- Home
- देश
-
सुपौल। बिहार के सुपौल में तीन साल के बच्चे का अपहरण के बाद हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों का दावा है कि पुरानी रंजिश के चलते अपहरण कर हत्या कर दी गई।
सदर एसडीपीओ इंद्र प्रकाश ने बताया कि घटना सदर थाना क्षेत्र के चकडुमरिया गांव की है। 15 मार्च को घर के पास खेल रहे तीन वर्षीय प्रिंस कुमार का अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसका शव उसके घर से कुछ दूर पर एक खेत में फेंका मिला था। नन्हे प्रिंस की हत्या के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। सदर एसडीपीओ इंद्र प्रकाश ने बताया कि मृतक बच्चे के परिजनों के मुताबिक प्रिंस अपने घर के पास खेल रहा था। इस दौरान अज्ञात लोगों ने उसको अगवा कर लिया और भाग निकले। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रिंस को मोटरसाइकिल पर बिठा कर ले जाते गांव के एक व्यक्ति को देखा। उनकी सूचना के आधार पर परिजनों ने 15 मार्च को सदर थाने में लिखित आवेदन देकर दो लोगों पर पंचायत चुनाव की रंजिश के कारण प्रिंस कुमार का अपहरण की शिकायत की थी। सदर एसडीपीओ इंद्र प्रकाश ने बताया कि इस मामले में देर रात आरोपी के बेटे को पकड़ा गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। -
चित्तौडग़ढ़। टैंकर और कंटेनर में भिड़ंत के बाद लगी आग में दो ड्राइवर जिंदा जल गए। वाहनों में लगी आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों को तीन घंटे से ज्यादा का समय लगा।
डीवाइएसपी शिप्रा राजावत ने बताया कि दुर्घटना चित्तौडग़ढ़ के भदेसर थाना क्षेत्र में शनिवार रात 10 बजे की बताई जा रही है। यहां से निकलने वाले नेशनल हाईवे पर चित्तौडग़ढ़ से उदयपुर की ओर से जा रहा कंटेनर डिवाइडर तोड़ दूसरी ओर से निकल रहे खाली टैंकर से जा भिड़ा। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। आग की लपटें चारों तरफ फैलने लगी और देखते ही देखते टैंकर और कंटेनर जलकर राख हो गए। रात को आग बुझाने के बाद वाहनों को साइड करने के लिए हाइड्रो मंगवाए गए। जिनकी सहायता से दो गाडिय़ों को साइड किया गया। इस दौरान पुलिस को दो लाशें दिखीं जो बुरी तरह जल गई थी। दोनों शवों को बाहर निकालकर भदेसर हॉस्पिटल में रखवाया गया।
डीवाइएसपी शिप्रा राजावत ने बताया कि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर आसपास के क्षेत्रों से 7 फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड जैसे ही आग बुझाने का प्रयास कर रही थी, उसी दौरान आग कम होकर अचानक से वापस बढऩे लग जाती थी। इसकी वजह से 2 से 3 घंटे तक फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। -
पटना। बिहार में 13 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ऐसा दावा किया जा रहा है कि होली के दिन शनिवार को भागलपुर में 4 और मधेपुरा में 3 लोगों की शराब पीने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुछ लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इधर, बांका में भी जहरीली शराब से 6 लोगों की मौत का भी दावा किया जा रहा है।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया कि भागलपुर के साहेबगंज के मामले में मृतक के परिजन जहरीली शराब पीने से मौत की वजह बता रहे हैं। यहां रात में ही तीनों शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। किसी का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि भागलपुर में मृतकों की पहचान विनोद राय, संदीप यादव, नीलेश कुमार, मिथुन कुमार के रूप में की गई है। सभी एक ही गांव के हैं। वहीं, अभिषेक कुमार की जहरीली शराब पीने से आंख की रोशनी चली गई है। मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभिषेक कुमार का साहेबगंज ससुराल था। वहीं मधेपुरा में मुरलीगंज प्रखंड मुख्यालय से सटे दिग्घी पंचायत के वार्ड 2 निवासी लोजपा प्रखंड अध्यक्ष (चिराग गुट) नीरज निशांत सिंह उर्फ बौआ (40), नागेंद्र सिंह के पुत्र परौकी सिंह (32) और मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड-9 निवासी संजीव रमानी (25) की मौत हुई है। इसमें परौकी सिंह की मौत शुक्रवार को हुई थी। -
