- Home
- खेल
- चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को दोहराया कि उनका अंतिम टी20 मैच चेन्नई में ही होगा लेकिन साथ ही कहा कि वह नहीं जानते कि ‘यह अगले साल होगा या फिर पांच साल बाद'। पिछले महीने संयुक्त अरब अमीरात में चेन्नई सुपर किंग्स को चौथा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खिताब दिलाने वाले कप्तान धोनी ने पहले स्पष्ट किया था कि वह कम से कम एक और सत्र तक अपनी पसंदीदा पीली जर्सी पहनेंगे और प्रशंसक निश्चित रूप से उन्हें अपने पसंदीदा चेपक स्टेडियम में अपना ‘विदाई मैच' खेलते हुए देखेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल खिताब जीतने के जश्न में शनिवार को यहां आयोजित कार्यक्रम में धोनी ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा अपने क्रिकेट की योजना बनायी है। मैंने अपना अंतिम मैच रांची में खेला था। वनडे में अंतिम घरेलू मैच रांची में मेरे गृहनगर में था। इसलिये उम्मीद करता हूं कि मेरा अंतिम टी20 मैच चेन्नई में होगा। यह अगले साल होगा या फिर पांच साल के समय बाद, हम नहीं जानते। '' तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, इंडिया सीमेंट्स के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक एन श्रीनिवासन, महान आल राउंडर कपिल देव, बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) सचिव जय शाह और आईपीएल चेयरमैन ब्रिजेश पटेल की उपस्थिति में धोनी ने कहा कि सीएसके के प्रशंसकों ने टीम को उस समय भी आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया जब दो साल आईपीएल में उनकी टीम अच्छा नहीं कर सकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘पूरी तरह से यह सीएसके के प्रशंसकों की वजह से है, जो तमिलनाडु से बाहर और भारत की सीमाओं से बाहर भी हैं। हम जहां भी खेलते हैं - भले ही बेंगलुरू हो, जोहानिसबर्ग हो या फिर दुबई, हमें उनका पूर्ण समर्थन मिला है। यहां तक की हमारे खराब दौर में भी, जब हम आईपील में दो साल अच्छा नहीं कर सके और इस दौरान जब सोशल मीडिया पर सीएसके के बारे में सबसे ज्यादा बात की गयी। '' धोनी ने प्रक्रिया में भरोसा जताये रखने पर जोर दिया और कहा कि इससे आईपीएल 2021 में मजबूती से वापसी करने में मदद मिली जबकि 2020 में टीम का सफर काफी खराब रहा था जिसमें टीम पहली बार प्लेऑफ के लिये क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘2008 से हमारा प्रदर्शन काफी शानदार रहा था, जब यह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में आयी थी। लेकिन 2020 में यह दिलचस्प रहा, यह पहला सत्र रहा जिसमें हम आईपीएल के अगले चरण के लिये क्वालीफाई नहीं कर सके थे। '' धोनी ने कहा, ‘‘इससे हमें फ्रेंचाइजी के वास्तविक चरित्र की परीक्षा लेने का मौका मिला। इसने हमें खिलाड़ियों और प्रशंसकों के सम्मान हासिल करने का मौका दिया। क्योंकि हम कहते हैं कि हम नतीजे में नहीं प्रक्रिया में भरोसा रखते हैं और 2020 में नतीजा हमारे पक्ष में नहीं गया। '' उन्होंने कहा, ‘‘हमें लोगों का सम्मान मिला। हमने मजबूती से वापसी की और हम इस साल खिताब जीतने में सफल रहे। '' धोनी ने साथ ही साथी क्रिकेटरों और बीसीसीआई के प्रशासकों को उनके प्रयासों के लिये शुक्रिया कहा।चेन्नई में अपना टेस्ट पदार्पण करने वाले धोनी ने कहा, ‘‘यह बड़ा मंच है जहां मैं यहां बैठे सभी पूर्व क्रिकेटरों, साथी क्रिकेटरों और साथ ही बीसीसीआई के प्रशासकों का क्रिकेट के प्रति योगदान के लिये शुक्रिया कर सकता हूं। '' उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट बदलते समय के साथ बदल गया है, प्रारूप बदल गये हैं, लेकिन इनके कारण हम यहां खड़े हैं और क्रिकेट आगे बढ़ गया है। '' धोनी ने कहा, ‘‘चेन्नई के साथ मेरा सबसे यादगार जुड़ाव मेरा टेस्ट पर्दापण है। मैं कभी नहीं जानता था कि मुझे सीएसके द्वारा चुना जायेगा। मैं नीलामी में था और मुझे चुना गया और इससे मुझे चेन्नई की संस्कृति को समझने का मौका मिला। '' उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि चेन्नई ने मुझे काफी सिखाया है, तमिलनाडु ने काफी कुछ सिखाया है कि कैसे व्यवहार किया जाये, कैसे खेल की प्रशंसा की जाये। चेन्नई में हमने जितने भी मैच खेले, सभी में प्रशंसकों ने हमारा समर्थन किया। '' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सचिन (तेंदुलकर) पाजी जब भी मैदान में जाते तो उन्हें सबसे ज्यादा दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट मिलती थी, भले ही वह मुंबई इंडियंस के लिये खेलते थे। '' शाह ने कहा कि कोई भी सीएसके को हल्के में कैसे ले सकता है जब उनके पास धोनी जैसा कप्तान हो।शाह ने कहा, ‘‘वह सीएसके की धड़कन और रीढ़ हैं। माही भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने जो रिश्ता बनाया है और जो विरासत खड़ी की है, वह वर्षों तक कायम रहेगी। '' उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि अगले साल आईपीएल भारत में खेला जायेगा।उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि आप लोग चेन्नई सुपर किंग्स को चेपक में खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हो। यह क्षण भी ज्यादा दूर नहीं है, आईपीएल का 15वां चरण भारत में ही होगा और नयी टीमों के जुड़ने से यह और अधिक रोमांचक होगा। '' शाह ने कहा, ‘‘हमारी नीलामी आने वाली है, देखते हैं कि नया संयोजन कैसा दिखता है।
