- Home
- खेल
- वियना। एंडी मर्रे ने एरेस्टे बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में हूबर्ट हरकाज को 6-4, 6-7 (6), 6-3 से हराया जो पिछले 14 महीनों में किसी शीर्ष 10 खिलाड़ी के खिलाफ उनकी पहली जीत है। मर्रे दूसरे सेट के टाईब्रेकर में मैच प्वाइंट हासिल करने से चूक गये थे लेकिन विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने तीसरे सेट में अच्छा खेल दिखाकर दो घंटे 40 मिनट तक चले मैच में जीत दर्ज की। अगस्त 2020 में सिनसिनाटी मास्टर्स में अलेक्सांद्र जेवरेव को हराने के बाद मर्रे की किसी शीर्ष 10 खिलाड़ी के खिलाफ यह पहली जीत है। विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज हरकाज की इस हार से एटीपी फाइनल्स में जगह बनाने की उम्मीदों को भी झटका लगा है। तीसरी वरीयता प्राप्त माटियो बेरेटिनी ने आस्ट्रेलिया के क्वालीफायर अलेक्सी पोपिरिन को 7-6 (2), 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। पहले दौर के अन्य मैचों में एलेक्स डी मिनौर ने 2018 के चैंपियन केविन एंडरसन को 6-3, 7-6 (3) से, कार्लोस अल्कराज ने डेनियल इवांस को 6-4, 6-3 से और निकोलोज बेसिलशविली ने पाब्लो कारेनो बुस्टा को 7-5, 4-6, 6-3 से हराया। स्टेफनोस सिटसिपास और जेवरेव को इस इंडोर प्रतियोगिता में क्रमश: पहली और दूसरी वरीयता दी गयी है।
- मुंबई। स्टार क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए जीएससी विश्व स्नूकर क्वालीफायर्स में सभी मैच जीतकर शीर्ष पर रहते हुए विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में जगह बनायी। यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार विश्व और एशियाई स्नूकर में कई बार के चैंपियन आडवाणी ने अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखी तथा सभी 12 मैच (वाई कैंप और जेड कैंप में छह-छह) जीते। उन्होंने दोनों वर्ग में कुल 10,760 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय चैंपियन आदित्य मेहता 10,156 अंक लेकर दूसरे जबकि लक्ष्मण रावत 9,396 अंक साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह से पंकज और आदित्य ने आगामी विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई किया जिसका आयोजन नवंबर या दिसंबर में दोहा में हो सकता है। आडवाणी ने कहा, ‘‘मैं दोहा में आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के लिये भारत के नंबर एक खिलाड़ी के रूप में क्वालीफाई करने से रोमांचित हूं। मैं दोहा में होने वाली प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।'' आडवाणी ने अपने अंतिम मैच में देश के नंबर एक खिलाड़ी आदित्य को 4-1 (80(63)-08, 32-70, 70-00, 86-15, 68-49) से हराया। इससे पहले उन्होंने लक्ष्मण रावत को 4-2 (139-00, 22-61, 84-46, 93-07, 28-74, 60-31) से हराया था। आदित्य ने भी रावत को 4-3 से हराकर पांचवीं जीत दर्ज की थी।
- बेलग्रेड । एशियाई चैम्पियन संजीत (92 किलो) और सचिन कुमार (80 किलो) को एआईबीए पुरूष विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के पहले दौर में बाय मिला है जबकि विभिन्न भारवर्गों के ड्रॉ का सोमवार को ऐलान किया गया । सचिन 30 अक्टूबर को दूसरे दौर में अमेरिका के रॉबी गोंजालेस से खेलेंगे । वहीं संजीत का सामना 29 अक्टूबर को रूस के आंद्रे स्तोत्स्की से होगा । चैम्पियनशिप में 100 से अधिक देशों के 600 से अधिक मुक्केबाज भाग ले रहे हैं । कई वर्गों में तो क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के लिये तीन मुकाबले जीतने होंगे । पांच बार के एशियाई पदक विजेता शिवा थापा (63 . 5 किलो) को भी ऐसा ही वर्ग मिला है । थापा पहले दौर में कीनिया के विक्टर ओ नियाडेरा से खेलेंगे । एशियाई रजत पदक विजेता दीपक कुमार (51 किलो) का सामना किर्गीस्तान के अजात उसेनालीव से होगा । पहली बार खेल रहे गोविंद सहानी (48 किलो) की टक्कर इक्वाडोर के बिली जोओ ओर्तिज से होगी ।आकाश कुमार 54 किलोवर्ग में जर्मनी के उमर सालाह से खेलेंगे ।रोहित मोर 57 किलो में इक्वाडोर के जीन केइसेडो का सामना करेंगे । आकाश 67 किलो में तुर्की के फुरकान एडम से खेलेंगे । वरिंदर सिंह (60 किलो) का सामना बुधवार को आर्मेनिया के कारेन टी से होगा जबकि निशात देत (71 किलो) की टक्कर हंगरी के लाज्लो कोजाक से होगी । लक्ष्य चाहर (86 किलो) का सामना कोरिया के किम हियोंगक्यू से होगा । सुमित (75 किलो) मंगलवार को जमैका के डामोन ओनील से खेलेंगे । प्लस 92 किलो में नरेंदर का सामना पोलैंड के ओस्कार सफारियान से होगा ।
