- Home
- खेल
- जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका और राजस्थान रॉयल्स के आलराउंडर क्रिस मौरिस ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के जैव सुरक्षित वातावरण (बायो बबल) में कोविड-19 के मामले पाये जाने के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया था और वह स्वदेश लौटकर राहत महसूस कर रहे हैं।आईपीएल को स्थगित किये जाने के बाद मौरिस और 10 अन्य दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी स्वदेश लौट गये हैं। आईपीएल में कोविड-19 के छह मामले पाये गये थे जिसमें चार खिलाड़ी और दो कोच शामिल थे। अभी अपने घर में 10 दिन के अनिवार्य पृथकवास पर रह रहे मौरिस ने आईओएल.सीओ.जेडए से कहा, निश्चित तौर पर मैं राहत महसूस कर रहा हूं। मौरिस ने कहा कि उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स के दो खिलाडिय़ों वरुण चक्रवर्ती और संदीप वारियर के पॉजिटिव पाये जाने के बारे में रविवार की रात को पता चला। उन्होंने कहा, जैसा ही हमें इस बारे में पता चला कि बायो बबल के अंदर खिलाड़ी पॉजिटिव पाये गये हैं तो सभी ने सवाल करने शुरू कर दिये। हम सभी के अंदर निश्चित तौर पर खतरे की घंटी बजनी शुरू हो गयी थी। मौरिस ने कहा, सोमवार तक जब उन्होंने वह मैच (कोलकाता और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर) स्थगित किया तब तक हमें पता चल गया था कि टूर्नामेंट जारी रखने के लिये दबाव बना हुआ है।सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा और दिल्ली कैपिटल्स के अमित मिश्रा के मंगलवार को पॉजिटिव आने के बाद इस टी20 लीग को स्थगित कर दिया गया था। चेन्नई सुपरकिंग्स के गेंदबाजी कोच एल बालाजी और बल्लेबाजी कोच माइकल हसी भी वायरस से संक्रमित पाये गये थे। मौरिस ने कहा, मैं अपनी टीम के डॉक्टर से बात कर रहा था। कुमार संगकारा ने तब इशारा किया और तब हमें पता चला कि अब टूर्नामेंट आगे नहीं बढ़ पाएगा। इसके बाद का माहौल अफरातफरी वाला था। इंग्लैंड के खिलाड़ी विशेषरूप से घबराये हुए थे क्योंकि उन्हें इंग्लैंड में होटलों में अलग थलग रहने की जरूरत थी और जाहिर था कि उनके पास कमरे नहीं थे। आस्ट्रेलियाई एंडूयू टाइ की जगह चुने गये गेराल्ड कोएट्जी पिछले सप्ताह ही भारत पहुंचे थे और मौरिस ने कहा कि वह इस युवा तेज गेंदबाज को धीरज बंधा रहे थे क्योंकि वह अधिक घबराया हुआ था। उन्होंने कहा, मैं जानता था कि गेराल्ड अधिक घबराया हुआ है। मेरे कहने का मतलब है कि वह अभी 20 साल का है और उसके सामने यह सब कुछ हो गया। मैंने उसे धीरज बंधाने की कोशिश की।
- दुबई। आस्ट्रेलिया में 2022 में होने वाले टी20 विश्व कप के तीन क्षेत्रीय यूरोपीय क्वालीफायर्स को कोविड-19 महामारी के कारण रद्द कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। फिनलैंड को अगले महीने से शुरू होने वाले उप क्षेत्रीय यूरोप ए एवं बी क्वालीफायर्स के जरिये अपनी पहली आईसीसी प्रतियोगिता की मेजबानी करनी थी।यूरोप 'बी' क्वालीफायर्स 30 जून से पांच जुलाई के बीच आयोजित किये जाने थे। इनमें मेजबान के अलावा जर्मनी, जिब्राल्टर, यूनान, ग्रूनसे, हंगरी, लक्समबर्ग और स्वीडन शामिल थे। इसके तीन दिन बाद बाद 'ए' वर्ग के क्वालीफायर्स शुरू होने थे जिसमें बुल्गारिया, साइप्रस, फ्रांस, इजराइल, इटली, माल्टा, नार्वे और स्पेन शामिल थे। इन सभी के बीच 13 जुलाई तक मैच होने थे। यूरोप 'सी' क्वालीफायर की मेजबानी बेल्जियम को करनी थी तथा पांच से 10 जुलाई के बीच होने वाले इस क्वालीफायर्स में आस्ट्रिया, बेल्जियम, चेक गणराज्य, डेनमार्क, आइल आफ मैन, पुर्तगाल, रोमानिया और सर्बिया की टीमों को भाग लेना था।आईसीसी के प्रतियोगिता प्रमुख क्रिस टेटली ने बयान में कहा, 'दुर्भाग्य से हमें कोविड—19 महामारी के कारण अगले महीने शुरू होने वाले तीन टी20 विश्व कप उप क्षेत्रीय यूरोप क्वालीफायर्स को रद्द करना पड़ा। ' उन्होंने कहा, 'कोविड—19 के कारण लगाये गये प्रतिबंधों और यूरोपीय सत्र के कम समय को देखते हुए हमारे लिये आगे बढऩा मुश्किल था और ऐसे में हमारे पास इन्हें रद्द करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। '---
