- Home
- देश
-
मुंबई। पालघर जिले के वसई में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) द्वारा चलाये गये एक अभियान में पांच करोड़ रुपये मूल्य से अधिक की हेरोइन जब्त की गई और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एटीएस की जुहू और ठाणे इकाइयों की संयुक्त टीम ने शनिवार को छापेमारी की और इस दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5.17 करोड़ रुपये मूल्य की 1,724 ग्राम हेरोइन, 2.6 लाख रुपये नकदी, दो मोबाइल फोन आदि जब्त किये गये। उन्होंने कहा कि इस मामले में दो आरोपियों उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी अलीम अख्तर (46) और छोटा नासिर (40) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक व्यक्ति वांछित है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों अख्तर और नासिर को 15 फरवरी तक एटीएस की हिरासत में भेजा गया है।
-
गाजियाबाद (उप्र)। लोनी के पूर्व पार्षद करन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी मिंटू को गिरफ्तार किया है, जो मृतक का साला है। पुलिस ने कहा कि आरोपी मिंटू ने 57 वर्षीय सिंह की शुक्रवार की सुबह कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि सिंह ने आरोपी मिंटू की दत्तक बेटी की शादी उसके प्रेमी से कराने में सहयोग किया था। प्रेमी जोड़े ने घर से भागकर शादी रचाई पर सिंह ने उनके ठिकाने की जानकारी किसी को नहीं दी, इसे लेकर आरोपी मिंटू नाराज था। गाजियाबाद (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक इराज राजा ने कहा कि आरोपी मिंटू ने वर्ष 2000 में अपने बड़े भाई की मौत के बाद उसकी पत्नी से शादी की थी और भाई के सभी बच्चों को गोद लिया था, जिसमें वह लड़की भी शामिल थी जिसने भागकर शादी की थी। पुलिस ने कहा कि सिंह ने आरोपी मंटू को यह नहीं बताया था कि उसकी दत्तक पुत्री शादी के बाज कहां छिपी है। राजा ने कहा कि आरोपी मिंटू ने सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार पुलिस ने बरामद कर लिया है। -
सहारनपुर। उतरप्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना गागलहेडी इलाके से पुलिस ने प्रतिबंधित खैर की लकड़ी बरामद की है जिसका वजन 11050 किलो है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि बरामद लकड़ी की कीमत 20 लाख रूपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों बिलाल ओर शावेज को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह लकड़ी किसे बेची जानी है । -
रीवा। रीवा जिले के चाकघाट थाना अंतर्गत कोरावं गांव में दो दिन पहले हुई हत्या का खुलासा हो गया है। चाकघाट थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर के अनुसार 40 साल की महिला को 25 साल के युवक से प्यार हो गया। पुराना प्रेमी रास्ते में रुकावट बन रहा था। ऐसे में नए प्रेमी के साथ मिलकर पुराने प्रेमी को गोली मरवाकर हत्या करा दी। चाकघाट पुलिस ने आरोपी महिला व उसके नए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की बाइक, 1 देसी कट्टा, 3 कारतूस के खाली खोखे, 2 मोबाइल जब्त किए हैं।
चाकघाट थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि 3 फरवरी को फरियादी संतलाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि राकेश 2 फरवरी की शाम को घर से निकला था। वह रात से वापस घर नहीं आया। इसी बीच तीन फरवरी की सुबह उसकी लाश कोरावं में नहर किनारे सड़क पर पड़ी मिली थी, जिसकी हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर कर दी गई है।
एसएसपी नवनीत भसीन ने 4 फरवरी को घटनास्थल का निरीक्षण किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिशा निर्देश दिए थे। मुखबिर की सूचना पर संदेही आरोपी अशोक मांझी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में बताया कि प्रेम संबंध के चलते उसने और आरोपी अनीता ने प्लान बनाकर राकेश आदिवासी की गोली मारकर हत्या की थी।
त्रिकोणीय प्रेम संबंध में हत्या
थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि आरोपी अशोक मांझी (25) निवासी गन्था, आरोपी अनीता (40) निवासी रायपुर बस्ती सोनौरी थाना सोहागी ने त्रिकोणीय प्रेम संबंध में राकेश (30) निवासी कोरावं की हत्या करा दी थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। -