- दुबई। बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन और गेंदबाजों के परिस्थितियों के अनुकूल गेंदबाजी करने में नाकाम रहने के कारण भारत को आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप दो मैच में रविवार को यहां पाकिस्तान से 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा जिससे उसका अपने इस चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ पिछले 29 वर्षों से चला आ रहा विजय अभियान भी थम गया।भारत ने विश्व कप (वनडे और टी20) में 1992 के बाद इस मैच से पहले तक सभी 12 मैचों (वनडे में सात और टी20 में पांच) में जीत दर्ज की थी लेकिन पहले शाहीन शाह अफरीदी (31 रन देकर पांच) की अगुवाई में पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने उसके बल्लेबाज नहीं चले और बाद में रही सही कसर कप्तान बाबर आजम (52 गेंद पर नाबाद 68, छह चौके, दो छक्के) और मोहम्मद रिजवान (55 गेंदों पर नाबाद 78, छह चौके तीन छक्के) की पहले विकेट के लिये अटूट शतकीय साझेदारी ने पूरी कर दी। भारत ने सात विकेट पर 151 रन बनाये थे लेकिन पाकिस्तान ने 17.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 152 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज करके अपने विश्व कप अभियान की शानदार शुरुआत की। भारत ने टॉस गंवाया और इसके एक समय वह तीन विकेट पर 31 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। विराट कोहली (49 गेंदों पर 57 रन, पांच चौके, एक छक्का) ने ऋषभ पंत (30 गेंदों पर 39 रन, दो चौके, दो छक्के) के साथ चौथे विकेट के लिये 40 गेंदों पर 53 रन की साझेदारी की जिससे भारत सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाया। इसके उलट पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने शुरू से ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। कोहली के गेंदबाजों से लेकर क्षेत्ररक्षण की सजावट में वह आक्रामकता नहीं दिखी जिसके कारण उन्हें दुनिया के सफल कप्तानों में गिना जाता है। विश्व कप के बाद टी20 की कप्तानी छोड़ने का मन बना चुके कोहली को यह हार वर्षों तक सालती रहेगी।
- नयी दिल्ली।पूर्व चैंपियन विष्णु वर्धन और शर्मदा बालू ने आसान जीत दर्ज करके रविवार को यहां फेनेस्टा राष्ट्रीय हार्डकोर्ट टेनिस चैंपियनशिप के पुरुष और महिला एकल के मुख्य ड्रा में प्रवेश किया। विष्णु ने अजय मलिक को 6-2, 6-1 से जबकि शर्मदा बालू ने किरण कलकल को 6-1, 6-2 से हराया। परीक्षित सोमनानी और सिद्धार्थ विश्वकर्मा ने भी पुरुष एकल के मुख्य ड्रा में जगह बनायी। परीक्षित ने जगमीत सिंह को 6-3, 6-2 से और लखनऊ के सिद्धार्थ ने लोहित अक्ष बत्रीनाथ को 6-2, 6-4 से शिकस्त दी। क्वालीफाईंग के अंतिम दौर के मैचों में श्रुति अहलावत ने अंजलि राठी को 6-2, 6-1 से जबकि सुदीप्त सेन ने ईश्वरी अनंत को 6-3, 6-0 से हराया। फरहत अलीन कमर ने सोनाशी भटनागर को 6-3, 6-3 से और शेफाली अरोड़ा ने राधिका यादव को 6-4, 6-0 से पराजित किया।
- मेलबर्न । मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच बॉक्सिंग डे एशेज टेस्ट के दौरान 80000 से अधिक दर्शक हो सकते हैं क्योंकि विक्टोरिया सरकार ने आने वाले समय में कोरोना प्रतिबंधों में और ढील देने की घोषणा की है । मेलबर्न में हाल ही में कोरोना महामारी के कारण छठा लॉकडाउन खत्म हुआ है। दुनिया में किसी भी शहर में सबसे ज्यादा लॉकडाउन यही लगाये गए हैं । विक्टोरिया के प्रधानमंत्री डेनियल एंड्रयूज ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा , मैं चाहता हूं कि बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन 80 हजार से अधिक लोग स्टेडियम में दिखे । हम ऐसा करेंगे ।यह आसान नहीं है । टिकट बेचना आसान होगा और हमें पूरा भरोसा है।'' पिछले साल भारत के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में कोरोना प्रतिबंधों के कारण 30 हजार लोग ही जमा थे ।विक्टोरिया सरकार को यकीन है कि 24 नवंबर तक उसकी 90 प्रतिशत आबादी को कोरोना के दोनों टीके लग जायेंगे ।