- लुसाने । अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि वैक्सीन निर्माणा कंपनी फाइजर और बायोएनटेक टोक्यो ओलंपिक्स की तैयारी कर रहे एथलीटों को मुफ्त में वैक्सीन देंगी। आईओसी ने कहा कि वैक्सीन की खुराक का वितरण इस महीने से शुरू हो जाएगा ताकि ओलंपिक प्रतिनिधिमंडल के पास ओलिंपिक शुरू होने से पहले दोनों टीके लगाने के लिए पर्याप्त समय हो। ओलंपिक्स जापान के टोक्यों में 23 जुलाई से होगा। आईओसी का यह दूसरा प्रमुख टीकाकरण समझौता हैं। इससे पहले मार्च में ओलिंपिक समिति और ओलिंपिक अधिकारियों के बीच चीन में चीन से वैक्सीन खरीदने और वितरण को लेकर समझौता हुआ था। फ़ाइज़र का यह नया प्रस्ताव आईओसी को टोक्यो ओलंपिक्स के आयोजन से पहले बड़े स्तर टीकाकरण करने में मदद करेगा। क्योंकि अभी भी बहुत सारे देशों ने चीन की वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग को मंजूरी नहीं दी हैं। आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा, ‘‘हम टूर्नामेंट में भाग लेने वाले एथलीटों और प्रतिनिधिमंडलों को आगामी ओलंपिक एवं पैरालम्पिक खेलों के आयोजन से पहले जहाँ संभव हो वहां वैक्सीन लगवा कर उदाहरण पेश करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।'' वही फ़ाइज़र ने एक बयान में कहा, ‘‘कंपनी के मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष अल्बर्ट बोरला और जापानी प्रधान मंत्री योशीहाइड सुगा के बीच बातचीत के बाद जापान सरकार ने आईओसी के साथ एक बैठक की। जिसके बाद वैक्सीन समझौता साकार हो सका।
- मैड्रिड। रफेल नडाल आस्ट्रेलिया के अलेक्सेइ पोपीरिन को 6 . 3, 6 . 3 से हराकर मैड्रिड ओपन टेनिस के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं । नडाल ने आठ ऐस लगाये और पांच ब्रेक प्वाइंट बनाये । तीसरी वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव को क्रिस्टियन गारिन ने 6 . 4, 6 . 7, 6 . 1 से हराया । चिली का यह खिलाड़ी दूसरी बार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है । इससे पहले अमेरिकी ओपन चैम्पियन आस्ट्रिया के डोमिनिक थीम ने एलेक्स डि मिनाउर को 7 . 6, 6 . 4 से हराया । महिला वर्ग में शीर्ष रैंकिंग वाली एशले बार्टी ने वाइल्ड कार्डधारी पाउला बाडोसा को 6 . 4, 6 . 3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई ।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सीनियर सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने गुरूवार को कहा कि उन्होंने कोरोना के टीके का पहला डोज ले लिया है । धवन इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा थे। लीग के बायो बबल में कोरोना के कई मामले आने के बाद इसे मंगलवार को अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया । धवन ने ट्वीट किया ,टीका लग गया । सभी कोरोना योद्धाओं को उनके त्याग और प्रतिबद्धता के लिये धन्यवाद । कृपया हिचकिचायें नहीं और जल्दी टीका लगवायें ।इसी से हम सभी वायरस को हरा सकेंगे ।'' भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने मार्च के पहले सप्ताह में पहला डोज लिया था । उस समय 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीके लगने शुरू हुए थे । सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी नागरिकों के लिये टीकाकरण शुरू कर दिया है ।
- नयी दिल्ली। भारत के टेस्ट विशेषज्ञ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि नकारात्मक विचारों से दूर रहने के लिये वह योग और ध्यान करने के अलावा अपने अध्यात्मिक गुरू से सलाह लेते हैं । पुजारा ने यूट्यूब पर ‘माइंट मैटर्स' इंटरव्यू में कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफलता की कुंजी दबाव को झेलना होती है । उन्होंने कहा ,‘‘एक बार नकारात्मक सोचने पर सब कुछ नकारात्मक लगने लगता है ।मैं योग और ध्यान का सहारा लेता हूं । रोज प्रार्थना करता हूं जिससे सोच सकारात्मक बनी रहती है।'' उन्होंने कहा ,‘‘ एक समय ऐसा भी था जब मुझे लगता था कि मैं दबाव नहीं झेल पाऊंगा । युवावस्था में अपनी मां के पास जाकर मैं उनके सामने रोता था और कहता था कि इतने दबाव के कारण मैं क्रिकेट नहीं खेल सकूंगा लेकिन अब मैं दबाव झेल लेता हूं ।'' पुजारा की मां का निधन तब हो गया था जब वह 17 वर्ष के थे । उसके बाद से वह अध्यात्मिक गुरू की सलाह लेते हैं ।
