- Home
- देश
- पीलीभीत (उप्र) . जिले के बरखेड़ा थाना इलाके में एक डंपर (ट्रक) ने बाइक सवार एक महिला और उसके दो बेटों को कुचल दिया, जिससे महिला और उसके एक बेटे की मौत हो गयी जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को बरखेड़ा थाना क्षेत्र में पौटाकलां निवासी शमशुल की पत्नी कुलशुम बेगम (42), उनका बेटा अर्शलान (22) और जीशान बाइक से एक बारात में शामिल होने के लिए बरेली जिले के नवाबगंज क्षेत्र जा रहे थे। उन्होंने बताया कि पीलीभीत-बीसलपुर रोड पर बरखेड़ा थाना क्षेत्र में ज्योराह कल्याणपुर गांव के पास डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरखेड़ा भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने कुलशुम बेगम और अर्सलान को मृत घोषित कर दिया। जीशान का उपचार हो रहा है। पुलिस ने मां-बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में पुलिस ने जांच के दौरान डंपर को पकड़ लिया।
- नई दिल्ली । दिल्ली में कई महीनों से अटका महापौर का चुनाव अब 22 फरवरी को संपन्न होगा । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सिफारिश पर उप राज्यपाल वी.के. सक्सेना ने 22 फरवरी को महापौर चुनाव कराने की मंजूरी दे दी है । एक रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री की सिफारिश उच्चतम न्यायालय के उस आदेश के बाद आई थी, जिसमें महापौर और स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव कराने के लिए 24 घंटे के भीतर दिल्ली नगर निगम की पहली बैठक बुलाने का आदेश दिया गया ।शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को यह भी कहा था कि उप राज्यपाल द्वारा एमसीडी में मनोनीत सदस्य महापौर के चुनाव में मतदान नहीं कर सकते । चुनाव कराने को लेकर भेजे पत्र पर केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा था कि उन्होंने दिल्ली नगर निगम के महापौर का चुनाव 22 फरवरी को कराने की सिफारिश की है । दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 के मुताबिक, महापौर और उप महापौर का चुनाव एमसीडी चुनाव के बाद सदन की पहली बैठक में किया जाना चाहिए । पिछले साल चार दिसंबर को नगर निकाय चुनाव हुआ था और नतीजे आने के दो महीने बीत जाने के बावजूद अब तक महापौर नहीं चुना जा सका है ।एमसीडी की अब तक हुई तीन बैठकों में मनोनीत सदस्यों के मताधिकार को लेकर आप और भाजपा के बीच जारी गतिरोध के कारण महापौर का चुनाव नहीं हो सका । नगर निकाय चुनाव के बाद, एमसीडी सदन की पहली बैठक छह जनवरी को आप और भाजपा सदस्यों के बीच हंगामे की वजह से स्थगित कर दी गई थी । दिल्ली नगर निगम के 250 सदस्यीय सदन में आप को 134 पार्षदों के साथ बहुमत हासिल है । सदन में भाजपा के 104 सदस्य हैं । आप ने आरोप लगाया है कि भाजपा मनोनीत सदस्यों को मताधिकार देकर जनादेश चुराना चाहती है ।
- जयपुर। राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार जोशी ने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा बजट सत्र शुरू होने से पहले दे दिया था। प्रवक्ता ने बताया, ‘‘बजट सत्र शुरू होने से पहले महेश जोशी ने राजस्थान विधानसभा में मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंजूर कर लिया है।'' उन्होंने बताया कि जोशी के पास मुख्य सचेतक का पद और जलदाय (पीएचईडी) मंत्री का पद भी था जिसके कारण उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वैश्विक निवेशकों से भारत की विकास गाथा में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि देश इसके बदले उन्हें ‘रिटर्न की गारंटी' देता है। उन्होंने कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए यह भी कहा कि उनकी सरकार ने पिछले नौ साल में देश में राजकाज के स्तर पर व्यापक स्तर पर बदलाव लाकर देश को ‘नाजुक-पांच' की स्थिति से बाहर निकाल कर एक सशक्त राष्ट्र बनाया है। मोदी ने आर्थिक समाचारपत्र 'इकोनॉमिक टाइम्स' के वैश्विक व्यवसाय शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए सड़क, निर्माण, मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, रेलवे लाइन बिछाने और हवाईअड्डों की संख्या बढ़ाने समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने वैश्विक निवेशकों से भारत की विकास गाथा में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश इसके बदले रिटर्न की गारंटी देता है। मोदी ने कहा, ‘‘जब आप भारत की विकास गाथा से जुड़ते हैं, तो भारत आपको आगे बढ़ने की गारंटी देता है...