- Home
- देश
- दुमका (झारखंड)। झारखंड के दुमका जिले में शनिवार को एक मोटरसाइकिल और बजरी से लदे ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 315 किलोमीटर दूर सिमलुटी गांव के पास दुमका-रामपुरहाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। दुर्घटना का शिकार हुए लोगों को जिस अस्पताल ले जाया गया, उसके एक चिकित्सक ने बताया कि एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई है। एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर है। पुलिस ने कहा कि गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया, फिर भी वह वहां से भाग निकला। इसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
- नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिवार को कहा कि बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है और सरकार नुकसान का आकलन करने के लिए राज्यों से जानकारी का इंतजार कर रही है। तोमर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘निश्चित रूप से, बेमौसम बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है। सर्वेक्षण चल रहा है और हम नुकसान की सीमा का आकलन करने के लिए राज्यों से सूचना का इंतजार कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि किसान मानसून पर निर्भर हैं, जो अप्रत्याशित है। उन्होंने कहा कि सभी उपायों के बावजूद, किसान प्रकृति पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों के पास राज्य आपदा राहत कोष है जिसका उपयोग वे किसानों को मुआवजा प्रदान करने के लिए कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि फसल को हुए नुकसान की सीमा का आकलन करने की उचित प्रक्रिया के बाद राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से और राशि जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) जल्द ही घोषित किया जाएगा। कृषि मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार रबी फसलों, विशेष रूप से तिलहन और दलहन की बुवाई देशभर में शुरू हो गई है और अब तक लगभग 7.34 लाख हेक्टेयर भूमि पर बुवाई हो चुकी है। गेहूं मुख्य रबी की फसल है लेकिन राज्यों से इसकी बुवाई के आंकड़े अभी तक नहीं मिले हैं।
- कोटा (राजस्थान)। राजस्थान के कोटा जिले के कम से कम 18 ग्राम पंचायतों में प्रशासन ने इस दिवाली स्थानीय कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के सामान और दीयों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए एक नया तरीका निकाला है। कांवास अनुमंडल के अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे न केवल विदेशी उत्पादों को छोड़कर पर्यावरण के अनुकूल दिवाली त्योहार को प्रोत्साहित किया जा सकेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए सामानों की बिक्री में भी सुधार होंगे। इस पहल के तहत, प्रशासन ने एक लॉटरी योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इसमें एक फ्रिज, दो कूलर, घड़ियां और 50,000 रुपये तक के अन्य उपहार शामिल किया गया है। 20 से अधिक मिट्टी के दीये या उत्पाद खरीदने वाले ग्राहकों को दिवाली के बाद होने वाले ''लकी ड्रॉ'' के लिए एक कूपन दिया जाएगा। कांवास अनुमंडल में 18 ग्राम पंचायतें स्थानीय कारीगरों के बीच करीब 10,000 कूपन वितरित करेंगी और उन्हें गांव में अपना माल बेचने के लिए जगह भी प्रदान करेंगी। लॉटरी को लेकर ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भी सार्वजनिक घोषणाएं भी की जाएंगी। कंवास एसडीएम राजेश डागा ने बताया कि विदेशी उत्पादों से प्रतिस्पर्धा के बीच पारंपरिक व्यवसाय विलुप्त होने के कगार पर थे और स्थानीय कारीगर मुश्किल से ही अपना गुजर-बसर कर पाते थे। उन्होंने बताया कि लॉटरी प्रणाली के इस नये तरीके कि लिए स्थानीय जन प्रतिनिधियों और व्यापारियों से वित्तीय सहायता प्राप्त की गई है। उन्होंने कहा कि अनुमंडल की प्रत्येक