- Home
- देश
-
बदायूं (उप्र) जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अंतिम संस्कार के बाद रामगंगा नदी में नहाने के दौरान तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि हजरतपुर थाना क्षेत्र शाहपुर गांव के रहने वाले दिनेश के तीन पुत्र साहिल (16), रोहित (18) एवं भूपेंद्र (21) अपनी ताई कमला देवी (55) के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद रामगंगा नदी में स्नान के समय अचानक गहरे पानी में जाने से तीनों की डूबनकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस, स्थानीय लोगों व गोताखोरों की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है। दातागंज तहसील के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व टीम से मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद मृतकों के परिजनों को दैवी आपदा कोष से राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
-
नयी दिल्ली. गलवान घाटी में 2020 में हुई झड़पों में शहीद हुए नायक दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह को लेफ्टिनेंट के तौर पर भारतीय सेना में शामिल किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि उन्हें पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर एक अग्रिम अड्डे पर तैनात किया गया है। लेफ्टिनेंट सिंह ने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में एक साल का अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया। नायक दीपक सिंह बिहार रेजीमेंट की 16वीं बटालियन से थे और उन्हें 2021 में मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया। सेना ने ट्वीट किया, ‘‘शहीद नायक (नर्सिंग सहायक) दीपक सिंह की पत्नी महिला कैडेट रेखा सिंह ओटीए से अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भारतीय सेना में शामिल हुईं।'' उसने बताया कि नायक दीपक सिंह ने गलवान घाटी में हुई झड़पों में सर्वोच्च बलिदान दिया था।
-
जयपुर. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गयी। वहीं, दो घोड़ियां भी जिंदा जल गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले के कपासन थाना क्षेत्र के रामथली गांव के पास आज तड़के एक पिकअप वैन सड़क के बीचोंबीच लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि तार से छूते ही वैन में आग लग गई, जिसमें चालक किशन खटीक व घोड़ी मालिक शांति लाल झुलस गए। उन्होंने बताया कि पिकअप वैन में दो घोड़ियां थीं, जिनकी जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के समय सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वहीं चित्तौड़गढ़ के बेंगू इलाके में शनिवार सुबह कोटा-चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकरा गई। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मरनेवाले उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में ‘मन की बात' कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को लेकर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में शिरकत के दौरान स्वयं सहायता समूह की सदस्य पूनम देवी को प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने बेटे को जन्म दिया। पूनम (24) बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किए गए लोगों में शामिल थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के एक एपिसोड में लखीमपुरी खीरी के पास के एक स्वयं सहायता समूह की सदस्य के तौर पर उनके काम का जिक्र किया था। एक अधिकारी ने बताया कि नौ माह की गर्भवती पूनम को विज्ञान भवन में सम्मेलन के दौरान प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। साथ ही अधिकारी ने कहा कि वह अब अपने गांव लौट गई हैं। लखीमपुर खीरी में स्वयं सहायता समूह केले के तने से फाइबर का उपयोग करके हैंडबैग, चटाई और अन्य वस्तुएं बनाता है। इसके जरिये न केवल गांव की महिलाओं को अतिरिक्त आय होती है बल्कि वे अपशिष्ट को घटाने में भी मदद करती हैं। पूनम, आमंत्रित किए गये उन 100 अतिथियों में शामिल थी, जिनके असाधारण योगदान के लिए उनके नाम का उल्लेख प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' की पिछली कड़ियों में किया था। 'मन की बात' की 100 वीं कड़ी का जश्न मनाने के लिए इस एक दिवसीय सम्मेलन का विज्ञान भवन में आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन का उद्घाटन उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल थे। 'मन की बात' की 100वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को होगा।
- -