- मैड्रिड। विलारीयाल को स्पेनिश फुटबॉल लीग में शनिवार को एथलेटिक बिलबाओ के खिलाफ 1-2 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। चैंपियन्स लीग में यंग ब्वायज के खिलाफ पिछले मैच में 4-1 की जीत दर्ज करने वाले विलारीयाल को स्पेनिश लीग में लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है और टीम अंक तालिका में 13वें स्थान पर चल रही है। इस बीच विलारीयाल के गेरार्ड मोरेनो को मांसपेशियों में चोट के कारण पहले हाफ के बीच में ही मुकाबले से हटना पड़ा। डिफेंडर युआन फॉयथ भी मांसपेशियों में समस्या के कारण दूसरे हाफ में हट गए। एथलेटिक के लिए दोनों हाफ में राउल गार्सिया और इकेर मुनियन ने एक-एक गोल किया जिससे टीम 16 अंक के साथ सातवें स्थान पर चल रही है। वह शीर्ष पर चल रहे रीयाल सोसीदाद से चार अंक पीछे है। एथलेटिक के एलेक्स बेरेनगुएल की 82वें मिनट में पेनल्टी किक को विलारीयाल के गोलकीपर गेरोनिमो रुली ने रोक दिया। विलारीयाल की ओर से एकमात्र गोल फ्रांसिस कोकेलिन ने 32वें मिनट में किया।वेलेन्सिया ने दो गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में दो गोल दागकर 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहे मालोर्का को 2-2 से बराबरी पर रोका जबकि अलावेस ने केडिज को 2-0 से हराकर सत्र की दूसरी जीत दर्ज की। एल्शे ने इस्पानयोल के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला।
- मेंज (जर्मनी। मेंज ने शुरुआती आधे घंटे में तीन गोल करके आगसबर्ग को 4-1 से हराकर जर्मन फुटबॉल लीग बुंदेसलीगा में पिछले चार मैचों में अपनी पहली जीत दर्ज की। मेंज के फारवर्ड जोनाथन बुकार्ड ने दो गोल किये जबकि एक अन्य गोल करने में मदद की। मेंज की तरफ से पहला गोल करीम ओनिसिवो ने 10वें मिनट में किया। इसके पांच मिनट बाद स्टीफन बेल ने बुकार्ड की मदद से मेंज के लिये दूसरा गोल दागा। बुकार्ड ने 26वें मिनट में स्कोर 3-0 कर दिया। आगसबर्ग ने एंडी जेकिरी के 69वें मिनट में किये गये गोल से वापसी की कोशिश की लेकिन बुकार्ड ने तीन मिनट बाद ही अपना दूसरा और मेंज के लिये चौथा गोल दाग दिया। मेंज की यह आगसबर्ग पर 2018 के बाद पहली जीत है जिससे वह तालिका में 11वें से छठे स्थान पर पहुंच गया है। आगसबर्ग 18 टीमों की तालिका में 16वें स्थान पर है।
- बार्सीलोना। गेरार्ड पीक के पहले हाफ में किये गए गोल की मदद से बार्सीलोना ने डायनामो कीव को 1 . 0 से हराकर न सिर्फ पराजय का सिलसिला तोड़ा बल्कि चैम्पियंस लीग फुटबॉल में नॉकआउट चरण में प्रवेश की उम्मीदें भी कायम रखी। पीक का चैम्पियंस लीग में यह 16वां गोल था । एक डिफेंडर के तौर पर चैम्पियंस लीग में सबसे ज्यादा गोल के रीयाल मैड्रिड के राबर्टो कार्लोस के रिकॉर्ड की उन्होंने बराबरी कर ली । बार्सीलोना को इससे पहले बायर्न म्युनिख और बेनफिका ने तीन तीन गोल से हराया था और टीम 2000 . 01 के बाद पहली बार ग्रुप चरण से बाहर होने की कगार पर थी । इस जीत से टीम ग्रुप ई में तीसरे स्थान पर है जबकि डायनामो उससे दो अंक पीछे है । बेनफिका उससे एक अंक आगे है जिसे बायर्न ने 4 . 0 से हराया । बायर्न के तीन मैचों में नौ अंक हैं । बार्सीलोना को चैम्पियंस लीग में लगातार पांच मैचों में जीत के लिये इंतजार करना पड़ा जो 1997 के बाद सबसे लंबा दौर है । डायनामो ने पहले मैच में बेनफिका से ड्रॉ खेला था लेकिन फिर बायर्न ने उसे पांच गोल से हराया ।
- हिसार (हरियाणा) ।पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन निकहत जरीन (52 किग्रा) ने गुरुवार को यहां राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप के शुरूआती मुकाबले में गोवा की सिया वाल्के पर जीत दर्ज कर दूसरे दौर में जगह बनायी। तेलंगाना का प्रतिनिधित्व कर रही जरीन एशियाई चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं, उन्होंने पहले दौर के मैच में वाल्के को चित्त कर दिया। इससे पहले दिल्ली की हेमलता ने 50 किग्रा भार वर्ग के अपने पहले मुकाबले में असम की पीएस मंतसाहा कुमारी को 4-0 से मात दी। हेमलता ने हरियाणा के हिसार में सेंट जोसेफ इंटरनेशनल स्कूल में चल रही प्रतियोगिता में मंतसाहा को कोई मौका नहीं दिया और अपने सटीक मुक्कों से पहली जीत हासिल की। पहले दिन का एक और आकर्षण महाराष्ट्र की आर्या कुलकर्णी का शानदार प्रदर्शन था, जिन्होंने अरुणाचल प्रदेश की यापे बमांग को 5-0 से मात दी। यह कुलकर्णी के समग्र वर्चस्व का प्रदर्शन था, जो पहले दौर से स्पष्ट था। उन्होंने आसान जीत दर्ज करने के लिए अंतिम दौर तक अपना दबदबा बनाए रखा। हरियाणा मुक्केबाजी संघ के सहयोग से आयोजित हो रहे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देश भर के 36 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों औऱ बोर्ड के 320 से अधिक मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन 50 किग्रा भार वर्ग में गोवा की प्रीति चव्हाण का दबदबा दिखा। प्रीति ने पश्चिम बंगाल की मोनिका पांडे