ग्राम पंचायत ने भी दो-दो हजार रुपये देने पर सहमति जताई है। डागा ने कहा कि उपमंडल क्षेत्र के बाहर के कारीगरों को भी लॉटरी योजना में शामिल किया जाएगा और ग्राहकों के लिए कूपन दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने शुक्रवार को कारीगरों के बीच कूपन का वितरण शुरू किया था। कोटा के कलेक्टर ओ पी बुनकर ने भी इस योजना का समर्थन किया है। उन्होंने बुधवार को जिला अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया कि मिट्टी के उत्पाद बेचने वाले कारीगरों को बाजारों में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्थानीय निकाय के अधिकारियों को इन कारीगरों से कोई कर नहीं वसूलने का निर्देश भी दिया।
- बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का सबसे भारी रॉकेट ‘एलवीएम-3' 23 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से ब्रिटिश स्टार्टअप वनवेब के 36 उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा। इस प्रक्षेपण के साथ ही ‘एलवीएम-3' वैश्विक वाणिज्यिक उपग्रह प्रक्षेपण बाजार में कदम रखेगा। ‘एलवीएम-3' को पहले ‘जीएसएलवी एमके-3' रॉकेट के नाम से जाना जाता था। बेंगलुरु स्थित इसरो मुख्यालय ने शुक्रवार को कहा कि ‘एलवीएम-3-एम2/वनवेब इंडिया-1 मिशन' का प्रक्षेपण 23 अक्टूबर (22 अक्टूबर की मध्यरात्रि) को भारतीय समयानुसार 12 बजकर सात मिनट पर निर्धारित है। इसरो ने कहा, “क्रायो स्टेज, ‘इक्विपमेंट बे' को जोड़ने का काम पूरा। उपग्रहों को एक कैप्सूल में भरकर रॉकेट में रख दिया गया है। प्रक्षेपक की अंतिम जांच की प्रक्रिया जारी है।” इस महीने की शुरुआत में इसरो ने कहा था कि अंतरिक्ष विभाग और अंतरिक्ष एजेंसी की वाणिज्यिक शाखा के तहत काम करने वाले सार्वजनिक क्षेत्र के केंद्रीय उद्यम (सीपीएसई) न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) ने ब्रिटेन स्थित नेटवर्क एक्सेस एसोसिएट्स के साथ दो प्रक्षेपण सेवा अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए थे। इन अनुबंधों के तहत एलवीएम-3 रॉकेट के जरिये वनवेब के निचली कक्षा के ब्रॉडबैंड संचार उपग्रहों का प्रक्षेपण किया जाना था। इसरो ने कहा, “यह मांग के आधार पर एनएसआईएल के जरिये पहला एलवीएम-3 समर्पित वाणिज्यिक प्रक्षेपण है।”अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा, “वनवेब के साथ हुआ यह करार एनएसआईएल और इसरो के लिए मील का पत्थर है, क्योंकि इसके जरिये ‘एलवीएम-3' रॉकेट वैश्विक वाणिज्यिक उपग्रह प्रक्षेपण बाजार में कदम रखने जा रहा है।” ‘एलवीएम-3' तीन चरणों वाला प्रक्षेपण वाहन है, जिसमें दो ठोस मोटर स्ट्रैप-ऑन, एक तरल प्रणोदक चरण और एक क्रायोजेनिक चरण शामिल है। यह रॉकेट चार टन भार वर्ग के उपग्रहों को जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (जीटीओ) में प्रक्षेपित करने में सक्षम है। भारत की भारती एंटरप्राइजेज वनवेब में एक प्रमुख निवेशक और शेयरधारक है।
- कोलकाता। आईआईटी खड़गपुर में तृतीय वर्ष के एक छात्र का कुछ दिनों पुराना शव छात्रावास में उसके कमरे से मिला है। प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि छात्रावास के कमरे का दरवाजा तोड़े जाने पर शव बरामद हुआ है। पिछले एक सप्ताह में आईआईटी के छात्र के मौत की यह दूसरी घटना है। आईआईटी गुवाहाटी में बीटेक के पांचवें वर्ष के 20 वर्षीय छात्र का शव 10 अक्टूबर को उसके कमरे में फांसी से लटकता हुआ मिला। आईआईटी खड़गपुर के रजिस्ट्रार तमलनाथ ने बताया कि फैनाज अहमद से घंटों संपर्क नहीं हो पाने के बाद शुक्रवार को छात्रावास में उसके कमरे का दरवाजा जबरन खोला गया, जहां उसका शव मिला। आईआईटी खड़गपुर के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार के किसी छेड़खानी का संदेह नहीं है और प्रशासन छात्र की मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। फैनाज के दोस्तों ने बताया कि