नागौर। नागौर से गुजर रहे नेशनल हाईवे 62 पर रविवार देर रात दो कारों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दौरान दो लोगों की मौत हो गई। एक महिला सहित 3 लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाए। घायलों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
ये भीषण हादसा ओवरटेक के दौरान हुई गलती से हुआ। एक कार ट्रॉले को तेज रफ्तार में ओवरटेक कर रही थी। जो सामने से आ रही दूसरी कार से जाकर टकरा गई। खींवसर एसएचओ गोपालकृष्ण चौधरी ने बताया कि नोखा जोधा निवासी पोकरराम जाट अपनी पत्नी सुगना और पुत्र सुमित जाट के साथ कार में नोखा जोधा से जोधपुर जा रहे थे। तभी जोधपुर से आ रही कार से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में पोकरराम जाट, सुगना, सुमित जाट और दूसरी कार में सवार नागौर निवासी गोविंद पुत्र सोहनलाल व एक अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को खींवसर सीएचसी पहुंचाया गया। जहां पोकर राम की मौत हो गई। -
रायबरेली। रायबरेली में बीती रात एक अनियंत्रित कार पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई, जिससे एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, कार में सवार 3 युवकों ने जैसे-तैसे कूद कर जान बचाई। घटना गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के कलौली गांव की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायबरेली से लालगंज की ओर तेज रफ्तार कार जा रही थी। कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर रास्त नहीं दिखने पर वो पुलिया से टकरा गई। टक्कर से कार में भीषण आग लग गई। इस दौरान कार में सवार 4 लोगों में से एक की जिंदा जलकर मौके पर मौत हो गई, वहीं 3 मौके से निकलने पर कामयाब रहे। -
सुलतानपुर। यूपी के सुलतानपुर के लंभुआ में सोमवार सुबह प्रयागराज हाइवे पर भीषण हादसा हो गया है। दुर्गापुर चौराहे पर ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंगा स्नान करने जा रहे परिवार के पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि सास-बहू गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। इसमें कार में पीछे बैठे लंभुआ कस्बा निवासी व डॉ. अतुल कुमार बरनवाल और चालक के बगल में बैठे उनके पिता सत्येंद्र वरनवाल की मौत हो गई।
-
जौनपुर। यूपी के जौनपुर में एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई, जिसमें उसके दो जुड़वा बच्चों की मौत हो गई। लोगों ने महिला को जिंदा बाहर निकाल लिया। तीसरी बच्ची की तलाश जारी है। साथ ही दोनों जुड़वा बच्चों के शव बाहर निकाले गए। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है।
पुलिस ने बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अगहुआ निवासी छोटेलाल की बेटी अंतिमा (32) की शादी पांच साल पहले चकमैथा डमरुआ निवासी सतीश से हुई थी। वह मुंबई में काम करता है। 15 दिन पहले ही अंतिमा ससुराल से आई थी। रविवार शाम 6 बजे वह अपने घर से बेटी त्रिशा(4) और जुड़वा बेटे अतुल और अनुज को लेकर घर से निकली। वह कुछ दूरी पर स्थित कुएं पर पहुंची और बेटी को धकेल दिया और दोनों बेटों को लेकर कुएं में कूद गई। पास में घास काट रहे छोटे लाल ने कुएं में कुछ गिरने की आवाज सुनी तो दौड़ पड़े। लोगों ने अंतिमा को बाहर निकाला। इसके बाद कुएं में देखा तो जुड़वां बेटों के शव पानी में उतराए थे। बेटी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। -
कानपुर। कानपुर में आयकर विभाग के ताबड़तोड़ छापे जारी हैं। रविवार देर रात छापेमारी के क्रम में इस बार शहर के नामी ज्वैलर्स के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई। टीम ने एक सर्राफा व्यापारी के प्रतिष्ठान सोना चांदी ज्वैलर्स पर छापा मारा। छापेमारी योजनाबद्ध थी। सूत्रों के अनुसार, जांच पड़ताल में टीम को कई अनियमितताएं मिलीं। जांच में 3 करोड़ रुपए नगद भी मिले हैं।
-