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी तेलुगू संगमम को उत्तर और दक्षिण भारत की पवित्र नदियों गंगा और गोदावरी के संगम की तरह बताया। प्रधानमंत्री ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के तेलुगु भाषी लोगों का स्वागत करते हुए यह बात कही। वह वाराणसी में आयोजित काशी तेलुगु संगमम कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ जिम्मेदारियों के कारण मैं वहां उपस्थति नहीं हूं लेकिन मन से मुझे आपके बीच होने का एहसास हो रहा है। काशी के घाट पर, गंगा के घाट पर, गंगा पुष्कर अलू उत्सव बिलकुल गंगा और गोदावरी के संगम की तरह है। यह भारत की प्राचीन सभ्यताओं, संस्कृतियों और परंपराओं के संगम का उत्सव है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कुछ महीने पहले यहीं काशी की धरती पर काशी तमिल संगमम का आयोजन हुआ था। इससे पहले एक पत्रकार वार्ता में भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा था कि तेलुगू लोगों से जुड़े आश्रमों और धर्मशालाओं का संगठन ‘श्री काशी तेलुगू समिति संगमम' का आयोजन कर रहा है। राव इस कार्यक्रम के समन्वयक और श्री काशी तेलुगू समिति के अध्यक्ष भी हैं। गंगा नदी के मानसरोवर घाट पर आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में वाराणसी और तेलुगू भाषी आबादी वाले दो राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को रेखंकित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इस कवायद को दक्षिणी राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा की जड़ें मजबूत करने के प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों के हिस्से के रूप में भी देखा जा रहा है। वाराणसी ने एक महीने तक चलने वाले काशी तमिल संगमम की भी मेजबानी की थी।
-
पुरी . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी के प्रसारण से पहले जाने-माने रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर कई रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की एक कलाकृति बनाई है। पटनायक ने लगभग सात टन रेत का इस्तेमाल कर 100 रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की आठ फुट ऊंची रेत की कलाकृति तैयार की। पटनायक के रेत कला विद्यालय के छात्रों ने कलाकृति को पूरा करने में उनकी मदद की। ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को किया जाएगा। पटनायक ने कहा, ‘‘इससे पहले भी मैंने कार्यक्रम के लिए रेत की कुछ कलाकृतियां बनाई थीं।'' साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
- -
इंदौर . इंदौर में 34 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी और उसके पति का दावा है कि ब्यूटी पार्लर जाने से रोकने पर हुए विवाद के बाद उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उप निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया कि शहर के स्कीम नम्बर 51 क्षेत्र में रीना यादव (34) ने अपने घर में बृहस्पतिवार को कथित तौर पर फांसी लगा ली। यादव ने बताया, "महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थी और जब उसने उसे वहां जाने से मना किया, तो महिला ने आवेश में आकर फांसी लगा ली।" उप निरीक्षक ने बताया कि महिला की मौत की हर पहलू पर जांच की जा रही है और उसके शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मृत महिला के पति बलराम यादव सिलाई का काम करते हैं। उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी को बृहस्पतिवार दोपहर में ब्यूटी पार्लर जाना था। मैंने उसे मना किया, तो उसने इस बात को लेकर मुझसे जमकर विवाद किया और बाद में खुद को एक कमरे में बंद करके पंखे से फांसी लगा ली।" यादव ने कहा कि उन्होंने दरवाजा तोड़कर पत्नी के शव को फंदे से उतारा।
-
नयी दिल्ली. प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव द्विवेदी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की वजह से रेडियो सुनने वालों की संख्या बढ़ी है और इस माध्यम में उनकी रुचि फिर से जगी है। 'मन की बात' कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और यह हर महीने के आखिरी रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी) नेटवर्क पर प्रसारित होता है। 30 मिनट के कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल को प्रसारित की जाएगी। द्विवेदी ने एक कार्यक्रम में कहा कि रेडियो कार्यक्रम ने सामुदायिक बंधन को प्रगाढ़ करने में मदद की।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' से रेडियो सुनने वालों की संख्या बढ़ी है और इस माध्यम में उनकी रुचि को फिर से जगी है। द्विवेदी ने कहा कि एक अध्ययन के मुताबिक 100 करोड़ से ज्यादा श्रोता कम से कम एक बार यह रेडियो कार्यक्रम सुन चुके हैं। -