- पणजी। भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का 52वां संस्करण शनिवार को यहां बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान, रणवीर सिंह और श्रद्धा कपूर की शानदार प्रस्तुति के साथ शुरू हुआ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में बॉलीवुड सितारों की जमघट के बीच हुए उद्घाटन समारोह की मेजबानी फिल्म निर्माता करण जौहर और मनीष पॉल ने की। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ प्रसून जोशी, मधुर भंडारकर, मौनी रॉय, रेसुल पुकुट्टी और परिणीति चोपड़ा जैसी फिल्मी हस्तियां इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। ठाकुर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्रीय फिल्म समारोहों को बढ़ावा देकर कंटेंट (विषय-वस्तु) निर्माण, विशेष रूप से क्षेत्रीय सिनेमा के क्षेत्र में भारत को ‘पावरहाउस' बनाना है। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य अपने युवाओं की अपार प्रतिभा का लाभ उठाकर भारत को दुनिया का पोस्ट-प्रोडक्शन हब बनाना है। हमारा लक्ष्य भारत को विश्व सिनेमा का केंद्र, फिल्म समारोहों के लिए एक गंतव्य और फिल्म निर्माताओं के लिए सबसे पसंदीदा जगह बनाना है। आखिरकार, भारत कहानीकारों का देश है, संसाधनों का धनी है, आज दुनिया भारत की कहानी सुनना चाहती है।'' मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि गोवा में फिल्म की शूटिंग के लिए एकल खिड़की मंजूरी प्रदान करने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा, "इससे गोवा फिल्म निर्माताओं के लिए शूटिंग का केंद्र बन जाएगा।" उन्होंने यह भी घोषणा की कि गोवा जल्द ही अपनी पूरी आबादी को पूरी तरह से कोविड-19 के खिलाफ टीका लगाने वाला पहला राज्य बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने खुलासा किया कि गोवा में फिल्म सिटी बनाने के लिए राज्य केंद्र के साथ चर्चा कर रहा है।समारोह में दिग्गज अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी को ‘इंडियन पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर' का पुरस्कार मिला। ठाकुर, सावंत और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन ने उनका अभिनंदन किया।
- सेंट सिमंस आइलैंड। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी अपने अंतिम पीजीए टूर टूर्नामेंट आरएसएम क्लासिक के दूसरे दौर के बैक नाइन में खराब प्रदर्शन से कट हासिल करने से चूक गये। पहले दौर में चार अंडर 68 का कार्ड खेलने वाले लाहिड़ी फ्रंट नाइन में दो अंडर पर थे और 11वें होल तक वह इसी पर बरकरार रहे। लेकिन अंतिम सात होल में वह तीन बोगी और एक डबल बोगी कर बैठे जिससे उनका कार्ड 73 का रहा और वह कट में जगह नहीं बना सके। टेलर गूच ने अटलांटिक महासागर की तेज हवाओं का डटकर सामना करते हुए पांच अंडर 65 का कार्ड खेला जिससे उन्होंने एक शॉट की बढ़त हासिल कर ली।
- तूरिन। एक साल पहले ही विश्व रैंकिंग में शीर्ष 30 में पहुंचे नॉर्वे के 22 वर्ष के कैस्पर रूड ने सत्र के आखिरी एलीट एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है । इससे पहले शीर्ष वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच, दूसरी रैंकिंग वाले दानिल मेदवेदेव और तीसरी रैंकिंग वाले अलेक्जेंडर ज्वेरेव पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं । रूड ने आंद्रे रूबलेव को 2 . 6, 7 . 5, 7 . 6 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई । अब उनका सामना अमेरिकी ओपन चैम्पियन मेदवेदेव से होगा । इससे पहले औपचारिकता के एक मैच में जोकोविच ने ब्रिटेन के कैमरन नॉरी को 6 . 2, 6 . 1 से हराया । नॉरी चौथी रैंकिंग वाले स्टेफानोस सिटसिपास की जगह खेल रहे हैं ।
- कोलकाता। भारत के युवा खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी ने आखिरी दौर में दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी लेवोन अरोनियन की कड़ी चुनौती को रोकने में सफल रहते हुए शुक्रवार को यहां टाटा स्टील शतरंज इंडिया के रैपिड खिताब को अपने नाम किया। आर प्रज्ञानानंद इसमें तीसरे स्थान पर रहे, जबकि विदित गुजराती और मुरली कार्तिकेयन ने शीर्ष पांच में शेष स्थान हासिल किया। इस जीत के बाद अर्जुन ब्लिट्ज श्रेणी में अधिबान भास्करन की जगह लेंगे।अंतिम दौर में एक अंक की बढ़त के साथ पहुंचे अर्जुन को खिताब अपने नाम करने के लिए शीर्ष वरीयता प्राप्त अरोनियन की कड़ी चुनौती से पार पाना था। भारत के 18 साल के इस खिलाड़ी ने शानदार सूझबूझ दिखाते हुए मुकाबले को ड्रा किया।मुरली कार्तिकेय के पास शीर्ष तीन में जगह बनाने का मौका था, जिसके लिए उन्होंने आर प्रज्ञानानंद के खिलाफ आक्रामक खेल खेला लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ। युवा प्रज्ञानानंद ने 73 चाल के बाद दो बार के राष्ट्रीय चैम्पियन को ड्रॉ के लिए तैयार होने पर मजबूर कर दिया।