- लुसाने । भारत के इस महीने स्पेन और जर्मनी के खिलाफ उन्हीं की सरजमीं पर होने वाले एफआईएच प्रो लीग मैचों को इस एशियाई देश में बढ़ते कोविड-19 मामलों के कारण अंतरराष्ट्रीय यात्रा में पाबंदियों के कारण स्थगित कर दिया गया है। हॉकी की वैश्विक संचालन संस्था अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 15 और 16 मई को स्पेन जबकि 23 और 24 मई को जर्मनी के खिलाफ दो चरण के मुकाबले खेलने थे। एफआईएच ने बयान में कहा, ‘‘एफआईएच, हॉकी इंडिया के अलावा जर्मनी, स्पेन और ग्रेट ब्रिटेन के राष्ट्रीय हॉकी संघ इन मैचों को किसी और तारीख पर कराने के सभी संभावित विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। लंदन में आठ और नौ मई को होने वाले मैचों को भी इससे पहले स्थगित किया गया था। '' बयान के अनुसार, ‘‘वैश्विक हॉकी समुदाय की ओर से एफआईएच भारतीय हॉकी समुदाय, उनके परिवार और मित्रों के प्रति समर्थन और सहानुभूति जताना चाहता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘भारत के लिए मुश्किल समय में हमारी सहानुभूति सभी भारतीयों के साथ है।''पिछले महीने ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ लंदन में होने वाले भारत के एफआईएच प्रो लीग मैचों को भी स्थगित कर दिया गया था। भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण ब्रिटेन के देश को यात्रा से संबंधित लाल सूची में डाले जाने के बाद यह फैसला किया गया था।
- नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2021 को कैंसिल कर दिया है। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते यह फैसला किया गया है। आईपीएल के कई खिलाडिय़ों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद बोर्ड की ओर से यह फैसला लिया गया। मामले बढ़ते देख भारतीय और विदेशी दोनों खिलाड़ी इससे हटने पर विचार कर रहे थे।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वाइस-प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने एएनआई को बताया कि आईपीएल 2021 को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। आईपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल ने रॉयटर्स को बताया कि कोविड-19 के चलते आईपीएल 2021 को अनिश्चितकाल के लिए फिलहाल निलंबित कर दिया गया है।राजीव शुक्ला ने एएनआई से कहा कि आईपीएल 2021 को अभी निलंबित किया गया है, इसको रद्द नहीं किया गया है। उन्होंने साथ ही कहा कि देखना होगा कि इसको कब रिशेड्यूल किया जा सकता है।इससे पहले सोमवार को पहले कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच होने वाले मैच को कोरोना के चलते टाल दिया गया था। यह मैच अहमदाबाद में खेला जाना था। कोलकाता नाइट राइडर्स के दो खिलाडिय़ों-वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज संदीप वॉरियर कोविड-19 पॉजीटिव पाए गए थे। आईपीएल गर्वनिंग काउंसिल के सदस्यों के मुताबिक मंगलवार को अमित मिश्रा और ऋद्धिमान साहा के पॉजीटिव पाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया। बीसीसीआई के कई अधिकारियों और फ्रैंचाइजी ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है। चेन्नई सुपर किंग्स के दल के दो सदस्यों- बोलिंग कोच लक्ष्मीपति बालाजी और बस के क्लीनर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सीईओ काशी विश्वानाथन की दूसरी रिपोर्ट सोमवार शाम को नेगेटिव आई थी। हालांकि बालाजी और बस के ड्राइवर की रिपोर्ट पॉजिटिव ही आई थी।