औरंगाबाद। औरंगाबाद में दो बाइक की आपस में टक्कर हो गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग जख्मी हो गए। मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के पथरकट्टी निवासी 22 वर्षीय सुरेंद्र कुमार एवं हसपुरा थाना क्षेत्र के टनकुप्पी निवासी रणधीर कुमार के रूप में की गई। दुर्घटना में पथरकट्टी निवासी संतोष कुमार और भगवान कुमार घायल हैं। घायलों का इलाज दाऊदनगर के निजी हॉस्पिटल में चल रहा।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात पथरकट्टी निवासी सुरेंद्र कुमार अपने साथियों के साथ बाइक से अरंडा की ओर से घूमकर घर लौट रहे थे। वहीं, टनकुप्पी निवासी रणधीर कुमार बाइक से ओबरा जा रहे थे। इसी क्रम में किसी अज्ञात वाहन के चकमे से दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से रात्रि में ही उठाकर उन्हें दाउदनगर के एक निजी हॉस्पिटल में लाया गया, जहां के चिकित्सकों ने दो युवकों को अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर रेफर कर दिया। जिसके बाद अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों का इलाज दाउदनगर के निजी हॉस्पिटल अरविंद हॉस्पिटल में किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते रात में दाउदनगर थानाध्यक्ष गुफरान अली, एएसआई कृष्ण बल्लभ कुमार सिंह, ओबरा थाना के सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। -
नई दिल्ली।. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा ने सार्थक बातचीत की और दोनों देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को प्रोत्साहन देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। श्री मोदी और श्री किशिदा ने सम्मेलन में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। दोनों ने आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जिससे हिन्द प्रशांत क्षेत्र और उससे आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि की भागीदारी को बढावा दिया जा सके। भारत और जापान का विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी के दायरे में बहुआयामी सहयोग है।
शिखर सम्मेलन के बाद दोनों नेताओं ने एक बयान पर हस्ताक्षर किए।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी एक विज्ञप्ति में कहा कि आज भारत में दुनिया के लिए मेक इन इंडिया की असीमित संभावनाएं प्रस्तुत की हैं। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में जापानी कम्पनियां लम्बे समय से हमारी ब्रांड अम्बेसडर रही हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत की प्रमुख परियोजना जैसे कि समर्पित मालवहन गलियारा और मुम्बई -अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजनाएं उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा कि भारत और जापान सुरक्षित भरोसेमंद और स्थिर ऊर्जा आपूर्ति के महत्व को समझते हैं। उन्होंने कहा कि भारत जापान स्वच्छ ऊर्जा भागीदारी इस दिशा में निर्णायक कदम साबित होगी। उन्होंने इस पर प्रसन्नता व्यक्त की कि अगले पांच वर्ष में जापान भारत में पचास खरब येन या तीन दशमलव दो लाख करोड रुपये का निवेश करेगा।जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा ने कहा कि पूरी दुनिया आज के समय में विभिन्न बाधाओं से पीडित है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भारत और जापान की निकटतम भागीदारी आवश्यक है। श्री किशिदा ने कहा कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन में रूस के हमले पर बातचीत की है। जापानी प्रधानमंत्री ने इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय विधि के आधार पर शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार भारत में जापान की कम्पनियों को हरसंभव सहयोग देगी।जापान के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद श्री किशिदा की यह पहली भारत यात्रा है। 14वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता पहली बार मिल रहे हैं। रेल और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो दिन के भारत यात्रा पर आए श्री किशिदा का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। - बेंगलुरु। कर्नाटक सरकार ने शनिवार को कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन में रूस की गोलाबारी में मारे गए राज्य के एक मेडिकल छात्र का पार्थिव शरीर 21 मार्च को यहां हवाईअड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है और इसके लिए सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।खारकीव ‘नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी’ में मेडिकल के अंतिम वर्ष के छात्र नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर की एक मार्च को संघर्ष क्षेत्र में मौत हो गई थी।विदेश मंत्रालय (एमईए) ने नवीन के पार्थिव शरीर को लेने के लिए एक अंतिम संस्कार एजेंट नियुक्त किया था। सरकारी नोडल अधिकारी (यूक्रेन संकट) मनोज राजन ने एक बयान में कहा कि एजेंट ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसके बाद आवश्यक कागजी कार्यों को पूरा करके इसे वारसॉ (पोलैंड) ले जाया गया है।उन्होंने कहा कि इसके अलावा पोलैंड में भारतीय दूतावास और अंतिम संस्कार एजेंट ने पार्थिव शरीर को भारत ले जाने के लिए जरूरी सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है।राजन ने कहा, ‘‘संयुक्त सचिव, यूरेशिया, विदेश मंत्रालय ने सूचना दी है कि श्री नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर का पार्थिव शरीर 21 मार्च, 2022 को तड़के तीन बजे अमीरात उड़ान संख्या ईके0568 के माध्यम से कैम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है।’’ नवीन हावेरी जिले के रानेबेन्नूर तालुक के चलगेरी गांव के निवासी थे। सूत्रों के मुताबिक, उनके माता-पिता ने अंतिम श्रद्धांजलि देने के बाद दावनगेरे के एक निजी अस्पताल को शव दान करने का फैसला किया है।
- नयी दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आगाह किया कि महंगाई अभी और बढ़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से देश की जनता को महंगाई से बचाने के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया। राहुल गांधी ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने से पहले ही कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि ने गरीबों और मध्यम वर्ग को कुचल दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘यह (महंगाई) और बढ़ेगी क्योंकि कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल 100 डॉलर से अधिक है, खाद्य कीमतों में 22 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। कोविड ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को बाधित किया है।’’ पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि ‘‘भारत सरकार को अब कार्रवाई करनी चाहिए और लोगों को महंगाई से बचाना चाहिए।’’ सरकार ने सोमवार को जो आंकड़ा जारी किया है उसके मुताबिक कच्चे तेल और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि होने से खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में आठ महीने के उच्चतम स्तर 6.07 प्रतिशत पर पहुंच गई। इस दौरान थोक मूल्य आधारित मुद्रास्फीति बढ़कर 13.11 प्रतिशत हो गई। यूक्रेन पर 24 फरवरी को रूसी आक्रमण के बाद कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में वृद्धि ने थोक मूल्य सूचकांक पर विपरीत असर डाला है।
- चंडीगढ़। पंजाब में शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में एक महिला समेत आम आदमी पार्टी (आप) के दस विधायकों को शामिल किया गया। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने यहां पंजाब भवन में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन 10 मंत्रियों में से आठ पहली बार विधायक बने हैं। इन सभी ने पंजाबी भाषा में शपथ ली।हरपाल सिंह चीमा, हरभजन सिंह, डॉ विजय सिंगला, लाल चंद, गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रह्म शंकर जिम्पा, हरजोत सिंह बैंस और डॉ बलजीत कौर को शपथ दिलाई गई। कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित 18 पद हैं।पंजाब के राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में बुधवार को भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। आम आदमी पार्टी (आप) ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (शिअद)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-पंजाब लोक कांग्रेस-शिअद (संयुक्त) गठबंधन को पछाड़ते हुए 92 सीटें हासिल की हैं।
- तुमकुर। कर्नाटक के तुमकुर जिले में भीषण सड़क हादसे की खबर है। यहां पवगाडा जिले में शनिवार को एक यात्रियों से भरी हुई बस पलट गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कुछ छात्र भी शामिल हैं।तुमकुर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देने के बाद 60 यात्रियों को ले जा रही बस पलट गई। बस में सवार आठ यात्रियों की मौत हो गई। इनके कुछ छात्र भी शामिल हैं। मौके पर पुलिस की टीम और एंबुलेंस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