अहमदाबाद. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने देश की संस्कृति और आस्था को संरक्षित करने के लिए बहुत कुछ किया है। पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भगवान राम की जन्म भूमि अयोध्या में राम मंदिर के लिए अतीत में कई आंदोलन हुए, जहां अब एक विशाल मंदिर बन रहा है। वह विश्व उमियाधाम द्वारा बृहस्पतिवार को निकोल इलाके में आयोजित ‘राम कथा' में जुटे लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा '' हम सभी जानते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए अतीत में कितने आंदोलन हुए। मंदिर 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसका श्रेय हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देना चाहिए। उन्होंने हमारी आस्था और संस्कृति को सहेजने में बहुत योगदान दिया है।'' विश्व उमियाधाम एक वृहद मंदिर परिसर है जिसे 1,000 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद शहर के पास जसपुर गांव में स्थापित किया जा रहा है। यह मंदिर पाटीदार समुदाय के एक उप-समूह 'कडवा पटेल' की अधिष्ठात्री देवी मां उमिया को समर्पित होगा। विश्व उमिया फाउंडेशन के अनुसार निर्माण पूरा हो जाने के बाद यह मंदिर 504 फुट की कुल ऊंचाई के साथ दुनिया का सबसे ऊंचा मंदिर होगा। 30 लाख वर्ग फुट में फैले इस मंदिर का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2019 में किया था।
- जेवर्गी/बेल्लारी (कर्नाटक)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को वादा किया कि अगर उनकी पार्टी की राज्य में सरकार बनती है, तो हर ग्राम पंचायत को एक करोड़ रुपये और कल्याण कर्नाटक क्षेत्र को पांच हजार करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। राज्य में 10 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं।कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने 5,000 करोड़ रुपये के निवेश से बेल्लारी में एक परिधान पार्क स्थापित करने का भी वादा किया। बारिश के बीच, उन्होंने कलबुर्गी जिले के जेवर्गी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने सरकारी विभागों में 50 हजार रिक्त पदों को भरने का भी वादा किया।बारिश में भीगे हुए गांधी ने कलबुर्गी जिले में कहा, “ हम इस क्षेत्र के लिए 5,000 करोड़ रुपये आवंटित करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक करोड़ रुपये मिलेंगे।”कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में बीदर, यादगीर, रायचूर, कोप्पल, कलबुर्गी, बल्लारी और विजयनगर जिले शामिल हैं।उन्होंने कहा कि वह बल्लारी में परिधान पार्क स्थापित करने का वादा करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि जिला दुनिया में नंबर एक ‘जीन्स केंद्र’ बने।गांधी ने कहा, “ बल्लारी को ‘जीन्स राजधानी’ बनाने का मेरे वादा है। मैं वह दिन देखना चाहता हूं, जब जो कोई भी जीन्स पहने और उसपर ‘मेड इन बेल्लारी’ लिखा हो।”सत्ताधारी पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि बल्लारी “40 फीसदी चोरी” के केंद्र में था और “जितनी चोरी भाजपा ने बल्लारी में की, उतनी चोरी यहां किसी और ने नहीं की होगी। गांधी ने कहा, “ इस चोरी से बल्लारी के लोगों को भारी नुकसान हुआ। अब यहां सबसे बड़ा बदलाव होगा। सिर्फ चुनाव में नहीं, बल्कि आपके जीवन में।”उन्होंने ‘भविष्यवाणी’ भी की कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सिर्फ 40 सीट मिलेंगी, क्योंकि उसे “ यह संख्या पसंद है।”गांधी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में भाजपा सरकार के मंत्रियों ने ठेकेदारों से लोक निर्माण के कार्यों के लिए 40 प्रतिशत कमीशन वसूला है, इसलिए, पार्टी को 40 से अधिक सीट नहीं मिलेंगी, जबकि कांग्रेस 150 सीट जीतकर अगली सरकार बनाएगी।मौजूदा भाजपा सरकार को ‘चोरी की सरकार’ बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल ने विपक्षी दलों के विधायकों को खरीदा है।उन्होंने कहा, “हम सरकार बनाने जा रहे हैं। हमारी पार्टी को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता।”गांधी ने कांग्रेस की चार अहम ‘गारंटी’ को दोहराया, जिनमें परिवार की महिला प्रमुख को दो हजार रुपये, हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, बेरोजगार स्नातकों को दो साल तक तीन हजार रुपये और बेरोज़गार डिप्लोमा धारकों को 1500 रुपये और बीपीएल परिवार के हर सदस्य को माह में 10 किलोग्राम चावल देना शामिल है। इसके अलावा, गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी की पांचवीं ‘गारंटी’ की भी घोषणा की, जो सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का वादा है।
-