भारत की समृद्धि विश्व की समृद्धि है और भारत की वृद्धि विश्व की वृद्धि है।'' प्रधानमंत्री ने 'जनमत निर्माण' से जुड़े लोगों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हमारे देश में, जनमत तैयार करने वाले अधिकतर लोग हर छह महीने में उसी ‘उत्पाद' को फिर से पेश करने में व्यस्त रहते हैं। और इसे दोबारा पेश करने में भी वे उसे नया रूप देने की कल्पना नहीं करते हैं।''प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत ने दुनिया को दिखाया है कि सशक्त राष्ट्र का क्या मतलब है। जहां पहले पांच नाजुक देशों की बात होती थी, वहीं अब भारत को इसके उलट एक मजबूत और सशक्त राष्ट्र के रूप में पहचाना जाता है। भारत ने दुनिया को दिखाया है कि आपदाओं को अवसरों में कैसे बदला जा सकता है।'' उल्लेखनीय है कि 'नाजुक पांच' शब्दावली का उपयोग 2013 में ब्राजील, इंडोनेशिया, भारत, दक्षिण अफ्रीका और तुर्की के लिये किया गया था। इसका कारण यह था कि निवेशक उच्च रिटर्न की उम्मीद में विकसित बाजारों में निवेश को लेकर उभरते बाजार वाली अर्थव्यवस्थाओं से पूंजी निकाल रहे थे। मोदी ने घोटालों के कारण देश की साख को लगे बट्टे को याद करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के कारण लोगों को कई चीजों से वंचित होना पड़ा। युवाओं के हितों की अनदेखी की गयी। मोदी ने घोटालों के कारण देश की प्रतिष्ठा के लिए कठिन समय, भ्रष्टाचार के कारण गरीबों के वंचित होने, वंशवाद की वेदी पर युवाओं के हितों की बलि चढ़ाने और भाई-भतीजावाद और नीतिगत पक्षाघात के कारण परियोजनाओं में देरी का भी जिक्र किया।उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए हमने शासन के हर स्तर पर फिर से कल्पना करने, उसे नया रूप देने का फैसला किया। हमने फिर से कल्पना की कि कैसे सरकार गरीबों को सशक्त बनाने के लिए कल्याणकारी वितरण में सुधार कर सकती है। हमने फिर से कल्पना की कि कैसे सरकार अधिक कुशल तरीके से बुनियादी ढांचा तैयार कर सकती है। हमने फिर से कल्पना की कि सरकार को देश के नागरिकों के साथ किस तरह का संबंध रखना चाहिए।'' मोदी ने कल्याणकारी योजनाओं की आपूर्ति की बात की। उन्होंने बैंक खातों, कर्ज, संपत्ति अधिकार, शौचालय, बिजली और खाना पकाने का स्वच्छ ईंधन की बात कही। मोदी ने कहा कि 2014 के बाद 10 करोड़ शौचालय बनाये गये। स्वच्छता दायरा 40 प्रतिशत से नीचे था लेकिन उसे बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 28 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। एक तरह से कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग गरीबी उन्मूलन की बात करते थे, लेकिन वास्तव में वे गरीबों को देश पर बोझ समझते थे और उन्हें उनके हाल पर छोड़ देते थे। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर वर्तमान सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया, ताकि वे देश के विकास में योगदान दे सकें।
- सोनभद्र (उप्र) । सोनभद्र जिले में एक गाड़ी के पलट जाने से दो बारातियों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राबर्ट्सगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि थाना क्षेत्र के कुसीडौर निवासी भरत लाल की बेटी की बारात कपसेठी, वाराणसी से आयी थी। बारातियों की एक गाड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे में मेहंदी गंज, राजा तालाब निवासी शशि शर्मा (35) एवं पुरंदह, कपसेठी निवासी विनय राजभर (40) की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गये। घायलों में अरुण (19) और अजीत (20) को गंभीर चोट आयी है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- गाजियाबाद (उप्र) । गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में शुक्रवार को एक निजी अस्पताल के बाहर एक कार में चालक की सीट पर एक व्यक्ति का शव पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि एक निजी अस्पताल के सुरक्षा गार्ड ने शुक्रवार सुबह एक कार की चालक की सीट पर एक व्यक्ति का शव देखा। सिंह के मुताबिक मृतक की पहचान साहिबाबाद के हर्षवर्धन (40) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हर्षवर्धन अपनी पत्नी पूनम के साथ वसुंधरा कॉलोनी में रहता था और उसके दो बच्चे हैं। सिह के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हर्षवर्धन गुरुवार की शाम करीब आठ बजे दिल्ली गया था और अपना मोबाइल अपने आवास पर छोड़ गया था। गुरुवार की रात वह घर नहीं लौटा। परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर यह आशंका जाहिर की गयी है कि हर्षवर्धन ने किसी पारिवारिक विवाद के कारण घर छोड़ दिया और जहर खा लिया। एसीपी सिंह ने कहा कि पुलिस की टीम अलग-अलग बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही हैं।
