- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। भारत ने एक साथ सबसे अधिक संख्या में राष्ट्रीय ध्वज लहराने के मामले में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कर लिया है। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में 23 अप्रैल को बिहार के भोजपुर के जगदीशपुर स्थित दुलौर मैदान में वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव कार्यक्रम में 78 हज़ार 220 तिरंगे एक साथ लहराकर भारत ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। बिहार के जगदीशपुर के तत्कालीन राजा वीर कुंवर सिंह, जिन्हें 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों में शुमार किया जाता है, उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अंतर्गत गृह मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था। संस्कृति मंत्रालय के मुताबिक, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों के सामने बनाए गए इस रिकॉर्ड के लिए कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की भौतिक पहचान के लिए बैंड पहनाए गए थे और पूरे कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग हुई थी। पिछला विश्व रिकॉर्ड 2004 का था, जब लाहौर में एक समारोह में लगभग 56,000 पाकिस्तानी झंडे लहराए गए थे। बाबू वीर कुंवर सिंह 1857 के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के एक प्रमुख नेता के रूप में उभरे थे, जिन्होंने लगभग 80 वर्ष की उम्र में भी विदेशी हुकूमत का डटकर मुकाबला किया। वह जगदीशपुर के परमार राजपूतों के उज्जयिनी वंश से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने 80 साल की उम्र में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की कमान के तहत सैनिकों के खिलाफ सशस्त्र जवानों के एक चयनित बैंड का नेतृत्व किया था। वह बिहार में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई के मुख्य नायक थे। उन्हें वीर कुंवर सिंह के नाम से जाना जाता है। -
नोएडा. उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर के थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के सेक्टर 62 गोल चक्कर के पास उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस से उतरकर सड़क पर पैदल जा रहे पति-पत्नी को एक पिकअप वैन ने टक्कर मार दी, जिससे घटना में दोनों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सेक्टर 62 गोल चक्कर के पास आज दोपहर लकी (28 वर्ष) अपनी पत्नी निक्की (25 वर्ष) के साथ यूपी रोडवेज की बस से उतर कर सड़क पर पैदल जा रहे थे, तभी एक अज्ञात पिकअप वैन ने पति-पत्नी को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि अत्यंत गंभीर हालत में उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस वाहन चालक की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी मुरादाबाद से रोडवेज की बस में सवार होकर नोएडा आए थे।
-
नयी दिल्ली. वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2014 से पेटेंट मंजूरी में सालाना आधार पर पांच गुना तथा ट्रेडमार्क पंजीकरण में चार गुना वृद्धि हुई है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बौद्धिक संपदा (आईपी) कार्यालय के आधुनिकीकरण और कानूनी अनुपालन को कम करने के साथ-साथ आईपी आवेदन दाखिल करने की सुविधा के लिए सरकार ने कई प्रशासनिक और विधायी उपायों को अपनाया है। मंत्रालय के अनुसार, ‘‘वर्ष 2014 के बाद से हर साल पेटेंट मंजूरियों में पांच गुना और ट्रेडमार्क पंजीकरण में हर साल चार गुना वृद्धि हुई है।'' बयान में कहा गया कि सभी क्षेत्रों और विशेष रूप से पेटेंट के घरेलू आईपी आवेदन दाखिल में एक बड़ा सुधार देखा गया है। इसमें पिछले पांच साल के दौरान 46 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
-
