- Home
- देश
-
नई दिल्ली। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अमरीका के निवेशकों से भारत में सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं में निवेश करने का आह्वान किया है। श्री गडकरी ने अमरीका और भारत की साझेदारी को स्वाभाविक बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने परस्पर आर्थिक वृद्धि में योगदान दिया है। सोमवार को नई दिल्ली में भारत-अमरीका आर्थिक शिखर सम्मेलन का वर्चुअली उद्घाटन करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि इस 19वें शिखर सम्मेलन का विषय है- अगले 25 वर्ष के लिए नया कार्यक्रम। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच संबंध प्रगाढ़ करने के लिए रूपरेखा तय होगी।
श्री गडकरी ने कहा कि सड़क संबंधी बुनियादी ढांचा भारत की अर्थव्यवस्था की वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है क्योंकि लगभग 70 प्रतिशत माल ढुलाई और लगभग 90 प्रतिशत यात्री परिवहन के लिए सड़क नेटवर्क का उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज भारत में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क लगभग एक लाख 47 हजार किलोमीटर हो गया है जो 2014 में 91 हजार किलोमीटर था।श्री गडकरी ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय अवसंरचना पाइपलाइन के माध्यम से ढांचागत विकास के लिए दस खरब 40 करोड डॉलर निवेश कर रही है। 2019 से 2025 की अवधि में इस राशि का 19 प्रतिशत सड़क क्षेत्र पर खर्च किया जायेगा। -
भोपाल| मध्यप्रदेश विधानसभा का पांच दिवसीय सत्र 13 सितंबर से शुरू होगा। यह जानकारी एक अधिकारी ने सोमवार को दी है। उन्होंने बताया कि यह सत्र 13 सितंबर से 17 सितंबर तक चलेगा और इसमें कुल पांच बैठकें होंगी। कांग्रेस विधायक और प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह चौहान सरकार संक्षिप्त सत्र रखकर बेरोजगारी और महंगाई जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘हर विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र के मुद्दों को उठाना चाहता है, लेकिन उसे पर्याप्त समय नहीं मिलेगा। संसद सत्र एक महीने से अधिक समय तक आयोजित किया जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र केवल पांच दिनों के लिए होगा।'' वर्मा ने कहा कि इस बात की भी आशंका है कि विधानसभा सत्र को महज दो दिन में अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाए। उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सत्र की अवधि सर्वदलीय बैठक में तय की गई, जबकि महंगाई एवं बेरोजगारी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की गलत नीतियों का परिणाम है।
- -
भोपाल| मध्य प्रदेश सरकार ने अपनी लोक सेवा गारंटी योजना के तहत आवेदन जमा करने के 15 दिनों के भीतर फिल्मों की शूटिंग की अनुमति देने का फैसला किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी है। मध्य प्रदेश पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुरूप पर्यटन विभाग द्वारा फिल्म-निर्माताओं को दी जाने वाली ‘फिल्म शूटिंग अनुमति' को लोक सेवा गारंटी योजना में शामिल किया गया है। संबंधित जिला कलेक्टर 15 दिन की निश्चित समय-सीमा में फिल्म शूटिंग अनुमति जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि कि मध्यप्रदेश अपने प्राकृतिक सौंदर्य और मनोहारी दृश्यों से फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है। लोक सेवा गारंटी योजना के तहत फिल्म निर्माताओं को तय समय-सीमा में सरलता से फिल्म शूटिंग की अनुमति मिल सकेगी। -
नयी दिल्ली| लखनऊ में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने रिश्वत लेने के करीब 23 साल पुराने मामले में सोमवार को भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी अरविंद मिश्रा को छह साल जेल की सजा सुनाई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ में आयकर उपायुक्त के रूप में तैनात रहे 1989-बैच के आईआरएस अधिकारी मिश्रा को सीबीआई ने 30 नवंबर, 1999 को निर्धारित प्रारूप में ‘‘अदेय प्रमाणपत्र'' जारी करने के एवज में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। विशेष सीबीआई न्यायाधीश अजय विक्रम सिंह ने अपने आदेश में कहा कि यह सफलतापूर्वक साबित किया गया है कि मिश्रा ने 15,000 रुपये का अवैध धन प्राप्त करने के लिए अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि न्यायाधीश ने मिश्रा पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने 2001 में सीबीआई की विशेष अदालत, लखनऊ के समक्ष अधिकारी के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘इस मामले में सुनवाई काफी समय तक रुकी रही क्योंकि इस मामले में उच्च न्यायालय के समक्ष विभिन्न याचिकाएं लंबित थीं।'' अधिकारी ने कहा कि सीबीआई निचली अदालत और उच्च न्यायालय दोनों को अभियोजन पक्ष के मामले के गुण-दोष के बारे में बताने में सफल रही जिसके कारण स्थगन और अंतरिम राहत को लेकर आरोपी की याचिकाएं खारिज कर दी गईं।