-
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत खालिस्तान टाइगर फोर्स और जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स को आतंकवादी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि खालिस्तान टाइगर फोर्स एक उग्रवादी संगठन है जिसका उद्देश्य पंजाब में आतंकवाद को पुनर्जीवित करना है। जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिशों और आतंकी हमलों को अंजाम देने में शामिल पाया गया है। गृह मंत्रालय ने आज हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा को आतंकवादी घोषित किया। वह आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा है और लाहौर में रहता है। सरकार ने अब तक 53 व्यक्तियों को आतंकवादी और 44 संगठनों को आतंकवादी संगठनों के रूप में नामित किया है।
-
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने महंगाई पर काबू पाने के लिए खुले बाजार में बिक्री योजना के तहत गेहूं के आरक्षित मूल्य को और कम कर दिया है। घटी हुई कीमत अगले महीने की 31 तारीख तक लागू रहेगी। विभिन्न श्रेणी के गेहूं के लिए दो हजार एक सौ पचास रुपये और दो हजार एक सौ पच्चीस रुपये प्रति क्विंटल आरक्षित मूल्य निर्धारित किया गया है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने कहा कि आरक्षित मूल्य में कमी से उपभोक्ताओं को गेहूं और गेहूं उत्पाद सस्ती दरों पर मिलेंगे। मंत्रियों की समिति ने खुले बाजार में बिक्री योजना के जरिए भारतीय खादय निगम के भंडार से 30 लाख टन गेहूं जारी करने का फैसला किया है।
-
नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले समूह को ‘शिवसेना' नाम और उसका चुनाव चिह्न ‘तीर-कमान' आवंटित किया। इसे उद्धव ठाकरे के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। शिंदे द्वारा दायर छह महीने पुरानी याचिका पर एक सर्वसम्मत आदेश में, तीन सदस्यीय आयोग ने ठाकरे गुट को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नाम और ‘मशाल' चुनाव चिह्न को बनाए रखने की अनुमति दी, जो उसे राज्य में विधानसभा उपचुनावों के समाप्त होने तक एक अंतरिम आदेश में दिया गया था। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने निर्वाचन आयोग द्वारा उनके धड़े को वास्तविक शिवसेना के रूप में मान्यता दिए जाने के फैसले को सचाई एवं लोगों की जीत बताया। उन्होंने आयोग के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं निर्वाचन आयोग को धन्यवाद देता हूं। लोकतंत्र में बहुमत का महत्व होता है। यह सच्चाई और लोगों की जीत है और साथ ही यह बालासाहेब ठाकरे का आशीर्वाद भी है। हमारी शिवसेना वास्तविक है।'' यह पहली बार है जब ठाकरे परिवार ने 1966 में बालासाहेब ठाकरे द्वारा स्थापित पार्टी का नियंत्रण खो दिया है। पार्टी ने हिंदुत्व को अपनी प्रमुख विचारधारा के रूप में अपनाया था और 2019 तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन किया था, जब उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस की मदद से सरकार बनाने के लिए गठबंधन तोड़ दिया था। आयोग ने 78 पृष्ठ के अपने आदेश में कहा है, ‘‘पार्टी का नाम ‘शिवसेना' और पार्टी का चिह्न ‘तीर-कमान' याचिकाकर्ता गुट द्वारा बनाए रखा जाएगा। इसने कहा कि पिछले साल अक्टूबर में शिंदे गुट को आवंटित ‘‘बालासाहेबंची शिवसेना'' का नाम और ‘‘दो तलवारें और ढाल'' के चिह्न पर तत्काल प्रभाव से रोक लग जायेगी और इसका उपयोग नहीं किया जाएगा। आयोग ने कहा कि वर्ष 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना के 55 विजयी उम्मीदवारों में से एकनाथ शिंदे का समर्थन करने वाले विधायकों के पक्ष में लगभग 76 फीसदी मत पड़े। महाराष्ट्र में 2019 के विधानसभा चुनाव में शिवसेना के विजयी उम्मीदवारों के पक्ष में मिले मतों से 23.5 प्रतिशत मत उद्धव ठाकरे धड़े के विधायकों को मिले थे। आयोग ने कहा कि प्रतिवादी (ठाकरे गुट) ने चुनाव चिह्न और संगठन पर दावा करने के लिए पार्टी के 2018 के संविधान पर बहुत भरोसा किया था, लेकिन पार्टी ने संविधान में संशोधन के बारे में आयोग को सूचित नहीं किया था। आयोग ने कहा कि शिवसेना का 2018 में संशोधित किया गया संविधान आयोग के रिकॉर्ड में नहीं है। आयोग ने कहा कि उसने पाया कि पार्टी का संविधान, जिस पर ठाकरे गुट पूरा भरोसा कर रहा था, "अलोकतांत्रिक" था। -