- गुवाहाटी। असम के शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने बृहस्पतिवार 17 मार्च को विधानसभा को बताया कि राज्य के सरकारी शिक्षण संस्थानों में प्राथमिक स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक में शिक्षकों के 21,300 पदों सहित 28,100 से अधिक पद खाली हैं। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के विधायक रफीकुल इस्लाम के एक सवाल के जवाब में पेगू ने कहा कि सरकार स्थिति से अवगत है और इन रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में शैक्षणिक संस्थानों के सभी स्तरों पर 21,344 शिक्षण पदों सहित कुल 28,190 रिक्तियां दर्ज की गई हैं। मंत्री ने कहा कि अपर और प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के 10,000 पद तथा उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 9,360 पद रिक्त हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में वर्तमान में 730 शिक्षण और 938 गैर-शिक्षण पद खाली पड़े हैं। शिक्षा मंत्री ने सदन को सूचित किया कि इसी तरह, असम के कॉलेजों में शिक्षकों के लिए 935 और अन्य कर्मचारियों के लिए 979 रिक्तियां हैं। पेगू ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में 319 शिक्षण और 967 गैर-शिक्षण पद वर्तमान में खाली हैं।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने फर्जी वीजा पर पेरिस की यात्रा करने का प्रयास कर रहे तीन भारतीय यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे पर पकड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 16 मार्च को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन पर हुई। उन्होंने बताया कि सीआईएसएफ कर्मियों को तीन यात्रियों पर शक हुआ जिसके बाद जर्मनी के दूतावास से उनके वीजा की जांच की गई। उन्होंने बताया कि दूतावास ने पुष्टि की कि उक्त यात्रियों के पासपोर्ट पर लगा वीजा फर्जी है। उन्होंने बताया कि यात्रियों को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया जिन्होंने उन पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है।
-
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने 18 मार्च को असम, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड और त्रिपुरा से द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने असम से पबित्रा मार्गेरिटा, हिमाचल प्रदेश से डॉक्टर सिकंदर कुमार, नगालैंड से श्रीमती एस फांगनोन कोन्याक और त्रिपुरा से (प्रोफेसर) डॉक्टर माणिक साहा को मैदान में उतारा है।
पंजाब की पांच सीटों, केरल की तीन सीटों, असम की दो सीटों और हिमाचल प्रदेश, नागालैंड और त्रिपुरा की एक-एक सीट के लिए द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव इस महीने की 31 तारीख को होने हैं। 21 मार्च तक नामांकन दाखिल किये जा सकते हंै।

-
नई दिल्ली। भारत और जापान के बीच 14वीं शिखर वार्ता आज शाम नई दिल्ली में होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर, जापान के प्रधानमंत्री किशिदा फुमियो भारत-जापान वार्षिक शिखर वार्ता के लिए आज शाम नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। दोनों देशों के बीच पिछली वार्षिक शिखर वार्ता अक्तूबर 2018 में तोक्यो में हुई थी।
-
नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जैव-रासायनिक हथियार संधि को सच्ची भावना से लागू करने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी उप-प्रतिनिधि आर.रवीन्द्र ने कहा कि एक वैश्विक और गैर-भेदभावकारी निरस्त्रीकरण संधि होने के कारण भारत इसे बहुत महत्वपूर्ण मानता है। इस निरस्त्रीकरण संधि के तहत जैव-रासायनिक हथियारों को प्रतिबंधित किया गया है।
इस बीच,यूक्रेन की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए भारत ने रूस और यूक्रेन के बीच ताजा दौर की राजनयिक बातचीत का स्वागत किया। श्री रवीन्द्र ने कहा कि इस संकट का समाधान शत्रुतापूर्ण रवैये को तुरन्त समाप्त करने और बातचीत तथा राजनयिक समाधान का मार्ग अपनाने से ही हो सकता है। - नयी दिल्ली। दक्षिण पूर्व एशिया और यूरोप के कुछ हिस्सों में कोरोना वायरस के फिर से सिर उठाने का हवाला देते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि वे इंफ्लूएंज़ा-जैसी बीमारी और श्वसन संबंधी गंभीर संक्रमण की फिर से निगरानी शुरू करें ताकि किसी भी तरह के शुरुआती संकेत नज़रअंदाज़ नहीं हो सकें और कोविड नियंत्रण में रहे। इंफ्लूएंजा-जैसी बीमारी (आईएलआई) और श्वसन संबंधी गंभीर संक्रमण (एसएआरआई) के मामलों की जांच सरकार के लिए कोविड प्रबंधन के स्तंभ रहे हैं। बहरहाल, इसकी जांच हाल में रोक दी गई थी, क्योंकि भारत में कोविड-19 के मामले कम आ रहे हैं। निगरानी बढ़ाने के तहत आईएलआई और एसएआरआई से पीड़ित अस्पताल में भर्ती मरीजों की कोविड जांच कराई जाएगी और संक्रमित नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा जाएगा।केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक पत्र में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि कोविड के स्वरूपों का समय पर पता लगाने के लिए पर्याप्त संख्या में नमूने आईएनएसएसीओजी नेटवर्क में जमा कराएं। उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार जांच जारी रखने, सभी सावधानियों का पालन करने और आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को फिर से शुरू करते समय सतर्कता नहीं छोड़ने पर भी जोर दिया। भूषण ने पत्र में कहा कि अगर मामलों के नए कलस्टर उभर रहे हैं तो प्रभावी निगरानी की जाए और आईएलआई एवं एसएआरआई मामलों की नियमों के तहत जांच की जाए और उनपर नजर रखी जाए ताकि किसी भी तरह के शुरुआती संकेत नज़रअंदाज़ न हों और कोविड संक्रमण का प्रसार नियंत्रण में रहे।उन्होंने कहा कि राज्य मशीनरी को आवश्यक जागरूकता पैदा करनी चाहिए और कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन सुनिश्चित कराना चाहिए। भूषण ने पत्र में कहा दक्षिण पूर्व एशिया और यूरोप के कुछ देशों में कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी होने के मद्देनजर 16 मार्च को स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें राज्यों को नमूनों का जीनोम अनुक्रमण कराने और कोविड की स्थिति की गहन निगरानी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई।
- कोझिकोड (केरल)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि मीडिया लोगों के जीवन को बदलने में सकारात्मक भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, योग, स्वास्थ्य और ‘बेटी बचाओ बेटी पढाओ’ जैसी सरकार की महत्वाकांक्षी पहलों को बढ़ावा देने में चौथे स्तंभ के योगदान की सराहना की ।प्रधानमंत्री ने प्रमुख मलयालम दैनिक ‘मातृभूमि’ के शताब्दी वर्ष समारोह का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन करते हुए कहा, ‘‘ मैंने देखा है कि मीडिया का सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। स्वच्छ भारत मिशन का उदाहरण जगजाहिर है। प्रत्येक मीडिया घराने ने इस मिशन को बड़ी गंभीरता से लिया है।’’उन्होंने कहा कि मीडिया ने योग, स्वास्थ्य और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ जैसी पहलों को लोकप्रिय बनाने में बहुत उत्साहजनक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ये राजनीति और राजनीतिक दलों के क्षेत्र से बाहर के विषय हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ये पहल आने वाले वर्षों में एक बेहतर राष्ट्र बनाने के बारे में हैं।’’केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन और राज्य के पर्यटन मंत्री पी ए मोहम्मद रियास सहित गणमान्य व्यक्तियों ने इसमें भाग लिया। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में दुनिया को भारत से कई उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब कोविड-19 महामारी आई, तो यह अनुमान लगाया गया था कि भारत चीजों को अच्छी तरह से नहीं संभाल पाएगा, लेकिन भारत के लोगों ने इन आलोचकों को गलत साबित कर दिया।’’
- मुंबई. निजी क्षेत्र को आर्थिक सुधार की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करते हुए रिजर्व बैंक ने एक लेख में कहा है कि आम बजट 2022-23 में बुनियादी ढांचे को पहली प्राथमिकता देने के फायदे कई वर्षों तक मिलेंगे। लेख में कहा गया कि महामारी के बाद ऋण समेकन मुख्य रूप से सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि पर निर्भर करेगा, इसे राजकोषीय समेकन द्वारा पूरा करने की जरूरत है। रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर माइकल देवव्रत पात्रा के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम द्वारा लिखे गए लेख में कहा गया है, ‘‘इस संदर्भ में, 2022-23 के लिए केंद्र के जीएफडी (सकल राजकोषीय घाटा) में 0.4 प्रतिशत अंक की कमी एक प्रमुख शुरुआती बिंदु है