मैकेनिकल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र को अंतिम बार 13 अक्टूबर को देखा गया था। तमलनाथ ने बताया कि फैनाज असम में तिनसुकिया जिले का रहने वाला था और पढ़ाई में उसका प्रदर्शन बहुत अच्छा था। हांलाकि, फैनाज के माता-पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। फैनाज की मां ने एक बंगाली टीवी चैनल से कहा, ‘‘हमारा बेटा पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान बहुत खुश था, वह आत्महत्या नहीं कर सकता है। उसकी हत्या हुई है। हमारी मांग है कि उसकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों और उसकी मृत्यु कैसे हुई इसकी विस्तृत जांच की जाए।'' रजिस्ट्रार ने कहा, ‘‘हमें भी समझ नहीं आ रहा है कि ऐसा कैसे हुआ। वह हाल ही में एक पारिवारिक कार्यक्रम में लौटा था और वह वरिष्ठ छात्र था।'' तमलनाथ ने बताया कि आईआईटी में प्रशिक्षित कर्मी और दो एनजीओ हैं जो अवसाद ग्रस्त लोगों की काउंसलिंग करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो वर्ष में कोविड-19 और लॉकडाउन के कारण हमने छात्रों के काउंसलिंग पर ज्यादा जोर दिया है ताकि हल्के लक्षण दिखते ही तत्काल उससे निपटा जा सके।''
-
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने कॉलेज की 22 वर्षीय एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने और उसे वाहन के साथ कुछ दूर तक घसीटने के आरोप में एक ऑटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस घटना को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण'' बताते हुए, ठाणे के संरक्षक मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि इस तरह के अपराधों को रोकने के लिए, सतारा जिले में शुरू किया गया ‘महिला सुरक्षा कार्यक्रम' पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। ठाणे नगर पुलिस थाने के एक दल ने शुक्रवार को सुबह हुई इस घटना के 36 वर्षीय आरोपी को कुछ ही घंटे के भीतर पड़ोसी नवी मुंबई के दीघा से पकड़ लिया। ठाणे नगर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक जयराज रानावारे ने कहा, ‘‘हमने 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।'' उन्होंने बताया कि आरोपी का पता लगाने के मकसद से पुलिस के तीन दलों का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, ‘‘छात्रा कॉलेज जा रही थी, तभी सड़क पर खड़े एक ऑटो रिक्शा चालक ने उसके बारे में कुछ टिप्पणी की। लड़की ने जब इस बारे में पूछा तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़ कर उसे अपनी ओर खींचा। इसके बाद जब आरोपी ने भागने की कोशिश की तब लड़की ने उसका हाथ पकड़ लिया।'' अधिकारी ने बताया कि तभी रिक्शा चालक ने वाहन चालू कर दिया और युवती को वाहन के साथ करीब 500 मीटर तक घसीटा, जिससे वह नीचे गिर गई और आरोपी भाग गया। इस प्रकरण के संबंध में मिली एक शिकायत के आधार पर, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354, 354 (ए), 336, 279 के तहत एक मामला दर्ज किया है। इस बीच, ठाणे के संरक्षक मंत्री ने शहर के अपने दौरे के दौरान पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। देसाई ने कहा कि सतारा जिले में लागू की गई ‘‘महिला पथदर्शी सुरक्षा प्रकल्प'', पायलट परियोजना का पूरे राज्य में विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और आदतन अपराधियों पर नज़र भी रखी जाएगी। मंत्री ने कहा कि इस तरह के गैरकानूनी कृत्यों को रोकने के लिए बीट मार्शल, सादे कपड़ों में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी कॉलेज, स्कूल और कोचिंग संस्थानों के पास बड़ी संख्या में तैनात किये जाएंगे। -