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के खोराबार इलाके में सोमवार रात करीब नौ बजे बदमाशों ने एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अपराध करने के लिए फावड़े का इस्तेमाल किया गया था। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हत्याकांड की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा और अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर अंचल अखिल कुमार सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएसपी विपिन टाडा ने बताया कि गामा निषाद (42), उनकी पत्नी संजू निषाद (38) और बेटी प्रीति (20) की उस समय हत्या कर दी गई, जब वे गामा निषाद के भाई रामा निषाद की बेटी की शादी के समारोह में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि गामा के घर से करीब 800 मीटर दूर खोराबार थाना क्षेत्र के रायगंज क्षेत्र के बांग्ला चौक पर कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से तीनों का गला काट दिया। गामा का बेटा अच्चेलाल बच गया क्योंकि उसने समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए दूसरा रास्ता चुना था। गामा का एक और बेटा दूसरे शहर में काम करता है। घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने ट्वीट कर कहा, "खोराबार तिहरे हत्याकांड में फावड़ा का इस्तेमाल किया गया था। यह घटना प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।" एसएसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान आलोक पासवान के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी आलोक कथित तौर पर प्रीति से प्रेम करता था लेकिन उसके मना करने के कारण वारदात को अंजाम दिया गया। अधिकारी ने कहा कि जांच चल रही है और स्थिति जल्द ही स्पष्ट हो जाएगी।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय बिजली मंत्री आर के सिंह ने देश में बढ़ती बिजली की मांग के बीच सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने ताप बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति बढ़ाने के उद्देश्य से रैक की अधिक उपलब्धता को लेकर रेल मंत्री साथ यह बैठक की। ताप बिजलीघरों, विशेष रूप से जो कोयला खदानों से दूर स्थित संयंत्र कम कोयले के भंडार से जूझ रहे हैं। वही बढ़ते तापमान के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। बिजली मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आर के सिंह और वैष्णव ने बिजली की बढ़ती मांग से निपटने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की। इस दौरान बिजली मंत्रालय के सचिव अलोक कुमार, कोयला मंत्रालय के सचिव ए के जैन समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
-
नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय की अधिवक्ता मोनिका अरोड़ा के नेतृत्व में बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों के एक समूह ने जहांगीरपुरी में सांप्रदायिक झड़पों पर एक ‘तथ्यान्वेषी' रिपोर्ट सोमवार को जारी की। इस समूह ने कुछ दिनों पहले हिंसा प्रभावित इलाके का दौरा किया था। ‘ग्रुप ऑफ इंटेलेक्चुअल्स एंड एकेडेमिशियंस (बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों का समूह)' की सदस्य श्रुति मिश्रा ने कहा, ‘‘गवाहों ने उन्हें बताया कि 16 अप्रैल को जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक इलाके में हनुमान जयंती शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकाली गई थी और अंसार (हिंसा के मुख्य आरोपी) ने तब भीड़ को उकसाया था, जब वह मस्जिद के पास से गुजर रही थी।'' मिश्रा ने यहां रिपोर्ट जारी करते हुए कहा, ‘‘16 अप्रैल को पथराव में शामिल लोग इतने आक्रामक थे कि उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने भगवान हनुमान की मूर्ति को तोड़ने का भी प्रयास किया।'' रिपोर्ट जारी करने के दौरान उमा शंकर भी मौजूद थे, जो हनुमान जयंती शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे थे और (दिल्ली पुलिस के अनुसार) हिंसा में घायल हुए एकमात्र नागरिक हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंसा भड़कने पर उन पर तलवार से हमला किया गया था। उमा शंरप ने कहा कि शोभायात्रा ‘शांतिपूर्ण' तरीके से निकाली जा रही थी और ‘‘बड़ी संख्या में महिलाएं उन पर पथराव कर रही थीं, जब वे उस क्षेत्र (सी-ब्लॉक) से गुजर रहे थे, जहां मस्जिद स्थित है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता प्रेम शर्मा भी रिपोर्ट जारी करने के दौरान मौजूद थे, जिनसे दिल्ली पुलिस ने हिंसा के सिलसिले में पूछताछ की थी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें शोभायात्रा के लिए अनुमति दी थी और वे वर्षों से इसी तरह की ‘शांतिपूर्ण शोभायात्रा' निकाल रहे हैं। उच्चतम न्यायालय की वकील मोनिका अरोड़ा ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस की प्राथमिकी