गया। गया के पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के ईस्ट केबिन के निकट गया से जा रही स्पेयर ट्रेन की तीन बोगियां डिरेल हो गईं। स्पेयर ट्रेन में एक भी सवारी नहीं होने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे करीब 3 घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब पांच बजे गया-कोडरमा रेलखंड पर पहाड़पुर रेलवे स्टेशन यार्ड एमटी कोचिंग रेक का इंजन छठे कोच से लेकर तीन बोगियां बेपटरी हो गई। इससे पटरी के किनारे बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेन के बेपटरी होने के पूर्व जबर्दस्त शॉर्ट सर्किट हुआ था। इसके बाद ही ट्रेन की बोगियां बेपटरी हुईं। बिजली के शॉट सर्किट होने से पहाड़पुर स्टेशन अंधेरे में डूबा है। वहीं, ट्रेन के डिरेल होने की वजह से अप और डाउन दोनों दिशा की ट्रेनों का परिचालन जहां-तहां ठप कर दिया गया है। साथ ही रेल लाइन क्लियर करने का काम तेजी से किया जा रहा है। मुंबई मेल भी बाधित हो गई है। उसे गया जंक्शन पहुंचने में वक्त लग सकता है। ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया है। - चतरा (उप्र)। रेलवे और वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रूपये की ठगी करने के आरोप में अन्तर्राज्यीय ठग गिरोह का चतरा पुलिस ने पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । चतरा के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित सदर थाना पुलिस की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई की और इस गिरोह का भंडाफोड़ कर पांचो ठग आरोपियों को धर दबोचा। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान अजय मौर्य, शुभम त्रिपाठी, ऋषिकेश कुमार, अमरजीत कुमार तथा अमित कुमार के रूप में की गयी है और ये सभी उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं । उन्होंने बताया कि इन लोगों ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रेलवे व चतरा में वन विभाग में नौकरी के नाम पर चतरा के युवकों से साढ़े दस लाख रुपये की ठगी की है । उन्होंने बताया कि ठगों की गिरफ्तारी सदर थाना क्षेत्र के ऊंटा मोड़ क्षेत्र से हुई है और उनके पास से फर्जीवाड़े व ठगी में प्रयुक्त विभिन्न कंपनियों के सात मोबाइल फोन, फर्जी नियुक्ति पत्र, पैसा लेनदेन से संबंधित दस्तावेज और एक गाड़ी बरामद की गयी है। उन्होंने बताया कि पीडि़तों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है ।
- नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रोड शो, पद यात्राओं और साइकिल तथा वाहन रैलियों पर प्रतिबंध बढ़ा दिया है, लेकिन चुनाव के लिए परिसरों के अंदर और खुले में राजनीतिक सभाओं के नियमों में ढील दी है।आयोग ने कहा है कि परिसरों के अंदर और खुले में बैठकों और रैलियों के लिए प्रतिबंधों में कुछ शर्तों पर ढील दी गई है। इनके तहत हॉल के अंदर होने वाले आयोजनों में भाग लेने वाले व्यक्तियों की संख्या हॉल की क्षमता के अधिकतम 50 प्रतिशत और खुले मैदान के 30 प्रतिशत तक सीमित होगी। घर-घर जा कर प्रचार के लिए व्यक्तियों की सीमा पहले की तरह 20 ही रहेगी। चुनाव प्रचार का समय भी सवेरे 8 बजे से रात 8 बजे तक ही रहेगा।
- झुमरी तिलैया (झारखंड)। झुमरी तिलैया संगीत प्रेमियों के लिए एक जाना पहचाना नाम है। झारखंड में प्रकृति की गोद में बसे इस कस्बे ने नयनाभिराम झीलों के दृश्य से प्रकृति प्रेमियों के बीच एक अलग पहचान बनाई है। इस छोटे से कस्बाई शहर को 1950 के दशक की शुरुआत में रेडियो सीलोन और आकाशवाणी ने भी खासी प्रसिद्धि दिलाई।आकाशवाणी के विविध भारती पर उस समय फरमाइशी गानों के कार्यक्रम में झुमरी तिलैया से सबसे अधिक महान गायिका लता मंगेशकर द्वारा गाए गानों को बजाने की मांग की जाती थी। पीढिय़ों से संगीत को परिभाषित करने वाली भारत कोकिला के निधन की खबर जैसे ही इस छोटे से शहर में पहुंची, देवी सरस्वती की पूजा के लिए बने पंडालों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में लाउडस्पीकरों से लता दीदी के गाने बजाए जाने लगे। लोग सड़कों पर गमगीन नजर आ रहे थे।भारत के अधिकतर हिस्सों में भले ही आज रेडियो की जगह टेलीविजन ने ले ली हो , लेकिन झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 165 किलोमीटर दूर झुमरी तिलैया में आज भी सड़क किनारे ढाबों, छोटी दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में रेडियो सेट पर गाने सुनने के शौकीन मिल जाएंगे। रेडियो सीलोन पर अमीन सयानी और विविध भारती पर अन्य उद्घोषकों को अक्सर यह घोषणा करते सुना जाता था- अगली फरमाइश है झुमरी तिलैया से। जब रेडियो लोकप्रिय हो गए, तो इस कस्बे में पोस्टकार्ड पर गाने के लिए अनुरोध भेजना लोगों का एक प्रमुख शौक बन गया।