- Home
- खेल
- कोलकाता। बेंगलुरू एफसी ने शनिवार को यहां रोमांचक मैच में आर्मी ग्रीन को 3-2 से हराकर डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब बुधवार को बेंगलुरू एफसी का सामना दूसरे सेमीफाइनल में एफसी गोवा से होगा। बेंगलुरू के लिये वुंगंगायम मुईरंग ने 20वें, लियोन ऑगस्टीन ने 47वें और नामग्याल भूटिया ने 74वें मिनट में गोल किये। आर्मी ग्रीन्स के लिये लालवमकिमा ने नौंवे और विबिन टीवी ने 89वें मिनट में गोल दागे।आर्मी ग्रीन ने शुरू में दबदबा बनाया और उन्हें इसका फायदा भी मिला जब लालवमकिमा के नौंवें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। बेंगलुरू एफसी ने हालांकि मुईरंग के 20वें मिनट में फ्री किक से किये गये गोल से बराबरी हासिल की। लियोन ऑगस्टीन ने पहले हाफ के इंजुरी टाइम में गोल किया। दूसरे हाफ में नामग्याल भूटिया ने गोल कर अपनी टीम को दो गोल की बढ़त दिला दी। आर्मी ग्रीन्स के डिप मजूमदार और दीपक सिंह ने मौके बनाये और बेंगलुरू पर दबाव बनाने का प्रयास किया। लेकिन बेंगलुरू की रक्षात्मक पंक्ति ने बढ़त कायम रखी। अंत में हालांकि आर्मी ग्रीन ने 89वें मिनट में विबिन की बदौलत एक गोल किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।-
- यांकटन (अमेरिका) । भारत की महिला और मिश्रित युगल कंपाउंड तीरंदाजी टीम को कोलंबिया के खिलाफ एकतरफा मुकाबलों में शिकस्त के साथ यहां विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत विश्व चैंपियनशिप में अपने पहले स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश कर रहा था। भारत अब तक स्वर्ण पदक नहीं जीत पाया है लेकिन उसने सबसे अधिक 10 बार पोडियम पर जगह बनाई है। इस दौरान भारत ने आठ बार फाइनल में चुनौती पेश की और उसे हर बार रजत पदक से संतोष करना पड़ा। रैंकिंग दौर में चौथे स्थान पर रही अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा वेनाम की भारत की स्टार मिश्रित युगल जोड़ी ने एक अंक की बढ़त के साथ शुरुआत की लेकिन इसके बाद कोलंबिया का दबदबा देखने को मिला। भारतीय जोड़ी को अंतत: 150-154 से शिकस्त झेलनी पड़ी। ज्योति, मुस्कान किरार और प्रिया गुर्जर की सातवीं वरीय महिला टीम को सारा लोपेज, एलेजांद्रा उसक्वियानो और नोरा वाल्डेज की तिकड़ी के खिलाफ 224-229 से हार का सामना करना पड़ा। रैंकिंग दौर में शीर्ष पर रही कोलंबियाई टीम ने 15 बार 10 अंक पर निशाना साधा और इस दौरान उनके पांच निशाने बिलकुल बीच में लगे। पहले दौर के बाद दोनों टीमें 58-58 से बराबर थी। भारतीय महिला टीम ने इसके बाद बढ़त बनाने का मौका गंवाया और विरोधी टीम एक अंक से आगे हो गई। कोलंबियाई टीम ने इसके बाद भारतीय टीम को कोई मौका नहीं दिया और आखिरी 12 में से आठ तीर 10 अंक पर मारकर तीसरी बार महिला खिताब जीता। यह 2017 के बाद टीम का पहला खिताब है। मिश्रित युगल में भारत के लिए दूसरा दौर खराब रहा जहां उन्होंने दो बार नौ और एक बार अंठ अंक के साथ एक अंक की बढ़त गंवाई और अंतत: चार अंक के अंतर से मुकाबला हार गई। रैंकिंग दौर में दूसरे स्थान पर रही डेनियल मुनोज और सारा ने पहले दौर के बाद वापसी की और तीसरे दौर में 40 में से 40 अंक जुटाकर पहली बार मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीता। कुल मिलाकर कोलंबियाई जोड़ी ने 16 में से 10 तीर पर 10 अंक जुटाए जबकि भारतीय खिलाड़ी आठ बार ही 10 अंक जुटा पाए। कोलंबिया ने कंपाउंड तीरंदाजी में अपना दबदबा बरकरार रखा और विश्व चैंपियनशिप में अपने स्वर्ण पदकों की संख्या को चार तक पहुंचाया। भारत व्यक्तिगत कंपाउंड वर्ग में भी तीन पदक की दौड़ में बना हुआ है। वर्मा और ज्योति को शनिवार को अपने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेलने हैं। रिकर्व वर्ग में अंकिता भकत एकमात्र तीरंदाज बची हैं। वह रविवार को अंतिम आठ मुकाबले में उतरेंगी।
- नयी दिल्ली। किसी एनबीए टीम में जगह बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी और अभी डोपिंग के कारण प्रतिबंध झेल रहे सतनाम सिंह भामरा ने अब कुश्ती में हाथ आजमाने का फैसला किया है और उन्होंने अमेरिका में पेशेवर लीग के साथ करार किया है। पच्चीस वर्षीय सतनाम ने 2015 में एनबीए में डल्लास मावरिक्स की टीम में जगह बनाकर इतिहास रचा था।यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने पेशेवर पहलवान बनने के लिये अटलांटा स्थित नाइटमेयर फैक्टरी में अभ्यास शुरू कर दिया है ताकि वह ऑल एलीट रेसलिंग (एईडब्ल्यू) में हिस्सा ले सकें। सतनाम 2019 में डोप परीक्षण में नाकाम रहे थे जिसके बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) की अनुशासन समिति ने उन पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया था। उनका प्रतिबंध 19 नवंबर को समाप्त होगा।