भोपाल. मध्य प्रदेश में अब तक 20,874 गौवंश लंपी चर्म रोग से प्रभावित हो चुके हैं, जिनमें से 336 को अपनी जान गंवानी पड़ी है। अधिकारियों ने शनिवार एक न्यूज़ एजेंसी को यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने कहा, प्रदेश में 13 अक्टूबर तक 20,874 गौवंश लंपी चर्म रोग से प्रभावित हो चुके हैं। इनमें से 18,351 पशु रोग मुक्त हो चुके हैं। वहीं, 336 पशुओं की मौत हो चुकी है।'' अधिकारी के मुताबिक, राज्य सरकार की सतर्कता और प्रभावी उपायों से प्रदेश में लंपी रोग के प्रकोप पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के 52 जिलों में से 31 जिले अगस्त-सितंबर में लंपी रोग की चपेट में आ गए थे, लेकिन राज्य सरकार द्वारा लगातार टीकाकरण पर जोर देने, पशुपालकों को जागरूक बनाने और पशुपालन विभाग के चिकित्सकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करने से इस रोग के प्रसार पर अंकुश लगा है। अधिकारी के अनुसार, अब तक 17.21 लाख से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जरूरत से ज्यादा टीके उपलब्ध हैं और सभी जिलों में समय रहते पर्याप्त मात्रा में औषधियों की आपूर्ति कर दी गई थी। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के जिन जिलों में यह रोग सबसे अधिक फैला है, उनमें रतलाम, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, खंडवा, बैतूल, हरदा और मुरैना शामिल हैं।
-
मुंबई. मुंबई से बेंगलुरु जा रहा अकासा एयर का एक विमान केबिन में जलने की गंध आने के कारण शहर के हवाई अड्डे पर लौट आया। बाद में पता चला कि उक्त गंध एक पक्षी के विमान से टकराने के कारण आ रही थी। यह जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक अधिकारी ने शनिवार को दी। अधिकारी ने कहा कि डीजीसीए घटना की जांच कर रहा है। उड़ान में कितने यात्री सवार थे इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। अधिकारी ने कहा, मुंबई से बैंगलोर के लिए अकासा एयर की उड़ान एकेजे1103 का संचालन विमान वीटी-वाईएई कर रहा था, केबिन में जलने की गंध के कारण विमान रास्ते से लौट आया।'' डीजीसीए अधिकारी ने कहा, हालांकि, इंजन मापदंडों सहित कोई अन्य असामान्यता नहीं देखी गई। उन्होंने कहा, ‘विमान के उतरने के बाद निरीक्षण के दौरान विमान के इंजन नंबर 1 पर पक्षी के अवशेष पाए गए।'' उन्होंने कहा, ‘जलने की गंध पक्षी के टकराने के कारण थी। अकासा एयर ने एक बयान में इस बात की पुष्टि की कि पक्षी के टकराने के परिणामस्वरूप केबिन में गंध आने के कारण उसकी बैंगलोर की उड़ान मुंबई लौट आयी। उसने बयान में कहा, ‘‘विमान सुरक्षित रूप से मुंबई में उतर गया और सभी यात्रियों को उतार दिया गया। उनकी यात्रा के लिए व्यवस्था की गई।'' विमान को विस्तृत निरीक्षण के लिए खड़ा कर दिया गया है और विमान अब सेवा में वापस आ गया है। अकासा एयर ने इस साल 7 अगस्त को अपना परिचालन शुरू किया था।
-
बाराबंकी .उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के शहर कोतवाली क्षेत्र के आलापुर गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी और शव को कुएं में फेंक दिया गया । पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। शहर कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि मरने वाले की पहचान नसीम उर्फ राजू (35) के रूप में की गयी है और वह आलापुर गांव का रहने वाला है । उन्होंने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने बताया कि नसीम ने करीब आठ साल पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 10 बजे नसीम आलापुर में ही रहने वाले अपने दो साथियों इम्तियाज और शफीकू के साथ पड़ोस के गांव कटरा गदिया मजार पर मेला देखने गया था। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे इसी दौरान तीन नकाबपोश लोगों ने नसीम की बाइक रोक ली और इम्तियाज तथा शफीकू को धमका कर भगा दिया। उन्होंने बताया कि शनिवार की सुबह बदनपुरवा के पास ही कुएं में नसीम का शव बरामद किया गया और उसके सिर में गोली मारे जाने के निशान थे। उन्होंने बताया कि पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है ।
-