झुमरी तिलैया के एक खदान मालिक, रामेश्वर प्रसाद बरनवाल ने रेडियो सीलोन पर अमीन सयानी के बिनाका गीतमाला कार्यक्रम के लिए फरमाइशों ं के साथ पोस्टकार्ड भेजना शुरू किया, जिससे शहर के अन्य लोग भी पोस्टकार्ड भेजने को लेकर प्रेरित हुए। जल्द ही झुमरी तिलैया में रेडियो प्रेमियों ने एक छोटा रेडियो श्रोताओं का क्लब बना लिया।क्षेत्र के एक प्रमुख उद्योगपति राहुल मोदी के दादा रामेश्वर मोदी उस समय अभ्रक के प्रमुख कारोबारी थे। राहुल ने बताया, मेरे दादा और अन्य लोग एक-दूसरे के साथ शर्त लगाते थे, किसके नाम की घोषणा संगीत के फरमाइशी कार्यक्रम में की जाएगी। राहुल मोदी ने कहा कि ज्यादातर फरमाइशें लता मंगेशकर के गानों की होती थी। उन्होंने कहा, यह क्षेत्र के लिए एक दुखद दिन है। यह बहुत बड़ी क्षति है... झुमरी तिलैया और लता दीदी के गीत का रिश्ता अटूट है। संयुक्त राष्ट्र की संस्था के एक प्रमुख चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार ने कहा, झुमरी तिलैया की पहचान रेडियो और लता जी के गीतों के कारण है।
- जयपुर। राजस्थान के कई इलाकों में ठंड का प्रकोप जारी है। राज्य में करौली में शनिवार रात को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार रात को चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 5.0 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 5.2 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 6.0 डिग्री सेल्सियस, सवाईमाधोपुर में 6.2 डिग्री सेल्सियस, डबोक (उदयपुर) में 6.6 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 7.8 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 7.9 डिग्री सेल्सियस और अन्य प्रमुख स्थानों पर 8 डिग्री सेल्सियस से लेकर 12.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 28.8 डिगी सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में कोहरा छाये रहने की संभावना जताई है।
-
ठाणे (महाराष्ट्र),। ठाणे पुलिस ने महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों में कम से कम 50 लोगों से कथित तौर पर 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। कल्याण संभाग के मनपाड़ा थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शेखर बागड़े ने बताया कि गुजरात का रहने वाला एक आरोपी अन्य आरोपियों को बड़ी जमाराशि वाले खाताधारकों की जानकारी देता था, ताकि उन्हें निशाना बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसके बाद वे एक लैपटॉप और एक प्रिंटर का उपयोग करके फर्जी चेक जेनरेट करते और पीड़ितों के खातों से पैसे निकालने के लिए बैंकों को भेजते थे। आठ आरोपियों में से कुछ को हाल में तब पकड़ा गया जब उन्होंने ठाणे जिला के मनपाड़ा इलाके के एक बैंक में 34 करोड़ रुपये का चेक मंजूरी के लिए दिया। अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने उनके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों ने महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक के लोगों को ठगा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिश्चंद्र कडवे, नितिन शेलार, अशोक चौधरी, मजहर उर्फ मुजाहिद मोहम्मद हुसैन खान, उमर फारूक, सचिन सालस्कर, ए. अनिल ओटारी (सभी महाराष्ट्र से) और भावेशकुमार ढोलकिया (गुजरात के भावनगर से) के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और इस बात की जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने और लोगों को भी ठगा है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को बताया कि भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने देश में कोविड रोधी एकल खुराक वाले टीके ‘स्पुतनिक लाइट' के आपातकालीन उपयोग की अनुमति दे दी है। भारत के केंद्रीय दवा प्राधिकरण के एक विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के बाद यह कदम उठाया गया। सिफारिश में विभिन्न नियामक प्रावधानों के तहत स्पुतनिक लाइट के सीमित आपातकालीन उपयोग की अनुमति देने को लेकर सुझाव दिया गया। स्पुतनिक-लाइट पूरी तरह स्पुतनिक वी के घटक-एक के समान है। मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘डीसीजीआई ने भारत में कोविड-19 रोधी टीके स्पुतनिक लाइट के एकल खुराक के लिए आपातकालीन उपयोग की अनुमति दी है। यह देश में नौवां टीका है।'' मंत्री ने कहा कि इस टीके से कोरोना वायरस के खिलाफ देश की सामूहिक लड़ाई को मजबूती मिलेगी।