- यांकटन (अमेरिका)। भारतीय तीरंदाज अंकिता भकत, अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा वेन्नाम ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप के व्यक्तिगत वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीद बनाये रखी है। भारत कंपाउंड के महिला और मिश्रित वर्ग के फाइनल में पहुंचकर पहले ही अपने नाम पर दो पदक पक्के कर चुका है। महिलाओं के रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग में अंकिता ने कोरिया की विश्व में नंबर चार कांग ची यंग को 6-4 (29-28, 28-28, 27-27, 24-29, 29-28) से हराकर उलटफेर किया। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला अमेरिका की कैसी कॉफहोल्ड से होगा। पुरुषों के कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में विश्व कप के मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता वर्मा ने दो शानदार राउंड के दम पर स्लोवाकिया के जोजेफ वोस्कनास्की को 145-142 (29-28, 30-27, 28-29, 30-29, 28-29) से पराजित किया। उन्हें अब अमेरिका के विश्व में नंबर एक माइक शोलेसर का सामना करना है। महिला कंपाउंड में ज्योति ने भी बेहतरीन खेल दिखाया तथा कोरिया की चेवॉन सो को 146-142 (30-29, 29-29, 28-30, 29-29, 26-29) से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जहां उनका सामना क्रोएशिया की अमांडा मिलिनारिच से होगा।
-
यांकटन। भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने मेजबान अमेरिका को 226 . 225 से हराकर बुधवार को विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीत लिया । वहीं पुरूष टीम फाइनल में आस्ट्रिया से 235 . 238 से हार गई और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा । महिला टीम में प्रिया गुर्जर , मुस्कार किरार और ज्योति सुरेखा थे । वहीं पुरूष टीम में अभिषेक वर्मा, संगम बिस्ला और ऋषभ यादव थे । - नयी दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के युवा मिडफील्डर हार्दिक सिंह ने कहा कि टीम का ध्यान अब अगले साल एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक के लिये सीधे क्वालीफाई करने पर लगा है। मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर 41 साल से हॉकी में पदक जीतने के इंतजार को समाप्त किया था। एशियाई खेलों का आयोजन अगले वर्ष 10 से 25 सितंबर के बीच चीन के हांगजो, झेजियांग में किया जाएगा। भारतीय टीम की प्राथमिकता इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करना होगा। हार्दिक ने हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हम पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के अपने अभियान की शुरुआत करने के लिये बेताब हैं। हमें कदम दर कदम आगे बढ़ना होगा और हमारा पहला कदम एशियाई खेल 2022 में स्वर्ण पदक जीतकर ओलंपिक खेल 2024 के लिये सीधे क्वालीफाई करना होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद 2023 में हमें एक और बड़ी प्रतियोगिता हॉकी विश्व कप में भाग लेना है जिसका आयोजन ओड़िशा में किया जाएगा। इसलिए आगे का समय चुनौतीपूर्ण और रोमांचक है और हम इसके लिये तैयार हैं। '' इस 22 वर्षीय मिडफील्डर ने अपने पहले ओलंपिक खेलों में ही दो महत्वपूर्ण गोल किये।तोक्यो ओलंपिक में सफलता के कारणों के बारे में हार्दिक ने कहा, ‘‘हमारी टीम में सभी खिलाड़ी एक दूसरे से बहुत अच्छी तरह से जुड़े थे और मुझे लगता है कि यह ओलंपिक में हमारी सबसे बड़ी ताकत थी। हमारे बीच आपस में मजबूत संबंध थे और हमें एक दूसरे के कौशल का सदुपयोग करने में महारत हासिल थी। '' उन्होंने कहा, ‘‘आस्ट्रेलिया के खिलाफ निराशाजनक परिणाम के बाद हम एक साथ बैठे और खुलकर आपस में बात की कि क्या गलत हुआ और हमें आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए क्या करने की आवश्यकता है। इससे वास्तव में हमें वापसी करने में मदद मिली और आखिर में हम देश के लिये पदक जीतने में सफल रहे।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को नयी आईपीएल टीमों के लिए निविदा दस्तावेज खरीदने की समय सीमा पांच दिन बढ़ाकर 10 अक्टूबर कर दी। आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की संचालन समिति ने 31 अगस्त को 10 लाख रुपये की निविदा फीस के भुगतान पर ‘निविदा के लिए निमंत्रण (आईटीटी)' दस्तावेज जारी किया था। यह रकम वापस नहीं (नॉन रिफंडेबल) होगी । बीसीसीआई से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘ इच्छुक पक्षों के अनुरोध पर बीसीसीआई ने अब आईटीटी दस्तावेज खरीदने की तारीख को 10 अक्टूबर, 2021 तक बढ़ाने का फैसला किया है।'' बीसीसीआई की 2022 के सत्र में नयी टीमों को जोड़ने की योजना है और यह टीमें अहमदाबाद, लखनऊ या पुणे से हो सकती हैं।
- कोलकाता। दिल्ली एफसी और बेंगलुरु एफसी ने मंगलवार को क्रमश: केरल ब्लास्टर्स और भारतीय नौसेना को हराकर डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। यहां के कल्याणी नगर पालिका स्टेडियम में ग्रुप सी के मैच में विलिस प्लाजा के 53वें मिनट में किये गये गोल के दम पर दिल्ली ने केरल को 1-0 से हराया, जबकि बेंगलुरु की टीम ने युवा भारती क्रीडांगन मैदान में मध्यांतर से पहले 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए भारतीय नौसेना को 5-3 से शिकस्त दी। प्लाजा अब चार गोल के साथ टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर बन गये हैं।भारतीय नौसेना के लिए जिजो एफ (19वें मिनट), वीजी श्रेयस ने (30वें मिनट) और जे विजय (90+4 मिनट) ने गोल किये। बेंगलुरु एफसी के लिए हरमनप्रीत सिंह ने 61वें और 81वें मिनट में दो गोल किये जबकि लियोन अगस्टिन (53वें मिनट), अजय छेत्री (75वें मिनट), हुइद्रोम थोई सिंह (90 + 2 मिनट) ने एक-एक गोल किये। बेंगलुरु एफसी के हरमनप्रीत और दिल्ली एफसी के डिफेंडर अनवर अली को मैन ऑफ द मैच चुना गया। ग्रुप सी में बेंगलुरु शीर्ष पर रहा, जबकि दिल्ली एफसी दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंचा।