को आरएसी (रैफरी द्वारा मैच रोकना) से हराया। इसी तरह पंजाब की कोमल ने उत्तराखंड की सोनिया गौनी को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया। मध्य प्रदेश की अंजलि शर्मा और तमिलनाडु की वी विनोदिनी के बीच 52 किग्रा वर्ग में कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों मुक्केबाज पूरे मुकाबले में आमने-सामने खड़ी रहीं। शर्मा ने हालांकि अंतिम फैसले में विनोदिनी को 3-2 से मात दी औऱ अगले दौर का टिकट कटाया। इस चैंपियनशिप के स्वर्ण और रजत पदक विजेता राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में स्थान अर्जित करेंगे। प्रत्येक श्रेणी में शिविर के लिए शेष दो नामों का चयन सेलेक्शन ट्रायल में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा, जो कि इस प्रतियोगिता के ठीक बाद आयोजित होगा।
-
नयी दिल्ली । स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा अगस्त में तोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद एनआईएस-पटियाला में ट्रेनिंग पर लौट गये हैं। सात अगस्त को तोक्यो में ऐतिहासिल उपलब्धि के बाद वह ब्रेक पर थे। वह तोक्यो में एथलेटिक्स में पदक जीतने वाले पहले और ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बने थे। चोपड़ा ने बुधवार को अपनी ट्रेनिंग की फोटो के साथ ट्वीट किया, ‘‘इस हफ्ते उसी भूख के साथ ट्रेनिंग पर लौट आया हूं। पिछले ओलंपिक चक्र की तरह ही शुरूआत करना अच्छा है। आप सभी को आपके संदेशों के लिये शुक्रिया। - नयी दिल्ली। तोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया ने घुटने की चोट से उबरने के बाद ट्रेनिंग शुरू कर दी है लेकिन वह 2022 के लिये खुद को अच्छी तरह तैयार के लिये इस साल सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शिरकत नहीं करेंगे। ओलंपिक से पहले 27 साल के पहलवान के ‘लिगामेंट' में खिंचाव आ गया था लेकिन वह फिर भी तोक्यो ओलंपिक की 65 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा का कांस्य पदक जीतने में सफल रहे थे। उन्हें छह हफ्ते के ‘रिहैबिलिटेशन' की सलाह दी गयी थी जिससे वह इस महीने विश्व चैम्पियनशिप में नहीं खेल सके थे। रेलीगेयर ग्रुप द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह के मौके पर बजरंग ने कहा, ‘‘मेरा घुटना अब ठीक है। मैंने दो दिन पहले ही ट्रेनिंग शुरू कर दी है। मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं लेकिन मैं इस साल किसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लूंगा। अगले साल तरोताजा रहने के लिये मैं इस साल राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भी नहीं खेलूंगा। '' उन्होंने हालांकि अगले साल की योजना का खुलासा करने से इनकार कर दिया।बजरंग ने कहा, ‘‘अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मैं इस साल कोई प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट नहीं खेल रहा हूं, यह तो तय है। लेकिन अगले साल की योजना बनानी बाकी है। '' सीनियर कुश्ती राष्ट्रीय चैम्पियनशिप उत्तर प्रदेश के गोंडा में 19 से 21 नवंबर तक खेली जायेगी।वह अपने व्यक्तिगत कोच जार्जिया के शाको बेनेटिनिडिस के साथ काम करना चाहते हैं लेकिन उनका कहना है कि अंतिम फैसला भारतीय कुश्ती महासंघ का होगा। उन्होंने कहा, ‘‘महासंघ जो फैसला करेगा, वह ठीक होगा। लेकिन मैं निश्चित रूप से शाको के साथ काम करना जारी रखना चाहूंगा। लेकिन यह फैसला करना महासंघ का काम है।
- ओडन्से। युवा लक्ष्य सेन ने हमवतन भारतीय सौरभ वर्मा को सीधे गेम में हराकर बुधवार को यहां डेनमार्क ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन साइना नेहवाल को हार का सामना करना पड़ा। पिछले रविवार को डच ओपन में उप विजेता रहे लक्ष्य ने एकतरफा मुकाबले में राष्ट्रीय चैंपियन सौरभ को 26 मिनट में 21-9 21-7 से हराया। ट्रायल में एकमात्र मैच हारने के बाद सुदिरमन कप और थॉमस कप फाइनल की टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे अल्मोड़ा के 20 साल के लक्ष्य की भिड़ंत अगले दौर में दूसरे वरीय और ओलंपिक चैंपियन डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन से होने की उम्मीद है। ग्रोइन में चोट के कारण उबेर कप फाइनल मैच के बीच से हटने वाली लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना को पहले दौर में जापान की दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी आया ओहोरी ने पहले दौर में 21-16 21-14 से हराया। भारत के युगल खिलाड़ियों