- बार्सीलोना । एटलेटिको मैड्रिड ने मार्कोस लॉरेंटे के गोल की बदौलत एल्शे को 1-0 को हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग के शीर्ष पर अपना स्थान बरकरार रखा है। एल्शे के पास इंजरी टाइम में बराबरी हासिल करने का मौका था लेकिन फिडेल शावेज पेनल्टी किक पर गोल दागने से चूक गए। रीयाल मैड्रिड ने भी एडेर मिलिशाओ और कासेमिरो के गोल की बदौलत शनिवार को ओसासुना को 2-0 से शिकस्त दी। इस जीत से एटलेटिको की टीम 34 मैचों में 76 अंक के साथ शीर्ष पर है जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद रीयाल मैड्रिड के इतने ही मैचों में 74 अंक हैं।
- नयी दिल्ली । मुंबई इंडियन्स के हरफनमौला हार्दिक पंड्या ने शनिवार को बताया कि कृणाल सहित उनका पारिवार कोविड-19 महामारी का सामना कर रहे देश के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 200 ऑक्सीजन कनसंट्रेटर्स दान करेंगा। चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच से पहले हार्दिक ने कहा कि उनका परिवार जरूरतमंदों की मदद करने का तरीका ढूंढ रहा था। उन्होंने कहा, हम सभी चिकित्सा कर्मचारियों, जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों और उन सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते है जो इस मुश्किल समय में मदद का हाथ बंटा रहे है। उन्होंने कहा, ‘‘कृणाल, मैं और मेरी माँ , मूल रूप से हमारा पूरा परिवार मदद करने की कोशिश कर रहा था। हमने भारत के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 200 ऑक्सीजन कंनसंट्रेटर्स दान करने का फैसला किया है। मुझे लगता है कि वहां चिकित्सा बुनियादी ढांचे को अधिक समर्थन की आवश्यकता है।''हार्दिक ने कहा, हम सभी समझते हैं कि यह मुश्किल समय है, हम अपनी कृतज्ञता, समर्थन दिखाना चाहते हैं और हर किसी को बताना चाहते हैं कि वे हमेशा हमारी प्रार्थना में हैं।'' पंड्या बंधुओ से पहले सचिन तेंदुलकर, शिखर धवन और जयदेव उनादकट, ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस एवं ब्रेट ली और वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन ने भी कोविड-19 से जूझ रहे भारत के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। इसके आलवा राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों ने भी दान किया है।
- अहमदाबाद। आस्ट्रेलिया के स्टार आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने कहा कि उन्हें और उनके देश के अन्य क्रिकेटरों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद भारत, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाडिय़ों को ले जाने वाले विशेष विमान से ब्रिटेन जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस पर सहमित व्यक्त की कि मई के आखिरी सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय यात्रा दिशानिर्देशों को देखने के बाद इस विकल्प पर विचार किया जा सकता है। भारत में कोविड-19 के मामले बढऩे के कारण भारत से आस्ट्रेलिया के लिये सभी व्यावसायिक उड़ानें बंद कर दी गयी हैं। मैक्सवेल ने द फाइनल वर्ड पॉडकॉस्ट से कहा, ''हम केवल स्वदेश जाने का रास्ता ढूंढना चाहते हैं। बीसीसीआई और दोनों सरकारें समाधान निकालने के लिये काम कर सकती है। यदि हमें थोड़ा इंतजार करना होगा तो ऐसा हो सकता है लेकिन किसी चरण में स्वदेश लौटने का रास्ता तो स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा, भारत और इंग्लैंड को इंग्लैंड में श्रृंखला खेलनी है। स्थिति बद से बदतर भी होती है तो हमें इंग्लैंड में इंतजार करना होगा और विशेष विमान से भारत से बाहर जाना होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि इससे अधिकतर खिलाड़ी सहमत होंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा और इसके लिये उन्हें आईपीएल के बाद इंग्लैंड जाना होगा। इंग्लैंड के खिलाड़ी उसी उड़ान से स्वदेश लौट सकते हैं।