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित एयर फ़ोर्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन - अफवा ने मात्र तीन महीनों में 41 हज़ार से अधिक ऊनी टोपियां बुनकर गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। एसोसिएशन की तीन हजार से अधिक महिला सदस्यों ने इस साल 15 जुलाई को शुरू हुए 'निट्टाथॉन' नामक एक विशेष अभियान के तहत इन टोपियों को बुना। पुरस्कार की घोषणा आज सुब्रतो पार्क स्थित वायु सेना सभागार में अफवा की 62-वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्णायक मंडल द्वारा की गई। अफवा अध्यक्ष नीता चौधरी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
इस अवसर पर महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी मुख्य अतिथि थीं और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में मौजूद थे। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि ये टोपियां देशभर के बेघर और गरीबों को सर्दियों के महीनों में उन्हें आराम प्रदान करने के लिए दान दी जाएंगी। -
नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का पांचवां सम्मेलन 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा। सम्मेलन में एक सौ 9 देशों के प्रतिनिधि सौर ऊर्जा के संवर्धन से कम कार्बन उत्सर्जन वाली अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अपने अनुभवों को साझा करेंगे। गठबंधन के महानिदेशक डॉ. अजय माथुर ने आकाशवाणी को आगामी वैश्विक सम्मेलन की प्राथमिकताओं और मुख्य विषयों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में एक प्रमुख विषय उन देशों में सौर ऊर्जा के लिए निवेश जुटाना है जहां फिलहाल अभी नहीं हो रहा है। इसके अलावा, सौर परियोजनाओं में जोखिम से निपटने के लिए भुगतान गारंटी प्रणाली का सृजन करना भी एक विषय होगा।
-
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर और अन्य को कारावास से रिहा करने के बॉम्बे उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी। प्रोफेसर जी एन साईबाबा को माओवादियों से संबंध रखने के आरोप में यूएपीए के अंतर्गत आरोपी बनाया गया है। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि निचली अदालत ने उसे मामले के गुणों के आधार पर दोषी करार दिया था। साईबाबा के खिलाफ लगाए गए आरोप गंभीर हैं और यह देश की अखंडता, संप्रभुता और समाज के हितों के विरूद्ध है।
उच्चतम न्यायालय ने साईबाबा को घर में नजरबंद रखने की अपील को भी खारिज कर दिया। साईबाबा के वकील ने कहा था कि वह 90 प्रतिशत दिव्यांग है और व्हीलचेयर पर है। उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र सरकार की अपील पर नोटिस भी जारी किए। अगली सुनवाई 8 दिसम्बर को होगी। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए राज्यों में स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र को बढावा देने की जरूरत है। उन्होंने तेजी से मुकदमों को निपटाने के लिए लोक अदालतों की भूमिका की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से गुजरात में केवडिया के एकता नगर में विधि मंत्रियों और सचिवों के सम्मेलन का उदघाटन किया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश के सामने न्याय दिलाने में देरी एक बडी चुनौती है। उन्होंने गुजरात में शाम को भी अदालत में कामकाज शुरू करने की प्रशंसा की।श्री मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य मौजूदा कानूनों की समीक्षा करें और औपनिवेशिक काल के पुराने तथा अप्रासंगिक कानूनों को रद्द करें। उन्होंने उल्लेख किया कि लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए केन्द्र सरकार ने पिछले आठ वर्षों में डेढ हजार से अधिक पुराने कानूनों और 32 हजार से अधिक कानूनी बाधाओं को हटाया है।