संतुलन बनाने की कोशिश लगती है। हमने देखा है कि जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक के एक हिस्से पर अवैध प्रवासियों का कब्जा है।'' सामाजिक कार्यकर्ता मोनिका अग्रवाल पांच सदस्यीय ‘तथ्यान्वेषी' दल का हिस्सा थीं। उन्होंने कहा कि हिंसा के कारण कई निर्दोष लोगों को नुकसान हुआ है। अग्रवाल के मुताबिक, ‘‘जहांगीरपुरी के रहने वाले एक युवक पर हमला किया गया और वहां हिंसा भड़कने पर उसकी बाइक चोरी हो गई। युवक को नौकरी मिले एक साल भी नहीं हुआ था और उसने अपनी मेहनत की कमाई से बाइक खरीदी थी। वह पांच साल के बच्चे के साथ सी-ब्लॉक इलाके से गुजर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ।'' हिंसा के सिलसिले में अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो किशोरों को भी पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा इस मामले की जांच कर रही है।
-
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद-गया जिला सीमा पर नक्सल प्रभावित लंगुराही-पचरूखियां के जंगली इलाके में माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से सोमवार को एक चरवाहे की मौत हो गई। मृतक की पहचान गया जिले के छ्करबंधा थाना अंतर्गत तारचुआं गांव निवासी 52 वर्षीय कईल भुईयां के रूप में हुई है। औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गया-औरंगाबाद जिले की सीमा पर सागरपुर के पास यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि मृतक जंगल में मवेशी चरा रहा था और महुआ चुनने के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी पर उसका पैर पड़ गया, जिसके विस्फोट से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा तलाशी अभियान शुरू किया गया है। -
पौड़ी। उत्तराखंड में पौड़ी जिले के चाकीसैण क्षेत्र में सोमवार को एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार छह व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रेमलाल टम्टा ने यहां बताया कि स्योली गांव के निकट इस हादसे का शिकार हुए लोग शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे कि तभी उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। उन्होंने बताया कि हादसे में छह व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गयी। अम्टा ने कहा कि पांच घायलों में से तीन को पाबौ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जबकि दो गंभीर घायलों को पौड़ी के जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए।
-
नयी दिल्ली। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि भारत की प्रौद्योगिकी क्षमता का दोहन करने के लिये वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) और आईक्रियेट के बीच एक समझौता हुआ है। आईक्रियेट प्रौद्योगिकी नवाचार पर आधारित स्टार्ट अप को कारोबार में तब्दील करने वाली भारत की सबसे बड़ी संस्था है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में राज्य सरकार के फ्लैगशिप प्रौद्योगिकी इनक्यूबेटर -आईक्रियेट (अंतरराष्ट्रीय उद्यमिता और प्रौद्योगिकी केंद्र) और सीएसआईआर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर दस्तखत किये गये। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एमओयू के तहत सीएसआईआर और आईक्रियेट का उद्देश्य देश में उद्यमियों और नवोन्मेषकों के लिए संयुक्त संसाधन उपलब्ध कराके प्रौद्योगिकी आधारित स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिहाज से साझा सहयोग प्रणाली स्थापित करना है। बयान के मुताबिक, साझेदारी से वैज्ञानिक नवाचार और उच्च प्रौद्योगिकी वाले स्टार्ट-अप को बाजार में प्रोत्साहन मिलेगा।
- रांची। देश के कुछ राज्यों में बढ़ते कोविड-19 के मामलों को देखते हुए झारखंड के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने विद्यालयों को सुबह की प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल संबंधी गतिविधियों को निलंबित करने के लिए कहा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने कुछ राज्यों में महामारी के बढ़ते मामलों के आलोक में झारखंड के स्कूलों के लिए एक नया कोविड-19 दिशानिर्देश जारी किया है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नए दिशानिर्देश में स्कूलों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों के साथ समन्वय में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन को छात्रों और शिक्षकों का बिना पूर्व निर्धारित क्रम (रैंडम)के कोविड-19 परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुबह की सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल गतिविधियां स्कूलों में निलंबित रहेंगी। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने सभी उपायुक्तों, जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को लिखे पत्र में बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन कराने के लिए कहा है। सचिव ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “देश के कई राज्यों में पिछले 15 दिनों से कोविड-19 की संक्रमण दर में वृद्धि देखी जा रही है, जो चिंताजनक है। ऐसे समय में सरकारी स्कूलों में कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक पहलों को प्राथमिकता के स्तर पर सुनिश्चित करना अनिवार्य है।” दिशा-निर्देश के मुताबिक, स्कूलों को शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत से पहले स्कूल परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य को एक प्रतिशत सोडियम हाइपोक्लोराइट घोल से साफ करने और संस्थान को हर 15 दिनों में पूरी तरह से साफ करने के लिए कहा गया है। दिशा-निर्देश में कहा गया है कि मास्क और सामाजिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मियों के लिए कोविड टीके की दोनों खुराक सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से 12 व 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 23 अप्रैल को जारी बुलेटिन के मुताबिक झारखंड में कोविड-19 के 21 मरीज उपचाराधीन हैं।
-
नयी दिल्ली। भारतीय नौसेना के वरिष्ठ कमांडरों ने सोमवार को देश की समुद्री सुरक्षा तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। इनमें पश्चिमी समुद्री तट पर हाल ही में बड़े हथियारों और मिसाइल अभ्यास के परिणामों का आकलन शामिल था। अधिकारियों ने बताया कि चार दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन कमांडरों ने क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर भी गौर किया, जिसमें अफगानिस्तान की स्थिति और यूक्रेन संकट शामिल है। भारतीय नौसेना के सभी परिचालन और क्षेत्रीय कमांडर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में बल के परिचालन, सामग्री, साजोसामान, मानव संसाधन विकास, प्रशिक्षण और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में ‘मेक इन इंडिया' के जरिये स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के तरीकों पर ध्यान देने के साथ ही हथियारों और सेंसर के प्रदर्शन, नौसेना ‘प्लेटफार्म' की तैयारियों और नौसेना की विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
- मुंबई। भारत में कमाई करने वाले समूह की आधी आबादी के बराबर यानी 65 वर्ष की उम्र तक के लगभग 48 करोड़ वयस्कों को ऋण सुविधा नहीं मिल पाती है। क्रेडिट सूचना कंपनी ट्रांसयूनियन सिबिल की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। ट्रांसयूनियन सिबिल के एक वैश्विक अध्ययन में यह पाया गया है कि सिर्फ 17.9 करोड़ वयस्क भारतीयों को ही समुचित ऋण सुविधा मिल पाती है जबकि 16.4 करोड़ लोग समुचित ऋण सुविधा से वंचित रहते हैं। अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक, देश में ऋण संस्कृति को गहरा करने के लिए नीतिगत स्तर पर केंद्रित प्रयास किए जा रहे हैं ताकि कर्जदारों को सूदखोर साहूकारों के चंगुल में फंसने से बचाया जा सके। करीब 45 करोड़ बैंक खातों वाली जन धन योजना में खाते क्रेडिट ओवरड्रॉफ्ट सुविधा के साथ आते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के उलट अमेरिका में सिर्फ तीन प्रतिशत वयस्क ही ऋण सुविधा से वंचित हैं जबकि कनाडा में यह अनुपात सात फीसदी, कोलंबिया में 44 फीसदी और दक्षिण अफ्रीका में 51 फीसदी है। सिबिल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश कुमार ने कहा, ‘‘हालांकि भारत ने हाल के वर्षों में देश भर में ऋण समावेशन का स्तर बढ़ाने की दिशा में काफी प्रगति की है लेकिन मौजूदा हकीकत इस ऋण आंकड़े को कर्ज के पारिस्थितिकी तंत्र में समाहित करने के महत्व को दर्शाती है, ताकि ऋण सुविधाओं से वंचित उपभोक्ताओं की संख्या सीमित रहे।'' रिपोर्ट में ऋण सुविधा से वंचित ग्राहकों की स्थिति को 'अंडा पहले या मुर्गी' जैसी बताते हुए कहा गया है कि क्रेडिट स्कोर और क्रेडिट इतिहास नहीं होना एक ग्राहक के लिए ऋण पाने की राह में बड़ी बाधा होती है क्योंकि कई ऋणदाता ऐसे उपभोक्ताओं को कर्ज देने में हिचकिचाते हैं।