- मेरठ। शूटर दादी के नाम से मशहूर निशानेबाज चंद्रो तोमर का आज निधन हो गया। 26 अप्रैल को 89 साल की चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। तब से मेरठ के मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा था। शूटर दादी के निधन से उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद चंद्रो तोमर के ट्विटर पेज पर इस बात की जानकारी दी गई थी। ट्विटर पेज पर लिखा गया था, 'दादी चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिटिव हैं और सांस की परेशानी के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हैं। ईश्वर सबकी रक्षा करे- परिवार। ट्विटर पर शूटर दादी के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिलते ही यूजर्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मैसेज किए थे।चंद्रो तोमर ने जब निशानेबाजी को अपनाया तब उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीती। उन पर एक फिल्म भी बनाई गई है। चंद्रा तोमर के निधन पर उनकी देवरानी प्रकाशी तोमर (84) ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया है- 'मेरा साथ छूट गया, चंद्रो कहां चली गई।' गौरतलब है कि चंद्रो और प्रकाशी तोमर ने साथ-साथ निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कई मेडल जीते। मूलरूप से मुजफ्फरनगर की रहने वाली प्रकाशी तोमर की बेटी सीमा तोमर इंटरनैशनल निशानेबाज हैं।
- नयी दिल्ली। भारत में कोरोना महामारी के बढते मामलों के कारण यात्रा प्रतिबंधों के चलते साइना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत समेत भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी अगले महीने मलेशिया और सिंगापुर में होने वाले आखिरी दो ओलंपिक क्वालीफायर खेलने कतर के रास्ते जायेंगे । दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना और श्रीकांत अभी तक तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई नहीं कर सके हैं । इंडिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट स्थगित होने के बाद उनके पास क्वालीफाई करने के लिये बहुत कम समय बचा है । अब तोक्यो ओलंपिक के लिये सिर्फ दो क्वालीफायर मलेशिया ओपन (25 से 30 मई) और सिंगापुर ओपन (एक से छह जून) बचे हैं । क्वालीफाई करने की आखिरी तारीख 15 जून है । वहीं सिंगापुर और मलेशिया ने भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है । भारतीय ओलंपिक संघ (बाइ) ने कहा कि वह विकल्प तलाश रहा है क्योंकि मलेशिया और सिंगापुर सीधे उड़ान लेना संभव नहीं है । बाइ ने एक बयान में कहा ,‘‘ मौजूदा यात्रा प्रतिबंधों के कारण भारतीय खिलाड़ी सीधे नहीं जा सकेंगे । हमने वैकल्पिक उड़ानों की पड़ताल की है ।अब वे श्रीलंका या दोहा के जरिये जायेंगे । हमने वीजा के लिये दस्तावेज दे दिये हैं । खेल संबंधी यात्रा को छोड़कर भारतीयों को वीजा जारी करने पर भी प्रतिबंध है लेकिन कुछ नियम और शर्तों के साथ वीजा मिल रहा है ।'' भारत से पी वी सिंधु, बी साइ प्रणीत और पुरूष युगल टीम के चिराग शेट्टी तथा सात्विक साइराज रंकीरेड्डी ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके हैं । श्रीकांत और साइना के अलावा महिला युगल टीम एन सिक्की रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा भी क्वालीफायर खेल सकते हैं ।
- कोलकाता । बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) नौ मई से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों की मेजबानी करने से पहले शुक्रवार को ईडन गार्डन्स में अपनी समिति के सदस्यों, कर्मचारियों और मैदानकर्मियों को कोविड-19 का टीका लगवाएगा। राज्य सरकार ने कैब और एमरी अस्पताल के आवेदन पर उचित मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद अपनी मंजूरी दे दी है, जिससे कैब में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले सभी कर्मचारियों को पहला टीका लगने की उम्मीद बंध गयी है। शहरी विकास और नगरपालिका मामलों के विभाग के संयुक्त सचिव जॉली चौधरी ने कैब को लिखे पत्र में कहा, ‘‘इस जगह को एमरी अस्पताल के सहयोग से टीकाकरण के लिये उपयुक्त पाया गया है। वायरस के खिलाफ अभी कोविड-19 का टीका सर्वश्रेष्ठ बचाव है।'' ईडन गार्डन्स आईपीएल के 10 मैचों की मेजबानी करेगा। इनमें से पहला मैच नौ मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा।