ने भी निराश किया और सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी तथा अश्विनी पोनप्पा के अलावा कोई विरोधी जोड़ियों को टक्कर नहीं दे पाया। सात्विक और अश्विनी को भी हालांकि कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद मिश्रित युगल में फेंग यान झी और ड्यू युइ की चीन की जोड़ी के खिलाफ 17-21 21-14 11-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। महिला युगल में मेघना जक्कमपुडी और पूर्विशा एस राम को निता वायोलिना मारवाह और पुत्री सेकाह की इंडोनेशिया की जोड़ी के खिलाफ 8-21 7-21 से हार का सामना करना पड़ा। अश्विनी और एन सिक्की रेड्डी की राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जोड़ी को ली सोही और शिन स्युंगचान की कोरिया की दूसरी वरीय जोड़ी के हाथों 17-21 13-21 से हार मिली।
- मुंबई। दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने जीत का क्रम जारी रखते हुए जीएससी विश्व स्नूकर क्वालीफायर के राउंड रोबिन मैच में लक्ष्मण रावत को 4-2 से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। यह क्वालीफायर भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) का राष्ट्रीय चयन टूर्नामेंट है।विज्ञप्ति के अनुसार आडवाणी ने रावत को 61-67, 67-19, 84-23, 65-48, 43-75 और 68-31 से शिकस्त दी।चयन टूर्नामेंट में यह आडवाणी की लगातार पांचवीं जीत है और अब उन्हें राष्ट्रीय चैंपियन आदित्य मेहता के खिलाफ खेलना है। इससे पहले आदित्य ने पांचवें दौर के मुकाबले में लक्ष्मण को 4-3 से हराकर दूसरी जीत दर्ज की। आदित्य को तीसरे दौर में ध्वज हारिया के खिलाफ 2-4 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।महिला वाई कैंप वर्ग में तमिलनाडु की वर्षा संजीव और अनुपमा रामचंद्रन ने पांचवें दौर के मुकाबले में सीधे तीन फ्रेम में जीत दर्ज की।
- मैड्रिड। मोहम्मद सलाह के दो गोल की बदौलत लिवरपूल ने चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के एक रोमांचक मैच में मंगलवार को एटलेटिको मैड्रिड को 3-2 से हराया। मैच में एक समय लग रहा था कि एंटोनी ग्रीजमैन नायक बनकर उभरेंगे लेकिन उन्हें 52वें मिनट में लाल कार्ड देखना पड़ा जिसके कारण एटलेटिको को दूसरे हॉफ में अधिकतर समय 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। लिवरपूल ने इसका पूरा फायदा उठाकर जीत दर्ज की। सलाह ने आठवें मिनट में लिवरपूल को शुरुआती बढ़त दिलायी जबकि नेबी कीता ने 13वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया। ग्रीजमैन ने इसके बाद 20वें और 34वें मिनट में गोल करके एटलेटिको को बराबरी दिला दी, लेकिन राबर्टो फर्मिनो के सिर पर उनका पांव लगने से उन्हें लाल कार्ड मिल गया। लिवरपूल ने इसका फायदा उठाया और उसे 78वें मिनट में पेनल्टी मिली जिसे सलाह ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। इस जीत से लिवरपूल ग्रुप बी में तीन मैचों में नौ अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गया है। वह एटलेटिको से पांच अंक आगे है। पोर्टो और एटलेटिको के समान अंक हैं। पोर्टो ने एक अन्य मैच में एसी मिलान को 1-0 से हराया।
- दुबई। भारत के स्टार हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या का मानना है कि टी20 विश्व कप उनके कैरियर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि ‘लाइफ कोच और भाई ’ महेंद्र सिंह धोनी की गैर मौजूदगी में एक ‘फिनिशर’ के तौर पर सारा भार उनके कंधों पर होगा । ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो की क्रिकेट मंथली’ को दिये गए इंटरव्यू में पंड्या ने अपने जीवन की कई चुनौतियों और धोनी के साथ असाधारण तालमेल पर बात की ।पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले धोनी के बिना भारत का यह पहला टी20 विश्व कप है । भारत को पहले मैच में 24 अक्टूबर को पाकिस्तान से खेलना है । धोनी को टूर्नामेंट के लिये टीम का मेंटर बनाया गया है ।पंड्या ने कहा ,‘‘ यह कैरियर की सबसे बड़ी चुनौती है क्योंकि इस बार महेंद्र सिंह धोनी नहीं है । सब कुछ मेरे कंधों पर है । मैं इसी तरह से सोचता हूं क्योंकि इससे मेरे लिये चुनौती बढ जाती है । यह रोमांचक टूर्नामेंट होगा ।’’धोनी के बारे में उन्होंने कहा कि हालात अनुकूल नहीं होने पर , परेशानी में या खुद को समझने के लिये वह धोनी के पास जाते हैं ।उन्होंने कहा ,‘‘ एम एस मुझे शुरू ही से समझते आये हैं । मैं कैसे काम करता हूं या मैं कैसा इंसान हूं । मुझे क्या पसंद नहीं है , सब कुछ ।’’