नई दिल्ली। सूडान से 392 यात्रियों को लेकर सी-17 विमान कल नई दिल्ली पहुंचा। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा कि एक और विमान 362 भारतीयों को लेकर बेंगलुरु पहुंचा।इस बीच, कुल 270 यात्रियों को लेकर भारतीय वायुसेना के दो विमान जेद्दा पहुंचे आईएनएस सुमेधा सूडान पोर्ट से तीन सौ यात्रियों को लेकर जेद्दा के लिए रवाना हुआ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट संदेश में कहा कि ऑपरेशन कावेरी के अंतर्गत सूडान में फंसे लगभग दो हजार चार सौ भारतीयों को अब तक निकाला जा चुका है। -
नई दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को दिल्ली हाट में पहला 'मोटा अनाज अनुभव केंद्र' का शुभारंभ किया। नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड-नेफेड ने कृषि मंत्रालय के सहयोग से इस केन्द्र की स्थापना की है। इसका उद्देश्य मोटा अनाज के बारे में जागरूकता बढ़ाना और आम जनता के बीच इसे अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर श्री तोमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023 के उत्सव में भारत की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत मोटा अनाज के लिए वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है और उन्होंने कहा कि 'मोटा अनाज अनुभव केंद्र' की स्थापना उस दिशा में एक कदम है। -
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि वह यौन उत्पीड़न के आरोपों के आधार पर भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करेगी। सात महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। कई अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता पहलवानों का दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दिल्ली पुलिस की ओर से शीर्ष न्यायालय को महिला पहलवानों की याचिका के संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने इस मामले में महिला पहलवानों की सुरक्षा के लिए निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने एक नाबालिग पहलवान को कथित रूप से दी गई धमकियों का विवरण न्यायालय को सौंपा। न्यायालय ने दिल्ली पुलिस को नाबालिग लड़की को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश जारी किए है।मामले की सुनवाई अगले शुक्रवार को होगी।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम मे, देश-विदेश के श्रोताओं के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक कार्यक्रम की 100वीं कड़ी होगी। इस कार्यक्रम को आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन ए आई आर मोबाइल ऐप पर सुना जा सकेगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी होगा। हिन्दी प्रसारण के तुरंत बाद इसे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन अक्तूबर 2014 से मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर नागरिकों के साथ अपने विचार साझा करते रहे हैं। कार्यक्रम के लिए श्रोताओं से राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सुझाव और विचार भी आमंत्रित किए जाते हैं।
-
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ के सदस्य देशों से आतंकवाद खत्म करने और आतंकी गतिविधियों की मदद करने तथा उन्हें धन उपलब्ध कराने वालों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में मिल कर काम करने का आह्वान किया है। शुक्रवार को नई दिल्ली में एससीओ सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकी गतिविधियां या आतंकी गतिविधियों को सहयोग देना मानवता के खिलाफ अपराध है और इस खतरे के साथ शांति स्थापित नहीं हो सकती। उन्होंने युवाओं के कट्टरपंथी होने पर चिंता व्यक्त की और इसे समाज की सामाजिक आर्थिक प्रगति के रास्ते पर बाधा और प्रमुख सुरक्षा चुनौती बताया। विचार विमर्श के अंत में सभी सदस्य देशों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए और इस क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध बनाने की सामूहिक इच्छा व्यक्त की।
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि सभी सदस्य देशों के बीच आतंकवाद से निपटने, कमजोर देशों की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सहायता और आपदा राहत सहित सहयोग के कई क्षेत्रों पर आम सहमति हुई। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य देश इस बात पर सहमत थे कि आतंकवाद और इसके सभी रूपों की निंदा की जानी चाहिए और इसका सफाया किया जाना चाहिए। बैठक में चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्रियों ने भाग लिया। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के दीमा हसाओ जिले में सक्रिय जनजातीय उग्रवादी समूह दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी (डीएनएलए) के हिंसा छोड़ मुख्यधारा में शामिल होने के फैसले को शुक्रवार को पूर्वोत्तर में शांति और प्रगति के लिए ‘बहुत अच्छी खबर' बताया। डीएनएलए ने हिंसा छोड़ने और मुख्यधारा में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को केंद्र और राज्य सरकार के साथ एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। उग्रवादी समूह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की उपस्थिति में सरकार के साथ इस शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस संबंध में शाह की ओर से किए गए एक ट्वीट के जवाब में मोदी ने कहा, “पूर्वोत्तर की प्रगति और शांति के लिए यह बहुत अच्छी खबर है।
-
प्रतापगढ़ (उप्र). प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर लीलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। लीलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष यादव ने शुक्रवार को बताया कि थाना क्षेत्र के ताला सिरिस्ताबाद गांव में सई नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पानी के बहाव को रोकने के लिए जहां बांध बनाया गया है, वहीं बृहस्पतिवार शाम राजेश सिंह अपनी बेटी सिद्धि सिंह (13) और अपने साले के बेटे अभि सिंह (12) के साथ नहाने गए थे। यादव ने बताया कि नहाते समय गहरे पानी में जाने से दोनों बच्चे डूबने लगे। उन्होंने बताया कि आसपास मौजूद लोग दोनों बच्चों को पानी से निकालकर उपचार हेतु लालगंज के एक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
-
नयी दिल्ली. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) से पीएम-किसान सहित सभी केंद्रीय कार्यक्रमों को पूरी तरह से लागू करने को कहा ताकि किसानों को सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि तोमर की अध्यक्षता में कृषि क्षेत्र के व्यापक विकास के उद्देश्य से केंद्र शासित प्रदेशों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक हुई। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के चौतरफा विकास के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र शासित प्रदेशों में भी इन योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, वहां के सभी किसानों को भी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले...।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी पात्र किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के साथ-साथ इन क्षेत्रों को भी विकास की दौड़ में सबसे आगे होना चाहिए, केंद्र शासित प्रदेशों के छोटे किसानों के जीवन स्तर में भी बदलाव होना चाहिए। मंत्री ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार के पास योजनाओं और धन की कोई कमी नहीं है, योजनाओं के पूर्ण कार्यान्वयन की आवश्यकता है।'' बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव मनोज आहूजा सहित केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। बैठक में कृषि और अन्य केंद्रीय मंत्रालयों तथा संबंधित केंद्रीय/राज्य संस्थानों के अधिकारी भी मौजूद थे।
- नयी दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना ‘जहरीले सांप’ से किए जाने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिाकार्जुन खरगे के खिलाफ प्राथिमकी दर्ज करने तथा कर्नाटक में उनके चुनाव प्रचार करने पर रोक लगाने की मांग की।केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग गए भाजपा नेताओं के इस प्रतिनिधमंडल में पार्टी महासचिव तरुण चुघ, सांसद अनिल बलूनी और पार्टी नेता ओम पाठक शामिल थे।अधिकारियों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि ऐसा नहीं है कि जुबान फिसलने की वजह से खरगे की यह टिप्पणी सामने आई है, बल्कि यह कांग्रेस की नफरत की राजनीति का हिस्सा है। यादव ने कहा कि कांग्रेस का मोदी पर व्यक्तिगत हमले करने का इतिहास रहा है। भाजपा ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 499 और 500 के तहत खरगे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है, जो मानहानि से संबंधित है। पार्टी ने धारा 504 के तहत भी खरगे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह धारा जानबूझकर अपमान करने और उकसाने के अपराध से संबंधित है।कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना जहरीले सांप से की थी। विवाद पैदा होने के बाद उन्होंने बाद में स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी प्रधानमंत्री के खिलाफ नहीं बल्कि सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ थी।कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