- नयी दिल्ली। सलामी बल्लेबाजों रुतुराज गायकवाड़ और फाफ डुप्लेसिस के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से चेन्नई सुपरकिंग्स इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। सुपरकिंग्स की छह मैचों में यह पांचवीं जीत है और टीम 10 अंक के साथ शीर्ष पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के भी इतने ही अंक हैं लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण चेन्नई की टीम शीर्ष पर है। सनराइजर्स की टीम छह मैचों में पांचवीं हार के बाद दो अंक के साथ अंतिम पायदान पर है। सनराइजर्स के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपरकिंग्स ने गायकवाड़ (44 गेंद में 75 रन, 12 चौके) और डुप्लेसिस (38 गेंद में 56 रन, छह चौके, एक छक्का) के बीच पहले विकेट की 129 रन की साझेदारी की बदौलत 18.3 ओवर में तीन विकेट पर 173 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। सनराइजर्स के लिए मनीष पांडे ने 46 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के से 61 रन की पारी खेलने के अलावा वार्नर (55 गेंद में 57 रन, तीन चौके, दो छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की जिससे टीम तीन विकेट पर 171 रन बनाने में सफल रही। केन विलियमसन (10 गेंद में नाबाद 26) और केदार जाधव (चार गेंद में नाबाद 12) ने अंतिम ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिससे टीम ने अंतिम आठ ओवर में 89 रन जोड़े। वार्नर अपनी इस पारी के दौरान टी20 क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड और शोएब मलिक यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। लक्ष्य का पीछा करने उतरे सुपरकिंग्स को डुप्लेसिस और गायकवाड़ की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। डुप्लेसिस ने खलील अहमद को निशाना बनाते हुए उन पर तीन चौके मारे। गायकवाड़ ने भी संदीप शर्मा और सिद्धार्थ कौल पर चौके जड़े। सुपरकिंग्स की टीम पावर प्ले में बिना विकेट खोए 50 रन बनाने में सफल रही।गायकवाड़ ने जगदीश सुचित पर दो चौके मारे जबकि डुप्लेसिस ने इस स्पिनर के ओवर में चौका और छक्का जड़ा। डुप्लेसिस ने कौल की गेंद पर दो रन के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 11वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। गायकवाड़ ने अगले ओवर में सुचित पर लगातार तीन चौके मारे और इस दौरान 36 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
- नयी दिल्ली ।भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के उपाध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलौत का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को निधन हो गया। राजस्थान के पूर्व मंत्री गहलौत अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष भी थे। उनकी उम्र 70 साल से अधिक थी। गहलौत भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ के 28 साल तक अध्यक्ष रहे। उन्होंने 2013 तक यह भूमिका निभायी। वह अभी राजस्थान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष थे। आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने बयान में कहा, ‘‘आईओए परिवार की तरफ से आईओए उपाध्यक्ष और राजस्थान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलौत के असामयिक निधन पर हमारी गहलौत परिवार के प्रति संवेदना है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर उनकी आत्मा शांति प्रदान करे और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।''गहलौत 2017 में चुने गये आईओए के नौ उपाध्यक्षों में से एक थे।राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलौत ने इस खेल प्रशासक के निधन पर शोक व्यक्त किया। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी थे। मिश्रा ने बयान में कहा, ‘‘मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने के लिये प्रार्थना करता हूं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि गहलौत ने राजनीति और खेल में अहम योगदान दिया।उन्होंने ट्वीट करके कहा, ‘‘पूर्व मंत्री और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलौत के निधन पर मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। राजनीतिक क्षेत्र एवं खेल जगत में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। '' उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दे एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।