- -
भुवनेश्वर। ओडिशा में तीन दिन की अवधि के दौरान कुल 599 लोगों को नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने पुलिस के साथ मिलकर लोगों को नशे की हालत में गाड़ी चलाने से रोकने के लिए एक राज्यव्यापी अभियान चलाया और सात सितंबर से नौ सितंबर की अवधि के दौरान 599 लोगों को पकड़ा गया। एसटीए ने एक बयान में कहा, “सड़क सुरक्षा पर सर्वोच्च न्यायालय की समिति के निर्देशों के अनुसार, निलंबन के लिए कुल 338 ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए गए हैं।” कोविड-19 के मामलों की संख्या में गिरावट के बाद राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंध हटा लिए गए। तदनुसार, परिवहन विभाग और राज्य पुलिस ने संयुक्त रूप से अप्रैल 2022 में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर नकेल कसने के लिए अभियान दोबारा से शुरू किया। प्रवर्तन कर्मचारियों ने अप्रैल में अपराधियों के 350 वाहनों को जब्त किया था। वहीं, इसी महीने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 222 लोगों को हिरासत में लिया गया था। कार्रवाई के लिए कुल 455 अभियोजन रिपोर्ट अदालतों को सौंपी गई थी। इसके अलावा तटीय राज्य में मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के 1,568 अन्य मामलों का भी पता चला है।
गौरतलब है कि सख्त कानूनों और विनियमों के बावजूद, भारत में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे शराब पीकर गाड़ी चलाना एक प्रमुख कारण बना हुआ है। ओडिशा में 2021 में शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण कुल 246 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। 2019 सितंबर में राज्य ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में संशोधन किया गया था।
उल्लेखनीय है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में, पहली बार अपराध करने वालों को छह महीने तक की कैद या 10,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, दूसरी बार उल्लंघन करने पर दो साल तक की जेल या 15,000 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है।
- -
नरसिंहपुर (मप्र)। स्वामी सदानंद सरस्वती को गुजरात स्थित द्वारका शारदा पीठ का नया शंकराचार्य बनाया गया है, जबकि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को उत्तराखंड स्थित ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य बनाया गया है। अब तक जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती इन दोनों पीठों के शंकराचार्य थे, लेकिन रविवार को उनके निधन से इन दोनों पीठों में शंकराचार्य के पद रिक्त हो गये। दिवंगत शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के निजी सचिव ब्रम्हचारी सुबोद्धानंद महाराज ने सोमवार को यहां यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘शारदा पीठ के नये शंकराचार्य दंडी स्वामी सदानंद सरस्वती और ज्योतिष पीठ के नये शंकराचार्य दंडी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती होंगे।' उन्होंने कहा कि स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की इच्छा थी कि उनके इन दोनों श्रेष्ठ शिष्यों को दोनों पीठों की जिम्मेदारी दी जाएगी। यह इच्छा उन्होंने हमसे अपने अंतिम समय में भी व्यक्त की थी। सुबोद्धानंद ने बताया कि नए शंकराचार्य के नामों की घोषणा के बाद इन दोनों का नरसिंहपुर जिले के झोतेश्वर स्थित परमहंसी गंगा आश्रम में तिलक लगाकर पीठाधीश्वर की प्रतिष्ठा की गई। उन्होंने कहा कि इसके तुरंत बाद स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती को उनकी तपोस्थली परमहंसी गंगा आश्रम झोतेश्वर के परिसर में ही भू-समाधि दी गई। एक संत ने बताया कि स्वामी स्वरूपानंद का अंतिम संस्कार समाप्त होने के बाद अब दोनों शंकराचार्यों का पट्टा अभिषेक कार्यक्रम उनके पीठों या मठों में होगा। माना जाता है कि शंकराचार्य पीठ रिक्त नहीं रह सकती है। इसी वजह से इस दुःखद अवसर पर भी मान्य परंपरा का पालन करते हुए ब्रम्हलीन स्वामी स्वरूपानंद जी सरस्वती के उत्तराधिकारी की घोषणा करनी पड़ी। file photo
-