- नयी दिल्ली । दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित धन शोधन के एक मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी।विशेष न्यायाधीश एम. के. नागपाल ने यह कहते हुए सिसोदिया को राहत देने से इनकार कर दिया कि यह उन्हें जमानत देने के लिए उपयुक्त समय नहीं है।न्यायाधीश ने सिसोदिया की याचिका पर दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था, जिनमें दावा किया गया था कि जांच के लिए उनकी हिरासत की अब आवश्यकता नहीं है।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने याचिका का विरोध किया था और कहा था कि जांच ‘‘महत्वपूर्ण’’ चरण में है।संघीय एजेंसी ने यह भी कहा था कि उसे कथित अपराध में उनकी मिलीभगत के नए सबूत मिले हैं।अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार को लेकर दर्ज मामले में 31 मार्च को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।अदालत ने कहा था कि सिसोदिया ने दिल्ली सरकार में अपने और अपने सहयोगियों के लिए लगभग 90-100 करोड़ रुपये की अग्रिम रिश्वत के कथित भुगतान से संबंधित आपराधिक साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अदालत ने कहा था कि इस समय उनकी रिहाई से जारी जांच पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और इसकी प्रगति ‘गंभीर रूप से बाधित’ हो सकती है। सीबीआई और ईडी ने अब रद्द की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।
-
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को वाहन क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत मानक संचालन प्रक्रिया जारी की। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत आवेदक उन्नत वाहनों के परीक्षण और प्रमाणन के लिए आवेदन जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें प्रोत्साहन राशि पाने में मदद मिलेगी। भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि उनका मंत्रालय खुद को प्रधानमंत्री के 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य के साथ जोड़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह एसओपी न केवल इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगी, बल्कि विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ाने में भी मददगार होगी। उन्होंने कहा कि मंत्रालय का लक्ष्य घरेलू विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देना और आयात पर निर्भरता कम करना है ताकि भारतीयों के लिए रोजगार के अधिक अवसर पैदा हो सकें। पाण्डेय ने यह भी कहा कि इससे देश की समग्र आर्थिक वृद्धि को लाभ होगा।
भारी उद्योग मंत्रालय ने 23 सितंबर, 2021 को वाहन एवं वाहन कलपुर्जा उद्योग के लिए पीएलआई योजना लाने की घोषणा की थी। इस मद में 25,938 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। - नयी दिल्ली. संस्कृति मंत्रालय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी के मौके पर कई कार्यक्रमों की तैयारी कर रहा है। इन कार्यक्रमों में ‘मन की बात' के विषयों की कहानियों वाली कॉमिक पुस्तकों का विमोचन और संरक्षित स्मारकों पर ‘‘प्रोजेक्शन मैपिंग'' भी शामिल हैं। केंद्रीय संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने बृहस्पतिवार को कहा कि 12 प्रमुख कलाकारों द्वारा निर्मित कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी भी यहां राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में लगाई जाएगी। ‘मन की बात' कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू किया गया था और हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे आकाशवाणी (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी) नेटवर्क पर प्रसारित किया जाता है। 30 मिनट के कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल को प्रसारित की जाएगी। मोहन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ‘मन की बात' कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘शासन के लिए समावेशी और जन-केंद्रित दृष्टिकोण रखने के दृढ़ विश्वास और इच्छा' को दर्शाता है। संस्कृति सचिव ने कहा कि इस कार्यक्रम में आम लोगों की ऐसी प्रेरक कहानियां शामिल की जाती हैं जो “राष्ट्र-निर्माण के लिए महत्वपूर्ण” हैं और प्रधानमंत्री राष्ट्र-निर्माण पर अपने विभिन्न विचार साझा करते हैं जो “पूरी तरह से गैर-राजनीतिक और जन-केंद्रित” होते हैं।” मोहन ने कहा कि रविवार को प्रसारित होने वाली ऐतिहासिक कड़ी से पहले यहां दो बड़े कार्यक्रम हुए। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात' कार्यक्रम लोगों के साथ “सीधे संवाद के लिए क्रांतिकारी विचार” है और इस संबंध में संस्कृति मंत्रालय ने तीन पहल की है। मोहन ने कहा, “पहली पहल के तहत हमने ‘मन की बात' से कुछ खास विषयों का चयन किया है, जिसके आधार पर 30 अप्रैल की शाम को देशभर में 13 अलग-अलग स्थानों पर ‘प्रोजेक्शन मैपिंग' और साउंड एंड लाइट शो किए जाएंगे।” उन्होंने कहा कि इन 13 स्थलों में नयी दिल्ली में लाल किला और प्रधानमंत्री संग्रहालय, ओडिशा में सूर्य मंदिर, हैदराबाद में गोलकुंडा किला, तमिलनाडु में वेल्लोर का किला, मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया, झारखंड में नवरतनगढ़ किला, जम्मू और कश्मीर के उधमपुर में रामनगर किला, असम में एक किला, लखनऊ में रेजीडेंसी और गुजरात के मोढेरा के सूर्य मंदिर और राजस्थान में चित्तौड़गढ़ किला शामिल है।