प्रधानमंत्री ने उच्च न्यायालयों की संयुक्त बैठक का जिक्र किया जिसमें उन्होंने विचाराधीन कैदियों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने सभी संबद्ध पक्षों से आग्रह किया था कि वे ऐसे मामलों के तेजी से निपटारे के लिए काम करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकारों को विचाराधीन कैदियों के मामले में मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए काम करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि समृद्ध राष्ट्र और समाज में समरसता बनाए रखने के लिए संवेदनशील न्यायिक प्रणाली अनिवार्य है।न्याय व्यवस्था को आसान बनाने पर जोर देते हुए श्री मोदी ने न्यायालयों में मातृभाषा में कामकाज करने की हिमायत की। उन्होंने कहा कि कानून की भाषा न्याय दिलाने में अडचन न बने। ई-कोर्ट, मुकदमों का ऑनलाइन पंजीकरण और वर्चुअल माध्यम से सुनवाई से विचाराधीन मुकदमों की संख्या कम की जा सकेगी।केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने न्यायपालिका और कार्यपालिका में समन्वय पर जोर दिया ताकि न्याय दिलाने में देरी न हो।इस सम्मेलन का आयोजन विधि और न्याय मंत्रालय ने किया है। सम्मेलन का उद्देश्य नीति निर्माताओं को भारतीय कानूनी और न्यायिक प्रणाली से संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है। इस सम्मेलन के माध्यम से राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करेंगे, नए विचारों का आदान-प्रदान और आपसी सहयोग बढाने पर चर्चा करेंगे। न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए, वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र जैसे मध्यस्थता पर भी सम्मेलन में चर्चा होगी। -
नई दिल्ली। लद्दाख में एक जिला एक उत्पाद के अन्तर्गत लेह में पैदा होने वाली जडीबूटी सीबकथॉर्न को बढावा देने के लिए भारतीय डाक ने विशेष कवर जारी किया है। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से खुबानी का कारगिल उत्पाद के रूप में चयन किया गया है। जम्मू कश्मीर सर्किल पोस्ट मास्टर जनरल नीरज कुमार ने कल लेह में विशेष कवर जारी किया । विशेष कवर का उद्देश्य दुनिया भर में उत्पाद का प्रचार करना है। श्री नीरज कुमार ने लेह में एक पार्सल पैकेजिंग इकाई का भी उद्घाटन किया। निर्बाध परिवहन के साथ-साथ पार्सल्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, श्रीनगर और जम्मू के रास्ते लेह से दिल्ली के लिए एक डाक वैन को भी रवाना किया।
-
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड की आहट हो गई है। दिन में बदली और रात में हल्की ठंड शुरू हो गई है। प्रदेश से 18 अक्टूबर तक मानसून की विदाई होनी है। मौसम विभाग ने इसकी घोषणा की है। इस बीच दुर्ग जिले के कई इलाकों में शुक्रवार को सुबह करीब 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश की वजह से निचली बस्तियों की नालियां जाम हो गई। रास्तों में घुटने तक पानी जमा हो गया। मुख्य रूप से संजय नगर, सुपेला, दुर्ग में आदित्य नगर, शक्तिनगर, जवाहर नगर, बांधा तालाब, संतराबाड़ी, शंकर नगर क्षेत्र में पानी जमा हुआ। दोपहर के समय भिलाई में बारिश हुई। वहीं दुर्ग में सूखा रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का सिस्टम सक्रिय है। यह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों तक पहुंच चुका है। इसके आगे बढऩे के साथ दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में बारिश की संभावना बनी है। शुक्रवार को हुई बारिश की वजह से जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को 29.2 डिग्री तापमान रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।
-
-