- नयी दिल्ली। भारतीय कप्तान विराट कोहली के करियर में एक ऐसा भी दौर आया था जबकि वह पीठ दर्द से बेहद परेशान थे लेकिन भारत के पूर्व फिटनेस कोच बासु शंकर के मार्गनिर्देशन में वह इससे छुटकारा पाने में सफल रहे। कोहली ने शंकर की पुस्तक ‘‘100, 200 प्रैक्टिकल एप्लीकेशन इन स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग'' की प्रस्तावना में लिखा है कि किस तरह से फिटनेस कोच ने उन्हें वजन उठाने के लिये प्रेरित किया जिससे उन्हें दुनिया के सबसे फिट क्रिकेटरों की सूची में शामिल होने में मदद मिली। कोहली ने लिखा है, ‘‘वर्ष 2014 के आखिरी महीनों में मैं पीठ दर्द से काफी परेशान रहा जो जाने का नाम नहीं ले रहा था। प्रत्येक सुबह मुझे अपनी पीठ को ढीला करने के लिये 45 मिनट तक कसरत करनी पड़ती थी लेकिन दिन में किसी भी समय वह फिर से जकड़ जाती।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद बासु सर और मेरी वजन उठाने और मेरे शरीर की पूरी ताकत वापस लाने के बारे में बात हुई।'' राष्ट्रीय टीम के साथ 2015 से 2019 तक काम करने वाले शंकर ने कोहली और भारतीय टीम की फिटनेस में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभायी थी। कोहली ने कहा, ‘‘पहले मैं इसको (वजन उठाने) लेकर आश्वस्त नहीं था लेकिन बासु सर ने मुझसे केवल एक बात कही थी कि भरोसा रखो। मुझे उनके ज्ञान और अनुभव पर पूरा भरोसा था।'' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे श्रीलंका के खिलाफ 2015 में हमारी श्रृंखला की याद है। मैंने बासु सर से वजन उठाना सीखना शुरू कर दिया था। मैंने इसको लेकर किये गये अध्ययन को समझा और महसूस किया कि मैं कुछ अद्भुत करने की दिशा में काम कर रहा हूं।'' कोहली ने कहा, ‘‘इसके परिणाम बेजोड़ थे जिससे शरीर की ताकत को लेकर मेरी धारणा ही बदल गयी।
- चेन्नई। आर राजा रित्विक हाल में हंगरी में प्रतियोगिता के दौरान तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल करके भारत के 70वें और नवीनतम शतरंज ग्रैंडमास्टर बने। पूर्व विश्व चैंपियन और भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने ग्रैंडमास्टर क्लब में शामिल होने के लिए वारंगल के 17 साल के राजा रित्विक को बधाई दी। देश के पहले ग्रैंडमास्टर आनंद ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘भारत का 70वां ग्रैंडमास्टर बनने के लिए राजा रित्विक को बधाई। हमारी संख्या बढ़ाने का बेहद गौरवपूर्ण लम्हा।'' अखिल भारतीय शतरंज महासंघ ने भी ग्रैंडमास्टर बनने के लिए राजा रित्विक को बधाई दी। राजा रित्विक ने पहला ग्रैंडमास्टर नॉर्म 2019 में हासिल किया था जबकि अपना दूसरा और तीसरा नॉर्म उन्होंने एक महीने से भी कम समय में हासिल किया। स्केलिका ओपन में दूसरा नॉर्म हासिल करने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने पहले सेटर्डे ग्रैंडमास्टर टूर्नामेंट में तीसरा नॉर्म हासिल करके ग्रैंडमास्टर खिताब की पात्रता पूरी की। उन्होंने वकलाव फिनेक को हराकर टूर्नामेंट के चौथे दौर में 2500 ईएलओ रेटिंग का आंकड़ा छुआ।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को समग्र यौन उत्पीडऩ रोकथाम (पोश) को स्वीकृति दी जिसके दायरे में भारतीय क्रिकेटर भी आएंगे। अब तक बीसीसीआई की यौन उत्पीडऩ के मामलों से निपटने के लिए किसी तरह की विशिष्ट नीति नहीं थी। यह नीति पदाधिकारियों, शीर्ष परिषद और आईपीएल संचालन परिषद के सदस्यों के अलावा सीनियर से अंडर-16 स्तर के क्रिकेटरों पर भी लागू होगी।नौ पन्नों के इस दस्तावेज में बीसीसीआई ने कहा है कि यौन उत्पीडऩ की शिकायतों की जांच के लिए चार सदस्यीय आंतरिक समिति का गठन किया जाएगा। सोमवार को शीर्ष परिषद की बैठक के दौरान हालांकि इसके सदस्यों पर फैसला नहीं किया गया। नीति के अनुसार, ''आंतरिक समिति की अध्यक्ष महिला होनी चाहिए जो अपने कार्यस्थल पर सीनियर स्तर पर नियुक्त हो।'' इसमें कहा गया, ''आंतरिक समिति के दो सदस्यों का चयन कर्मचारियों के बीच से किया जाएगा, इसमें उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी जो महिलाओं के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध हों या उन्हें सामाजिक कार्य का अनुभव हो या कानूनी जानकारी हो।'' इसके अनुसार, ''आंतरिक समिति का एक सदस्य गैर सरकारी संगठन या ऐसे संघ से चुना जाना चाहिए जो महिलाओं के अधिकारियों के लिए काम करते हों या यौन उत्पीडऩ से जुड़े मुद्दों की जानकारी रखते हो (बाहरी सदस्य)।'' आंतरिक समिति के कम से कम आधे सदस्य महिलाएं होनी चाहिए।शिकायकर्ता को घटना के तीन महीने के भीतर शिकायत दर्ज करानी होगी और आंतरिक समिति आरोपी को आरोपों का जवाब देने के लिए सात कार्यदिवस का समय देगी। आंतरिक समिति को अपनी जांच पूरी करने के लिए शिकायत के दिन से 90 दिन का समय मिलेगा और वह अपनी सिफारिश बीसीसीआई को सौंपेगी जो 60 दिन में कार्रवाई करेगा। शिकायतकर्ता या आरोपी अगर बीसीसीआई के फैसले से संतुष्ट नहीं होते हैं तो अदालत की शरण में जा सकते हैं।