- नयी दिल्ली. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार को फसल उत्पादकता में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया क्योंकि देश को घरेलू आवश्यकता को पूरा करने और वैश्विक बाजारों में निर्यात बढ़ाने के लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने की जरुरत है। तोमर ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और ट्रैक्टर एंड मैकेनाइजेशन एसोसिएशन (टीएमए) की तरफ से कृषि उपकरण प्रौद्योगिकी पर आयोजित एक शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि किसानों और वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ सरकार की नीतियों की बदौलत कृषि उत्पादन में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश की जनसंख्या वर्ष 2050 तक बढ़ जाएगी लिहाजा खाद्यान्न और अन्य कृषि उत्पादों की जरूरत पूरा करने के लिए एक खाका तैयार करने की आवश्यकता है। तोमर ने कहा कि दुनिया में भारत के बढ़ते महत्व को देखते हुए वैश्विक आवश्यकता के लिए भी योजना बनाने की जरूरत है। तोमर ने कहा कि फसल की पैदावार में सुधार हो रहा है लेकिन उन्होंने उत्पादकता की तुलना अन्य देशों और वैश्विक औसत से करने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा, ‘‘हमें जमीन कम होने पर भी खाद्यान्न का उत्पादन बढ़ाते रहना होगा।'' तोमर ने कहा कि इसे हासिल करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों और नई तकनीकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ड्रोन और सूक्ष्म सिंचाई जैसी तकनीकों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। तोमर ने देश में करीब 85 प्रतिशत छोटे किसान होने की बात कहते हुए कहा कि उन्हें तकनीक और मशीनरी का लाभ मिलना चाहिए। तोमर ने पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र में उठाए गए विभिन्न कदमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक लाख करोड़ रुपये के कृषि अधोसंरचना कोष की शुरुआत भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें से 14,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है।
-
बुलंदशहर . उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अरनिया थाना क्षेत्र में कार के डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। थाना प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया, "एक कार में यात्रा कर रहे तीन व्यक्ति मेरठ से अलीगढ़ जा रहे थे, तभी बृहस्पतिवार को रौंडा के पास कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गयी।" उन्होंने बताया, "कार में सवार सर्वेश (35) और अरशद (31) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य यात्री शाहनवाज को गंभीर चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को देश भर के हवाई अड्डों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए यात्रा को सुगम बनाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गृह मंत्री ने यात्रियों की सुविधा के लिए हवाई अड्डों पर अतिरिक्त प्रबंध करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गृह मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया। एक अधिकारी ने कहा कि गृह मंत्री ने बैठक में देश भर के हवाई अड्डों पर यात्री यातायात की समीक्षा की।गृह मंत्री ने निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएं कि हवाई अड्डे के द्वार, ‘चेक-इन काउंटर', सुरक्षा जांच और आव्रजन क्षेत्र में यात्रियों का ज्यादा समय न लगे। विमानन कंपनियों से अपेक्षा की जाती है कि वे सभी ‘चेक-इन' (हवाई अड्डे पर आगमन की सूचना देने का स्थान) और ‘बैगेज ड्रॉप' काउंटरों (सामान जमा कराने के स्थान) पर पर्याप्त कर्मचारी तैनात करें। विमानन कंपनियां आमतौर पर भीषण गर्मी के दौरान प्रतीक्षा समय के बारे में सोशल मीडिया पर समय-समय पर जानकारी साझा करती हैं और अब भी ऐसा ही किए जाने की संभावना है।










.jpg)









.jpg)
.jpeg)

.jpeg)

.jpeg)
.jpg)
.jpg)