- हैदराबाद। जाह्नवी बख्शी शुक्रवार को यहां हैदराबाद गोल्फ क्लब में हीरो डब्ल्यूपीजीटी के 12 वें चरण में दो अंडर 69 का कार्ड खेल पांच शॉट के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इससे पहले दो जीत दर्ज करने वाली जाह्नवी मौजूदा सत्र में तीन खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनी गयी।इस कोर्स पर दूसरे खिलाड़ी संघर्ष कर रहे थे तो वही जान्हवी के खेल में निरंतरता बरकरार रही। उन्होंने शुरुआती दो दौर में 70-70 का कार्ड खेला था। उनका कुल स्कोर चार अंडर 209 रहा। दूसरे स्थान पर काबिज वाणी कपूर (73) का स्कोर एक ओवर 214 रहा।आखिरी दौर में पांच बोगी कर 76 का कार्ड खेलने वाली गौरिका बिश्नोई अमनदीप द्राल (71) के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। एमेच्योर स्नेहा सिंह (74) पांचवें जबकि खुशी कनौजिया (76) छठे पायदान पर रही। अमनदीप हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर है। इसका आकलन 2020 और 2021 सत्र को मिलाकर किया जा रहा है। इस सूची में वाणी दूसरे और जान्हवी तीसरे स्थान पर है।
- बाली। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत ने शानदार लय जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां अपनी स्पर्धाओं में जीत दर्ज कर इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू ने महिला एकल क्वार्टरफाइनल में तुर्की की गैर वरीय नेसलिहान यिजिट पर 35 मिनट में 21 . 13, 21 . 10 से जीत दर्ज की जबकि श्रीकांत ने हमवतन एच एस प्रणय को पुरूष एकल के अंतिम आठ मुकाबले में 21 . 7 21 . 18 से हराया। सिंधु का यिजिट के खिलाफ रिकॉर्ड 4 . 0 का हो गया है। पिछले महीने डेनमार्क ओपन में भी सिंधू ने तुर्की की इस खिलाड़ी को हराया था। पुरूषों की स्पर्धा में पूर्व नंबर एक श्रीकांत ने पहले एकतरफा गेम में महज सात अंक गंवाये। दूसरे गेम में हालांकि बराबर की टक्कर रही लेकिन श्रीकांत ने शानदार वापसी की। सेमीफाइनल में अब उनका सामना थाईलैंड के कनुलावुट विदितसर्ण और डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। हैदराबाद की 26 साल की खिलाड़ी सिंधू को आसान प्रतिद्वंद्वी मिले हैं लेकिन अब कठिन मुकाबले शुरू होंगे। उनका सामना अब शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान की अकाने यामागुची और पांचवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।
- नयी दिल्ली। कप्तान रानी रामपाल को अगले महीने होने वाली महिला हॉकी एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये आराम दिया गया है और गोलकीपर सविता पूनिया 18 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान संभालेंगी ।टूर्नामेंट दक्षिण कोरिया के डोंगाइ में पांच से 12 दिसंबर तक खेला जायेगा ।भारत को पहले ही दिन अभियान की शुरूआत करनी है ।टूर्नामेंट में चीन, कोरिया, जापान, थाईलैंड, मलेशिया भी भाग ले रहे हैं ।इस साल एफआईएच की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुनी गई सविता टूर्नामेंट में कप्तानी करेंगी । डिफेंडर दीप ग्रेस इक्का उपकप्तान होगी ।तोक्यो ओलंपिक खेलने वाली फॉरवर्ड लालरेम्सियामी और शर्मिला देवी और मिडफील्डर सलीमा टेटे भी टीम में नहीं हैं । ये तीनों जूनियर टीम का हिस्सा हैं जो पांच दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका में एफआईएच विश्व कप खेलेगी ।नमिता टोप्पो और लिलिमा मिंज टीम में शामिल है । फॉरवर्ड पंक्ति की कमान दो बार की ओलंपियन वंदना कटारिया और नवनीत कौर संभालेंगी । उनके साथ राजविंदर कौर, मरियाना कुजुर और सोनिका टीम में हैं ।मिडफील्ड में सुशीला चानू, पुखराम्बम, निशा, मोनिका , नेहा और ज्योति हैं । नवजोत कौर और सुमन देवी वैकल्पिक खिलाड़ी हैं और 18 सदस्यीय टीम में से किसी के चोटिल होने या कोरोना संक्रमित होने पर उन्हें मौका मिलेगा ।टीम के बारे में मुख्य कोच यानेके शॉपमैन ने कहा ,‘‘ कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने और सीनियर खिलाड़ियों के जूनियर टीम से जुड़ने के बावजूद हमने महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये अच्छी टीम चुनी है ।’’यह शॉपमैन का बतौर कोच पहला टूर्नामेंट होगा जो शोर्ड मारिन के कार्यकाल में टीम की विश्लेषण कोच रह चुकी हैं ।उन्होंने कहा ,‘‘ तोक्यो ओलंपिक के बाद काफी अपेक्षायें हैं लेकिन हम नये सिरे से शुरू करेंगे । मुझे यकीन है कि अपनी क्षमता के अनुरूप खेलने पर हम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब होंगे ।’’भारत को पांच दिसंबर को थाईलैंड से और अगले दिन मलेशिया से खेलना है । इसके बाद आठ दिसंबर को गत चैम्पियन कोरिया का और फिर चीन तथा जापान का सामना करना है। फाइनल 12 दिसंबर को पूल की शीर्ष दो टीमों के बीच खेला जायेगा । भारत पिछली बार फाइनल में कोरिया से हार गया था ।टीम :गोलकीपर : सविता (कप्तान), रजनी ईडिफेंडर : दीप ग्रेस इक्का, उदिता, निक्की प्रधान, गुरजीत कौरमिडफील्डर : निशा, सुशीला चानू, पुखराम्बम, नमिता टोप्पो, मोनिका, नेहा, ज्योति , लिलिमा मिंजफॉरवर्ड : नवनीत कौर, वंदना कटारिया, राजविंदर कौर, मरियाना कुजुर, सोनिका ।
- हैदराबाद। गौरिका बिश्नोई ने फ्रंट नाइन पर बेहतरीन खेल दिखाते हुए चार बर्डी लगाये और तीन अंडर 68 के कार्ड के साथ हीरो महिला पीजीटी गोल्फ के 12वें चरण में दो दौर के बाद संयुक्त बढत हासिल कर ली । गौरिका को आखिरी बार सफलता जून 2019 में मिली थी । वह पहले दौर में 72 और दूसरे में 68 के स्कोर के बाद अब जाह्न्वी बक्षी के साथ शीर्ष पर हैं । बक्षी ने दो अंडर 140 का स्कोर कर लिया है । गौरिका ने कोरोना महामारी के कारण लंबा ब्रेक लिया था और यूरोप में कुछ टूर्नामेंट खेले । वाणी कपूर ने तीन अंडर 68 स्कोर किया और वह दसवें स्थान पर है । खुशी खानिजू तीन बर्डी और एक बोगी के बाद अमनदीप द्राल के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर है ।