- रांची. देश के कुछ राज्यों में बढ़ते कोविड-19 के मामलों को देखते हुए झारखंड के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने विद्यालयों को सुबह की प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल संबंधी गतिविधियों को निलंबित करने के लिए कहा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने कुछ राज्यों में महामारी के बढ़ते मामलों के आलोक में झारखंड के स्कूलों के लिए एक नया कोविड-19 दिशानिर्देश जारी किया है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नए दिशानिर्देश में स्कूलों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों के साथ समन्वय में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन को छात्रों और शिक्षकों का बिना पूर्व निर्धारित क्रम (रैंडम)के कोविड-19 परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुबह की सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल गतिविधियां स्कूलों में निलंबित रहेंगी। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने सभी उपायुक्तों, जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को लिखे पत्र में बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन कराने के लिए कहा है। सचिव ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “देश के कई राज्यों में पिछले 15 दिनों से कोविड-19 की संक्रमण दर में वृद्धि देखी जा रही है, जो चिंताजनक है। ऐसे समय में सरकारी स्कूलों में कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक पहलों को प्राथमिकता के स्तर पर सुनिश्चित करना अनिवार्य है।” दिशा-निर्देश के मुताबिक, स्कूलों को शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत से पहले स्कूल परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य को एक प्रतिशत सोडियम हाइपोक्लोराइट घोल से साफ करने और संस्थान को हर 15 दिनों में पूरी तरह से साफ करने के लिए कहा गया है। दिशा-निर्देश में कहा गया है कि मास्क और सामाजिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मियों के लिए कोविड टीके की दोनों खुराक सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से 12 व 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 23 अप्रैल को जारी बुलेटिन के मुताबिक झारखंड में कोविड-19 के 21 मरीज उपचाराधीन हैं।
- केंद्रपाड़ा (ओडिशा) . ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक बिजली मिस्त्री (इलेक्ट्रीशियन) ने सामान्य साइकिल को सौर ऊर्जा से जोड़कर इलेक्ट्रिक साइकिल बनाई है जो 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। भुवनेश्वर से लगभग 120 किलोमीटर दूर रजनीका ब्लॉक के पेगरपाड़ा में सौम्या रंजन पालेई ने कई प्रयोगों के बाद यह साइकिल तैयार की है। सौम्या (28) ने साइकिल पर सौर पैनल के साथ एक इंजन भी लगाया है जिससे साइकिल चल सकती है। इस साइकिल को तैयार करने में उन्हें तीन महीने लगे। उन्होंने शनिवार को अपने घर से बालासोर तक की करीब 110 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। उन्होंने कहा, "रास्ते में समय-समय पर आराम के साथ यात्रा करने में कुल सात घंटे लगे। रास्ते में, लोग मेरी साइकिल देखकर उत्सुक थे।'' साइकिल के ऊपर सोलर पैनल लगा है जिसका इस्तेमाल बैटरी चार्ज करने के लिए किया जाता है। इसे तैयार करने में कुल लागत लगभग 40,000 रुपये आयी है। साइकिल की बैटरी को पूरी तरह से चार्ज करने के लिए पांच-छह घंटे धूप की जरूरत होती है। उसके बाद यह लगभग 150 किमी तक चल सकती है। धूप नहीं होने पर इसे बिजली से भी चार्ज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर बैटरी खत्म हो जाती है, तो पैडल मारकर गंतव्य तक पहुंचा जा सकता है। युवा नवोन्मेषक ने कहा, "पेट्रोल की कीमतों के आसमान छूने के कारण सौर ऊर्जा से चलने वाली साइकिल परिवहन के एक प्रमुख किफायती साधन के रूप में काम करेगी।
