। वे पूर्व से ही की गई व्हाईट लाईन की सीमा के भीतर बैठकर सुव्यवस्थित तरीके से संडे बाजार में व्यवसाय करें। संडे बाजार के समय का निर्धारण जनसुविधा हेतु सहमति बनाकर किया जाये। साथ ही संडे बाजार के क्षेत्र का दायरा सीमित किया जाये ताकि बाजार अव्यवस्थित और अस्त व्यस्त ना हो। इन बातो का ध्यान रखा जाये।महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष श्री मनोज वर्मा कल दिनांक 18 फरवरी को नगर निगम नगर निवेश विभाग, बाजार विभाग जोन 2 एवं पुलिस प्रशासन यातायात पुलिस, मौदहापारा पुलिस सहित संडे बाजार में व्यवसाय करने वाले फेरी वालो की आवश्यक बैठक लेकर उन्हें जनहित में जनसुविधा हेतु लिये गये निर्णय के निर्देशो से अवगत कराकर सहमति कायम कर निर्देशो का पालन करने आवश्यक दिशा निर्देश महापौर की जनहितकारी मंशा के अनुरूप देंगे।
- -कबीर नगर, टिकरापारा, संतोषी नगर, सन्यासी पारा, मुर्राभट्ठी में सुरक्षित शिफ्ट की गयी पाईप लाइनें0*रायपुर/नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम जल कार्य विभाग अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू, आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर नागरिको को निगम क्षेत्र में टेल एण्ड तक पर्याप्त प्रेशर से शुद्ध क्लोरीन युक्त जल सतत उपलब्ध करवाने नगर निगम रायपुर के विभिन्न जोनो के अंतर्गत वार्डो में जोन जल विभाग की टीमो द्वारा पाईप लाईनो का सर्वे कर नालियों से गुजर रही पाईप लाईनो को ट्रेस कर अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित शिफ्ट करने का कार्य प्राथमिकता से नगर निगम जलविभाग के माध्यम से किया जा रहा है। जोन 1 के सन्यासीपारा, मुर्राभट्ठी, जोन 6 के टिकरापारा, संतोषी नगर, जोन 8 अंतर्गत कबीर नगर क्षेत्र एवं अन्य जोन क्षेत्र के विभिन्न स्थानो पर नाली के भीतर से गुजर रही पाईप लाईनो को सर्वे में ट्रेस कर सुरक्षित शिफ्ट करने का कार्य संबंधित जोन जल विभाग की टीमो द्वारा किया गया है। इससे वहां नलो में भविष्य में गंदा पानी आने की आशंका दूर हुई है एवं लोगो को नलो से शुद्ध क्लोरीन युक्त पेयजल सतत उपलब्ध करवाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
- - महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में 10वीं के बच्चों का मार्गदर्शन सत्र संपन्नरायपुर। 10वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों के लिए संस्कृत में अच्छे नंबर लाना बड़ा टास्क होता हैं। क्योंकि आज के आधुनिक युग में बच्चे संस्कृत से काफी दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में व्याकरण, अपठित गद्यांश और सही वर्तनी आपको परीक्षा में अच्छे नंबर दिलाएगी। उक्त बाते संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की संस्कृत शिक्षिका वंदना बिसेन ने संस्कृत पर आयोजित मार्गदर्शन सत्र में कही।वंदना ने कहा कि संस्कृत में व्याकरण सबसे अधिक अंक दिलाता है। शब्द रूप (बालक, रमा, फल), धातु रूप (पठ्, गम् - लट्, लृट्, लङ्), संधि, प्रत्यय और वाच्य परिवर्तन के नियम याद कर लें। वहीं 10 अंक के अपठित गद्यांश को हल करने के लिए गद्यांश को दो बार पढ़ें। प्रश्नों के उत्तर खोजने के लिए प्रश्न के शब्दों को गद्यांश में ढूंढें। शीर्षक के लिए गद्यांश में बार-बार आने वाले शब्दों पर ध्यान दें।उन्होंने कहा कि 10वीं संस्कृत की पढ़ाई समझकर करनी चाहिए, रटने से नहीं। सर्वप्रथम पाठ का अर्थ अच्छी तरह समझें और कठिन शब्दों की सूची बनाकर उनके अर्थ याद करें। प्रत्येक पाठ का संक्षिप्त सार अपनी कॉपी में लिखने से विषय पर पकड़ मजबूत होती है। लंबे उत्तरों और श्लोकों का नियमित लिखित अभ्यास आवश्यक है। वर्तनी की शुद्धता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। व्याकरण के अंतर्गत संधि, समास, शब्द रूप और धातु रूप का प्रतिदिन अभ्यास और पुनरावृत्ति करें।उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि गद्यांश और पद्यांश का नियमित अभ्यास करें। समय सीमा में नमूना प्रश्नपत्र हल कर अपनी त्रुटियों की पहचान कर उन्हें सुधारें। परिश्रम और सही दिशा में अध्ययन करने से 10वीं संस्कृत बोर्ड परीक्षा में निश्चित रूप से उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।