- हैदराबाद। महिला पेशेवर गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में शामिल ज्हान्वी बक्शी ने बुधवार को यहां डब्ल्यूपीजीटी के 12वें चरण के पहले दौर में अपनी बहन हिताषी पर एक शॉट की बढ़त बना ली। इस साल के पहले चरण के अलावा ज्हान्वी ने पिछले सभी 10 चरण में शीर्ष पांच में जगह बनाई है और अब 12वें चरण में शीर्ष पर चल रही हैं। मौजूदा सत्र में अब तक दो बार चैंपियन और तीन बार उप विजेता रही ज्हान्वी ने पहले दौर में दो बर्डी और एक बोगी से एक अंडर 70 का स्कोर बनाया। वह पहले दौर में अंडर पार का स्कोर बनाने वाली एकमात्र खिलाड़ी रही। ज्हान्वी की बहन हिताषी दो बर्डी और दो बोगी से पार 71 के स्कोर से दूसरे स्थान पर हैं। गौरिका बिश्नोई चार बोगी और तीन बर्डी से एक ओवर 72 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर चल रही हैं जबकि वाणी कपूर, एमेच्योर स्नेहा सिंह और आर्डर आफ मेरिट में शीर्ष पर चल रही अमनदीप द्राल दो ओवर 73 के स्कोर से संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।
- कंपाला। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी प्रमोद भगत और पांचवें नंबर के खिलाड़ी सुकांत कदम ने बुधवार को यहां पहले दौर में अपने मुकाबलों में आसान जीत के साथ युगांडा अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई। तोक्यो पैरालंपिक चैंपियन भगत ने युगांडा के गोडफ्रे केटालो को एसएल 3 एकल वर्ग के पहले दौर के मैच में हराया। भगत ने सिर्फ 26 मिनट में सीधे गेम में 21-8 21-10 से जीत दर्ज की। भगत को जीत दर्ज करने के लिए बिलकुल भी पसीना नहीं बहाना पड़ा।एसएल 3 वर्ग में वे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं जिनके शरीर के निचले अंगों में समस्या होती है। एसएल 4 वर्ग में कदम ने युगांडा के जूलियस ओबुरा को सिर्फ 22 मिनट में 21-5 21-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
- जयपुर। राहुल द्रविड़ की कप्तानी में 2007 में भारत के लिये पदार्पण करने वाले रोहित शर्मा ने उस पल को याद करते हुए उम्मीद जताई कि आगे इस नयी साझेदारी से और सुखद यादें बनेंगी । आयरलैंड के खिलाफ पहला वनडे खेलने से लेकर अब तक रोहित ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में अपनी साख बनाई है । वहीं महान खिलाड़ी रहे द्रविड़ ने कोच के रूप में भारतीय क्रिकेट की नयी पौध तैयार करने में सूत्रधार की भूमिका निभाई है । दोनों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रही टी20 श्रृंखला से पहले उस पहली मुलाकात को याद किया । द्रविड़ ने कहा , हम कल बस में इस पर बात कर रहे थे । समय कैसे पंख लगाकर उड़ जाता है । मैं रोहित को उससे भी पहले से जानता था जब हम मद्रास में एक चैलेंजर खेल रहे थे । उन्होंने कहा , हम सभी जानते थे कि रोहित खास है । वह बहुत खास प्रतिभाशाली था । मैने कभी यह नहीं सोचा था कि इतने साल बाद यूं उसके साथ काम करने का मौका मिलेगा । उसने भारतीय टीम के साथ और मुंबई इंडियंस के साथ इतने साल में जो हासिल किया, वह काबिले तारीफ है ।'' रोहित ने कहा , जब 2007 में मेरा चयन हुआ था तो मुझे बेंगलोर में एक शिविर में उनसे बात करने का मौका मिला । बहुत कम बात की थी और मैं काफी नर्वस था । मैं अपनी उम्र के लोगों से ही इतनी बात नहीं कर पाता था तो इन लोगों की बात तो छोड़ ही दीजिये ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ आयरलैंड में पहली बार उन्होंने मुझसे कहा कि मैं वह मैच खेल रहा हूं । मेरे लिये तो वह सपना सच होने जैसा था । उसके बाद से बहुत बात होती आई है । वह सब अच्छी यादें हैं और उम्मीद है कि आगे और भी बनेंगी ।
- दुबई। भारत की मिताली राज और स्मृति मंधाना आईसीसी एक दिवसीय महिला क्रिकेटरों की रैंकिंग में क्रमश: तीसरे और छठे स्थान पर बनी हुई हैं । अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी वनडे गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर है जबकि दीप्ति शर्मा हरफनमौलाओं की सूची में पांचवें स्थान पर हैं । वेस्टइंडीज की कप्तान स्टेफनी टेलर पाकिस्तान के खिलाफ शतक जमाने के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऊपर पहुंच गई । आईसीसी द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे और तीसरे वनडे और जिम्बाब्वे तथा बांग्लादेश के बीच तीन मैचों में प्रदर्शन को भी गिना गया है ।टेलर दो पायदान चढकर 12वें स्थान पर पहुंच गई। टेलर की हमवतन हेली मैथ्यूज चार पायदान चढकर 25वें स्थान पर है जबकि गेंदबाजों में वह तीन पायदान चढकर 20वें स्थान पर पहुंच गई। वह हरफनमौलाओं की सूची में दो पायदान के फायदे से 12वें स्थान पर है । पाकिस्तान के लिये आलिया रियाज बल्लेबाजों की सूची में तीन पायदान चढकर 37वें और ओमैमा सोहेल दो पायदान चढकर 39वें स्थान पर पहुंच गई। गेंदबाजों में नशरा संधू एक पायदान ऊपर 21वें और अनम अमीन चार पायदान चढकर 43वें स्थान पर हैं । बांग्लादेश की फरजाना हक सात पायदान चढकर संयुक्त 26वें स्थान पर पहुंच गई। गेंदबाजों में कप्तान सलमा खातून पांच पायदान चढकर 39वें स्थान पर आ गई हैं ।