नई दिल्ली। दस व्यावसायिक कोयला खदानों की ई-नीलामी कल से शुरू होगी। कोयला मंत्रालय ने व्यावसायिक कोयला खनन के लिए बोलियां आमंत्रित की थीं। आठ कोयला खदानों की ई-नीलामी कल और दो कोयला खदानों की बुधवार को होगी। मंत्रालय ने कहा है कि ई-नीलामी की जा रही खदानों की कुल अधिकतम उत्पादन क्षमता 39 दशमलव तीन एक मिलियन टन प्रति वर्ष है। मंत्रालय ने अब तक 85 मिलियन टन प्रति वर्ष से अधिक की कुल अधिकतम उत्पादन क्षमता वाली 43 कोयला खदानों की सफलतापूर्वक नीलामी की है।
-
नई दिल्ली। . वाराणसी की जिला अदालत ने ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी मामले में सुनवाई जारी रखने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई 22 सितम्बर को होगी। अदालत ने मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज करते हुए कहा कि ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी मामले में दायर याचिका सुनवाई योग्य है। जिला न्यायाधीश ए के विश्वेस ने मुस्लिम याचिकाकर्ताओं की पूजा-स्थल अधिनियम की दलील खारिज करते हुए सभी याचिकाकर्ताओं से अगली सुनवाई तिथि 22 सितम्बर तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा। पांच महिलाओं ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में श्रृंगार गौरी की दैनिक पूजा की अनुमति मांगते हुए याचिका दायर की थी।
अंजुमन इंतजामिया मस्जिद समिति ने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद वक्फ सम्पत्ति है। समिति ने दायर याचिका की सुनवाई पात्रता पर भी सवाल उठाए।अदालत के आज के फैसले को देखते हुए वाराणसी में धारा 144 लागू कर दी गई है। अपर महानिदेशक-कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि राज्यव्यापी अलर्ट जारी किया गया है। फैसले से पहले हिन्दू और मुस्लिम पक्ष के याचिकाकर्ताओं ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की थी। FILE PIC - - परमहंसी गंगा आश्रम, झोतेश्वर के परिसर में दी गई भू-समाधिनरसिंहपुर (मप्र)। क्रांतिकारी साधु' के रूप में मशहूर द्वारका पीठ के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती (99) का सोमवार को मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के झोतेश्वर स्थित उनके आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें उनकी तपोस्थली परमहंसी गंगा आश्रम, झोतेश्वर के परिसर में भू-समाधि दी गई।इस अवसर पर उनके हजारों अनुयायी मौजूद थे और उन्होंने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल एवं फग्गन सिंह कुलस्ते, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित कई नेताओं ने झोतेश्वर स्थित आश्रम पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्वरूपानंद सरस्वती का रविवार को इसी आश्रम में हृदयाघात के कारण निधन हो गया था। वह गुजरात स्थित द्वारका-शारदा पीठ एवं उत्तराखंड स्थित ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वामी जी सनातन धर्म के ध्वजवाहक और हमारी संस्कृति एवं जीवन मूल्यों के पोषक, योद्धा और संन्यासी थे। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई भी लड़ी। उन्होंने लोगों को सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और गरीबों, जनजातियों, दलितों की सेवाओं के लिए प्रयास किये। वे विद्वान एवं अद्भुत सन्त थे। चौहान ने ब्रम्हलीन स्वामी जी के चरणों में प्रणाम करते हुए कहा कि वे सनातन धर्म के सूर्य थे। उनके जाने से प्रदेश सूना हो गया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने हमें जो राह दिखाई है, हम सभी उस पर चलने का विनम्र प्रयास करेंगे। स्वरूपानंद सरस्वती धार्मिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर अमूमन बयान दिया करते थे और शिरडी के साईं बाबा को भक्तों द्वारा भगवान कहे जाने पर सवाल उठाया करते थे। आश्रम विज्ञप्ति के अनुसार शंकराचार्य ने सनातन धर्म, देश और समाज के लिए अतुल्य योगदान किया। उनसे करोड़ों भक्तों की आस्था जुड़ी हुई है। इसमें कहा गया है कि वह स्वतन्त्रता सेनानी, रामसेतु रक्षक, गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित करवाने वाले तथा रामजन्मभूमि के लिए लम्बा संघर्ष करने वाले, गौरक्षा आंदोलन के प्रथम सत्याग्रही एवं रामराज्य परिषद् के प्रथम अध्यक्ष थे और पाखंडवाद के प्रबल विरोधी थे। स्वरूपानंद सरस्वती का जन्म मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के दिघोरी गांव में हुआ था। उनके बचपन का नाम पोथीराम उपाध्याय था। उन्होंने नौ साल की उम्र में अपना घर छोड़कर धर्म यात्राएं प्रारंभ कर दी थी और 19 साल की उम्र में वह 'क्रांतिकारी साधु' के रूप में प्रसिद्ध हुए। शंकराचार्य के अनुयायियों ने कहा कि वह 1981 में शंकराचार्य बने और हाल ही में शंकराचार्य का 99वां जन्मदिन मनाया गया।