पंड्या ने बताया कि एक टीवी शो पर विवादास्पद टिप्पणी के बाद निलंबन पूरा करके जब वह 2019 में न्यूजीलैंड दौरे पर वापसी कर रहे थे तो धोनी ने उनसे बात की ।उन्होंने कहा ,‘‘ शुरू में मेरे लिये कोई होटल रूम नहीं था । फिर मुझे फोन आया कि यहां आ जाओ । एम एस ने कहा कि वह बिस्तर पर नहीं सोते हैं । वह नीचे सोयेंगे और मैं उनके बिस्तर पर । वह पहले व्यक्ति हैं जो हमेशा साथ थे । वह मुझे गहराई से जानते हैं । मैं उनके काफी करीब हूं । वही मुझे शांत रख सकते हैं ।’’उन्होंने कहा ,‘‘जब यह सब हुआ, उन्हें पता था कि मुझे सहयोग की जरूरत है । मुझे एक कंधा चाहिये था जो मेरे क्रिकेट कैरियर में उन्होंने मुझे कई बार दिया । मैने उन्हें एम एस धोनी , एक महान क्रिकेटर के रूप में कभी नहीं देखा । मेरे लिये वह मेरे भाई हैं ।’’पंड्या ने कहा कि कई बार वह अपने ही ख्यालों में उलझ जाते थे और धोनी ऐसे में उनकी मदद करते थे ।उन्होंने कहा ,‘‘ मैं उन्हें फोन करके कहता था कि ये सोच रहा हूं , क्या चल रहा है बताओ । फिर वह बताते थे । मेरे लिये वह लाइफ कोच हैं । उनके साथ रहकर आप परिपक्व और विनम्र होना सीखते हैं ।’’पंड्या ने स्वीकार किया कि वह कभी परफेक्ट नहीं थे लेकिन उनके परिवार ने सुनिश्चित किया कि उनके पैर हमेशा जमीन पर रहें । उन्होंने कहा ,‘‘ मैं अपनी कमियां स्वीकार करता हूं । कैरियर के शुरूआती दो साल में काफी भटकाव था लेकिन हमारा परिवार एक दूसरे के काफी करीब है ।परिवार में एक चीज साफ है कि मैं गलत हूं तो गलत हूं । हर कोई अपनी राय देता है और अगर कोई भटकने लगता है तो उसके पैर जमीन पर रखने में परिवार मदद करता है ।’’उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता है कि सभी की नजरें उन पर होती है । उन्होंने कहा ,‘‘ मैं सुर्खियों में रहना नहीं चाहता लेकिन ऐसा हो जाता है । जब मैं मैदान पर जाता हूं तो सभी की नजरें मुझ पर होती है क्योंकि उन्हें पता है कि मैं फॉर्म में रहा तो अपने दम पर मैच जिता सकता हूं ।’’
- ओडेन्से । दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और मौजूदा विश्व चैम्पियन पी वी सिंधू मंगलवार से शुरू हो रहे डेनमार्क ओपन विश्व टूर सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के जरिये एक ब्रेक के बाद कोर्ट पर वापसी करेंगी तो उनका लक्ष्य जीत के साथ शुरूआत करने का होगा । तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद सिंधू ने ब्रेक लिया था । अब वह कोरोना महामारी में निलंबन के बाद शुरू हो रहे बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर में अच्छा आगाज करने को बेताब होंगी । लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल भी ग्रोइन की चोट से उबरकर वापसी करेंगी । चोट के कारण पिछले सप्ताह उबेर कप फाइनल में उन्हें पहले मैच से ही रिटायर होना पड़ा था ।चौथी वरीयता प्राप्त सिंधू का सामना पहले मैच में तुर्की की नेसलिहान यिजिट से होगा जबकि साइना जापान की आया ओहोरी से खेलेगी ।रियो ओलंपिक 2016 की रजत पदक विजेता सिंधू दूसरे दौर में थाईलैंड की बुसानन ओंगामरूगफान से खेल सकती है जिसमें जीतने पर मुकाबला पांचवीं वरीयता प्राप्त कोरियाई खिलाड़ी अन सियंग से हो सकता है ।चिराग शेट्टी और सात्विक साइराज रांकिरेड्डी पर भी सभी की नजरें होंगी । सातवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी पहले दौर में इंग्लैंड के कालम हेमिंग और स्टीवन स्टालवुड से खेलेगी । दोनों ने डेनमार्क में थॉमस कप फाइनल में चारों मैच जीते थे ।पुरूष एकल में लक्ष्य सेन पहले दौर में हमवतन सौरभ वर्मा से खेलेंगे । लक्ष्य सुदीरमन कप और थॉमस कप के लिये भारतीय टीम में जगह नहीं बना सके थे । ट्रायल में एकमात्र मैच हारने के बाद उन्हें बाहर रहना पड़ा लेकिन रविवार को डच ओपन में उपविजेता रहकर उन्होंने वापसी की ।किदाम्बी श्रीकांत और बी साइ प्रणीत सुदीरमन कप और थॉमस कप फाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये । वे पहले दौर में एक दूसरे से खेलेंगे । विजेता को अगले दौर में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जापान के केंतो मोमोता का सामना करना होगा । समीर वर्मा पहले दौर में थाईलैंड के कुन्लावुत वितिदसर्न से खेलेंगे जबकि एस एच प्रणय की टक्कर इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी से होगी ।पूर्व राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन पारूपल्ली कश्यप का सामना चीनी ताइपै के चौथी वरीयता प्राप्त चोउ तियेन चेन से होगा । महिला युगल में एन सिक्की रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा तथा मेघना जक्कामपुडी और एस राम पूर्विषा उतरेंगे । मिश्रित युगल में पोनप्पा और सात्विक पहले दौर में चीन के फेंग यान झे और डु यूए से खेलेंगे ।