- इम्फाल। मणिपुर सरकार ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण प्रदेश में खेल गतिविधियां अनिश्चितकाल के लिये बंद करने का फैसला किया है । अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सलाहकार समिति के सुझाव पर यह फैसला लिया गया है। युवा कार्य और खेल विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में कमिश्नर बॉबी वाइखोम ने कहा, प्रदेश में हर तरह की खेल गतिविधियां तुरंत प्रभाव से बंद कर दी गई है ।'' मणिपुर में बुधवार को 259 नये मामले दर्ज किये गए ।
- नयी दिल्ली। भारत में कोविड—19 संकट को देखते हुए एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप अगले महीने दिल्ली के बजाय दुबई में आयोजित की जाएगी लेकिन राष्ट्रीय महासंघ अब भी यूएई के साथ इसका संयुक्त मेजबान होगा। इस टूर्नामेंट का आयोजन 21 से 31 मई के बीच राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया जाना था लेकिन दिल्ली में अभी कोविड-19 के प्रतिदिन 20,000 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने बयान में कहा, भारत में अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों के कारण भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने एशियाई मुक्केबाजी परिसंघ (एएसबीसी) के साथ सलाह मशविरा करके एएसबीसी एशियाई एलीट पुरुष एवं महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन दुबई में कराने का फैसला किया। इसमें कहा गया है, ‘इस प्रतियोगिता का आयोजन अब बीएफआई यूएई मुक्केबाजी महासंघ के साथ मिलकर करेगा।'भारत में कोविड-19 के प्रतिदिन तीन लाख से अधिक मामले आ रहे हैं जिसके बाद कई देशों ने भारत में उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- अहमदाबाद। एबी डिविलियर्स के तूफानी अर्धशतक के बाद अंतिम ओवर में मोहम्मद सिराज की धैर्यपूर्ण गेंदबाजी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। बेंगलोर की टीम ने इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लगातार चार हार के क्रम को भी तोड़ दिया।डिविलियर्स ने 42 गेंद में पांच छक्कों और तीन चौकों से नाबाद 75 रन की पारी खेली जिससे बेंगलोर की टीम ने पांच विकेट पर 171 रन बनाए। उनके अलावा रजत पाटीदार (31) और ग्लेन मैक्सवेल (25) ने भी उपयोगी पारियां खेली। बेंगलोर की टीम अंतिम सात ओवर में 77 रन जोड़ने में सफल रही। डिविलियर्स ने अपनी इस पारी के दौरान आईपीएल में सबसे कम गेंदों में 5000 रन पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल की। इसके जवाब में दिल्ली की टीम शिमरोन हेटमायर (25 गेंद, नाबाद 53, चार छक्के, दो चौके) के तूफानी अर्धशतक और कप्तान ऋषभ पंत (48 गेंद में नाबाद 58, छह चौके) के साथ उनकी 7.2 ओवर में 78 रन की अटूट साझेदारी के बावजूद 20 ओवर में चार विकेट पर 170 रन ही बना सकी। सिराज के अंतिम ओवर में दिल्ली को 14 रन की जरूरत थी लेकिन टीम 12 रन ही बना सकी।इस जीत से बेंगलोर के छह मैचों में पांच जीत से 10 अंक हैं और टीम शीर्ष पर चल रही है। दिल्ली की टीम इतने ही मैचों में चार जीत से आठ अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। पारी के ब्रेक के दौरान आंधी के कारण दिल्ली की पारी की शुरुआत में थोड़ा विलंब हुआ। खेल शुरू होने पर गेंदबाजों ने बेंगलोर की टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। आरेंज कैप धारक शिखर धवन सिर्फ छह रन बनाने के बाद काइल जेमीसन की गेंद पर फाइन लेग बाउंड्री पर युजवेंद्र चहल को कैच दे बैठे जबकि स्टीव स्मिथ (04) ने मोहम्मद सिराज की गेंद पर विकेटकीपर डिविलियर्स को कैच थमाया। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव (21) ने सिराज पर तीन चौके मारे लेकिन हर्षल पटेल की आफ साइड से बेहद बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में डिविलियर्स को कैच थमा गए। दिल्ली के 50 रन आठवें ओवर में पूरे हुए।