- नयी दिल्ली। तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली लालरेम्सियामी पांच दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका में खेले जाने वाले एफआईएच (अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ) जूनियर विश्व कप (महिला) में 18 सदस्यीय भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी।इस प्रतियोगिता में दुनिया भर की 16 शीर्ष टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। पिछली बार इसका आयोजन 2016 में हुआ था, जिसमें अर्जेंटीना चैम्पियन बना था। अग्रिम पंक्ति की 21 साल की खिलाड़ी लालरेम्सियामी टीम की अगुवाई करेंगी तो वहीं रक्षापंक्ति की खिलाड़ी इशिका चौधरी उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। टीम में तोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाली सीनियर टीम का हिस्सा रही सलीमा टेटे और शर्मिला देवी भी शामिल हैं। प्रीति और प्रभलीन कौर को वैकल्पिक खिलाडिय़ों के रूप में चुना गया है। ये दोनों किसी खिलाड़ी के चोटिल या कोविड-19 से संक्रमित होने पर टीम से जुड़ेंगे।भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच जेनेक शॉपमैन ने हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा, टीम के लिए अंतिम 18 खिलाडिय़ों का चयन करना काफी मुश्किल था क्योंकि संभावित समूह (कोर ग्रुप) में शामिल सभी 28 खिलाड़ी काफी प्रतिभाशाली हैं और पिछले कुछ महीनों में उन्होंने खेल में काफी सुधार किये हैं।इस प्रतिष्ठित आयोजन में भारत ने 2013 में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। तब उसने इंग्लैंड को हराकर कांस्य पदक जीता था। भारत पूल सी में शामिल है। टीम अपने अभियान की शुरुआत छह दिसंबर को रूस के खिलाफ करेगी। सात दिसंबर को उसे गत चैम्पियन अर्जेंटीना और नौ दिसंबर को जापान के खिलाफ खेलना है। टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण के मैच 10 से 16 दिसंबर तक होंगे।इन चारों टीमों के अलावा टूर्नामेंट में पूल ए में नीदरलैंड, कोरिया, आयरलैंड, जिम्बाब्वे तथा पूल बी में इंग्लैंड, बेल्जियम, कनाडा और उरुग्वे है जबकि पूल डी में जर्मनी, स्पेन, अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका हैं।भारतीय टीम: लालरेम्सियामी (कप्तान), इशिका चौधरी (उपकप्तान), बिचु देवी खरीबाम (गोलकीपर), खुशबू (गोलकीपर), अक्षता अबसो ढेकाले, प्रियंका, मरीना लालरामनघाकी, अजमीना कुजूर, बलजीत कौर, रीत, वैष्णवी वि_ल फाल्के, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, ब्यूटी डंगडुंग, दीपिका, मुमताज खान, संगीता कुमारी, जीवन किशोरी टोप्पो।
- चंडीगढ। शिव कपूर ने रविवार को राशिद खान को डेढ करोड़ ईनामी राशि के जीव मिल्खा सिंह आमंत्रण गोल्फ टूर्नामेंट के प्लेआफ में हराकर पीजीटीआई टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की । टूर्नामेंट का फैसला लगातार चौथे साल प्लेआफ के आधार पर हुआ । दुबई में बसे कपूर और दिल्ली के राशिद निर्धारित समय के भीतर 19 अंडर 269 से बराबरी पर थे । उसके बाद प्लेआफ में 70 और 68 का स्कोर किया । ओलंपियन उदयन माने 17 अंडर 271 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे ।
- अबुधाबी। भारतीय गोल्फर अनिका वर्मा शनिवार को महिला एमेच्योर एशिया पैसिफिक चैम्पियनशिप (डब्ल्यूएएपी) के चौथे दौर में एक अंडर 71 का कार्ड खेलने के बाद नौवें स्थान पर रही। वह डब्ल्यूएएपी में शीर्ष 10 में रहने वाली पहली भारतीय गोल्फर है।विश्व एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग में 483वें स्थान पर काबिज इस 17 साल की खिलाड़ी ने तीन बर्डी के मुकाबले दो बोगी किये। उनका कुल स्कोर 10 अंडर 278 का रहा जो टूर्नामेंट की विजेता जापान की मिजुकि हाशिमोतो से छह शॉट अधिक है। अनिका तीसरे दौर के बाद संयुक्त रूप से छठे स्थान पर थी लेकिन आखिरी दौर में लय बरकरार रखने में विफल रहने के बाद तीन स्थान नीचे खिसक गयी।
- नयी दिल्ली। प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित होने वाली पहली महिला क्रिकेटर मिताली राज ने शनिवार को उम्मीद जताई कि उनकी उपलब्धियां देश की युवा लड़कियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। भारतीय महिला क्रिकेट की 38 साल की इस दिग्गज खिलाड़ी को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न से सम्मानित किया। वह इस साल इस पुरस्कार को हासिल करने वाले 12 खिलाड़ियों में से एक हैं। मिताली ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ खेल में महिलाएं परिवर्तन की शक्तिशाली उत्प्रेरक होती हैं और जब उन्हें वह सराहना मिलती है जिसकी वे हकदार होती हैं, तो यह अपने सपनों को पूरा करने की चाह रखने वाली कई अन्य महिलाओं में बदलाव के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।'' भारतीय महिला टेस्ट और एकदिवसीय टीम की कप्तान ने कहा, ‘‘ मुझे पूरी उम्मीद है कि मेरी यात्रा देश भर की युवा लड़कियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी ।'' मिताली ने दो दशक से लंबे करियर में देश के लिए 12 टेस्ट, 220 एकदिवसीय और 89 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया है।-