- जयपुर. जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के सड़क हादसे में एक टैंकर चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जयपुर के रिंग रोड पर तड़के यह हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से रसायन से भरा एक टैंकर जा भिड़ा। इसके परिणामस्वरूप टैंकर में आग लग गई, जिससे टैंकर चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक टैंकर चालक की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
- फतेहपुर (उप्र) .फतेहपुर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या डेरा में सोमवार तड़के एक कोठरी में अचानक आग लग गई जिसमें झुलस कर दो बच्चियों की मौत हो गई। चांदपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि अयोध्या डेरा के राकेश कुमार अपनी पत्नी के साथ तड़के करीब चार बजे कोठरी की बाहर से कुंडी बंद कर गेहूं की कटाई करने खेत चले गए, कोठरी के अंदर उनकी दो और पांच वर्ष की दो बेटियां सो रही थीं। उन्होंने बताया कि कोठरी में अंधेरा था इसलिए दंपति ने अंदर दीपक जला छोड़ दिया था और उसी दीपक से अचानक आग लग गई, जिससे दोनों बच्चियां बुरी तरह झुलस गईं। उन्होंने बताया कि घटना में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि बुरी तरह से झुलसी दूसरी बच्ची को तत्काल कानपुर के एक अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच आरंभ कर दी है।
- मेरठ (उप्र) .मेरठ जिले के खरखौदा कस्बे में एक युवक ने सोमवार सुबह कथित तौर पर मामूली विवाद में अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना के बाद आरोपी पति ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर हुई इस घटना के बारे में कार्यवाहक थाना प्रभारी(खरखौदा) आरएन सिंह ने बताया कि खरखौदा कस्बे के तिहाई मोहल्ला निवासी आरोपी विनोद कुमार (35) का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, आज सुबह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी पत्नी पूनम पर दरांती से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमलावर ने पत्नी की गर्दन, हाथ व सिर पर और शरीर के अन्य हिस्सों पर तब तक वार किये जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
- नयी दिल्ली. नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमिताभ कांत ने प्राकृतिक खेती को समय की जरूरत बताते हुए सोमवार को कहा कि इस समय रसायनों और उर्वरकों के उपयोग के कारण खाद्यान्न उत्पादन की लागत बढ़ गई है। कांत ने नीति आयोग की तरफ से ‘नवाचार कृषि' पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब गेहूं और चावल का निर्यातक बन चुका है। हालांकि, अकुशल आपूर्ति शृंखला और अधूरे बाजार संपर्कों के कारण भारत की कृषि क्षेत्र की उत्पादकता कम है। उन्होंने कहा, ‘‘प्राकृतिक खेती समय की जरूरत है और यह महत्वपूर्ण है कि हम वैज्ञानिक तरीकों की पहचान करें ताकि यह सुनिश्चित कर सकें कि किसान इससे सीधे लाभान्वित हों और उनकी आमदनी बढ़े।'' कांत ने कहा, ‘‘रसायनों और उर्वरकों के अधिक उपयोग के कारण खाद्यान्नों और सब्जियों के उत्पादन की लागत बढ़ गई है।'' प्राकृतिक खेती में रसायनों का इस्तेमाल नहीं किया जाता है और इसे कृषि-पारिस्थितिकी पर आधारित खेती की विविध प्रणाली के रूप में देखा जाता है। यह जैव विविधता के साथ फसलों, पेड़ों और मवेशियों को भी समाहित करते हुए चलती है। इस कार्यक्रम में नीति आयोग के सदस्य (कृषि) रमेश चंद ने कहा कि प्राकृतिक खेती के जैविक खेती, विविधीकरण और सतत खेती जैसे कई तरीके हैं जिन्हें अपनाया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे साझा अनुभवों के माध्यम से, प्रत्येक तरीके के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं को समझना महत्वपूर्ण है।'' चंद ने कहा कि रासायनिक खेती को बढ़ावा देना आसान है लेकिन प्राकृतिक खेती को आगे बढ़ाना मुश्किल होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत अब खाद्यान्न-अधिशेष देश बनने के बाद रासायनिक खेती का विकल्प चुनने की स्थिति में है। नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और बड़े पैमाने पर लोगों, खासकर किसानों के साथ इसके लाभों को साझा करने का समय आ गया है। कुमार ने कहा, ‘‘राज्यों के साझा अनुभव देश में नवीन कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए एक मजबूत रूपरेखा तैयार करने में मदद करेंगे।