और राज्यों को इसका मिलान करने की आवश्यकता है।'' वित्त मंत्री सीतारमण द्वारा संसद में एक फरवरी को पेश किए गए आम बजट में सरकार के पूंजीगत व्यय को 35.4 प्रतिशत बढ़ाकर 7.5 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव किया गया था। लेख में बजट का जिक्र करते हुए कहा गया है, ‘‘हमारी गणना से पता चला है कि बुनियादी ढांचे को पहली प्राथमिकता देने की इस रणनीति के फायदे कई वर्षों तक मिलेंगे, जो 2025-26 में चरम पर होगा।'' लेख में कहा गया कि ऐसे में यह निजी निवेश को बढ़ावा देने और पुनरुद्धार की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सही वक्त है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि लेख में व्यक्त विचार लेखकों के हैं और जरूरी नहीं कि वे रिजर्व बैंक के विचारों का प्रतिनिधित्व करते हों।
- चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को ऐलान किया कि उनकी सरकार 23 मार्च को भ्रष्टाचार रोधी एक हेल्पलाइन जारी करेगी, ताकि लोग रिश्वत मांग रहे या अन्य कदाचार में संलिप्त रहने वाले भ्रष्ट अधिकारियों का उस पर वीडियो ‘अपलोड' कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनका ‘‘व्यक्तिगत हेल्पलाइन नंबर'' है। मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि वह राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार सुनिश्चित करेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मान की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में भ्रष्टाचार का सफाया कर दिया और अब मान तथा उनके (मान के) मंत्री पंजाब में एक ईमानदार सरकार चलाएंगे। मान ने एक वीडियो संदेश में, लोगों को याद दिलाया कि जब आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में सत्ता में आई थी, तब लोगों से भ्रष्ट अधिकारियों के ऑडियो या वीडियो मुहैया करने को कहा गया था। उन्होंने दावा किया, ‘‘इससे दिल्ली में भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म हो गया। ''पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आने वाले समय में, हम एक ऐसा हेल्पलाइन नंबर जारी करेंगे, जो मेरा व्यक्तिगत व्हाट्सएप नंबर होगा। यदि कोई आपसे रिश्वत मांगेगा, तो इससे इनकार नहीं करें। इसका एक वीडियो या ऑडियो रिकार्ड कर लें और इस नंबर पर भेज दीजिए। मैं आपको गारंटी देता हूं कि हमारा कार्यालय इसकी पड़ताल करेगा और कोई भ्रष्ट व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा तथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मान ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह की पुण्यतिथि पर 23 मार्च को जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंजाब के इतिहास में एक बड़ी घोषणा होगी।वहीं, केजरीवाल ने ऑनलाइन ब्रीफिंग में कहा, ‘‘अगली बार, यदि कोई आपसे रिश्वत मांगता है, तो इनकार नहीं करें। अपना मोबाइल फोन निकालिए और इसे रिकार्ड कर उस नंबर पर भेज दीजिए, जो जारी किया जाएगा। यह उनका (मान का) व्यक्तिगत व्हाट्स ऐप नंबर होगा। हम उस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।'' केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में 49 दिनों वाली अपनी पहली सरकार के दौरान इसी तरह का कदम उठाया था। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने पहली बार सरकार बनाई थी, तो मैंने भी एक व्हाट्स ऐप नंबर जारी किया था और उन 49 दिनों के दौरान, हमने 30-32 अधिकारियों को जेल भेजकर उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। दिल्ली में भ्रष्टाचार का सफाया कर दिया गया और फोन आम आदमी को सशक्त करने का सबसे बड़ा औजार बन गया।'' दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘देश की आजादी को 75 साल हो गये हैं, लेकिन हमें अब तक रिश्वत देना पड़ता है। आम आदमी पार्टी पहली ऐसी पार्टी है, जो एक ईमानदार सरकार चला रही है। केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं और मेरे मंत्री, मान और उनके मंत्री भ्रष्ट नहीं हैं। हम ‘हफ्ता' नहीं चाहते। जिस तरह हमने दिल्ली में भ्रष्टाचार का सफाया कर दिया, हम पंजाब में भी उसी तरह से भ्रष्टाचार का उन्मूलन कर देंगे।'' उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।आप नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उल्लेखनीय है कि आप ने हालिया पंजाब विधानसभा चुनावों में 117 सीटों में 92 पर जीत हासिल की थी।
- नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा तैयार एक मसौदा दिशानिर्देश के मुताबिक, पाठ्यक्रम की अवधि के दौरान एक विषय से दूसरे विषय में जाने की सुविधा और हासिल किये गये क्रेडिट की संख्या के आधार पर प्रमाणपत्र, डिप्लोमा या डिग्री के साथ कभी भी ‘एंट्री या एग्जिट' करना आदि चार वर्षीय अंतर-स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) की विशेषताएं हैं। ‘चार वर्षीय अंतर-स्नातक कार्यक्रम के लिए पाठ्य ढांचा एवं क्रेडिट प्रणाली' शीर्षक वाला मसौदा प्रथम तीन सेमेस्टर के लिए प्राकृतिक विज्ञान, मानविकी और सामाजिक विज्ञान में एक साझा प्रारंभिक पाठ्यक्रम का प्रस्ताव करता है, भले ही छात्र किसी भी विषय में विशेषज्ञता करने का विकल्प क्यों नहीं चुनते हों। इसमें क्षेत्रीय भाषा, अंग्रेजी, योग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा एनालिटिक्स सहित अन्य विषय शामिल हैं। मसौदा के मुताबिक, हस्तांतरित की जाने वाले क्रेडिट आधारित एक प्रणाली ने 160 क्रेडिट के साथ चार वर्षीय अंतर-स्नातक कार्यक्रम का प्रस्ताव किया है, जिसमें कक्षा में 15 घंटों की शिक्षा के लिए एक क्रेडिट मिलेगा। तीसरे वर्ष में, छात्र को एक ऐसा विषय चुनना होगा जिसमें वह विशेषज्ञता हासिल करना चाहते हैं। छात्र राजनीतिक विज्ञान से लेकर खगोल विज्ञान तक के विषयों को चुन सकते हैं। अंतिम दो सेमेस्टर में, छात्र को अपने मुख्य विषय के आधार पर शोध कार्य करना होगा।यूजीसी ने सिफारिश की है कि एक सेमेस्टर 90 कामकाजी दिवस का होगा और एक अकादमिक वर्ष को दो सेमेस्टर में बांटा जाएगा। मसौदा के मुताबिक, ‘‘प्रत्येक कामकाजी सप्ताह में शिक्षण के 40 घंटे होंगे और ग्रीष्मकालीन पाठ्यक्रम त्वरित आधार पर कराया जा सकता है ताकि छात्र 99 दिनों में या 100 से 199 दिनों में पहले से शेष रहे पाठ्यक्रम पूरा कर सकें। '
- लंदन. सार्स-कोव-2 वायरस के कारण होने वाली कोविड-19 बीमारी को लेकर किए गए एक अध्ययन में पता चला है कि प्रसव से पहले या बाद में बच्चे को उसकी मां से संक्रमण का खतरा बेहद कम है। बीएमजे में प्रकाशित एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। अनुसंधानकर्ताओं ने पाया है कि संक्रमित माता से जन्मे बच्चे जो कोविड की चपेट में आए उनकी संख्या दो फीसदी है। हालांकि माता के कोविड-19 के गंभीर संक्रमण की चपेट में आने या प्रसव के बाद संक्रमित होने की स्थिति में बच्चे को कोरोना वायरस होने का खतरा अधिक है। ब्रिटेन के बर्मिंघम विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में एक टीम ने अनुसंधान में पाया है कि सामान्य चिकित्सा प्रक्रिया के तहत जन्म लेने वाले बच्चों और स्तनपान करने वाले बच्चों को अपनी मां से संक्रमित होने का खतरा भी कम है। शोधकर्ताओं ने पूरी दुनिया से आंकड़े एकत्र किए हैं और ऐसे 14 हजार से अधिक बच्चों की निगरानी की है, जिन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित मां ने जन्म दिया। शोधकर्ताओं के मुताबिक अध्ययन में शामिल किए गए 14,271 बच्चों में से केवल 1.8 प्रतिशत बच्चे ही सार्स-कोव-2 से संक्रमित पाए गए। शोधकर्ताओं ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान टीकाकरण को और अधिक प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि गर्भवती महिलाओं में संक्रमण और गंभीर बीमारी को रोका जा सके।
- नयी दिल्ली. साल का पहला चक्रवात असानी दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है और शुक्रवार से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने की उम्मीद है, हालांकि पूर्वी तटीय इलाकों में बारिश नहीं होगी। अपने पहले उत्पत्ति-पूर्व मार्ग और तीव्रता पूर्वानुमान में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि मंगलवार को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 19 मार्च की सुबह तक पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा और फिर उत्तर की ओर बढ़ेगा और 20 मार्च तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तक पहुंचेगा। कम दबाव का क्षेत्र शनिवार तक अच्छी तरह से चिन्हित निम्न दबाव वाले क्षेत्र में, फिर और बढ़कर रविवार तक अंडमान व निकोबार द्वीप समूह पर 55-65 किमी प्रति घंटे से 75 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ एक दबाव में बदल जाने की संभावना है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि मौसम प्रणाली के सोमवार को चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा, “इसके बाद, इसके लगभग उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और 22 मार्च की सुबह के आसपास बांग्लादेश-उत्तर म्यांमा तटों के पास पहुंचने की आशंका है।” एक बार जब यह प्रणाली चक्रवात में बदल जाती है, तो इसका नाम असानी रखा जाएगा, यह नाम श्रीलंका द्वारा सुझाया गया है।