बेंगलुरु. पांच दिवसीय एयरो इंडिया-2023 का शुक्रवार को समापन हो गया, जिसमें विमानन क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत' और ‘मेक इन इंडिया' के आह्वान पर जोर दिया गया। बेंगलुरु में आयोजित हुए ‘एयरो इंडिया' कार्यक्रम में पहली बार अमेरिका के दल की सबसे बड़ी भागीदारी देखी गई। शहर के येलहंका वायु सेना स्टेशन पर अंतिम दिन बड़ी संख्या में एकत्र हुए दर्शकों को ‘मेटल बर्ड' द्वारा किए गए हवाई करतब ने मंत्रमुग्ध कर दिया। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा विकसित भारत के स्वदेशी रूप से विकसित हल्के लड़ाकू विमान तेजस, हल्के लड़ाकू हेलीकाप्टर और अन्य हेलीकॉप्टर ‘एयरो इंडिया' में शामिल हुए। इसके अलावा, राफेल लड़ाकू विमान और सुखोई विमानों ने कार्यक्रम के दौरान प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
हालांकि, सबसे महत्वपूर्ण एफ-35, बी-1बी लांसर्स, एफ-16 और एफ-18 की उपस्थिति थी, जिन्होंने शो में भी भाग लिया था। शो के दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन आदि ने अपने स्टॉल लगाए। -
नयी दिल्ली. ‘लीवर सिरोसिस' (एक प्रकार का यकृत रोग) से ग्रस्त बिहार के 29 वर्षीय एक व्यक्ति को पत्नी द्वारा अंगदान करने से एक नया जीवन मिला है। डॉक्टरों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यकृत प्रतिरोपण की सर्जरी 12 घंटे तक चली और यह बहुत चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि उनके रक्त समूह अलग-अलग थे। उन्होंने बताया कि चुनौती यह थी कि मरीज शिव का रक्त समूह 'बी पॉजिटिव' था और उसके भाई-बहनों में किसी का भी यह रक्त समूह नहीं था। उन्होंने कहा कि वैसे तो उसकी 21 वर्षीय पत्नी अपना यकृत दान करने को इच्छुक थी, लेकिन उसका भी रक्त समूह 'ए पॉजिटिव' था। यह प्रतिरोपण सर्जरी हाल में मध्य दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल (एसजीआरएच) में हुई।
एसजीआरएच के डॉक्टरों ने बताया कि छह महीने पहले पार्वती ने पाया कि उसका पति बिस्तर पर बेहोश पड़ा है। उनके अनुसार वह तत्काल उसे इलाज के लिए ले गयी,तब जांच में पता चला कि शिव को ‘लीवर सिरोसिस' रोग हो गया है जो आखिरी चरण में है फलस्वरूप उन्हें यकृत मस्तिष्क विकार हो गया है (जिसमें व्यक्ति बेहोश हो जाता है।) अस्पताल ने कहा कि यह खबर परिवार पर वज्रपात जैसी थी, क्योंकि शिव छह सदस्यों के परिवार में एकमात्र कमाऊ सदस्य था। परिवार में शिव दंपत्ति के अलावा बुजुर्ग मां-बाप और दो बच्चे हैं । डॉक्टरों ने बताया कि बिहार एवं दिल्ली में कई अस्पतालों का चक्कर काटने के बाद वे लोग एसजीआरएच आये।
एसजीआरएच के मुख्य यकृत प्रतिरोपण सर्जन डॉ. नैमिष मेहता ने बताया कि उसे (शिव को) यकृत प्रतिरोपण कराने और उपयुक्त अंगदान दाता को ढूंढने को कहा गया । डॉक्टरों ने बताया कि हमारे सामने चुनौती थी कि शिव और उसकी पत्नी के रक्तसमूह अलग-अलग थे। मेहता ने कहा, ‘‘ इसलिए,परिवार को तब ‘रक्त समूह असंगत प्रतिरोपण का परामर्श दिया गया जिसे समुचित पूर्व ऑपरेशन तैयारी के साथ किया जा सकता है। उसकी पत्नी पार्वती यकृत दान करने को तैयार थी और उसका रक्तसमूह ए पॉजिटिव था। उसकी जांच की गयी और वह अंगदान के लिए उपयुक्त पायी गयी।
- -
बलिया (उप्र)। जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में एक पूर्व ग्राम प्रधान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिले में गड़वार थाना क्षेत्र के असनवार गांव का निवासी एवं पूर्व प्रधान सुरेश वर्मा (50) बृहस्पतिवार देर शाम मोटरसाइकिल से दो अन्य व्यक्तियों के साथ अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नत्थूपुर गांव के पास संवरा-लोहटा मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर वर्मा को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वर्मा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार देव कुमार ने बताया कि वारदात को दो हमलावरों ने अंजाम दिया। पुलिस उपाधीक्षक मुहम्मद फहीम ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। -
बिजनौर। जिले के नगीना देहात कोतवाली के अंतर्गत एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार पति-पत्नी की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगीना) संग्राम सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे नगीना देहात कोतवाली सीमा पर उत्तराखंड के काशीपुर से चंडीगढ़ जा रही टोयोटा ग्लैंजा कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना मे कार चालक करतार(48) और उनकी पत्नी सिमरन कौर(45) की मौत हो गयी। दोनों उत्तराखंड के उधमसिंहनगर जिले के कशीपुर के रहने वाले थे। सिंह ने बताया कि हादसे में करतार की बेटी हरनीत(21) बेटे जगदीप(15) और मित्र गुरजीत घायल हो गये।घायलो को अस्पताल मे भर्ती कराया गया है । उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। -
बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य के रामनगर जिले के रामदेवरा बेट्टा (पहाड़ी) पर एक 'भव्य' राम मंदिर बनाया जाएगा। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कोप्पल जिले में अंजनाद्री पहाड़ी के लिए बेहतर पर्यटक सुविधाएं तैयार की जाएंगी और विभिन्न कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए निविदा आमंत्रित की गई है। अंजनाद्री पहाड़ी को भगवान हनुमान की जन्मभूमि माना जाता है।
बोम्मई ने भी कहा कि सरकार अगले दो साल में 1,000 करोड़ रुपये खर्च कर विभिन्न मंदिरों और मठों के लिए विकास एवं जीर्णोद्धार अभियान चलाएगी। उनके पास वित्त विभाग भी है। उन्होंने विधानसभा में 2023-24 का बजट पेश करते हुए कहा, "रामनगर के रामदेवरा बेट्टा में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा।" रामनगर वोक्कालिगा बहुल पुराने मैसूर क्षेत्र का हिस्सा है और माना जाता है कि यह भाजपा का गढ़ नहीं है।
कर्नाटक में इस साल मई तक विधानसभा चुनाव होने हैं। रामनगर जिले के प्रभारी मंत्री सी एन अश्वथ नारायण ने पिछले साल दिसंबर में बोम्मई से आग्रह किया था कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम मंदिर की तर्ज पर रामदेवरा बेट्टा में एक मंदिर के निर्माण के लिए एक विकास समिति गठित की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिख कर अनुरोध किया था कि रामदेवरा बेट्टा को 'दक्षिण भारत के अयोध्या' के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। -
नोएडा (उप्र)। गौतमबुद्ध नगर जिले में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के तीसरे और चौथे चरण के निर्माण के लिए 14 गांवो की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यमुना विकास प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव मंजूरी के लिए जिला प्रशासन को भेज दिया है।
यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इसी सप्ताह उक्त जमीन के अधिग्रहण के लिए जो राशि खर्च होनी है उसका 10 फ़ीसदी हिस्सा जिला प्रशासन को दे दिया जाएगा, जबकि दूसरे चरण की 1,365 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ अरुण सिंह ने बताया कि हवाई अड्डा परियोजना को लेकर प्राधिकरण ने 14 और गांव की जमीन के लिए प्रशासन को प्रस्ताव भेजा है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 1,334 हेक्टेयर, दूसरे चरण में 1,365 हेक्टेयर और तीसरे चरण में 1,318 और चौथे चरण में 735 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। सिंह ने बताया कि 14 गांव की 2,053 हेक्टेयर जमीन ली जानी है जिनमें दयानतपुर, बंकापुर, पारोही, रोही, किशोरपुर, मुकीमपुर सिवारा, सबौता मुस्तफाबाद, किशोरपुर, रामनेर, बनवारी बास, ख्वाजपुर, थोरा, नीमका- शाहजहांपुर ,जेवर बांगर और अहमदपुर गांव शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के चारों चरणों के लिए कुल 4,752 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी। सिंह के मुताबिक अबतक छह गांवों को विस्थापित करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जबकि छह अन्य गांवों को विस्थापित और अधिग्रहित करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि तीसरे और चौथे चरण के लिए राज्य मंत्रिमंडल से पहले ही 14 गांवों के विस्थापन और जमीन अधिग्रहण की मंजूरी मिल चुकी है। -
बेंगलुरु। रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्य करने वाले सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) और इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) ने भारतीय रक्षा बलों को दीर्घकालिक उत्पाद समर्थन मुहैया कराने के मकसद से एक संयुक्त उपक्रम बनाने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए हैं।
बीईएल ने एक बयान में बताया कि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने यहां येलहंका वायुसेना स्टेशन में चल रहे द्विवार्षिक एयर शो और विमानन प्रदर्शनी ‘एयरो इंडिया 2023' में यह घोषणा की। इसमें कहा गया कि यह साझेदारी लंबे समय से सहयोग कर रहीं दो कंपनियों के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। बीईएल एक ‘नवरत्न' कंपनी है, जो रक्षा संबंधी इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों एवं प्रणालियों के निर्माण में अग्रणी हैं और आईएआई इजराइल में एक शीर्ष एयरोस्पेस और रक्षा कंपनी है।