-
बिजनौर . उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर क्षेत्र में दो ट्रको की आमने-सामने की टक्कर में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि 10/11 सितंबर की मध्य रत्रि को लगभग डेढ़ बजे चांदपुर-नूरपुर मार्ग पर नूरपुर से आ रहे ट्रक की सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से टक्कर हो गयी। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक नदीम और गोविंद की मौत हो गई तथा क्लीनर मुस्तकीम घायल हो गया। उसे चिकित्सालय मे भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। -
कोलकाता. पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिले के इलाम बाजार में इंजीनियरिंग के एक छात्र का शव बरामद किया गया है, जिसका गला रेता हुआ था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले में मृतक छात्र के एक मित्र को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्गापुर में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज का 22 वर्षीय छात्र सैयद सलाउद्दीन शनिवार दोपहर से लापता था और उसका शव इलाम बाजार इलाके में एक जंगल से बरामद किया गया। अधिकारी ने बताया, ‘‘सलाउद्दीन 10 सितंबर को अपने मित्र के साथ बाहर गया था। ऐसी खबरें हैं कि उसके पिता को शनिवार दोपहर एक फोन कॉल आया था और उनसे 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी थी। उसके मित्र से पूछताछ की जा रही है। हम हत्या के पीछे के मकसद तथा कथित तौर पर फोन करने वाले व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।'' एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिला पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या अपहरण के बाद फिरौती मांगना इस हत्या के पीछे की वजह है। अधिकारी ने बताया कि सलाउद्दीन के पिता का इलाके में ‘स्टोन क्रशिंग' (पत्थर के छोटे-छोटे टुकड़े करने वाली) इकाइयां हैं। -
मुंबई. सूडान के छह नागरिकों को यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर 12 किलोग्राम सोने की तस्करी करने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त सोने की कीमत करीब 5.4 करोड़ रुपये है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी। एक अदालत ने इस मामले में छह सूडानी नागरिकों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई। अधिकारी ने कहा कि उपायुक्त मनुदेव जैन के नेतृत्व में मुंबई सीमा शुल्क की वायु खुफिया इकाई (एआईयू) ने शनिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई से पहुंचे सूडानी यात्रियों के एक समूह से सोना जब्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी इकट्ठा हुए और एआईयू अधिकारियों का ध्यान भंग करने के लिए हंगामा करने लगे ताकि वे तस्करी वाले सोने को वहां से निकाल सकें। हालांकि, एक समन्वित अभियान में अधिकारियों ने एक-एक किलोग्राम वजन की सोने की 12 छड़ें बरामद कीं, जिन्हें सूडानी यात्रियों में से एक ने विशेष रूप से डिजाइन की गई बेल्ट में छुपाया हुआ था।'' अधिकारी ने कहा कि जिस सूडानी नागरिक ने सोना छुपा रखा था, उसे और हंगामा कर रहे पांच अन्य सूडानी नागरिकों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया का लगातार विरोध करके हंगामा करने वाले छह अन्य सूडानी यात्रियों को उनके मूल देश भेज दिया गया और भारत में प्रवेश करने पर स्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया। अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों पर सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें एक अदालत में पेश किया गया। अधिकारी ने बताया कि अदालत ने छह सूडानी नागरिकों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। -
जींद. हरियाणा के जींद जिले के बधाना गांव में शनिवार की रात सड़क पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गयी ।वहीं एक अन्य घटना में पॉल्ट्री फॉर्म के गंदे नाले में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि जिले के बधाना गांव में खड़े एक सांढ़ को बचाने के चक्कर में दो मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गयी जिससे इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये । उन्होंने बताया कि मरने वाले की पहचान करतार और संजय के रूप में की गयी है ।
पुलिस ने बताया कि रधाना गांव में एक पॉल्ट्री फॉर्म के गंदे नाले में डूबने से डेढ़ साल के विपिन की मौत हो गयी । उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टामार्टम करवा दिया है और शव परिजनों को सौंप दिया है । उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है । -
आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने एक दुकानदार की पेचकस से गोद कर हत्या कर दी । पुलिस ने इसकी जनकारी दी । पुलिस ने बताया कि आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है । उन्होंने बताया कि मरने वाले की पहचान कैलाश गांव के रहने वाले सुमेश गिरी (60) के रूप में हुयी है, जो एक मंदिर के पास प्रसाद की दुकान चलाते थे । उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है ।
-file photo
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15-16 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए उज्बेकिस्तान की यात्रा करेंगे। सम्मेलन के दौरान नेताओं के पिछले दो दशकों में समूह की गतिविधियों की समीक्षा करने और बहुपक्षीय सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, शिखर सम्मेलन में एससीओ सदस्य देशों के नेता, पर्यवेक्षक देशों, एससीओ के महासचिव, एससीओ क्षेत्रीय आतंकवाद रोधी संरचना (आरएटीएस) के कार्यकारी निदेशक, तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति और अन्य आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री के शिखर सम्मेलन से इतर कुछ द्विपक्षीय बैठकें करने की भी संभावना है। इसमें चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक बयान नहीं है कि मोदी शी चिनफिंग या शरीफ के साथ बैठक करेंगे या नहीं।
बयान में कहा गया है कि उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री मोदी एससीओ के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की 22वीं बैठक में भाग लेने के लिए 15-16 सितंबर को समरकंद की यात्रा करेंगे। बयान में कहा गया है कि शिखर सम्मेलन के दौरान, नेताओं के पिछले दो दशकों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने और राज्य और भविष्य में बहुपक्षीय सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करने की उम्मीद है। इसमें कहा गया है कि बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के सामयिक मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। वर्ष 2019 के बाद से यह एससीओ का पहला शिखर सम्मेलन होगा जिसमें नेताओं की भौतिक उपस्थिति रहेगी। जून 2019 में एससीओ सम्मेलन किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित हुआ था। वर्ष 2020 में मास्को शिखर सम्मेलन कोविड-19 महामारी के कारण ऑनलाइन तरीके से आयोजित किया गया था जबकि दुशांबे में 2021 शिखर सम्मेलन ‘‘हाइब्रिड'' तरीके से आयोजित किया गया था। एससीओ का मुख्यालय बीजिंग में है और इसमें चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उजबेकिस्तान, भारत और पाकिस्तान शामिल हैं। बीजिंग में राजनयिक सूत्रों ने पहले कहा था कि मेजबान उज्बेकिस्तान ने सभी नेताओं की अनौपचारिक रूप से उपस्थिति की पुष्टि की है। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में नवनिर्मित कर्तव्य पथ को आम जनता के लिए खोले जाने के बाद रविवार शाम को सैकड़ों की संख्या में लोग इंडिया गेट परिसर में उमड़ पड़े, जिसके चलते पूरा इलाका पिकनिक स्थल में तब्दील हो गया। इंडिया गेट का इलाका कई परिवारों के लिए एक बार फिर पसंदीदा जगह बन गया है, जहां वे सुबह की सैर, दौड़ने और अपने बच्चों को टहलाने के लिए लाया करते हैं। लोगों ने अब कोविड-19 महामारी से पूर्व की स्थिति के अनुसार ही अपनी दिनचर्या शुरू कर दी है। फरीदा जी और उनका परिवार रविवार को पिकनिक मनाने सीताराम बाजार से इंडिया गेट आया था। उन्होंने परिसर में मैदान पर एक चादर बिछाई और परिवार के सभी सदस्यों ने एक टोकरी में रखे हुए खाद्य और शीतल पेय पदार्थों का आनंद लिया। फरीदा जी के परिवार के मुताबिक, पिकनिक मनाने के लिए यह सबसे शानदार जगह है। पिकनिक की योजना के बारे में पूछे जाने पर फरीदा जी ने कहा, “लॉकडाउन के बाद यहां वापस आकर अच्छा लग रहा है। ऐसा लगता है कि हमें सांस लेने के लिए ताजी हवा और बच्चों को खेलने के लिए खाली जगह मिली है। परिवार के सदस्यों ने कुछ समय साथ बिताया।” स्वीडन का एक नागरिक अपने साथियों के साथ दौड़ लगाने में व्यस्त था। वह शनिवार रात ही किसी काम के सिलसिले में नयी दिल्ली आया था। स्वीडन के नागरिक ने कहा, “मैं शनिवार रात दिल्ली पहुंचा और रविवार को मैं शहर के एक प्रतिष्ठित पर्यटन स्थल पर हूं। अच्छा लग रहा है। यह पहली बार है, जब मैं यहां आया हूं। जब तक मैं यहां हूं, तब तक मैं सुबह की सैर के लिए इंडिया गेट आता रहूंगा।” कर्तव्य पथ पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, यह सुनिश्चित करने के लिए कि जनता उस सड़क को पार न करे, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “शनिवार से बड़ी संख्या में लोग इंडिया गेट का दौरा कर रहे हैं। इसलिए, हमारे पास जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यहां बड़ी संख्या में कर्मी तैनात हैं। हम नियमित रूप से घोषणा भी कर रहे हैं कि लोग सड़क पार न करें। वे दूसरे छोर पर जाने के लिए अंडरपास का इस्तेमाल करें। - पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि सरकार केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का अनुरोध करेगी। हरियाणा के हिसार से भाजपा नेता फोगाट (43) की पिछले महीने गोवा में मौत हो गयी थी और ऐसी आशंका है कि उनकी हत्या की गयी।सावंत ने पणजी में पत्रकारों से कहा कि गोवा पुलिस ने मामले की ‘‘बहुत अच्छी जांच’’ की है और उसे कुछ सुराग भी मिले हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हरियाणा के लोगों तथा सोनाली फोगाट की बेटी की मांग के कारण हमने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करने का निर्णय लिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं केंद्रीय गृह मंत्रालय को निजी रूप से पत्र लिखूंगा।’’ गोवा पुलिस ने इस मामले के संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से दो व्यक्ति फोगाट के सहयोगी हैं। पुलिस ने इन दोनों पर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
- नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत सशस्त्र बलों की तीनों सेवाओं का एकीकरण करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और साजो-सामान के लिए साझा मंजूरी व्यवस्था कायम करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि एक सेवा के संसाधनों को अन्य सेवा के लिए निर्बाध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।केंद्रीय मंत्री ने यहां सैन्य साजो सामान के बारे में एक सेमिनार को संबोधित करते हुए यह बात कही।सेमिनार के उद्घाटन समारोह में थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी. आर. चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार तथा नीति आयोग के सदस्य वी. के. सारस्वत समेत अन्य लोग शामिल हुए।रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में, नागरिक और सैन्य हितधारकों के बीच आवश्यक तालमेल पर भी जोर दिया और कहा कि भारत 'अमृत काल' की दहलीज पर खड़ा है ऐसे में दोनों पक्षों के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए “प्रतिबद्धता” दर्शाती है।सिंह ने कहा, “हम तीनों सेवाओं के एकीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। साजो-सामान के लिए साझा मंजूरी व्यवस्था कायम करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि एक सेवा के संसाधनों को अन्य सेवाओं के लिए निर्बाध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।” रक्षा मंत्री ने दिल्ली कैंट में मानेकशॉ सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि तीनों सेवाओं के एकीकरण से सबसे अधिक फायदा साजो-सामान को लेकर होगा।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्रालय देश में बीमा की पहुंच बढ़ाने के लिए बीमा कानूनों में बदलाव पर विचार कर रहा है। इनमें न्यूनतम पूंजी की जरूरत को कम करने का प्रस्ताव भी शामिल है।देश में बीमा पहुंच 2019-20 के 3.76 प्रतिशत से बढ़कर 2020-21 में 4.20 प्रतिशत हो गई है। यह 11.70 प्रतिशत की वृद्धि बैठती है। मुख्य रूप से कोविड-19 महामारी की वजह से सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनुपात में बीमा प्रीमियम के प्रतिशत के आधार पर मापी जाने वाली बीमा पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय बीमा कानून, 1938 की व्यापक समीक्षा कर रहा है और क्षेत्र की वृद्धि के लिए कुछ उचित बदलाव करना चाहता है।उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है।सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय बीमा कारोबार शुरू करने के लिए न्यूनतम पूंजी की जरूरत को 100 करोड़ रुपये से घटाना चाहता है।न्यूनतम पूंजी की जरूरत को कम करने पर बैंकिंग क्षेत्र की तरह विभिन्न प्रकार की कंपनियां बीमा कारोबार में उतर सकेंगी।सूत्रों ने कहा कि इस प्रावधान को नरम करने से सूक्ष्म बीमा, कृषि बीमा और क्षेत्रीय रुझान वाली बीमा कंपनियां भी बीमा कारोबार में उतर सकेंगी।सूत्रों ने बताया कि नए खिलाड़ियों के प्रवेश से न केवल बीमा की पहुंच बढ़ेगी बल्कि इससे रोजगार भी मिलेगा।सरकार ने पिछले साल बीमा कानून में संशोधन करते हुए बीमा कंपनी में विदेशी हिस्सेदारी की सीमा को 49 से बढ़ाकर 74 प्रतिशत कर दिया है। इसके अलावा संसद ने साधारण बीमा कारोबार (राष्ट्रीयकृत) संशोधन विधेयक, 2021 पारित किया है। इससे सरकार किसी बीमा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी को घटाकर इक्विटी पूंजी के 51 प्रतिशत से नीचे ला सकती है। इससे निजीकरण का रास्ता खुलेगा।
- नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के कुल राजस्व में पिछले साल की अवधि के मुकाबले इस बार अगस्त 2022 तक 38 प्रतिशत वृद्धि हुई है। इस वर्ष अगस्त महीने के अंत में भारतीय रेलवे का कुल राजस्व लगभग 95 हजार चार सौ 86 करोड़ रुपये रहा। इस प्रकार पिछले वर्ष की अवधि के मुकाबले राजस्व में 26 हजार दो सौ 71 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।रेल मंत्रालय ने कहा है कि यात्री परिवहन से राजस्व लगभग 25 हजार दो सौ 76 करोड़ रहा और इसमें पिछले वर्ष की अवधि के मुकाबले एक सौ सोलह प्रतिशत बढ़ोतरी हुई। यात्री परिवहन में भी पिछले वर्ष के मुकाबले आरक्षित और अनारक्षित दोनों को मिलाकर वृद्धि हुई। मंत्रालय ने यह भी बताया है कि पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले यात्री राजस्व में 50 प्रतिशत और माल ढुलाई में 20 प्रतिशत वृद्धि हुई।
-
देहरादून . उत्तराखंड पुलिस में तैनात जवानों की ग्रेड पे बढाने की लंबे समय से चली आ रही मांग का समाधान निकालते हुए रविवार को विभाग में हेड कांस्टेबल और अतिरिक्त उपनिरीक्षक के 3500 नए पद सृजित करने का निर्णय लिया गया । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हुए इस निर्णय से जवानों को प्रोन्नति भी समय से मिल सकेगी । आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि पुलिस विभाग में कांस्टेबलों के 17500 और हेड कांस्टेबल के 3440 पद हैं जबकि अतिरिक्त उपनिरीक्षक का एक भी पद नहीं है। पुलिस जवानों को समय से प्रोन्नति देने के लिए हेड कांस्टेबल स्तर के 1750 नए पद सृजित करने तथा अतिरिक्त उप निरीक्षक का नया रैंक सृजित करते हुए 1750 नए पद स्वीकृत करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं । सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनका ग्रेड पे 4200 रू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इससे जवानों को प्रोन्नति के ज्यादा अवसर प्राप्त होंगे। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने भी निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है। कुमार ने कहा, ‘इस निर्णय से मामलों की विवेचना हेतु नए विवेचक उपलब्ध होने के साथ ही विवेचना की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।' उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि अब सभी कांस्टेबल कम से कम अतिरिक्त उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त होंगे। -
नयी दिल्ली. भारतीय रेलवे का कुल राजस्व अगस्त 2022 के अंत में 38 प्रतिशत बढ़कर 95,486.58 करोड़ रुपये हो गया। यह आंकड़ा एक साल पहले की समान अवधि में 26,271.29 करोड़ रुपये था। रविवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि समीक्षाधीन अवधि में यात्री यातायात से राजस्व 25,276.54 करोड़ रुपये था, जो सालाना आधार पर 116 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। एक साल पहले यह आंकड़ा 13,574.44 करोड़ रुपये था। आरक्षित और अनारक्षित दोनों खंडों में पिछले साल की तुलना में यात्री यातायात में वृद्धि हुई है।
रेलवे ने कहा कि लंबी दूरी की आरक्षित मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की वृद्धि दर उपनगरीय रेलगाड़ियों की तुलना में अधिक रही है। अन्य कोचिंग राजस्व 2,437.42 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है। बयान में कहा गया है कि पार्सल खंड में मजबूत वृद्धि देखी गई। इस साल अगस्त के अंत तक माल राजस्व 10,780.03 करोड़ रुपये या 20 प्रतिशत बढ़कर 65,505.02 करोड़ रुपये हो गया। -
नयी दिल्ली. खिलाड़ियों और राज नेताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 1,200 से अधिक उपहारों को 17 सितंबर से नीलाम किया जाने वाला है तथा इससे मिलने वाला पैसा नमामी गंगा मिशन को दिया जाएगा। राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय के महानिदेशक अद्धैत गडनायक ने कहा कि नीलामी वेब पोर्टल ‘पीएममेमेंटोज.जीओवी.इन' के जरिये की जाएगी और यह दो अक्टूबर को संपन्न होगी। इसी संग्रहालय में इन उपहारों को रखा गया है।