- गुना .मध्यप्रदेश के गुना जिले में कथित रूप से मधूसूदनगढ़ कृषि उपज मंडी से गेंहू चुराने के संदेह में कुछ लोगों ने एक नाबालिग लड़के के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट की। यह घटना गुना जिले के मधूसदनगढ़ इलाके में शुक्रवार शाम को हुई और इसका वीडियो वायरल होने के बाद छह लोगों के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया। इस वीडियो में लोगों का एक समूह लड़के को थप्पड़ मारता हुआ नजर आ रहा है और उस लड़के के हाथ पीछे बंधे हुए हैं। मधुसूदनगढ़ पुलिस थाने के प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया, ‘‘वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कर कुछ लोगों को चिह्नित कर लिया है। मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की हैं।
- उमरिया . मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य में एक मादा बाघ शावक मृत मिली है। बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के क्षेत्र संचालक बी एस अन्नेगिरि ने सोमवार को बताया कि बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के धमोखर बफर परिक्षेत्र के बरबसपुर बीट में रविवार दोपहर गश्ती दल को एक मादा बाघ शावक मृत मिली। उन्होंने कहा कि शावक के सिर, पेट, पीठ एवं कान में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।अन्नेगिरि ने बताया कि आशंका जताई जा रही है कि किसी वयस्क नर बाघ के हमले से शावक की मौत हुई है।उन्होंने कहा कि इस शावक की उम्र सात से आठ माह थी। घटनास्थल से नमूने एकत्र कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
- इडुक्की (केरल). इडुक्की जिले के पुट्टडी इलाके में रविवार देर रात एक मकान में आग लगने से एक दम्पति की मौत हो गई और उनकी किशोरी बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार देर रात एक से ढाई बजे के बीच की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। परिवार को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दम्पति को मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी को कोट्टयम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां वह गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के उचित कारण का पता नहीं चल पाया है। इसके लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।-file photo
- पुणे. पूर्व केंद्रीय गृह सचिव माधव गोडबोले का सोमवार को महाराष्ट्र के पुणे शहर में उनके आवास पर हृदय गति रुकने से निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 85 वर्ष के थे। मार्च 1993 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने से पहले, गोडबोले ने केंद्रीय गृह सचिव के रूप में कार्य किया। उन्होंने केंद्र में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा शहरी विकास विभाग के सचिव और महाराष्ट्र सरकार के प्रमुख वित्त सचिव के रूप में भी काम किया था। गोडबोले ने नीतिगत फैसलों पर 20 से अधिक किताबें भी लिखी थीं। उनके परिवार में उनकी पत्नी सुजाता, पुत्र राहुल, पुत्री मीरा हैं।
-
औरंगाबाद (महाराष्ट्र). केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि संस्थानों में दी जा रही शिक्षा राजनीति से दूर होनी चाहिए और यह संस्थानों के संस्थापकों की राजनीतिक विचारधारा पर आधारित नहीं होनी चाहिए भले वे किसी भी पार्टी से जुड़े हों। उन्होंने कहा कि महान साहित्य राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य कर सकता है। गडकरी ने कहा कि लेखक, इतिहासकार और पत्रकार लोगों की मानसिकता में सकारात्मक बदलाव के लिए अहम भूमिका निभाते हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने यह विचार महाराष्ट्र के लातूर जिले के उदगिर में आयोजित तीन दिवसीय 95वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए रखे। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति में साहित्य बहुत महत्वपूर्ण है लेकिन साहित्य के मंच पर राजनीति नहीं खेलनी चाहिए। महान साहित्य राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र विकास का कार्य कर सकते हैं। लेकिन आजकल की समस्या है कि अच्छी और बुरी चीज हर क्षेत्र में है। कई शिक्षण संस्थान नेताओं के हैं लेकिन शिक्षा को निष्पक्ष होना चाहिए और ऐसे केंद्र उनके संस्थापकों द्वारा अनुकरण की जाने वाली राजनीतिक विचारधारा पर आधारित नहीं होनी चाहिए।'' गडकरी ने कहा, यह मायने नहीं रखता कि संस्थान का संस्थापक किस पार्टी का है, उसके संस्थान में शिक्षा निष्पक्ष और राजनीति से मुक्त होनी चाहिए।'' उन्होंने आमिर खान की हिंदी फिल्म ‘तारे जमीं पर''का उदाहरण देते हुए कहा कि फिल्म बताती है कि कैसे आदर्श शिक्षक होने चाहिए। गडकरी ने कहा, ‘‘अगर हम समाज की कुरीतियों को खत्म करना चाहते हैं तो हमें लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना होगा और इसमें लेखक, इतिहासकार और पत्रकार की अहम भूमिका है।'' उन्होंने कहा, अगर हम दुनिया में पहले स्थान पर देश को चाहते हैं तो हमें साहित्य, कविता, संगीत और इतिहास को पढ़ना होगा। उसके बाद ही सपने सच होंगे। देश में सामाजिक-आर्थिक सुधार की जरूरत है। व्यक्ति अपने गुणों से श्रेष्ठ है न कि जाति से।'' महाराष्ट्र सरकार में लातूर के प्रभारी मंत्री अमित देशमुख ने कार्यक्रम में कहा, भारत-चीन, असम सीमा विवाद और असम और अन्य इलाकों का समाधान किया जा रहा है तो महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद भी वार्ता से सुलझाया जा सकता है। केंद्र के साथ-साथ कर्नाटक और महाराष्ट्र सरकार को मिलकर समाधान के लिए काम करना चाहिए।
-
आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित होटल में एक न्यायिक अधिकारी (न्यायाधीश) की शादी के दौरान गहनों और पैसे का बैग चुराकर चोर भाग गये। थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार दहिया ने होटल से बैग चोरी होने की पुष्टि की है। दहिया ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह घटना शनिवार रात साढ़े 11 बजे की है। गहने का बैग दूल्हे की मां के पास था। मां जब वर-वधू को मंच पर आशीर्वाद देने के लिए गयीं, तो उन्होंने बैग को स्टेज पर ही रख दिया। हालांकि वर-वधू के साथ तस्वीर खिंचाकर वह लगभग दो मिनट बाद ही बैग लेने के लिए लौटीं, लेकिन तब तक बैग गायब हो चुका था। बैग में गहनों के अलावा शगुन की लिफाफे थे जिसमें पैसे थे। अचानक बैग के गायब होने से वैवाहिक कार्यक्रम में खलबली मच गयी। पुलिस को सूचना दी गयी। गाजियाबाद के शास्त्रीनगर में रहने वालीं डॉ.प्रभा रानी के बेटे हार्दिक की आगरा के सीनियर डॉक्टर राजीव बोहरा की बेटी से शनिवार को शादी थी। दूल्हा हार्दिक न्यायिक अधिकारी है। सदर थाना अंतर्गत एक होटल में विवाह का कार्यक्रम था। शनिवार रात 11.30 बजे जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। दूल्हे की मां डॉ.प्रभा के हाथ में गहनों का बैग था। वह शादी में आये मेहमानों द्वारा दिया गया शगुन भी इसी बैग में रख रही थीं। बैग चोरी होने के बाद शादी समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग को देखा गया, तो इसमें एक युवक बैग ले जाते हुए दिखा। इसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद से शादी समारोह की वीडियो ग्राफी करने आये युवक को अपने साथ ले गयी और उससे काफी देर तक पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। हाई प्रोफाइल मामला होने की वजह से पुलिस ने शादी में शामिल कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी। बैंड, वेटर, फोटोग्राफर, पगड़ी बांधने वालों को रात में बुलाकर पूछताछ की गयी। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
-
गिरिडीह. झारखंड के गिरिडीह जिले में रविवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत हो गयी जबकि पांच लोग घायल हुए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार को डुमरी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन डिवाइडर से जा टकराया, जिससे नरेश जैन नामक एक श्रद्धालु की मौत हो गई जोकि रांची के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गये जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। ये सभी पार्श्वनाथ मधुवन से एक धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर रांची वापस लौट रहे थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक अन्य घटना में बिरनी थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में आइसक्रीम बेचने वाले की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि एक मोटरसाइकिल सवार ने आइस्क्रीम बेचने वाले को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गयी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।












.jpg)