- नयी दिल्ली। ऐतिहासिक ओलंपिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरूष हॉकी टीम के सदस्य ढाका में अगले महीने होने वाली हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्राफी से पहले रविवार को भुवनेश्वर में चल रहे राष्ट्रीय शिविर से जुड़ेंगे जिसमें कप्तान मनप्रीत सिंह और अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश शामिल हैं। राष्ट्रीय शिविर 10 नवंबर से शुरू हो चुका है जिसमें ओलंपिक कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य शामिल नहीं हुए थे। मनप्रीत और श्रीजेश को यहां शनिवार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा जिसके बाद वे शिविर के लिये रवाना होंगे। रविवार को शिविर से जुड़ने वाले अन्य खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, सुरेंदर कुमार, नीलकांत शर्मा, सुमित, हार्दिक सिंह, सिमरनजीत सिंह, गुरजांत सिंह, मंदीप सिंह, शमशेर सिंह, ललित कुमार उपाध्याय और वरूण कुमार हैं जिन्हें तोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिये अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। विवेक सागर प्रसाद भी अर्जुन पुरस्कार समारोह के लिये नयी दिल्ली में हैं वह 24 नवंबर से पांच दिसंबर तक भुवनेश्वर में होने वाले एफआईएच पुरूष जूनियर विश्व कप में भारतीय जूनियर टीम के साथ अभियान के बाद सीनियर शिविर से जुड़ जायेंगे। तीस सदस्यीय कोर संभावित ग्रुप नौ दिसंबर तक भुवनेश्वर में शिविर में हिस्सा लेगा।कोर ग्रुप में आकाशदीप सिंह, गुरिंदर सिंह, जर्मनप्रीत सिंह, कृष्ण बी पाठक, सूरज करकेरा, जसकरण सिंह, नीलम संजीप जेस, राज कुमार पाल, गुरसाहिबजीत सिंह, दिप्सन टिर्की, शिलानंद लकड़ा, मंदीप मोर, आशीष कुमार टोप्नो और सुमन बेक शामिल हैं। मुख्य कोच ग्राहम रीड ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘भुवनेश्वर में सीनियर पुरूष टीम का ट्रेनिंग करना अच्छा होगा क्योंकि यहां का मौसम ढाका जैसा ही है। टीम के लिये इन परिस्थितियों में ट्रेनिंग करना और इनके अनुरूप ढलना अच्छा होगा। '' उन्होंने कहा, ‘‘हम सीनियर और जूनियर कोर संभावित ग्रुप के बीच कुछ मैच भी खेलेंगे जिससे जूनियर विश्व कप के लिये हमारी तैयारियों में निश्चित रूप से मदद मिलेगी। '' रीड ने कहा, ‘‘अगला साल सीनियर टीम के लिये काफी व्यस्त रहेगा जिसमें उन्हें लगातार बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेलने हैं और एशियाई चैम्पियंस ट्राफी का बचाव करने वर्ष की शुरूआत करना अच्छा होगा। '' एशियाई चैम्पिंयस ट्राफी 14 से 22 दिसंबर तक आयोजित होगी जिसमें गत चैम्पियन भारत, पाकिस्तान, कोरिया, जापान, मलेशिया और मेजबान बांग्लादेश की टीमें शीर्ष स्थान के लिये आमने सामने होंगी। सीनियर पुरूष कोर ग्रुप :गोलकीपर : पी आर श्रीजेश, कृष्ण बी पाठक, सूरज करकेराडिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, सुरेंदर कुमार, वरूण कुमार, गुरिंदर सिंह, जर्मनप्रीत सिंह, नीलम संजीप जेस, दिप्सन टिर्की, मंदीप मोर, आशीष कुमार टोप्नो, सुमन बेक मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, सुमित, हार्दिक सिंह, जसकरण सिंह, राज कुमार पाल फाॉरवर्ड : सिमरनजीत सिंह, गुरजांत सिंह, मंदीप सिंह, शमशेर सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, आकाशदीप सिंह, गुरसाहिबजीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, दिलप्रीत सिंह
- -नीरज चोपड़ा सहित 12 खिलाडिय़ों को मिला मेजर ध्यानचंद खेल रत्न सम्माननई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2021 प्रदान किए। इस वर्ष मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 12 खिलाडिय़ों को दिया गया है। मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार पिछले चार वर्षों में किसी खिलाड़ी के शानदार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित खिलाडिय़ों में तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता एथलीट नीरज चोपड़ा, रजत पदक विजेता पहलवान रवि कुमार दहिया, बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन, हॉकी खिलाड़ी पी आर श्रीजेश और मनप्रीत सिंह, पैरा-शूटर मनीष नरवाल और अवनी लेखरा, पैरा- एथलीट सुमित अंतिल, पैरा-शटलर प्रमोद भगत और कृष्णा नागर, क्रिकेटर मिताली राज और फुटबॉलर सुनील छेत्री शामिल हैं।इस वर्ष 35 खिलाडिय़ों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। अर्जुन पुरस्कार पिछले चार वर्षों की अवधि में खेलों में अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व, खेल भावना तथा अनुशासन के लिए दिया जाता है। इस श्रेणी में पुरस्कार पाने वालों में पैरा-टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल, पैरा-तीरंदाज हरविंदर सिंह, एथलीट अरपिंदर सिंह, फेंसिंग खिलाड़ी भवानी देवी, क्रिकेटर शिखर धवन, टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना, निशानेबाज अभिषेक वर्मा, मल्लखंब खिलाड़ी हिमानी उत्तम परब और मुक्केबाज सिमरनजीत शामिल हैं। इस साल कौर बीरेंद्र लकड़ा, रूपिंदर पाल सिंह, अमित रोहिदास, वंदना कटारिया और मोनिका तथा पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी सुहाश यतिराज सहित अठारह हॉकी खिलाडिय़ों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया है।इसके अलावा एथलेटिक्स कोच टीपी ओशेप और राधाकृष्णन नायर पी, क्रिकेट कोच सरकार तलवार, हॉकी कोच सरपाल सिंह और प्रीतम सिवाच, कबड्डी कोच आशान कुमार, तैराकी कोच तपन कुमार पाणिग्रही, मुक्?केबाजी कोच संध्या गुरुंग, पैरा-शूटिंग कोच जय प्रकाश नौटियाल और टेबल टेनिस कोच सुब्रमण्यम रमन को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।खेल और खेलों में आजीवन उपलब्धि के लिए ध्यानचंद पुरस्कार मुक्केबाजी के लिए लेखा के.सी., शतरंज के लिए अभिजीत कुंटे, हॉकी के लिए दविंदर सिंह गरचा, कबड्डी के लिए विकास कुमार और कुश्ती के लिए सज्जन सिंह को दिया गया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और मानव रचना एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जबकि, मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी, पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ को दी गई है। समारोह में युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा कानून मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे।