- मैके। भारत की सीनियर खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर अंगूठे की चोट के कारण आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच से बाहर हो गई । 32 वर्ष की इस हरफनमौला खिलाड़ी को शनिवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच से पहले चोट लगी थी । आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे श्रृंखला के पहले मैच से पूर्व भारत के मुख्य कोच रमेश पवार ने कहा , उसे फिट घोषित किया गया था लेकिन कुछ दिन पहले उसके अंगूठे में चोट लगी । वह पहला मैच नहीं खेल सकेगी ।'' उन्होंने कहा , अगले वनडे के लिये हम उसकी फिटनेस की समीक्षा करके फैसला लेंगे। वहीं शिखा पांडे फिट है और चयन के लिये उपलब्ध है ।'' इस प्रारूप में भारत की उपकप्तान हरमनप्रीत चोट के कारण पिछले महीने ‘द हंड्रेड' से लौट आई थी । वह मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के बाद कोरोना संक्रमण का शिकार भी हो गई थी । उन्हें श्रृंखला में ग्रोइन की चोट भी लगी थी ।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम नवंबर 2021 से जून 2022 के बीच घरेलू सरजमीं पर चार टेस्ट, 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय और महज तीन एकदिवसीय मैच खेलेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक आठ महीने की इस अवधि में न्यूजीलैंड (नवंबर-दिसंबर) वेस्टइंडीज (फरवरी 2022), श्रीलंका (फरवरी-मार्च 2022) और दक्षिण अफ्रीका (जून 2022) की टीमें भारत का दौरा करेंगी। इस बीच भारतीय टीम दिसंबर 2021 - जनवरी 2022 में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी और अप्रैल-मई (2022) में इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन होगा। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ उसे तीन एकदिवसीय और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने हैं। श्रीलंकाई टीम भारत के दौरे पर दो टेस्ट और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीकी टीम का भारतीय दौरा हालांकि महज 10 दिनों का होगा जिसमें उसे पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय इस लिए रखे हैं क्योंकि एक साल के अंदर ऑस्ट्रेलिया में एक और विश्व कप होना है। उस बड़े आयोजन से पहले हमें पर्याप्त संख्या में मैच खेलने की जरूरत है।'' चार टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मुकाबले कानपुर और मुंबई में खेले जाएंगे जबकि श्रीलंका के खिलाफ मैचों की मेजबानी बेंगलुरु और मोहाली को सौंपी गयी है। रोटेशन नीति के तहत सीमित ओवरों के 17 मैचों के स्थल का चयन किया गया है जिसमें जयपुर, रांची, लखनऊ, विशाखापट्टनम, कोलकाता, अहमदाबाद, कटक, त्रिवेंद्रम, चेन्नई, राजकोट, दिल्ली को मेजबानी का मौका मिलेगा।न्यूजीलैंड के खिलाफ17 नवंबर: पहला टी20 मैच (जयपुर)19 नवंबर: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (रांची)21 नवंबर: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (कोलकाता)25 से 29 नवंबर: पहला टेस्ट (कानपुर)तीन से सात दिसंबर: दूसरा टेस्ट (मुंबई)वेस्टइंडीज के खिलाफछह फरवरी: पहला एकदिवसीय (अहमदाबाद)नौ फरवरी: दूसरा एकदिवसीय (जयपुर)12 फरवरी: तीसरा एकदिवसीय (कोलकाता)15 फरवरी: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय (कटक)18 फरवरी: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (विजाग)21 फरवरी: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (त्रिवेंद्रम)श्रीलंका के खिलाफ:25 फरवरी से एक मार्च: पहला टेस्ट (बेंगलुरु)पांच से नौ मार्च : दूसरा टेस्ट (मोहाली)13 मार्च: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय (मोहाली)15 मार्च: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (धर्मशाला)18 मार्च: तीसरा टी20 मैच (लखनऊ)दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ:नौ जून: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय (चेन्नई)12 जून: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (बेंगलुरु)14 जून: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय (नागपुर)17 जून : चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय (राजकोट)19 जून: पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय (दिल्ली)।
-
दुबई। विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की कप्तानी छोड़ेंगे। अगले महीने टी20 विश्व कप के बाद राष्ट्रीय टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला करने के दो दिन बाद रविवार को कोहली ने आरसीबी की कप्तानी छोड़ने की घोषणा की। सभी प्रारूपों में टीम इंडिया की कप्तानी को लेकर पड़ने वाले काम के बोझ को देखते हुए 32 साल के कोहली ने भारत की टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कप्तानी छोड़ने का उनका फैसला इन्हीं प्रयासों का हिस्सा है। फ्रेंचाइजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक 32 साल के कोहली हालांकि आरसीबी की टीम का हिस्सा बने रहेंगे। कोहली ने आरसीबी द्वारा जारी वीडियो बयान में कहा, ‘‘यह आरसीबी के कप्तान के रूप में मेरा आखिरी आईपीएल होगा। मैं अपने अंतिम आईपीएल मैच तक आरसीबी का खिलाड़ी बना रहूंगा। मैं मेरे ऊपर विश्वास और मेरा समर्थन करने के लिए आरसीबी के प्रशंसकों को धन्यवाद देता हूं। '' उन्होंने कहा, ‘‘यह शानदार और प्रेरणादायी यात्रा रही, आरसीबी टीम के प्रतिभावान खिलाड़ियों के समूह की कप्तानी करना। मैं इस मौके पर आरसीबी प्रबंधन, कोच, सहयोगी स्टाफ, खिलाड़ियों और पूरे आरसीबी परिवार को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने फ्रेंचाइजी की प्रगति में अहम भूमिका निभाई।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह आसान फैसला नहीं था लेकिन काफी सोच विचार के साथ यह फैसला किया गया और इस शानदार फ्रेंचाइजी के सर्वश्रेष्ठ हित में है।'' कोहली ने कहा, ‘‘मैंने टीम से बात की। यह मेरे दिमाग में था क्योंकि हाल में मैंने टी20 कप्तानी छोड़ने का फैसला किया जिससे कि अपने ऊपर पड़ रहे काम के काफी बोझ का प्रबंधन कर सकूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट होना चाहता था कि मुझे आगे कैसे बढ़ना है। मैंने प्रबंधन को साफ कर दिया है कि मैं आरसीबी के अलावा किसी और टीम का हिस्सा बनने के बारे में नहीं सोच सकता।'' कोहली को 2008 में लीग के शुरू होने पर आरसीबी में शामिल किया गया था। उन्हें 2013 में टीम की कप्तानी सौंपी गई। उनकी अगुआई में टीम कभी आईपीएल खिताब नहीं जीत पाई लेकिन उनकी ब्रांड कीमत के कारण उन्हें कभी कप्तानी से नहीं हटाया गया।