एक आधिकारिक सूत्र ने कहा कि 31 जनवरी को एक बैठक के बाद विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) की सिफारिशों के मद्देनजर डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज ने ‘स्पुतनिक लाइट' टीके का आयात करने की अनुमति देने के लिए अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। डॉ. रेड्डीज ने सीमित आपातकालीन उपयोग और बूस्टर खुराक टीकाकरण के लिए टीके की प्रभावशीलता और सुरक्षा से संबंधित आंकड़ा भी पेश किया। कंपनी ने बताया कि ‘स्पुतनिक लाइट' टीका रूस और अर्जेंटीना सहित 29 देशों में स्वीकृत है।
- बैतूल (मध्य प्रदेश)। बैतूल जिले में एक नदी पर बने रेलवे पुल पर चढ़कर सेल्फी ले रहे दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। शाहपुर थाने के प्रभारी शिवनारायण मुकाती ने रविवार को बताया कि घटना बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर शाहपुर में माचना नदी पर बने रेलवे पुल पर शनिवार शाम को हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मुकेश सिंह उइके (21) और मनिल मर्सकोले (19) के रूप में हुई है। मुकाती ने बताया कि ये दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे और घर से शादी में जाने का कहकर रेलवे पुल पर पहुंचकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक बागमती एक्सप्रेस आयी जिससे कटकर दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। file photo
- सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक कार में डिवाइडर से टकराने के बाद आग लग गई। रविवार की शाम हुए इस हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस उपाधीक्षक के. के. सरोज ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे के माइल स्टोन-127 के पास (अरवलकीरी करवत गांव के निकट) लखनऊ से आज़मगढ़ जा रही कार डिवाइडर से जा टकराई। उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण कार में आग लग गई जिससे वाहन में सवार तीन लोगों की जलने से मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि कार के नम्बरप्लेट की मदद से एक मृतक की पहचान लखनऊ के कपूरथला निवासी आदित्य कोठारी के रूप में की गई है। अन्य लोगों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
- नयी दिल्ली,। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार से 9वीं से 12वीं कक्षा के लिए स्कूल फिर से खुलेंगे क्योंकि कोविड-19 के मामलों में बढोतरी होने के कारण दिसंबर में उन्हें बंद कर दिया गया था। हालांकि, स्कूली क्षेत्र से जुड़े हितधारकों ने पठन पाठन के ‘हाइब्रिड मॉडल' को लेकर कुछ सवाल भी उठाए हैं। कई शिक्षकों और अभिभावकों ने बताया कि जब ऑनलाइन शिक्षण विकल्प के कारण स्कूलों को फिर से खोला गया था तब उपस्थिति कम थी और यदि प्रत्यक्ष कक्षाएं पूरी तरह से फिर से शुरू नहीं की गईं तो पठन-पाठन के नुकसान की भरपाई करना मुश्किल होगा। दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष आरसी जैन ने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि स्कूल फिर से खुल जाएं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से स्कूल चलाने की बात की है, बेहतर होगा कि वे कॉलेजों की तरह ही यह सब ऑफलाइन कर दें। छात्र बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।'' दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने शुक्रवार को सात फरवरी से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए स्कूलों के साथ-साथ उच्च शैक्षणिक संस्थानों और कोचिंग सेंटर को फिर से खोलने का फैसला किया था। इसके साथ ही 14 फरवरी से नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं फिर से शुरू करने का भी फैसला किया गया। नेशनल प्रोग्रेसिव स्कूल कॉन्फ्रेंस (एनपीएससी) की अध्यक्ष सुधा आचार्य ने कहा कि वह सशर्त स्कूल खोलने के फैसले से निराश हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पठन पाठन के हाइब्रिड मॉडल के विकल्प के साथ, हम कभी भी शिक्षा के नुकसान में अंतर को पाटने में सक्षम नहीं होंगे।'' एनपीएससी के सदस्य के रूप में दिल्ली के 122 स्कूल हैं। एमआरजी स्कूल, रोहिणी की प्रधानाचार्य अंशु मित्तल ने कहा, ‘‘स्कूली शिक्षा के सबसे महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक अब छात्रों और अभिभावकों दोनों के लिए परामर्श सत्र की योजना बनानी होगी क्योंकि यह बदलती जीवनशैली ज्यादातर समय बेहद परेशान कर सकती है।''