धौलपुर। धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी बीधाराम अंबेश ने बताया कि आगरा जिले की रहने वाली मालती की शादी 8 महीने पहले गोपालपुरा गांव के लक्ष्मी नारायण उर्फ भोला के साथ हुई थी। शुक्रवार शाम को महिला मालती का पति उसे लेकर जिला हॉस्पिटल पहुंचा। जहां उसने महिला के छत से गिरने की सूचना देकर महिला की जांच कराई। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया और पुलिस को इस बात की सूचना दी। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक महिला के पिता को फोन कर मौके पर बुलाया। शनिवार सुबह जिला हॉस्पिटल पहुंचे महिला के पिता बेताल सिंह ने ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला की हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक महिला का मेडिकल बोर्ड का गठन कर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है और पीहर पक्ष के द्वारा दी गई रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- -
भोपाल। छिंदवाड़ा में शनिवार की सुबह सिंगोड़ी की पेंच नदी में एक व्यापारी का शव उतराता मिला। पेंच नदी के पुल के पास मृतक की बाइक खड़ी मिली। मृतक का नाम विजय साहू, निवासी इसरा उमरिया निवासी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
-
करनाल। करनाल के नमस्ते चौंक से करनाल की तरफ आ रही कार में अचानक आग लग गई। कार चालक ने सतर्कता दिखाते हुए कार सड़क किनारे रोकी और उससे निकल कर दूर जा खड़े हुए। वहीं मौके से गुजर रही दमकल विभाग की गाड़ी ने तुरंत ही आग पर काबू पा लिया।
पुलिस ने बताया कि करनाल के सेक्टर 14 निवासी चंद्र मदान सुबह अपनी पत्नी के साथ सब्जी मंडी में सब्जी व फ्रूट खरीदने आए थे। सामान लेकर जब वह पति पत्नी गाड़ी में सवार होकर वापिस घर जा रहे थे तो नमस्ते चौंक फ्लाओवर पर कार में स्पार्किंग होने लगी। देखते ही देखते गाड़ी के डैस बोर्ड पर आग लगनी शुरू हो गई। आग पूरी कार में फैले इसके पहले चंद्र मदान ने कार सड़क किनारे खड़ी की और पहले अपनी पत्नी को कार से बाहर निकाला बाद में गाड़ी में रखे सामान को बाहर निकाला। जैसे ही गाड़ी में आग लगी तो हाईवे से गुजर वाहन चलाकों ने अपने वाहन रोकर उनके पास बोतलों में जो भी पानी मौजूद था। उससे आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तभी हाईवे से दमकल विभाग की गाड़ी गुजर रही थी। जिसने तुंरत ही कर्मचारियों ने गाड़ी में लगी आग को बुझा दिया और एक बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।
- -
देश में कुल ब्रॉड गेज नेटवर्क के 81 प्रतिशत से अधिक के विद्युतीकरण का काम पूरा
नई दिल्ली। रेलवे ने देश में कुल ब्रॉड गेज नेटवर्क के 81 प्रतिशत से अधिक के विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया है। पिछले महीने तक 65 हजार किलोमीटर मार्ग में से 53 हजार किलोमीटर से अधिक का विद्युतीकरण हो गया है। मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान सितंबर तक 851 किलोमीटर की तुलना में पिछले वर्ष की इस अवधि में 562 किलोमीटर मार्ग का विद्युतीकरण किया गया है। इस वित्तीय वर्ष के दौरान साढे छह हजार किलोमीटर का लक्ष्य है।रेलवे बेहतर ऊर्जा उपयोग, ईंधन व्यय में कमी लाने और विदेशी मुद्रा बचत के लिए अपने संपूर्ण ब्रॉड गेज नेटवर्क के विद्युतीकरण की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। - कोल्लम (केरल) । केरल में एक मछली बेचने वाले की किस्मत खुल गई। उसने 70 लाख रुपये की लॉटरी जीती है। लॉटरी भी ऐसे वक्त पर जीती, जब उसे बैंक से कुर्की कर नोटिस मिल चुका था। दिवाली से पहले लक्ष्मी की ऐसी कृपा से व्यक्ति के तो भाग्य ही खुल गए हैं। उनका नाम पुकुंजू बताया जा रहा है। उन्होंने 12 अक्तूबर को अपने दिन की शुरुआत हमेशा की तरह की लॉटरी का टिकट खरीदकर की। वे रोज ही दिन में बेची जाने वाली मछली को इकट्ठा करने के लिए जाते समय वक्त लॉटरी का टिकट खरीदते थे। इस बार में उन्हें 70 लाख रुपये का पहला पुरस्कार प्राप्त हुआ।पुकुंजू ने बताया कि जब वह दोपहर में घर लौटे तो उन्हें पता चला कि बैंक ने उनके घर के संबंध में कुर्की का नोटिस भेजा है। उन्होंने बैंक से करीब नौ लाख रुपये का लोन लिया था। इसे चुकाने में वह असमर्थ थे।पुकुंजू की पत्नी ने बताया कि बैंक से नोटिस मिलने के बाद हम निराश थे। हमें नहीं पता था कि क्या करना है। अपनी संपत्ति बेचनी है या नहीं। हमारे दो बच्चे हैं, एक लड़का और एक लड़की। दोनों पढ़ रहे हैं। लॉटरी की राशि से वे अपना कर्ज चुकाएंगे और बच्चों की अच्छे से परवरिश करेंगे।