- वारंगल। असम के फर्राटा धावक अमलान बोरगोहेन, तमिलनाडु के त्रिकूद खिलाड़ी प्रवीण चित्रावेल और राजस्थान के तार गोला फेंक की अनुभवी खिलाड़ी मंजू बाला सिंह ने रविवार को यहां 60वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीते। अमलान ने पुरुष 200 मीटर फाइनल में 20.75 सेकेंड के समय के साथ खिताब जीता। भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में सिर्फ मोहम्मद अनस याहिया (20.63), धर्मबीर सिंह (20.66), आरोकिया राजीव (20.66) और अनिल कुमार (20.73) ने भी उनसे कम समय लिया है। अमलान पिछले 20 महीने में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर 200 मीटर की स्पर्धा में हिस्सा ले रहे थे।अमलान ने करियर में पहली बार 21 सेकेंड से कम का समय लिया और नया मीट रिकॉर्ड भी बनाया।बीस साल के प्रवीण ने त्रिकूद में 16.88 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक जीता। उनका पिछला निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16.51 मीटर था जो उन्होंने मार्च 2019 में बनाया था। सेना के अब्दुल्ला अबुबाकर ने 16.84 मीटर के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता जबकि टीम के उनके साथ कार्तिक उन्निकृष्णन ने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी करते हुए 16.80 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। एशियाई खेलों के चैंपियन अरपिंदर 15.91 मीटर के प्रयास के साथ छठे स्थान पर रहे। एशियाई खेल 2014 की पदक विजेता मंजू अपने तीसरे प्रयास में करियर के सर्वश्रेष्ठ 64.42 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही। उन्होंने महिला तार गोला फेंक में हरदीप कौर के 61.67 मीटर के मीट रिकॉर्ड को तोड़ा जो 2002 में बनाया था। सेना के कार्तिक कुमार और महाराष्ट्र की संजीवनी बाबूराव जाधव ने पहली दिन 5000 मीटर की निराशा को पीछे छोड़ते हुए 10000 मीटर में स्वर्ण पदक जीते। तमिलनाडु की अर्चना सुसींद्रन ने महिला 200 मीटर का खिताब अपने नाम किया। महिला 100 मीटर का खिताब जीतने वाली दिल्ली की तरनजीत कौर बेहद मामूली अंतर से 200 मीटर में दूसरे स्थान पर रहीं।
- बोरदु (फ्रांस) ।भारतीय गोल्फर त्वेसा मलिक लैकोस्टे लेडीज ओपन डि फ्रांस गोल्फ टूर्नामेंट के आखिरी दौर में यहां एक अंडर 70 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर रहीं। उन्होंने इससे पहले शुरुआती दो दौर में 69 और 70 का कार्ड खेला था। उनका कुल स्कोर चार अंडर 208 का रहा। उन्होंने तीसरे दौर में आठवें से 10वें होल तक तीन बर्डी लगाये जबकि चौथे और 12वें होल में बोगी कर बैठी। यह त्वेसा का लगातार दूसरा अच्छा प्रदर्शन है। वह पिछले सप्ताह स्विस लेडिज ओपन में संयुक्त 11वें स्थान पर रही थी। वह तीन बार शीर्ष 10 में रही है।
- एस्पू (फिनलैंड)। रोहन बोपन्ना और रामकुमार रामनाथन की जोड़ी शनिवार को यहां ‘करो या मरो' के युगल मैच में हार गयी जिससे भारत ने फिनलैंड के खिलाफ विश्व ग्रुप एक मुकाबला गंवा दिया। कप्तान रोहित राजपाल ने अंतिम मिनट में युगल जोड़ी बदलकर बोपन्ना को दिविज शरण के बजाय रामकुमार के साथ उतारा। पर इससे भी भारत को मदद नहीं मिली और इस अहम मैच में बोपन्ना और रामकुमार की जोड़ी हैनरी कोंटिनेन और हैरी हेलियोवारा से एक घंटे 38 मिनट में 6-7 6-7 से हार गयी। इस तरह फिनलैंड ने मुकाबले में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली।प्रजनेश गुणेश्वरन और रामनाथन दोनों शुक्रवार को अपने एकल मैच गंवा चुके थे जिससे मुकाबले में बने रहने के लिये भारतीयों को युगल मुकाबला जीतने की जरूरत थी। अब उलट एकल मैच महत्वहीन हो गये हैं। हेलियोवारा को कोर्ट पर चारों खिलाड़ियों में सबसे कमजोर माना जा रहा था लेकिन उन्होंने अपने खेल में कई गुना सुधार किया और मैच के नतीजे को प्रभावित किया। वहीं दूसरी ओर भारतीय जोड़ी ने जब बढ़त बनायी हुई थी, तब इसे गंवा बैठी। उन्होंने दूसरे सेट में आठ गेम में चार ब्रेकप्वाइंट गंवाये। जबकि इनमें जीतने से उन्हें मेजबान जोड़ी पर दबाव बनाने का मौका मिल जाता। पहले सेट में 3-3 की बराबरी के बाद भारतीय जोड़ी ने हेलियोवारा की सर्विस पर आक्रामकता दिखायी। पर रामकुमार की डबल फॉल्ट और नेट पर वॉली गलती का फायदा उठाते हुए फिनलैंड की जोड़ी सेट टाई ब्रेकर के बाद अपने नाम किया। दूसरे सेट में भी बोपन्ना लगातार असहज गलतियों के कारण अपनी सर्विस गंवा बैठे। यह सेट भी टाई ब्रेकर तक पहुंचा जिसमें फिनलैंड के खिलाड़ी हेलोवारा ने 5-2 पर शानदार फारहैंड से पहला मैच प्वाइंट हासिल किया और फिर रामकुमार अगले प्वाइंट में रिटर्न नहीं कर सके जिससे फिनलैंड ने मुकाबले में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली। प्रजनेश शुक्रवार को अपने से निचली रैंकिंग खिलाड़ी से हार गये जबकि रामकुमार रामनाथन