- नयी दिल्ली,। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सोमवार से केंद्र सरकार के सभी कर्मचारियों के लिए कार्यालय में उपस्थिति बहाल कर दी गयी है। उन्होंने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।कार्मिक राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘महामारी की स्थिति की समीक्षा आज की गयी और कोविड मामलों के साथ ही संक्रमण दर में गिरावट के मद्देनजर ऐसा फैसला किया गया है कि कल से कार्यालय में पूर्ण उपस्थिति बहाल की जाएगी और सभी स्तरों पर कर्मचारियों को बिना किसी छूट के सात फरवरी 2022 से नियमित आधार पर कार्यालय में उपस्थित रहना होगा।'' उन्होंने कहा कि बहरहाल विभागों के प्रमुखों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कर्मचारी हर वक्त चेहरे पर मास्क पहने और कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करते रहें। केंद्र ने अवर सचिव स्तर से नीचे के अपने 50 प्रतिशत कर्मचारियों के लिए घर से काम करने की व्यवस्था को 31 जनवरी को 15 फरवरी तक बढ़ाया था। सिंह ने कहा, ‘‘लेकिन संबंधित वर्गों से राय लेने और स्थिति की समीक्षा करने के बाद कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने एक नया कार्यालय ज्ञापन जारी किया जिसमें यह सूचित किया गया है कि सभी स्तर के सभी कर्मचारी बिना किसी छूट के कल से यानी सात फरवरी से कार्यालय में उपस्थिति होंगे।'' उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी के लिए अब ‘‘घर से काम'' करने का विकल्प नहीं होगा।
- नयी दिल्ली। खुशी, दुख, देशभक्ति, उदासीनता, लुभावने या आनंद से भरने वाले : लता मंगेशकर ने विभिन्न तरह की भावनाओं से ओतप्रोत गीतों को अपनी आवाज दी। महान गायिका लता मंगेशकर (92) ने रविवार सुबह मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।मराठी फिल्म ‘‘किती हसाल'' से 1942 में संगीत की दुनिया में कदम रखने वाली 13 वर्षीय मंगेशकर ने इस क्षेत्र की बुलंदियों को छूआ। उन्होंने न केवल हिंदी भाषा में बल्कि प्रत्येक प्रमुख भारतीय भाषा में गीत गाए और वह मधुबाला, वहीदा रहमान, मीना कुमारी, जया बच्चन से लेकर काजोल और प्रीति जिंटा तक मशहूर अभिनेत्रियों की पार्श्वगायिका बनीं। इन दशकों में उनके कुछ मशहूर गीत इस प्रकार रहे :1. महल फिल्म (1949) का ‘‘आएगा आने वाला''यह गीत निराशा, आशा और प्रतीक्षा की दास्तां बयां करता है। इसका संगीत खेमचंद प्रकाश ने दिया और गीत नक्शाब ने लिखे। मंगेशकर ने इस फिल्म के दो और गीत ‘‘दिल ने फिर याद किया'' और ‘‘मुश्किल है बहुत मुश्किल'' भी गाए लेकिन कामयाबी उन्हें ‘आएगा आने वाला' से मिली। 2. बरसात (1949) का ‘‘हवा में उड़ता जाए मोरा लाल दुपट्टा मलमल का''यह गीत अभिनेत्री बिमला कुमारी पर फिल्माया गया था और मंगेशकर की गायिकी के कारण यह काफी हिट हुआ था।3. दिल अपना और प्रीत पराई का ‘‘अजीब दास्तां है ये''1960 में आयी फिल्म का यह गीत मीना कुमारी और राजकुमार पर फिल्माया गया और उसे मंगेशकर के सर्वश्रेष्ठ गानों में से एक माना जाता है। 4. ‘‘ऐ मेरे वतन के लोगों''कवि प्रदीप का लिखा यह गीत उन भारतीय जवानों की स्मृति में गाया गया जिन्होंने 1962 के चीन-भारत युद्ध में सर्वोच्च बलिदान दिया था। मंगेशकर ने 27 जनवरी 1963 में नेशनल स्टेडियम में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एस राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की मौजूदगी में यह गीत गाया था। ऐसा बताया जाता है कि इस गीत को सुनकर नेहरू जी की आंखें भीग गयी थीं। 5. मुगल-ए-आजम (1960) का ‘‘प्यार किया तो डरना क्या''दमनकारी शासन के बीच विद्रोह को स्वर देने वाले इस गीत का संगीत नौशाद ने दिया था और शकील बदायूंनी ने इसे लिखा था तथा मंगेशकर ने इसे अपनी सुरीली आवाज दी थी। 