- नयी दिल्ली। ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला तलवारबाज भवानी देवी ने फ्रांस में चार्लेलविले राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में महिला व्यक्तिगत साबरे वर्ग में खिताब जीता । भवानी ने इसके बारे में ट्वीट करके जानकारी दी ।उन्होंने लिखा ,‘‘ फ्रांस में चार्लेलविले राष्ट्रीय टूर्नामेंट में महिलाओं के साबरे व्यक्तिगत वर्ग में जीत दर्ज की । कोच क्रिस्टियन बाउर, अर्नाड श्नाइडेर और सभी साथियों को धन्यवाद । सत्र की अच्छी शुरूआत के लिये बधाई ।’’तोक्यो में भवानी ने राउंड आफ 64 का मुकाबला जीता था लेकिन अगले दौर में हार गई थी । वह इस समय विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर है और फिलहाल एशियाई खेल 2022 की तैयारी में जुटी है ।
- दुबई। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर बनी हाइप को तूल नहीं देते हुए कहा कि टिकटों की भारी मांग के बावजूद उनके लिये यह एक सामान्य मैच की तरह ही है । विश्व कप में भारतीय टीम पाकिस्तान से कभी नहीं हारी है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा है कि उन्हें यकीन है कि उनकी टीम 24 अक्टूबर को यह मैच जरूर जीतेगी । कोहली ने कहा कि वह बड़े बड़े दावे करने में विश्वास नहीं करते ।यह पूछने पर कि क्या उन्हें भारत . पाकिस्तान मैच कुछ अलग लगता है , उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे यह दूसरे मैचों की तरह ही लगता है । मुझे पता है कि इस मैच को लेकर काफी हाइप है खासकर टिकटों की मांग और बिक्री को लेकर ।'' उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि उन्हें टिकट मांगने वाले कई दोस्तों को मना करना पड़ा है।उन्होंने कहा ,‘‘ इस समय इन टिकटों के दाम जबर्दस्त चढे हुए हैं । मुझे इतना ही पता है । मेरे दोस्त हर तरफ से मुझसे टिकट मांग रहे हैं और मैं उन्हें ‘ना ' कहता जा रहा हूं ।'' कोहली ने कहा ,‘‘ हमारे लिये यह क्रिकेट का एक मैच ही है जिसे सही भावना से खेला जाना चाहिये जो हम खेलेंगे । बाहर से या दर्शकों की नजर से माहौल अलग दिखता होगा लेकिन खिलाड़ियों का नजरिया पेशेवर रहता है । हम सामान्य मैच की तरह ही हर मैच को लेते हैं ।
-
न्यूयॉर्क। भारतीय गोल्फर अदिति अशोक दो अंडर 70 के कार्ड से अरामको टीम सीरीज के दूसरे दौर के बाद व्यक्तिगत तालिका में संयुक्त रूप से 13वें स्थान पर है। उनकी अगुवाई वाली टीम अशोक (अदिति) भी संयुक्त रूप से इसी पायदान पर है। टीम अशोक का कुल स्कोर 21 अंडर का है। एक अन्य भारतीय त्वेसा मलिक (74-72) व्यक्तिगत तालिका में संयुक्त रूप 37वें स्थान पर है जबकि उनकी टीम 26वें स्थान पर है । त्वेसा की टीम की कप्तान लिजेटे सालास है और इस टीम का कुल स्कोर 14 अंडर का है । दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी नेली कोर्डा (69-66) व्यक्तिगत तालिका में शीर्ष पर थीं।
-
नयी दिल्ली। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ यूएई (संयुक्त अरब अमीरत) में खेले जाने वाले टी20 विश्व कप के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कोच बनने के लिए तैयार हो गये हैं। द्रविड़ हालांकि पहले इस जिम्मेदारी के लिए तैयार नहीं थे लेकिन बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) की ओर जोर देने के बाद उन्होंने इसके लिए हामी भर दी।भारत के सबसे महानतम खिलाड़ियों में से एक 48 वर्षीय द्रविड़ पिछले छह वर्षों से भारत ए और अंडर -19 प्रणाली के प्रभारी हैं। उनकी देखरेख मे ऋषभ पंत, अवेश खान, पृथ्वी साव, हनुमा विहारी और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों ने जूनियर स्तर से राष्ट्रीय टीम का सफर तय किया है।वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख है।
- दुबई। आईसीसी बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर जागरूकता जगाने की यूनिसेफ की मुहिम से जुड़ गई है और रविवार से शुरू हो रहे टी 20 विश्व कप के दौरान यह मुहिम जारी रहेगी ।इससे हर बच्चे के अच्छे मानसिक स्वास्थ्य को लेकर यूनिसेफ के वैश्विक अभियान हैशटैग आन योरमाइंड का प्रचार होगा। टी20 विश्व कप में ओमान और यूएई में चार स्थानों पर 45 मैच खेले जायेंगे । आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा, इस अभियान के तहत आईसीसी के वैश्विक मंच का प्रयोग इस विषय पर यूनिसेफ के कार्यों के प्रचार के लिये किया जायेगा जिसमें प्रसारण और डिजिटल चैनल शामिल हैं। इसमें कहा गया , कोरोना महामारी से यह समस्या विकराल हो गई है। दस से 19 वर्ष की उम्र के बच्चों में सात में से एक मानसिक परेशानी से जूझ रहा है । स्कूल बंद होने और सामाजिक दूरी से युवाओं में अकेलेपन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं बढ़ी हैं ।