को भी दूसरे एकल में पराजय झेलनी पड़ी। शुक्रवार को पहले मैच में विश्व रैंकिंग में 165वें स्थान पर काबिज प्रजनेश को रैंकिंग में काफी नीचे के खिलाड़ी ओटो विर्तानेन (419वीं रैंकिंग) से एक घंटे 25 मिनट तक चले मैच में 3-6, 6-7 से हार का सामना करना पड़ा। रामकुमार रामनाथन (187वीं रैंकिंग) ने दूसरे मैच में फिनलैंड के नंबर एक खिलाड़ी एमिल रूसुवुओरी को कड़ी चुनौती पेश की लेकिन वह विश्व रैंकिंग में 74वें स्थान पर काबिज खिलाड़ी से 4-6 5-7 से हार गये। भारत को अच्छा ड्रा मिला था जिसमें प्रजनेश निचली रैंकिंग के खिलाड़ी से खेल रहे थे लेकिन विर्तानेन ने आसान जीत हासिल की। रामकुमार ने अपने प्रतिद्वंद्वी की चुनौती से पार पाने के लिये कुछ कोशिशें की लेकिन वह भारत को बराबरी पर नहीं ला सके। प्रजनेश की हार काफी निराशाजनक थी क्योंकि उनके सामने काफी कम अनुभवी खिलाड़ी था जिसने इससे पहले केवल एक डेविस कप मैच जीता था। छठे गेम में सर्विस गंवाने के बाद रामकुमार ने चतुराई से खेलते हुए तुरंत वापसी की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को हैरान करते हुए अच्छे अंक जुटाये। दसवें गेम में वह पहले सेट में बने रहने के लिये अपनी सर्विस पर 0-40 से पिछड़ रहे थे लेकिन बैकहैंड शॉट के बाहर जाने से वह इसे गंवा बैठे। दूसरे सेट में रूसुवुओरी ने रामकुमार की रणनीति का करारा जवाब दिया और कुछ शानदार विनर लगाकर दबाव बना दिया। फिर दोनों खिलाड़ी 5-5 से बराबरी पर थे लेकिन रूसुवुओरी ने अपने खेल को मजबूत करते हुए जानदार स्ट्रोक्स लगाये। उन्होंने 40-40 पर शानदार क्रास विनर लगाकर अपना पहला मैच प्वाइंट हासिल किया लेकिन रामकुमार ने खुद को सयंमित रखते हुए इसे बचा लिया। पर भारतीय खिलाड़ी ने जल्द ही डबल फॉल्ट कर दिया जिससे रूसुवुओरी को अपना दूसरा मैच प्वाइंट मिला जिस पर उन्होंने बैकहैंड विनर लगाकर अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी।
- मैड्रिड। कैडिज ने सेल्टा विगो को 2-1 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में हार का क्रम तोड़कर वर्तमान सत्र में अपनी पहली जीत दर्ज की। एंथनी लोजानो (38वें मिनट) और लुई अल्फोंसो एस्पिनो (43वें मिनट) ने पहले हाफ के आखिर में पांच मिनट के अंदर गोल करके कैडिज को जीत दिलायी। एस्पिनो के गोल से ठीक पहले साल्वी सांचेज कैडिज की तरफ से पेनल्टी पर गोल नहीं कर पाये थे। सैंटी मिना ने 64वें मिनट में गोल करके सेल्टा की उम्मीद जगायी लेकिन टीम बराबरी का गोल करने में नाकाम रही। कैडिज ने अपने पहले दो मैच ड्रा खेले लेकिन इसके बाद उसे दो मैचों में हार झेलनी पड़ी थी। सेल्टा की यह लगातार तीसरी और पांच मैचों में कुल चौथी हार है। उसे पिछले मैच में रीयाल मैड्रिड ने 5-2 से करारी शिकस्त दी थी। रीयाल मैड्रिड, वेलेंसिया और मौजूदा चैंपियन एटलेटिको मैड्रिड के चार मैचों में 10 अंक हैं और वे शीर्ष पर हैं।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने तमिलनाडु के पूर्व बल्लेबाज श्रीधरन शरत को शुक्रवार को जूनियर राष्ट्रीय चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया।बोर्ड ने अंडर-19 टूर्नामेंट के साथ घरेलू सत्र शुरू होने से केवल एक सप्ताह पहले नयी जूनियर चयन समिति गठित की है।चयन समिति के अन्य सदस्यों में पंजाब के पूर्व आलराउंडर किशन मोहन (उत्तर क्षेत्र), बंगाल के पूर्व तेज गेंदबाज राणादेब बोस (पूर्वी क्षेत्र), गुजरात के पूर्व बल्लेबाज पथिक पटेल (पश्चिम क्षेत्र) और मध्य प्रदेश के पूर्व गेंदबाज हरविंदर सिंह सोढ़ी (मध्य क्षेत्र) शामिल हैं।बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बयान में कहा, ‘‘तमिलनाडु के पूर्व कप्तान शरत श्रीधरन समिति के अध्यक्ष होंगे।’’शरत तमिलनाडु के पहले क्रिकेटर थे जिन्होंने 100 रणजी ट्राफी मैच खेले। उन्होंने अपने 15 साल के करियर में 139 प्रथम श्रेणी मैचों में 51.17 की औसत से 8700 रन बनाये जिसमें 27 शतक और 42 अर्धशतक शामिल हैं।इसके अलावा उन्होंने लिस्ट ए में 100 मैच खेले और 3000 से अधिक रन बनाये। वह बीसीसीआई के मैच रेफरी भी रहे। नयी चयनसमिति की जिम्मेदारी भारत की अगली अंडर – 19 टीम का चयन करना होगा जो अगले साल वेस्टइंडीज में होने वाले अंडर-19 विश्व कप में भाग लेगी।
- रावलपिंडी। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच शुरू होने से ठीक पहले सुरक्षा को खतरे का हवाला देते हुए पाकिस्तान का अपना वर्तमान दौरा रद्द कर दिया।पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हालांकि कहा कि न्यूजीलैंड की टीम की सुरक्षा को किसी तरह का खतरा नहीं था।समस्या तब शुरू हुई जब सीमित ओवरों की श्रृंखला का पहला वनडे रावलपिंडी स्टेडियम में शुक्रवार को समय पर शुरू नहीं हुआ और दोनों टीमें होटल के अपने कमरों में ही रही।इसके बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट ने बयान जारी करके कहा कि उन्हें जो सलाह मिल रही थी उसे देखते हुए दौरा जारी रखना संभव नहीं है।उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि यह पीसीबी के लिये करारा झटका होगा जो कि शानदार मेजबान रहा है लेकिन खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और हमारा मानना है कि इसके लिये यही जिम्मेदारी भरा विकल्प है।’’न्यूजीलैंड क्रिकेट खिलाड़ी संघ के मुख्य कार्यकारी हीथ मिल्स ने भी वाइट के विचारों पर सहमति जतायी।मिल्स ने कहा, ‘‘खिलाड़ी सुरक्षित हैं और प्रत्येक अपने सर्वश्रेष्ठ हितों में काम कर रहा है।’’