6. वो कौन थी? फिल्म का ‘‘लग जा गले''मदन मोहन के संगीत और राजा मेहदी अली खान द्वारा लिखे इस गीत को अपनी सुरीली आवाज देकर मंगेशकर ने इसके बोल अमर कर दिए थे। 7. जब जब फूल खिले (1965) का ‘‘ये समां''नंदा पर फिल्माए इस गाने को मंगेशकर ने बड़ी खूबसूरती से गाया था।8. गाइड (1972) का ‘‘आज फिर जीने की तमन्ना है''अनुभवी गायिका के इस गीत में आजादी और मुक्ति की अभिव्यक्ति है और इसमें अभिनेत्री वहीदा रहमान के अभिनय ने इसे लोकप्रिय बना दिया था। 9. पाकीजा (1972) का ‘‘चलते चलते यूं ही कोई''इस फिल्म के ज्यादातर गीतों को मंगेशकर ने अपनी आवाज दी और इनके बोल कैफी आजमी, मजरूह सुल्तानपुरी और कैफ भोपाली ने लिखे थे। 10. शोर (1972) का ‘‘एक प्यार का नगमा है''प्यार भरे इस गीत में वायलिन की धुनों ने लाखों दिलों को छूआ था। इसमें लक्ष्मीकांत प्यारेलाल की जोड़ी ने संगीत दिया था। 11. अनामिका (1973) का ‘‘बाहों में चले आओ''मंगेशकर ने आरडी बर्मन के साथ यह रोमांटिक गीत गाया था।12. मुकद्दर का सिकंदर (1978) का ‘‘सलाम-ए-इश्क मेरी जान''गायिका का एक और क्लासिक गीत जो उन्होंने किशोर कुमार के साथ गाया। यह गीत रेखा पर फिल्माया गया था।13. बाजार (1982) का ‘‘फिर चढ़ी रात'मंगेशकर ने तलत अजीज के साथ यह रोमांटिक गीत गाया था।14. सिलसिला (1981) का ‘‘देखा एक ख्वाब''यश चोपड़ा की इस हिट फिल्म का यह हर दौर में लोकप्रिय गीत अमिताभ बच्चन और रेखा पर फिल्माया गया। यह गीत अभी तक लोकप्रिय है। यश चोपड़ा अपनी फिल्मों के लिए दिवंगत मंगेशकर की ही आवाज रिकॉर्ड करते थे। 15. दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे का ‘‘तुझे देखा तो''कुमार सानू के साथ गाया मंगेशकर का यह गीत 1995 में फिल्म रिलीज होने के तुरंत बाद हिट हो गया था। यह गीत शाहरुख खान और काजोल पर फिल्माया गया था। 16. रुदाली (1993) का ‘‘दिल हूम हूम करे''मंगेशकर ने भूपेन हजारिका के साथ इस गीत को गाया था।17. दिल से (1998) का ‘‘जिया जले''प्रीति जिंटा पर फिल्माया मंगेशकर के इस गीत से शाहरुख खान की एक और फिल्म को काफी फायदा मिला। इस गीत के बोल गुलजार ने लिखे थे तथा संगीत ए आर रहमान ने दिया था। 18. कभी खुशी कभी गम का (2001) ‘‘कभी खुशी कभी गम''मंगेशकर ने फिल्म निर्मात करण जौहर की फिल्म के इस गीत को एक परिवार के खुशी के साथ-साथ गम के पलों को भी अपनी आवाज से संजोया। 19. वीर जारा (2004) का ‘‘तेरे लिए''यश चोपड़ा की रोमांस ड्रामा से भरपूर इस फिल्म में मंगेशकर ने नौ गीत गाए। यह आखिरी फिल्म एल्बम थी जो मंगेशकर ने गायी थी। 20. रंग दे बसंती (2006) का ‘‘लुक्का छुपी''मंगेशकर ने इस गीत में शोक संतप्त एक मां की भावनाओं को आवाज दी जिसमें अपने बेटे को खो दिया था।गायिका के निधन पर प्रशंसकों के शोकाकुल होने पर सोशल मीडिया पर यह गीत ट्रेंड करने लगा।
- भुवनेश्वर।ओडिशा के मशहूर शास्त्रीय गायक पंडित दामोदर होता का रविवार को यहां निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और आयु संबंधी बीमारियों से ग्रस्त थे। दामोदर के परिवार ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दामोदर के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पटनायक ने लता मंगेशकर के निधन का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने रविवार को दो महान हस्तियों को खो दिया। पंडित दामोदर होता का जन्म 25 दिसंबर 1935 को पुरी में हुआ था और उन्होंने अपने पिता गोपीनाथ होता से ओडिसी शास्त्रीय संगीत के गुर सीखे।==
- नयी दिल्ली। सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर से जुड़ी यादें एक बार फिर ताजा हो आयी हैं। लता ने हाल में एक साक्षात्कार में 'मल्लिका-ए-तरन्नुम' के रूप में मशहूर गायिका नूर जहां के साथ अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया था, जब उन्होंने नूर जहां के सामने गाना भी गाया था। इसके अलावा कम ही लोग जानते होंगे कि मंगेशकर ने पहली भोजपुरी फिल्म ''गंगा मैया तोहे पियरी चढ़इबो'' में गीतों को अपनी आवाज दी थी। इस फिल्म में दिग्गज गायक मोहम्मद रफी ने भी गीत गाए थे। मंगेशकर ने ''लागी नहीं छूटे राम'' समेत कई अन्य भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी सुनहरी आवाज का जादू बिखेरा था। लता मंगेशकर नूर जहां की बड़ी प्रशंसक थीं। नूर जहां 1947 में विभाजन के बाद पाकिस्तान चली गई थीं। एक यूट्यूब चैनल पर पिछले महीने साझा किए गए एक साक्षात्कार में लता मंगेशकर ने पुराने दिनों को याद करते हुआ बताया था कि मशहूर गायिका नूर जहां से उनकी पहली मुलाकात महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 1944 में फिल्म ''बड़ी मां'' के सेट पर हुई थी। मंगेशकर ने इस फिल्म में अभिनय भी किया था। साक्षात्कार के दौरान मंगेशकर ने कहा था, '' मैं बतौर कलाकार प्रफुल पिक्चर्स के साथ काम कर रही थी। नूर जहां इस फिल्म में मुख्य भूमिका में थीं और वह शूटिंग के लिए कोल्हापुर आई थीं। फिल्म निर्माता ने नूर जहां से मिलवाने के लिए मुझे बुलाया और इस दौरान नूर जहां ने मुझे कुछ शास्त्रीय गीत और फिल्मी गीत गाने के लिए कहा था।'' साक्षात्कार के दौरान मंगेशकर ने नूर जहां के साथ बांबे (अब मुंबई) में हुई और मुलाकातों को भी याद किया था।
- जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में अनधिकृत तरीके से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के चलते स्वास्थ्य विभाग के नौ कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया, जिनमें दो डॉक्टर भी शामिल हैं। एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। रियासी के उपायुक्त चरणदीप सिंह ने अनुपस्थित रहे कर्मचारियों के निलंबन का आदेश जारी किया।प्रवक्ता ने बताया कि गोटा स्थित जनस्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारियों के अनाधिकृत तरीके से अनुपस्थित रहने के संबंध में कुछ लोगों द्वारा शिकायत की गई थी और सोशल मीडिया पर भी डॉक्टरों समेत अन्य कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने वाले वीडियो सामने आए थे। इसके चलते ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
- इंदौर । स्वर कोलिला के रूप में मशहूर महान गायिका लता मंगेशकर के गीतों के 7,600 दुर्लभ ग्रामोफोन रिकॉर्ड सहेजकर उनके नाम पर इंदौर में संग्रहालय बनाने वाले सुमन चौरसिया रविवार को उनके निधन के बाद शोक में डूब गए। चौरसिया (69) ने कहा,‘‘अपना दु:ख बयान करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वसंत पंचमी के अगले दिन लता दीदी के निधन से मुझ जैसे लाखों संगीतप्रेमियों के मन को गहरा धक्का लगा है।'' उन्होंने बताया कि मंगेशकर के जीवनकाल में वह उनसे कई बार मिले थे। चौरसिया ने बताया,‘‘मेरी वर्ष 2019 में लता दीदी से आखिरी बार मुलाकात हुई थी। इसके बाद कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते मैं उनसे नहीं मिल सका।" चौरसिया ने बताया कि उन्होंने मंगेशकर के गीतों के ग्रामोफोन रिकॉर्ड वर्ष 1965 से सहेजने शुरू किए थे। उन्होंने बताया, ‘‘फिलहाल मेरे पास ऐसे करीब 7,600 ग्रामोफोन रिकॉर्ड का संग्रह है जो लता दीदी ने 32 देशी-विदेशी भाषाओं और बोलियों में गाए हैं। इनमें उनके कई दुर्लभ गीत भी हैं ।" चौरसिया ने बताया कि वर्ष 2008 में उन्होंने इस संग्रह को व्यवस्थित करने के लिए संग्रहालय का रूप दे दिया था और इसे नाम दिया था-"लता दीनानाथ मंगेशकर ग्रामोफोन रिकॉर्ड संग्रहालय"। चौरसिया ने बताया कि उनके पास मंगेशकर के गीतों का जो संग्रह है, उसमें वर्ष 1946 में परदे पर उतरी हिन्दी फिल्म "जीवन यात्रा" का गीत "चिड़िया बोले चूं-चूं-चूं" शामिल है। उन्होंने बताया कि उनके संग्रह में श्रीलंका में बोली जाने वाली सिंहली भाषा में मंगेशकर का गाया गीत भी है। शहर के पिगडंबर इलाके में 1,600 वर्ग फुट पर बने संग्रहालय में मंगेशकर के गीतों के अलावा उनके जीवन से जुड़ी तस्वीरें और उन पर लिखी किताबें भी सहेजी गई हैं। इंदौर में 28 सितंबर 1929 को जन्मीं लता मंगेशकर का मुंबई के एक अस्पताल में रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। पार्श्व गायन की दुनिया में उनका सफर वर्ष 1942 से शुरू हुआ था। अपने सात दशक से भी लम्बे करियर में उन्होंने अलग-अलग भाषा-बोलियों के 30,000 से अधिक गीतों को स्वर दिया है। मंगेशकर को वर्ष 2001 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान "भारत रत्न" से नवाजा गया था।











.jpg)
.jpg)




.jpg)

.jpg)