- लखनऊ. होली के त्यौहार को यादगार बनाने के लिए हर कोई कुछ अनूठा करना चाहता है, पर कभी आपने सोचा है कि आपकी होली पर डाक टिकट भी जारी हो सकता है। हां, यह मुमकिन है। वाराणसी परिक्षेत्र के महा डाकपाल कृष्ण कुमार यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि डाक विभाग की 'माई स्टैम्प' सेवा के तहत लोग होली पर अपनी तस्वीर के साथ यादगार रूप में डाक टिकट भी जारी करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पाँच रुपए के डाक-टिकट, जिस पर होली के रंगों से सराबोर आपकी तस्वीर होगी, वह देश भर में कहीं भी भेजी जा सकती है। इस डाक टिकट पर बाक़ायदा हिंदी और अंग्रेजी में ‘होली' भी लिखा होगा मात्र 300 रुपए के खर्च में 12 डाक-टिकटों की एक शीट प्रधान डाकघर स्थित फिलेटलिक ब्यूरो में बनवाई जा सकती है। यादव ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी कुछ नया चाहती है! ऐसे में नए जन्मे बच्चों की पहली होली हो या नवयुगल की पहली होली हो, अथवा होली में एक साथ इकट्ठा हुए संयुक्त परिवार की यादगार होली हो, इन सब पर 'माई स्टैम्प' के माध्यम से डाक टिकट जारी किया जा सकता है। गौरतलब है कि डाक विभाग द्वारा शुभ विवाह, सालगिरह से लेकर जन्मदिन तक के चित्रों पर 'माई स्टैम्प' के माध्यम से डाक टिकट जारी किये जाने की सुविधा प्रदान की जा रही है।
- नयी दिल्ली. भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने ऐसे रसोई गैस (एलपीजी) उपभोक्ताओं जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है, के लिए ‘वॉयस' आधारित डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू की है। बीपीसीएल ने आवाज या वॉयस के जरिये डिजिटल भुगतान सुविधा की पेशकश करने के लिए अल्ट्राकैश टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है। इसके साझेदारी के तहत भारतगैस के उपभोक्ता ‘यूपीआई 123 पे' के जरिये रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं और उसका भुगतान भी कर सकते हैं। कंपनी ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा, ‘‘इस सुविधा की शुरुआत से ग्रामीण इलाकों में भारतगैस के चार करोड़ उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।'' भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास द्वारा पिछले सप्ताह यूपीआई 123पे शुरू करने की घोषणा के बाद अपने उपभोक्ताओं को यह सेवा देने वाली बीपीसीएल देश की पहली कंपनी है। इस साझेदारी के जरिये भारतगैस के ग्राहक बिना इंटरनेट वाले मोबाइल से एक सामान्य नंबर 080-4516-3554 पर कॉल कर, भारतगैस के सिलेंडर को बुक कर सकेंगे। वे इसके जरिये भुगतान भी कर सकते हैं।
-
आगरा। रामबाग पुल पर दर्दनाक हादसा हो गया। रोडवेज बस के पीछे चल रहे एक्टिवा सवारों को पीछे से आ रही कार ने रौंद दिया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों घायलों का एसएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि रामबाग यमुना पुल के पास रोडवेज के पीछे चल रहे एक्टिवा सवार को कार ने टक्कर मार दी। रोडवेज बस चालक ने ब्रेक मारा तो पीछे चल रहे एक्टिवा के चालक ने भी ब्रेक लगा ली। इसी बीच पीछे से आ रही कारके चालक पूरी तरह ब्रेक नहीं लगा पाया। एक्टिवा सवार लोग कार और बस के बीच में बुरी तरह फंस गए। हादसे में चंद्रभान निवासी शीतला रोड खंदारी, न्यू आगरा की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक युवक एवं एक युवती गम्भीर रूप से घायल हैं। थाना एत्माददुद्दौला पुलिस ने घायलों को एसएन अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
- नोएडा (उत्तर प्रदेश) .उत्तर प्रदेश के दनकौर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। दनकौर रेलवे स्टेशन में जीआरपी पुलिस चौकी के प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि दादरी की दौलत राम कॉलोनी निवासी राजकुमार (29) दनकौर रेलवे स्टेशन के पास बीती रात को ट्रेन की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






.jpg)




