न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सुरक्षा खतरों के बारे में विस्तार से नहीं बताया और न ही टीम की वापसी के लिये की जा रही व्यवस्था पर टिप्पणी की।पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी तरफ से कहा कि न्यूजीलैंड ने श्रृंखला स्थगित करने का एकतरफा फैसला किया।पीसीबी ने बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान सरकार सभी मेहमान टीमों के लिये सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करती है। हमने न्यूजीलैंड क्रिकेट को भी इसका आश्वासन दिया था।’’उसने कहा, ‘‘पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने व्यक्तिगत स्तर पर न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री से बात की और उन्हें बताया कि हमारे पास दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खुफिया प्रणाली है और मेहमान टीम के लिये किसी भी तरह का कोई सुरक्षा खतरा नहीं है। ’’पीसीबी ने कहा कि न्यूजीलैंड टीम के साथ आये सुरक्षा अधिकारी भी यहां की सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट थे।बयान में कहा गया है, ‘‘पीसीबी मैचों के आयोजन जारी रखने के लिये तैयार है। पाकिस्तान और विश्व भर के क्रिकेट प्रेमी आखिरी क्षणों में श्रृंखला रद्द किये जाने से निराश होंगे। ’’इस श्रृंखला में तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने थे।
- जिनेवा। लियोनेल मेस्सी , काइलियान एमबाप्पे और नेमार जैसे सितारों से सजी होने के बावजूद पेरिस सेंट जर्मेन जीत दर्ज नहीं कर सकी और चैम्पियंस लीग फुटबॉल के मैच में उसे बेल्जियम के क्लब ब्रजे ने ड्रॉ पर रोक दिया । पीएसजी के लिये मिडफील्डर एंडेर हेरारा ने गोल दागा जबकि बेल्जियम के क्लब के लिये 27वें मिनट में कप्तान हैंस वानाकेन ने गोल किया । पहले हाफ में मेस्सी का शॉट क्रॉसबार से टकरा गया और उन्हें बाद में पीला कार्ड भी मिला । वहीं एमबाप्पे बायें टखने में चोट के शिकार हो गए । मेस्सी पिछले महीने ही बार्सीलोना छोड़कर पीएसजी से जुड़े हैं । पहली बार वे एमबाप्पे और नेमार के साथ इस क्लब के लिये खेल रहे थे । अन्य मैचों में सेबेस्टियन हालेर के चार गोल की मदद से अजाक्स ने स्पोर्टिंग लिसबन को 5 . 1 से हराया । वहीं मैनचेस्टर सिटी ने लेइपजिग को 6 . 3 से शिकस्त दी । लिवरपूल ने एसी मिलान को 3 . 2 से हराया जो सात सत्र बाद टूर्नामेंट में वापसी कर रही थी । रीयाल मैड्रिड ने इंटर मिलान को एक गोल से मात दी जबकि एटलेटिको मैड्रिड ने पोर्तो से गोलरहित ड्रॉ खेला । मोलदोवा लीग की शेरीफ तिरास्पोल ने उक्रेन की शखतार दोनेस्क को 2 . 0 से हराया ।
- नई दिल्ली। ...तो वही हुआ जिसका अंदेशा काफी समय से लगाया जा रहा था। विराट कोहली ने भारत की टी20 टीम की कप्तानी से हटने का ऐलान किया है। हालांकि वह वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे। कोहली ने गुरुवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।कोहली की कप्तानी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। गुरुवार को कोहली ने साफ कर दिया कि वह टी20 टीम की कप्तानी से वर्ल्ड कप के बाद हट जाएंगे।कोहली ने ट्वीट किया, 'मैं खुशकिस्मत हूं कि मैंने न सिर्फ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया बल्कि अपनी पूरी क्षमता से इसकी कप्तानी भी की। मैं हर किसी का शुक्रिया अदा करता हूं जिसने इस कप्तानी के दौर में मेरा समर्थन किया। साथी खिलाडिय़ों, सपॉर्ट स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी, कोचो और हर किसी ने जिसने भारतीय टीम के लिए प्रार्थना की मैं उनका शुक्रिया करता हूं।'उन्होंने आगे कहा, 'बीते 8-9 साल से मैं तीनों प्रारूपों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। बीते 5-6 साल से मैं तीनों का कप्तान हूं। मुझे लगता है कि टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में कप्तानी के लिए तैयार होने के लिए मुझे थोड़ा स्पेस छोडऩे की जरूरत है। टी20 कप्तान के तौर पर मैंने अपना सब कुछ दिया और मैं टी20 टीम में बल्लेबाज के तौर पर जुड़ा रहूंगा।'कोहली ने आगे कहा, 'बेशक यह फैसला काफी विचार के बाद लिया है। मैंने अपने करीबियों से काफी बात करने के बाद ही यह फैसला लिया है। रवि भाई और रोहित, जो लीडरशिप ग्रुप का काफी अहम हिस्सा हैं, मैंने इस टी20 वल्र्ड कप के बाद टी20 की कप्तानी से हटने का फैसला किया है। मैंने सचिव जय शाह और अध्यक्ष सौरभ गांगुली से इस बारे में बात की है। इसके साथ ही सिलेक्टर्स से भी चर्चा की है। मैं भारतीय क्रिकेट और भारतीय टीम की अपनी पूरी क्षमता के साथ सेवा करता रहूंगा।