- अबुधाबी। भारतीय गोल्फर अनिका वर्मा शुक्रवार को महिला एमेच्योर एशिया पैसिफिक चैम्पियनशिप के तीसरे दौर में मिले कई मौकों का पूरा फायदा नहीं उठा सकीं लेकिन फिर भी वह दो अंडर 70 का कार्ड बनाने में कामयाब रहीं। इस कार्ड से उनका कुल स्कोर नौ अंडर 207 का है जिससे वह संयुक्त रूप से छठे स्थान पर बनी हुई है। वह थाईलैंड की नाथाकृता वोंगतावीलाप से छह शॉट पीछे हैं जिन्होंने चैम्पियनशिप में दबदबा जारी रखते हुए तीन शॉट की एकल बढ़त बना रखी है।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगामी तीन दिसंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाली ‘अल्टीमेट कराटे लीग' (यूकेएल) में विश्व चैंपियन और यूरोपीय चैंपियन खिलाड़ियों समेत देश-विदेश के खिलाड़ी भाग लेंगे। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। प्रतियोगिता का आयोजन यहां बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में किया जाएगा और एक चैनल पर पूरे सत्र का सीधा प्रसारण शाम छह बजे से रात आठ बजे तक किया जाएगा। ‘इंडियन प्रोफेशनल कराटे काउंसिल' के अध्यक्ष राजीव सिन्हा और आयोजन के प्रतिनिधि विजय नारायण चव्हाण ने शुक्रवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी और सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा की। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच तीन दिसंबर को दिल्ली ब्रेवहार्ट्स और यूपी रिबेल्स के बीच होगा। अल्टीमेट कराटे लीग में कुल 19 मैच होंगे।
- दुबई। मैथ्यू वेड ने जीवनदान मिलने के बाद शाहीन शाह अफरीदी पर लगातार तीन छक्के जड़े तथा मार्कस स्टोइनिस के साथ 40 गेंदों पर 81 रन की अटूट साझेदारी की जिससे आस्ट्रेलिया ने गुरुवार को यहां कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर चार विकेट पर 176 रन का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में आस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन बनाकर जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को पांच विकेट से हराया था। पाकिस्तान की तरफ से सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 52 गेंदों पर 67 रन बनाये जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल हैं। उन्होंने कप्तान बाबर आजम (34 गेंदों पर 39 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 71 और फखर जमां (32 गेंदों पर नाबाद 55, तीन चौके, चार छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिये 72 रन की साझेदारी की।आस्ट्रेलिया ने शुरू में नियमित अंतराल में विकेट गंवाये। डेविड वार्नर (30 गेंदों पर 49 रन, तीन चौके, तीन छक्के) ने रन गति बनाये रखी थी। इसके बाद वेड (17 गेंदों पर नाबाद 41 रन, दो चौके, चार छक्के) और स्टोइनिस (31 गेंदों पर नाबाद 40, दो चौके, दो छक्के) ने अपनी आक्रामकता का खूबसूरत नजारा पेश किया और शादाब खान (22 रन देकर चार विकेट) के प्रयासों पर पानी फेर दिया। जब आस्ट्रेलिया को 10 गेंदों पर 21 रन चाहिए थे तब हसन अली ने वेड का कैच टपकाया। उन्होंने इसके बाद अफरीदी के 19वें ओवर की आखिर तीन गेंदों पर शार्ट फाइन लेग, काउ कार्नर और फिर फाइन लेग पर विजयी छक्का लगाया। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के लचर क्षेत्ररक्षण का पूरा फायदा उठाया। इससे पहले अफरीदी ने पहले ओवर में अपनी स्विंग का कमाल दिखाया और आरोन फिंच को चौंका कर पगबाधा आउट किया। वार्नर ने इमाद वसीम पर लगातार छक्का और दो चौके लगाकर रन गति बढ़ायी जबकि मिशेल मार्श (22 गेंदों पर 28 रन) ने हारिस रऊफ का स्वागत छक्के और चौके से किया। इससे आस्ट्रेलिया पावरप्ले में 52 रन बनाने में सफल रहा। मार्श ने हालांकि इसके तुरंत बाद लेग स्पिनर शादाब की गेंद पर हवा में लहराता कैच दे दिया। वार्नर ने मोहम्मद हफीज की दो बार टप्पा खाकर आयी गेंद को छह रन के लिये भेजा और फिर शादाब पर छक्का लगाया लेकिन स्टीव स्मिथ (पांच) ने मार्श की तरह गेंद हवा में लहराकर अपना विकेट गंवाया। वार्नर भी अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये। शादाब की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर रिजवान के दस्तानों में समा गयी। रीप्ले से हालांकि पता चला कि गेंद उनके बल्ले से नहीं लगी थी लेकिन वार्नर ने रिव्यू नहीं लिया। शादाब ने ग्लैन मैक्सवेल (सात) के रूप में चौथा विकेट लिया जिनका स्विच हिट सीधे क्षेत्ररक्षक के हाथों में चला गया। आस्ट्रेलिया को आखिरी चार ओवर में 50 रन चाहिए थे। स्टोइनिस ने हारिस रऊफ पर और वेड ने हसन अली पर छक्का और चौका लगाकर उम्मीद जगायी। इसके बाद वेड के बल्ले ने कमाल दिखाया। इससे पहले आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों जोश हेजलवुड (चार ओवर में 49 रन), मिशेल स्टार्क (38 रन देकर दो) और पैट कमिन्स (30 रन देकर एक) को पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने निशाने पर रखा लेकिन स्पिनर एडम जंपा (22 रन देकर एक) और ग्लेन मैक्सवेल (तीन ओवर में 20 रन) ने किफायती गेंदबाजी की। बाबर और रिजवान ने फिर से पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलायी। इन दोनों ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 47 रन बनाये जो इस टूर्नामेंट में पहले छह ओवर में पाकिस्तान का सर्वाधिक स्कोर है। फिंच ने तीसरे ओवर में ही मैक्सेवल के रूप में स्पिन आक्रमण आजमाया। रिजवान ने तब खाता भी नहीं खोला था जब वार्नर ने सीमा रेखा पर उनका मुश्किल कैच छोड़ा। रिजवान ने इसका फायदा उठाकर हेजलवुड पर छक्का लगाया। इसके बाद हालांकि मैक्सवेल और जंपा ने दबाव बनाया जिसका प्रभाव बल्लेबाजों पर साफ दिखा। बाबर ने लेग स्पिनर जंपा के पहले ओवर में इस दबाव में स्लॉग स्वीप करके लांग ऑन पर वार्नर को आसान कैच दिया। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाये। पाकिस्तान पर जब दबाव बन रहा था तब रिजवान ने जंपा पर स्क्वायर लेग पर छक्का लगाकर इस कैलेंडर वर्ष में टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1000 रन पूरे किये। यह कारनामा करने वाले वह दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं। स्टार्क का बाउंसर रिजवान के हेलमेट की ग्रिल पर लगा लेकिन इससे उनका विश्वास नहीं डगमगाया। उन्होंने 14वें ओवर में हेजलवुड पर एक और छक्का जड़कर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और फिर 41 गेंदों पर टूर्नामेंट में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। फखर ने पर्याप्त समय क्रीज पर बिताने के बाद हेजलवुड पर सीधा छक्का लगाकर अपने तेवर दिखाये। इस ओवर में रिजवान ने भी छक्का जमाया। रिजवान ने स्टार्क की गेंद पर कैच दिया लेकिन फखर रंग में लौट चुके थे। उन्होंने स्टार्क पर तीन छक्के लगाये लेकिन आसिफ अली (शून्य) और शोएब मलिक (एक) कुछ कमाल नहीं कर पाये।
- नयी दिल्ली। भारत अगले साल जून में पहली योगासन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। राष्ट्रीय योगासन खेल महासंघ (एनवाईएसएफ) योगासन के अभ्यास और विकास से फिटनेस, प्रतियोगिता, बेहतर स्वास्थ्य और प्रगति की मजबूत संस्कृति तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। एनवाईएसएफ को खेल मंत्रालय ने मान्यता प्राप्त है। भुवनेश्वर में भारत की पहली राष्ट्रीय योगासन खेल चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में एनवाईएसएफ के अध्यक्ष उदित सेठ ने कहा, ‘‘भारत पहली योगासन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा और जून 2022 में दुनिया को भारत के पारंपरिक खेल की झलक दिखाएगा। '' खेल इंडिया युवा खेल 2021 में योगासन खेल को पुरुष और महिला दोनों वर्ग में शामिल किया गया है। भारत सरकार की मान्यता मिलने से एनवाईएसएफ सभी वर्गों की राष्ट्रीय चैंपियनशिप के आयोजन के लिए वित्तीय सहायता का पात्र है।
- बर्मिंघम। फुटबॉल क्लब लीवरपूल के पूर्व कप्तान स्टीवन गेरार्ड को गुरुवार को एस्टन विला का मैनेजर नियुक्त किया जिससे वह पहली बार किसी इंग्लिश प्रीमियर लीग टीम को कोचिंग देते नजर आएंगे। गेरार्ड इससे पहले साढ़े तीन साल स्कॉटलैंड में रेंजर्स के मैनेजर थे और पिछले सत्र में उनके मार्गदर्शन में टीम ने स्कॉटिश लीग का खिताब जीता। गेरार्ड डीन स्मिथ की जगह लेंगे जिन्हें इंग्लिश प्रीमियर लीग में एस्टन विला की लगातार पांच हार के बाद रविवार को बर्खास्त कर दिया गया। लगातार पांच हार के बाद एस्टन विला की टीम 20 टीमों की शीर्ष लीग में 16वें स्थान पर खिसक गई है। गेरार्ड लीवरपूल के महानतम खिलाड़ियों में शामिल रहे और उन्हें टीम की अकादमी में भी कोचिंग दी। वह 2018 में रेंजर्स टीम से जुड़े। उन्होंने पिछले सत्र में रेंजर्स को खिताब दिलाकर ग्लास्गो की अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम सेल्टिक का दबदबा खत्म किया जिसने लगतार नौ लीग खिताब जीते थे। रेंजर्स की टीम पिछले सत्र में अजेय रही थी। विला के मैनेजर के रूप में गेरार्ड का पहला मैच 20 नवंबर को ब्राइटन के खिलाफ होगा। वह 11 दिसंबर को लीवरपूल में होंगे जब विला और इस टीम का मुकाबला होगा।
- नयी दिल्ली। इस्तांबुल में अगले महीने होने वाली महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप को बुधवार को खेल की संचालन संस्था एआईबीए (विश्व मुक्केबाजी महासंघ) ने मार्च 2022 तक के लिये स्थगित कर दिया। एआईबीए ने कहा कि वर्तमान में कोविड-19 की स्थिति गंभीर है और ऐसे में वह प्रतियोगिता के आयोजन का जोखिम नहीं उठा सकता है।एआईबीए के अध्यक्ष उमर क्रेमलेव ने राष्ट्रीय महासंघों को भेजे गये पत्र में कहा, ‘‘इस तरह से एआईबीए के निदेशक बोर्ड ने तुर्की राष्ट्रीय महासंघ की सहमति से महिला विश्व चैंपियनशिप को मार्च 2022 तक स्थगित करने का फैसला किया। '' टूर्नामेंट का आयोजन चार से 18 दिसंबर के बीच करने की योजना थी लेकिन तुर्की में लगातार कोविड के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। तुर्की में सोमवार को कोरोना वायरस के 27,824 नए मामले सामने आए। पिछले दो साल से तबाही मचा रहे इस घातक संक्रमण से सोमवार को 187 लोगों की मौत हुई। माना जा रहा है कि मामलों में इजाफे का कारण वायरस का डेल्टा प्रारूप है। भारत ने 70 किग्रा वर्ग में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को सीधा प्रवेश दिया था जबकि अन्य सभी वर्गों में गत राष्ट्रीय चैंपियनों को देश का प्रतिनिधित्व करना था।








.jpg)





.jpg)







.jpg)