ये दोनों कंपनियां भारतीय सशस्त्र बलों के लिए कई संयुक्त कार्यक्रमों में शामिल रहीं हैं। देश में मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने में सक्षम मिसाइल (एमआरएसएएम) संबंधी वायु रक्षा प्रणालियों के लिए समर्थन प्रदान करने के वास्ते नया संयुक्त उपक्रम स्थापित किया जा रहा है। इसका मुख्यालय नयी दिल्ली में होगा और यह सशस्त्र बलों को तकनीकी और रखरखाव संबंधी आवश्यक सहायता प्रदान करेगा।
बयान में कहा गया है कि एमआरएसएएम एक उन्नत वायु और मिसाइल रक्षा प्रणाली है जो विभिन्न प्रकार के हवाई उपकरणों से सुरक्षा प्रदान करती है। इसका उपयोग भारतीय वायु सेना, भारतीय थल सेना, भारतीय नौसेना और इजराइली रक्षा बल करते हैं। इसमें कहा गया है कि इस संयुक्त उपक्रम के माध्यम से आईएआई ने भारत सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत' के दृष्टिकोण के प्रति अपना समर्थन दोहराया है। इसमें कहा गया है कि यह उपक्रम भारतीय सशस्त्र बलों के लिए उन्नत प्रणालियों के विकास और समर्थन में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के साथ मजबूत साझेदारी के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। -
नयी दिल्ली। गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि उसने मुंबई के चेंबूर में दिग्गज फिल्म अभिनेता, निर्देशक और निर्माता राज कपूर के बंगले को खरीदा है। कंपनी की योजना इस जगह पर एक लग्जरी आवासीय परियोजना विकसित करने की है। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि यह जमीन राज कपूर के कानूनी वारिस कपूर परिवार से खरीदी गई है।
सौदे के मूल्य का खुलासा नहीं किया गया है। इससे पहले मई 2019 में गोदरेज प्रॉपर्टीज ने गोदरेज आरकेएस परियोजना विकसित करने के लिए कपूर परिवार से चेंबूर में आर के स्टूडियो का अधिग्रहण किया था। गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक और सीईओ गौरव पांडेय ने कहा, ''हम इस प्रतिष्ठित परियोजना को अपने पोर्टफोलियो में जोड़कर खुश हैं और यह मौका देने के लिए हम कपूर परिवार के आभारी हैं।'
- -
जयपुर। राजस्थान के अजमेर जिले में बृहस्पतिवार रात एक सड़क हादसे में चार लोग जिंदा जल गए जबकि एक अन्य घायल हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि ब्यावर सदर थाना क्षेत्र के रानी बाग रिजॉर्ट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर यह हादसा उस समय हुआ जब एलपीजी से भरे टैंकर की टक्कर संगमरर ले जा रहे ट्रक से हो गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद लगी आग की चपेट में दोनों वाहन आ गए, जिससे चार लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। एलपीजी टैंकर से लगी आग ने आस-पास की दुकानों और घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा। अजमेर के पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने कहा, "दुर्घटना में चार लोग जिंदा जल गए और एक अन्य घायल हो गया।
आसपास की दुकानों और घर भी आग की चपेटमें आ गए।" उन्होंने कहा कि देर रात तक आग पर काबू पा लिया गया और अब राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम नुकसान का आकलन कर रही है और शवों की शिनाख्त की जा रही है। -
जम्मू। कर्नाटक के श्रृंगेरी से शारदा देवी की प्रतिमा शुक्रवार को यहां लायी गयी। जम्मू शहर का प्रवेश द्वार समझे जाने वाले कुंजवानी में श्रद्धालुओं ने ज्ञान की देवी एवं प्राचीन कश्मीर की मुख्य देवी का पुष्प चढ़ाकर एवं भजन गाकर स्वागत किया। पंचधातु से बनी इस इस प्रतिमा को कश्मीरी पंडित सभा में ले जाया गया, जहां सैंकड़ों कश्मीरी पंडितों ने उनका स्वागत किया एवं वंदन किया।
सेव शारदा समिति कश्मीर के संस्थापक रवींद्र पंडिता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हम श्रृंगेरी से माता शारदा देवी की प्रतिमा लाये हैं। यह हमारी आस्था है। इसे कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा के समीप टीटवाल में शारदा माता मंदिर में स्थापित किया जाना है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ मंदिर का 22 मार्च को उद्घाटन किया जाएगा। हम सभी को इस उद्घाटन का हिस्सा बनने का निमंत्रण देते हैं।' -
रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मजदूरों से भरे पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गये। पिपलौदा पुलिस थाना प्रभारी आर एस बर्डे ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना रतलाम से करीब 35 किलोमीटर दूर पिपलौदा थाना इलाके में ग्राम लाम्बाखोरा के पास बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बामनघाटी में हुआ।
उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त ये मजदूर फसल कटाई के बाद पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लाम्बाखोरा लौट रहे थे। बर्डे ने बताया कि मृतकों की पहचान मीराबाई (60) एवं इंदिरा मईडा (15) के रूप में की गई है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में 29 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें ग्राम सरवन के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से 17 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। -
चंडीगढ़। पंजाब के गुरदासपुर जिले में 60 वर्षीय व्यक्ति को अपनी पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने और घर पर शव का दाह संस्कार का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना बृहस्पतिवार रात उस वक्त हुई जब गुरदासपुर के दीनानगर में पनियार गांव निवासी आरोपी संसार चंद ने किसी बात को लेकर विवाद के बाद अपनी पत्नी की बुरी तरह पिटाई की।
घटना में गंभीर रूप से घायल महिंद्रो (55) की मौत हो गई। दीनानगर के थाना प्रभारी मेजर सिंह ने कहा कि आरोपी संसार चंद पेशे से मजदूर है। उसने कुछ लकड़ियां इकट्ठा करने के बाद अपनी पत्नी के शव को जलाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि आस पास के लोगों के शोर मचाने और पुलिस को सूचित करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अधजले शव को अपने कब्जे में ले लिया।
सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी संसार चंद अपनी पत्नी से लड़ता रहता था और उसे मारता-पीटता था। पुलिस ने बताया कि दंपति का बेटा हिमाचल प्रदेश में काम करता है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसकी पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -
जोरहाट (असम)। असम के जोरहाट जिले में ब्रिटिश कालीन बाजार में लगी भीषण आग में 300 से अधिक दुकानें जल गईं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जोरहाट शहर के मध्य में स्थित चौक बाजार में बृहस्पतिवार देर शाम लगी आग पर करीब 10 घंटे बाद काबू पाया गया और दमकल के वाहन अब भी कुछ-कुछ हिस्सों में लगी आग को बुझाने के काम में जुटे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए बाजार में 50 से अधिक दमकल वाहनों को भेजा गया था जो एक दुकान में संभवत: शॉर्ट सर्किट होने से लगी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है क्योंकि सभी दुकानें बंद थीं और दुकान मालिक एवं कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। उन्होंने कहा कि आग से क्षतिग्रस्त हुई अधिकतर दुकानें किराने के सामान और कपड़ों की थीं।
शुक्रवार को दिन के दूसरे पहर में दुकानदार मलबे में से सामान निकालने की कोशिश करते देखे गए, जिसमें से अधिकांश सामान जलकर राख हो गए हैं। धातु के बर्तनों की दुकान चलाने वाले 50 वर्षीय मोंटू सैकिया ने रोते हुए कहा कि आग में उनका सब कुछ नष्ट हो गया है और जो कुछ बचा है उसे कबाड़ के रूप में बेचा जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी दुकानें बंद करने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे घर पहुंचे और आधे घंटे बाद हमने सुना कि बाजार में आग लग गई है।
जब तक हम मौके पर पहुंच पाते आग दूर तक फैल चुकी थी।'' रेडीमेड गारमेंट्स (कपड़ों) का कारोबार करने वाले एक अन्य दुकानदार राजेश बरुआ ने कहा, ‘‘महामारी के कारण हमें पहले ही काफी नुकसान हो चुका था, लेकिन इस आग ने अब हमें सड़कों पर ला दिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम मध्यवर्गीय मेहनती परिवार हैं, लेकिन इस तबाही ने हमें ‘दुखिया' बना दिया है। मेरे ऊपर दो और परिवार निर्भर थे और मुझे नहीं पता कि आगे क्या करना है।''
अधिकारियों ने कहा कि शुरू में घटनास्थल पर दमकल के 25 वाहन भेजे गए थे लेकिन बाजार से सटी संकरी गलियों से होकर घटनास्थल पहुंचने में उन्हें काफी वक्त लगा। बाद में पास के तिताबोर, मरियानी, गोलाघाट, शिवसागर, यहां के वायु सेना स्टेशन, नुमालीगढ़ रिफाइनरी एवं ओएनजीसी से अतिरिक्त दमकलकर्मियों और वाहनों को घटनास्थल भेजा गया। दुकानदारों ने सरकार एवं जिला प्रशासन से उनके जल्द से जल्द पुनर्वास का अनुरोध किया है ताकि वे अपना कारोबार जल्द शुरू कर सकें।