- दुबई। आस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच अगस्त में हुई घुटने की सर्जरी से समय से पहले ही उबर गये हैं जिससे वह 20 अक्टूबर को भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप अभ्यास मैच के लिये उपलब्ध रहेंगे। शुरू में फिंच की आस्ट्रेलिया के न्यूजीलैंड (18 अक्टूबर) और भारत (20 अक्टूबर) के खिलाफ दो अभ्यास मैचों में उपलब्धता पर संशय जताया जा रहा था। उन्होंने गुरूवार को टूर्नामेंट से पूर्व वर्चुअल कांफ्रेंस में कहा, ‘‘हां, यह (घुटना) ठीक है। मुझे लगता है कि सर्जरी के बाद कल इसे नौ हफ्ते हो जायेंगे। इसलिये सब कुछ ठीक से चल रहा है। यह निर्धारित समय से शायद दो हफ्ते पहले ही है। '' फिंच ने दोहराया कि डेविड वार्नर टी20 विश्व कप के लिये तैयार होंगे जिन्हें खराब फार्म के कारण इंडियन प्रीमियर लीग के यूएई चरण के आखिर में सनराइजर्स हैदराबाद ने अंतिम एकादश से बाहर कर दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पिछले कई वर्षों में हमने वार्नर को दुनियाभर की टीमों के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए देखा है, वह काफी बेहतर खिलाड़ी है। मुझे उसकी तैयारियों को लेकर कोई परेशानी नहीं है। '' आस्ट्रेलियाई टीम 23 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टी20 विश्व कप अभियान शुरू करेगी।
-
येरेवान (आर्मेनिया)। भारतीय ग्रैंडमास्टर एस एल नारायणन ने चेसमूड ओपन शतरंज टूर्नामेंट के आखिरी दौर में रूसी ग्रैंडमास्टर एलेक्सी गोगानोव से ड्रॉ खेला और वह दूसरे स्थान पर रहे । गोगानोव ने 7 . 5 अंक के साथ खिताब जीता जबकि नारायणन उनसे आधा अंक पीछे रहे ।
नारायणन ने आठवें दौर में हमवतन अर्जुन एरिगेइसी को हराया था । उन्होंने छह बाजियां जीती, दो ड्रॉ खेली और एक गंवाई । भारत के आर प्रज्ञानानंदा छठे , अभिमन्यु पुराणिक आठवें और कार्तिक वेंकटरमण दसवें स्थान पर रहे । - दुबई। भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा मंगलवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में एक स्थान के नुकसान से दूसरे स्थान पर खिसक गईं जबकि उनकी हमवतन स्मृति मंधाना तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। शेफाली के 726 रेटिंग अंक हैं जबकि मंधाना के 709 अंक हैं।आस्ट्रेलिया की बेथ मूनी 754 अंक के साथ शीर्ष पर हैं।बल्लेबाजी रैंकिंग में आस्ट्रेलिया के दबदबा है। मूनी के अलावा कप्तान मेग लेनिंग (चौथे) और एलिसा हीली (छठे) भी शीर्ष 10 में शामिल हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और सूजी बेट्स क्रमश: पांचवें और सातवें स्थान पर हैं।भारत के खिलाफ पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद मूनी ने बाकी दो मैचों में 34 और 61 रन की पारियां खेली जिससे आस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की। मूनी को शुरुआत में टीम में जगह नहीं दी गई लेकिन राशेल हेन्स के चोटिल होने बाद उन्हें विकल्प के तौर पर टीम के साथ जोड़ा गया। मूनी की टीम की साथी सोफी मोलिन्यु को भी नवीनतम रैंकिंग में काफी फायदा हुआ है। वह 12 स्थान की लंबी छलांग के साथ नौवें स्थान पर रहते हुए गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रही हैं। सोफी ने श्रृंखला में 5.60 की इकोनॉमी दर से तीन विकेट चटकाए जिससे भारतीय टीम अंतिम दो मैचों में बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। दो पारियों में पांच विकेट के साथ श्रृंखला की सबसे सफल गेंदबाज रही भारत की राजेश्वरी गायकवाड़ 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। एशलेग गार्डनर आलराउंडरों की सूची में दसवें स्थान पर हैं। वह आस्ट्रेलिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहीं। तीन मैचों में तीन विकेट और 23 रन बनाने वाली जॉर्जिया वेयरहैम 14 स्थान की छलांग से करियर के सर्वश्रेष्ठ 48वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
















.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)