गडनायक ने कहा कि आम आदमी से लेकर, भारत की समृद्ध संस्कृति और धरोहर का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न गणमान्य लोगों द्वारा भेंट किये गये उपहारों सहित कई अन्य उपहारों को नीलाम किया जाएगा। उपहारों का आधार मूल्य 100 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये की श्रेणियों में रखा गया है।
उपहारों की सूची में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भेंट की गई रानी कमलापति की प्रतिमा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भेंट की गई एक हनुमान मूर्ति और एक सूर्य पेंटिंग तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा भेंट किया गया एक त्रिशूल शामिल हैं। इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार द्वारा भेंट की गई देवी महालक्ष्मी की मूर्ति और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी द्वारा भेंट की गई भगवान वेंकटेश्वर की कलाकृति (दीवार पर लटकाने वाली) भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी को मिले उपहारों की नीलामी का यह चौथा संस्करण है।
संग्रहालय की निदेशक तेमसुनारो जमीर ने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली टी-शर्ट, मुक्केबाजी के दस्ताने और भाला आदि खेल की वस्तुओं का एक विशेष संग्रह है। उन्होंने कहा कि उपहारों में पेंटिंग, मूर्तियां, दस्तकारी और लोक कलाकृतियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अन्य वस्तुओं में अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृतियां तथा मॉडल शामिल हैं। -
मोतिहारी . बिहार के मोतिहारी जिले में बालू से लदे ट्रक के नीचे दब जाने के कारण चार महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में पांच अन्य लोग घायल हो गये हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना पूर्वी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर हुई। थाना प्रभारी (एसएचओ) अवनीश कुमार ने बताया कि ट्रक अचानक पलट कर तिपहिया वाहन के ऊपर गिर गया।
उन्होंने बताया कि जिस तिपहिया वाहन पर ट्रक पलट कर गिरा, उसमें कुल 10 लोग सवार थे। लिस ने बताया कि पांच मृतकों में से चार महिलाओं की उम्र 35 से 60 वर्ष की आयु के बीच थी। वहीं, आठ-वर्षीय एक लड़के ने भी दुर्घटना में जान गंवा दी। थाना प्रभारी ने बताया कि चालक और चार महिलाओं समेत अन्य घायल व्यक्तियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। -
भोपाल. मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) उन 18 पुरुषों के जश्न के लिये ‘विवाह विच्छेद समारोह' का आयोजन कर रहा है, जिन्हें लंबी कानूनी लड़ाई के बाद तलाक दे दिया गया था और अपनी शादियों को खत्म करने के लिए अपनी तलाकशुदा पत्नी को भारी भरकम गुजारा भत्ता दे रहे हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन 2014 से पंजीकृत एनजीओ ‘भाई वेलफेयर सोसाइटी' की ओर से 18 सितंबर को राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित एक रिसॉर्ट में किया जा रहा है। संगठन के संयोजक जकी अहमद ने रविवार को कहा कि हम ऐसे पतियों के लिए यह कार्यक्रम कर रहे हैं, जिनकी पत्नियां उन्हें तलाक दे चुकीं हैं। उन्होंने कहा कि देश में इस तरह का यह पहला आयोजन होगा।
अहमद ने बताया, ‘‘यह एक गेट-टुगेदर था। लेकिन एक छोटे समूह के लिए आयोजित विवाह विच्छेद समारोह कार्यक्रम का निमंत्रण कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मुझे अब उन लोगों के फोन आ रहे हैं जो इसका विरोध कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ है।'' उन्होंने कहा कि अगर ऐसे लोग हमारे इस समारोह के किसी भी कार्यक्रम पर आपत्ति करते हैं तो संगठन उनकी आपत्तियों का निवारण करेगी। अहमद ने कहा कि समूह के लोग लंबी लड़ाई के बाद पहले से ही अपने तलाक का जश्न मना रहे हैं और तलाक होने पर अपनी पूर्व पत्नियों को भारी भरकम गुजारा भत्ता भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम तलाक का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन एक खराब शादी उत्पीड़न और कभी-कभी आत्महत्या की ओर ले जाती है। हम इसे रोकना चाहते हैं। हमारा संगठन ऐसे लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान कर रहा है और उन्हें कठोर कदम उठाने से रोकने के लिए परामर्श दे रहा है।'' उन्होंने बताया कि तलाकशुदा 18 पुरूष इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इन्हें पिछले दो से तीन साल के बीच तलाक मिला है। अहमद ने कहा कि इंजीनियर, चिकित्सक और अन्य कामकाजी पेशेवर, जो इस तरह के मामलों के शिकार हुए हैं, इस संगठन के सदस्य हैं।






.jpg)










.jpg)
.jpg)