अधिकारी ने कहा कि राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जगन मोहन घटनास्थल पहुंचे और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। जोरहाट में दो महीने में इस तरह की ये दूसरी घटना है। दिसंबर में मारवाड़ी पट्टी इलाके में भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर राख हो गई थीं। -
नयी दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देश के सभी राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर उनसे उच्च शिक्षण संस्थानों में मातृभाषा में पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है। यूजीसी के अध्यक्ष प्रो. एम जगदीश कुमार ने यह जानकारी दी।
कुमार ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में मातृभाषा में पाठ्यपुस्तकों को बढ़ावा देने को भी कहा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में मातृभाषा में शिक्षा एक प्रमुख आयाम है। इस नीति में मातृभाषा में पठन-पाठन की सामग्री के महत्व को भी रेखांकित किया गया है।'' यूजीसी के अध्यक्ष ने कहा कि यह सुखद है कि मातृभाषा और स्थानीय भाषाओं में पाठ्यपुस्तकों को बढ़ावा दिया जा रहा है और देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में इसका उपयोग किया जा रहा है। -
बांका। बिहार के बांका जिला में एक महिला अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने के लिए एंबुलेंस से परीक्षा केंद्र पहुंची। बांका जिले के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली रुक्मिणी कुमारी (22) बुधवार से शहर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं जब उन्होंने सुबह बच्चे को जन्म दिया और तीन घंटे बाद विज्ञान विषय की परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंच गयीं।
रुक्मिणी ने डॉक्टर और परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य लाभ लेने की सलाह मानने से इनकार कर दिया और एक एंबुलेंस पर सवार होकर परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंच गयीं। बांका के जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार ने फोन पर बताया, ‘‘यह साबित करता है कि महिलाओं की शिक्षा पर सरकार के जोर को बढ़ावा मिला है। अनुसूचित जाति से संबंधित रुक्मिणी सभी के लिए प्रेरणा बन गई हैं।''
पत्रकारों से बातचीत में रुक्मिणी ने कहा, ‘‘मंगलवार से मुझे कुछ परेशानी हो रही थी जब मैंने गणित की परीक्षा दी थी पर पेपर अच्छा गया था। मैं विज्ञान के बारे में उत्साहित थी जिसकी परीक्षा अगले दिन होने वाली थी। लेकिन मुझे देर रात अस्पताल जाना पड़ा। सुबह छह बजे मैंने एक बच्चे को जन्म दिया।'' अस्पताल में महिला का इलाज करने वाले डॉक्टर भोला नाथ के अनुसार, ‘‘शुरुआत में हमने रुक्मिणी को मनाने की कोशिश की कि वह परीक्षा न दें क्योंकि बच्चे के जन्म की कठिनाइयों ने उनके स्वास्थ्य पर असर डाला था लेकिन वह अड़ी रहीं।
इसलिए, हमने एक एंबुलेंस व्यवस्था की और किसी भी आपात स्थिति में उनकी सहायता के लिए कुछ पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की।'' रुक्मिणी ने कहा, ‘‘मैं चाहती हूं कि मेरा बच्चा अच्छी तरह से पढ़ाई करे और बड़ा होने पर एक मुकाम हासिल करे, इसलिए मैं खुद को नहीं रोक पायी थी।'' महिला ने बताया, ‘‘मेरा विज्ञान का पेपर भी अच्छा गया। मुझे उम्मीद है कि मैं अच्छा स्कोर करूंगी।'' डॉक्टर भोला नाथ ने कहा, ‘‘मुझे संतोष है कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और रुक्मिणी बेहतर शिक्षा पाने की अपनी महत्वाकांक्षा को पूरा करने में सक्षम हो सकी हैं।'' -
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शुक्रवार को एक जीप के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गये। घायलों में से चार की हालत गंभीर है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके ने बताया कि यह हादसा छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर जुन्नारदेव के अंतर्गत गोरख घाट के समीप हुआ।
उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त ये लोग होशंगाबाद की सीमा पर आयोजित पचमढ़ी मेले में शामिल होने जा रहे थे। उइके ने बताया कि मृतकों की पहचान लक्ष्मी उइके (16), सचिन उइके (10), किशन कड़वे (40) एवं हेमेंद्र कड़वे के रूप में की गई है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में 10 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से चार लोगों की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी अन्य लोगों का सामुदायिक केंद्र में इलाज जारी है।



























.jpg)