-
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया में एक भारतीय छात्र पर हमले के मामले में कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क में है। उम्मीद है कि प्रशासन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मामला नस्लीय हिंसा से जुड़ा है या नहीं, इस पर अभी कोई टिप्पणी करना ठीक नहीं है, पहले अपराधियों को पकड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे अधिकारी पीडित परिवार के साथ संपर्क में है। हमने ऑस्ट्रेलिया सरकार से परिवार को जल्द वीजा सुविधाएं मुहैया कराने का आग्रह किया है।
-
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा ने राष्ट्रीय जनता दल विधायक अनिल सहनी की सदस्यता समाप्त कर दी है। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो की विशेष अदालत द्वारा धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सहनी की सदस्यता समाप्त की गई है। सहनी को दोषी घोषित किए जाने और सजा की तारीख से अयोग्य माना जाएगा। कुरहानी विधानसभा सीट से विधायक सहनी को 29 अगस्त को दोषी ठहराया गया था और 31 अगस्त को तीन वर्ष के कारावास की सजा दी गई थी। उन्हें वर्ष 2012 में बिना यात्रा के फर्जी एयर इंडिया ई-टिकट का उपयोग कर यात्रा भत्ता लेने का दोषी ठहराया गया था। जनता दल यूनाईटेड के तत्कालीन राज्यसभा सदस्य सहनी ने 23 लाख 71 हजार रुपये का दावा प्रस्तुत किया था।
-
नई दिल्ली। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत गुणवत्ता को बनाए रखने के मंत्र के साथ विश्वभर में अपने उत्पादों की ब्रैंडिंग कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो-बीआईएस को राष्ट्रीय कार्ययोजना के अंतर्गत तैयार किए गए नए मानकों के लिए अपने मौजूदा मानकों में संशोधन करना आवश्यक है।
श्री गोयल ने नई दिल्ली में शुक्रवार को बीआईएस मुख्यालय में आयोजित विश्व मानक दिवस समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मानक नए बौद्धिक संपदा अधिकार हैं। श्री गोयल ने कहा कि जो मानकों को नियंत्रित करते हैं वे बाज़ार, मूल्य, विनिर्माण प्रक्रिया और नवाचारों को भी नियंत्रित करते हैं। उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे भी इस अवसर पर उपस्थित थे। -
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन -इसरो इस महीने की 23 तारीख को ब्रिटेन के वैश्विक संचार नेटवर्क- वनवेब के 36 उपग्रह एक साथ अंतरिक्ष में छोड़ेगा। 23 अक्तूबर को तड़के 12 बजकर सात मिनट पर ये उपग्रह प्रक्षेपित किए जाएंगे। यह प्रक्षेपण भारत के सबसे भारी रॉकेट जी.एस.एल.वी-एम.के-3 से किया जाएगा। इसे सार्वजनिक क्षेत्र की अंतरिक्ष कंपनी न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड-एनएसआईएल ने तैयार किया है। एनएसआईएल ने वनवेब के साथ दो प्रक्षेपण सेवा अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं।
-
नई दिल्ली। आईएनएस अरिहंत से आज एक सबमरीन लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइल-एसएलबीएम का सफल प्रक्षेपण किया गया। मिसाइल का पूर्व निर्धारित रेंज तक परीक्षण किया गया और बंगाल की खाड़ी में यह अपने सटीक निशाने पर पहुंचा। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि परीक्षण के दौरान मिसाइल के सभी संचालन और तकनीकी मानक सही पाये गये।आईएनएस अरिहंत से एसएलबीएम का सफल परीक्षण लॉन्च चालक दल की क्षमता को साबित करने और परमाणु संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी कार्यक्रम को मान्य करने के लिए महत्वपूर्ण है। भारत की परमाणु प्रतिरोधक क्षमता का यह एक प्रमुख तत्व है।



.jpg)
.jpg)


















.jpg)