- कोलकाता। भारत के भाला फेंक के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने बुधवार को कहा कि तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनकी नजरें ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ने पर टिकी हैं। नीरज का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 88.07 मीटर है। उन्होंने तोक्यो खेलों में 87.58 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता था। ओलंपिक रिकॉर्ड आंद्रियास थोरकिल्डसेन के नाम है जिन्होंने 2008 में बीजिंग में 90.57 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता था। नीरज ने कहा कि यह एक और उपलब्धि हासिल करना शानदार होगा। ओलंपिक में एथलेटिक्स का स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय 23 साल के नीरज ने पहली बार कोलकाता आने पर कहा, ‘‘ओलंपिक स्वर्ण पदक सर्वोच्च होता है। लेकिन एथलेटिक्स में आप एक और चीज अपने स्वर्ण पदक में जोड़ सकते हो- ओलंपिक रिकॉर्ड।'' अपने लक्ष्य के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय रिकॉर्ड 88.07 मीटर के साथ मेरे नाम पर है जबकि ओलंपिक रिकॉर्ड 90.57 मीटर है। अगर मैं एक कदम और आगे बढ़ पाता तो यह निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक होता।.'' नीरज निजी सम्मान समारोह के लिए यहां दो दिवसीय यात्रा पर आए हैं। कोलकाता पुलिस ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं रोजाना नए लोगों से मिल रहा हूं, इतने सारे समारोह में हिस्सा ले रहा हूं। सबसे बड़ा बदलाव मुझे ओलंपिक में शामिल खेलों के लिए नजर आया। मुझे हमेशा से पता था कि स्वदेश लौटने पर अलग माहौल होगा।'' व्यस्त कार्यक्रम के कारण नीरज 2021 सत्र में अब और टूर्नामेंटों में हिस्सा नहीं लेंगे। नीरज ने कहा कि अगले साल विश्व चैंपियनशिप, राष्ट्रमंडल खेल और डाइमंड लीग के रूप में तीन महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जल्द ही ट्रेनिंग शुरू करूंगा और इसके बाद असली लक्ष्य पर ध्यान लगाऊंगा।
- वारंगल। रेलवे के धावकों अभिषेक पॉल और पारूल चौधरी ने बुधवार को यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 60वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन क्रमश: पुरुष और महिला 5000 मीटर दौड़ के खिताब जीते। फेडरेशन कप के 5000 मीटर के चैंपियन अमित जांगीड़ बुधवार को रेस में हिस्सा नहीं ले रहे थे और ऐसे में मुकाबला मुख्य रूप से रेलवे के 24 साल के अभिषेक और सेना के धावकों के बीच था। अभिषेक हालांकि 14 मिनट 16.35 सेकेंड के समय के साथ 5000 मीटर में अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीतने में सफल रहे। अभिषेक दौड़ में अधिकतर समय तीसरे स्थान पर थे लेकिन अंतिम 300 मीटर में उन्होंने काफी तेजी दिखाई और सबसे आगे चल रहे धर्मेंद्र को पछाड़ दिया जो 14 मिनट 17.20 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अजय कुमार ने 14 मिनट 20.98 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।महिला 5000 मीटर दौड़ में पारूल ने 15 मिनट 59.69 सेकेंड के समय के साथ खिताब जीता। वह अधिकांश समय कोमल चंद्रकांत जगदाले से पीछे थी लेकिन अंतिम 250 मीटर में उन्हें पछाड़ने में सफल रही। महाराष्ट्र की 22 साल की कोमल ने 16 मिनट 1.43 सेकेंड के समय के अपने निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की ही संजीवनी बाबर जाधव ने 16 मिनट 19.18 सेकेंड के समय से कांस्य पदक जीता।महिला पोल वॉल्ट में तमिलनाडु की पवित्रा वेंकटेश ने 3.90 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। रेलवे की मारिया जेसन (3.80 मीटर) ने दूसरा जबकि कृष्णा राचन (3.60 मीटर) ने तीसरा स्थान हासिल किया।
- दुबई। भारतीय कप्तान विराट कोहली और स्टार बल्लेबाज लोकेश राहुल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बल्लेबाजी सूची में क्रमश: चौथा और छठा स्थान बरकरार रखा है जबकि गेंदबाजी सूची में कोई भारतीय शीर्ष 10 में शामिल नहीं है। इंग्लैंड के डेविड मलान बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे हैं। शीर्ष सात बल्लेबाजों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि वेस्टइंडीज के एविन लुईस एक स्थान के नुकसान से नौवें स्थान पर हैं। गेंदबाजों की सूची में तबरेज शम्सी शीर्ष पर कायम हैं जबकि उनके बाद वानिंदु हसारंगा और राशिद खान का नंबर आता है। गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के शीर्ष गेंदबाज अनुभवी भुवनेश्वर कुमार हैं जो 12वें स्थान पर चल रहे हैं। चोटिल आफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर 18वें स्थान के साथ शीर्ष 20 में शामिल एक अन्य भारतीय गेंदबाज हैं। युजवेंद्र चहल एकमात्र गेंदबाज हैं जिनकी रैंकिंग में सुधार हुआ है। वह अब 25वें स्थान पर हैं। उन्हें हालांकि टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं दी गई है। आलराउंडरों की सूची में हार्दिक पंड्या शीर्ष 20 में शामिल एकमात्र भारतीय हैं। वह 98 अंक के साथ सूची में जगह बनाने में सफल रहे हैं। भारत ने पिछली टी20 श्रृंखला श्रीलंका में खेली थी और इसके बाद से टीम ने सबसे छोटे प्रारूप में कोई मुकाबला नहीं खेला है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान दो स्थान के फायदे से आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में आठ विकेट चटकाए। नासुम अहमद 25 स्थान के फायदे से 15वें जबकि मेहदी हसन चार स्थान के फायदे से 20 स्थान पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के शाकिब अल हसन ने हालांक आलराउंडरों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी को गंवा दिया है। बल्लेबाजों की एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अमेरिका के जसकरण मल्होत्रा 169 स्थानों की लंबी छलांग के साथ 132वें स्थान पर पहुंच गए हैं। जसकरण ने विश्व कप सुपर लीग 2 मैच में पपुआ न्यू गिनी के गोडी तोका के खिलाफ एक ओवर में छह छक्के जड़े थे। गेंदबाजों की सूची में नेपाल के लेग स्पिनर संदीप लामिचेन 91वें स्थान के साथ शीर्ष 100 में जगह बनाने में सफल रहे।



.jpg)
.jpg)


.jpg)


.jpg)








.jpg)
.jpg)

.jpg)