- जिला प्रशासन बालोद की अभिनव शुरूआत, प्रशासनिक अमले के साथ बस में सवार होकर पहुँचे कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टरजिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शिविर में हुए शामिल, कलेक्टर ने स्वच्छता अभियान एवं बाल विवाह की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु दिलाई शपथबालोद/राज्य शासन के निर्देशानुसार बालोद जिला प्रशासन द्वारा जिले के डौण्डी विकासखण्ड के वनांचल के ग्राम पटेली में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर पटेली सहित ठेमाबुजुर्ग, ओरगांव, घोटिया, पचेड़ा, भर्रीटोला 36 एवं ढोर्रीठेमा सहित अंचल के अनेक गांवों के निवासियों के लिए सौगातों भरा रहा। शिविर में ग्रामीणों से आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों के द्वारा उनके विभिन्न मांगों एवं समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। ग्राम पटेली में आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में खास बात यह रही कि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक के साथ सभी जिला स्तरीय अधिकारी एक साथ बस में सवार होकर जनसमस्या निवारण शिविर में पहुँचे। जिला प्रशासन के इस अभिनव पहल की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की है। आज आयोजित शिविर में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, राज्य एथेलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, जनपद पंचायत डौण्डी के अध्यक्ष श्री मुकेश कौड़ो, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री भोलाराम नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्री मिथलेश निरोटी, वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डीडी मण्डले सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा जनपद सदस्य श्री तुलेश्वर हिचामी, श्री शिव प्रसाद बारला, श्री पुनीत सेन, श्रीमती रत्ना हिरवारी, श्रीमती आशा आर्य एवं श्रीमती साधना सोरी के अलावा ग्राम पंचायत पटेली के सरपंच श्री बाबूलाल सिहारे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने शिविर में उपस्थित लोगों को जीवन में स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए स्वयं स्वच्छ रहने तथा स्वच्छता के प्रति सजग रहने और इसके लिए समय देकर स्वच्छता के कार्य में अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बाल विवाह के रोकथाम के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की भी शपथ दिलाई। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं अतिथियों ने गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट भेंट कर उनका गोदभराई रस्म को पूरा करने के अलावा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया गया। इस दौरान शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों तथा आला अधिकारियों ने अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणों के साथ फाइलेरिया मुक्ति अभियान के अंतर्गत सामूहिक रूप से फाइलेरिया का दवाई का सेवन भी किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों से प्राप्त कुल 386 आवेदनों में से अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।आज आयोजित शिविर में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी एवं अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने शिविर में पहुँचे आवेदकों से मुलाकात कर उनके मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब कर ग्रामीणों के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। शिविर में अतिथियों के द्वारा मछली पालन विभाग के मत्स्य पालन प्रचार योजना के अंतर्गत ग्राम पटेली निवासी गोपाल निषाद को 01 नग जाल एवं श्री किशुनराम को आईस बाॅक्स प्रदान किया गया। इसी तरह कृषि विभाग द्वारा 05 कृषकों को बैटरी चलित स्प्रेयर एवं 08 कृषकों को उन्नत उड़द बीज का वितरण किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के द्वारा 27 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने के अलावा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी के मरीजों को बेहतर पोषण प्रदान करने हेतु उन्हें निक्षय पोषण किट भी प्रदान किया गया। श्रम विभाग के द्वारा श्रमिकों को श्रम कार्ड के अलावा राजस्व विभाग के द्वारा शिविर में आवेदकों का आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाकर अतिथियों के कर कमलों से उन्हें सौंपा गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग के द्वारा 04 श्रवणबाधितों को श्रवण यंत्र एवं 04 बुजुर्गों को छड़ी भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उन्हें आवास पूर्णता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने डौण्डी विकासखण्ड के वनांचल के ग्राम पटेली में इस वर्ष के पहले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के आयोजन के लिए ग्राम पटेली सहित अंचल वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को जनसमस्या निवारण शिविर के महत्व एवं उद्देश्यों के संबंध में भी जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के मंशानुरूप संपूर्ण प्रशासनिक अमले को आम जनता के बीच पहुँचकर उनके मांगों एवं समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिससे कि प्रशासन के आला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि ग्रामीणों एवं आम जनता के वास्तविक समस्याओं से रूबरू हो सके। इस अवसर पर उन्होंने आम जनता के कल्याण हेतु राज्य व केन्द्र सरकार के द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी किसानों को एग्रीस्टेक पोर्टल में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आदि विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने आम जनता को आयुष्मान योजना अंतर्गत स्मार्ट कार्ड बनाकर स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ लेनेे तथा ग्रामीणों एवं श्रमिकों को श्रम विभाग के योजनाओं का लाभ लेने हेतु अनिवार्य रूप से श्रम कार्ड बनाने को कहा। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को फाइलेरिया बीमारी के गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए शासन द्वारा चलाए जा रहे फाइलेरिया मुक्ति अभियान के अंतर्गत अनिवार्य रूप से फाइलेरिया की दवा का सेवन करने की भी अपील की। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने संपूर्ण जिले वासियों के सहयोग से बालोद जिले को मिल रही निरंतर उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्होंने इसका श्रेय पूरे जिले वासियों को दिया। उन्होंने कहा कि बिना जनभागीदारी के किसी भी कार्य को पूरा कर पाना असंभव है। श्रीमती मिश्रा ने बालोद जिले को अग्रणी बनाने तथा जिले के सर्वांगीण विकास हेतु जिले के जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के साथ-साथ समाज के सभी वर्ग के लोगों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की। श्रीमती मिश्रा ने आने वाले वर्षों में भयावह जल संकट के खतरे को देखते हुए भूजल की विदोहन की रोकथाम तथा जल संरक्षण के कार्य में अनिवार्य रूप से आम जनता से भागीदारी सुनिश्चित करने की भी अपील की। इसके साथ ही उन्होंने सड़क दुर्घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए दोपहिया वाहन चलाते वक्त अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करने तथा इसके लिए अन्य लोगों को प्रेरित करने को कहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख ने डौण्डी विकासखण्ड के सुदूर वनांचल के ग्राम पटेली में इस वर्ष का पहले जनसमस्या निवारण शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा संपूर्ण राज्य की भाँति बालोद जिले के चंहुमूखी विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। श्री देशमुख ने कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में बालोद जिला प्रशासन द्वारा अर्जित की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा सघन वृक्षारोपण के अलावा जल संचयन, जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत पूरे देश में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए बालोद जिले को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हुआ है। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा गुरूर विकासखण्ड के ग्राम नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय के तट को इको टूरिज्म के रूप में सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनसमस्या निवारण शिविर में आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 167, राजस्व विभाग से 63, समाज कल्याण विभाग से 12, वन विभाग से 14, परिवहन विभाग से 04, स्वास्थ्य विभाग से 14, पुलिस विभाग से 03, कृषि एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से 09-09, पशु चिकित्सा विभाग से 02, बीएसपी, जिला अग्रणी बैंक एवं चिप्स से 01-01, खाद्य विभाग से 03, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से 10, विद्युत विभाग से 13, श्रम विभाग से 33 एवं अक्षय ऊर्जा विभाग से 03 सहित आज शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 386 आवेदन प्राप्त हुए थे। इस दौरान स्वास्थ्य और आयुष विभाग के स्टाॅल में आगन्तुकों एवं ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
- *हैंडओवर के पहले नगर निगम, आरडीए और हाउसिंग बोर्ड संयुक्त रूप से सर्वे कर व्यवस्थाओं का करेंगे आंकलन*रायपुर/राज्य शासन के आदेश व नियमावली के अनुसार नगर निगम द्वारा आरडीए और हाउसिंग बोर्ड के कॉलोनियों के हैंडओवर की कार्यवाही की जाएगी। राज्य शासन द्वारा रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) और छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 9 आवासीय कॉलोनियों को नगर निगम को सौंपने का निर्णय लिया गया है। इस पर आगे की प्रक्रिया और कार्यवाही के लिए शासन स्तर से जारी होने वाली विस्तृत नियमावली का इंतजार है। इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी होने पर तीनों एजेंसियां संयुक्त सर्वे कर वास्तविक स्थिति का आंकलन करेंगी।रायपुर नगर निगम के नगर निवेशक ने बताया कि सर्वे में पेयजल आपूर्ति तंत्र, सीवरेज नेटवर्क, आंतरिक सड़कों, स्ट्रीट लाइट, उद्यानों और सफाई व्यवस्था की मौजूदा हालत का तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। कई कालोनियों में 15 से 20 वर्ष पुरानी पाइपलाइन, जर्जर नालियां और खराब सड़कें हैं। हैंडओवर लेने के पहले इनका सही आंकलन जरूरी है। हैंडओवर से पहले वित्तीय भार, अतिरिक्त स्टॉफ और रखरखाव की रूपरेखा तय करना निगम के लिए अत्यावश्यक है। अधिकांश कालोनियों में जलापूर्ति की पाइपलाइन डेढ़ दशक से अधिक पुरानी है, जिनकी उपयोग अवधि लगभग समाप्ति पर है।हैंडओवर के लिए शासन से आदेश व नियमावली प्राप्त होने पर कॉलोनियों की वास्तविक स्थितियों का सर्वे किया जाएगा। इसके अनुसार ही सभी कार्यवाहियां की जाएगी। अद्यतन किसी भी प्रकार का निर्देश निगम को प्राप्त नहीं हुआ है।
- रायपुर/ रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम जोन 9 जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा सीनियर ने नगर निगम जोन 9 क्षेत्र अंतर्गत कुशभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 7 अंतर्गत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री बारोन बंजारे, स्वच्छता निरीक्षक श्री भोला तिवारी की उपस्थिति में किया. इस दौरान वार्ड क्रमांक 7 में निर्धारित 38 से कम संख्या में ठेका सफाई कामगार ड्यूटी पर उपस्थित मिले और वार्ड में जगह - जगह गन्दगी और कचरे के ढेर पाए गए. वार्ड की लचर सफाई व्यवस्था को देखकर नगर निगम जोन 9 जोन कमिश्नर ने जोन 9 स्वास्थ्य विभाग की ओर से वार्ड 7 के अनुबंधित सफाई ठेकेदार संतोष सोनी को नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर वार्ड 7 क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सुधारकर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश नोटिस में दिए हैँ और सम्बंधित अनुबंधित सफाई ठेकेदार पर 10000 रू. का जुर्माना किया है.कुशभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 7 के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में 3 दिन में अपेक्षित सुधार नहीं आने की स्थिति में उचित कार्यवाही करने की चेतावनी जोन 9 जोन कमिश्नर ने नोटिस में सम्बंधित अनुबंधित सफाई ठेकेदार को दी है.



