- नयी दिल्ली । चैम्पियन निशानेबाज मनु भाकर को मंगलवार को हरियाणा के झज्जर में सरकारी अस्पताल में कोरोना टीके का पहला डोज लगा । वह तीन महीने बाद होने वाले तोक्यो ओलंपिक में भारत की पदक उम्मीदों में से है । भाकर को उसके गांव के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) में कोवीशील्ड वैक्सीन का डोज लगाया गया । उसने ट्विटर पर डाले वीडियो में कहा , अपने माता पिता के साथ मैं सीएचसी ढाकला में कोरोना टीके का पहला डोज लेने आई हूं । ओलंपिक जाने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर टीके दिये जा रहे हैं और इसमें उम्र की कोई सीमा नहीं है । सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढते मामलों को देखते हुए 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों को एक मई से टीके देने का ऐलान किया है । आईएसएसएफ विश्व कप, युवा ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भाकर ने भारतीयों से टीके लगवाने का अनुरोध किया । उसने कहा , मैं सभी देशवासियों से कोरोना प्रोटोकॉल का अनुसरण करने की अपील करती हूं । इसमें सामाजिक दूरी बनाये रखना , हाथ धोना, सैनिटाइज करना और मास्क पहनना शामिल है । टीके लगवा लीजिये और भीड़ भरी जगहों पर जाने से बचिये । स्वास्थ्य विभाग के दिशा निर्देशों का पालन कीजिये । भाकर 23 जुलाई से होने वाले तोक्यो ओलंपिक में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल , 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा में भाग लेगी ।
- अहमदाबाद। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अपनी अनुशासित गेंदबाजी और कप्तान इयोन मोर्गन की फार्म में वापसी पर खेली गयी नाबाद पारी के दम पर सोमवार को यहां पंजाब किंग्स को 20 गेंद शेष रहते हुए पांच विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार चार हार के बाद पहली जीत दर्ज की। पंजाब किंग्स की यह चौथी हार है। इन दोनों टीमों के अब छह मैचों में चार-चार अंक हैं लेकिन केकेआर बेहतर रन गति के आधार पर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले वह अंतिम स्थान पर था। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने पर नौ विकेट पर 123 रन बनाये। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 34 गेंदों पर 31 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन वह क्रिस जोर्डन थे जिन्होंने 18 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर स्कोर 120 रन के पार पहुंचाया। केकेआर की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही लेकिन कप्तान मोर्गन (40 गेंदों पर नाबाद 47 रन, चार चौके, दो छक्के) ने राहुल त्रिपाठी (32 गेंदों पर 41 रन) के साथ चौथे विकेट के लिये 66 रन जोड़कर टीम को शुरू में मिले झटकों से उबारा। केकेआर ने 16.4 ओवर में पांच विकेट पर 126 रन बनाकर जीत दर्ज की। केकेआर की इस जीत का श्रेय गेंदबाजों को जाता है। प्रसिद्ध कृष्णा उसके सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 30 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि सुनील नारायण (22 रन देकर दो) और पैट कमिन्स (तीन ओवर में 31 रन देकर दो) ने दो-दो विकेट लिये। युवा शिवम मावी (13 रन देकर एक) और वरुण चक्रवर्ती (24 रन देकर एक) ने भी कसी हुई गेंदबाजी की। पंजाब के गेंदबाज भी पीछे नहीं रहे। मोएजेस हेनरिक्स, मोहम्मद शमी (25 रन देकर एक) और अर्शदीप सिंह ने पहले तीन ओवर में ही दोनों सलामी बल्लेबाजों नितीश राणा (शून्य) और शुभमन गिल (नौ) के अलावा सुनील नारायण (शून्य) को आउट करके स्कोर तीन विकेट पर 17 रन कर दिया। मोर्गन और त्रिपाठी ने इसके बाद बखूबी जिम्मेदारी संभाली।
- बार्सीलोना । रफेल नडाल ने एक बार फिर क्लेकोर्ट पर अपनी बादशाहत साबित करते हुए बार्सीलोना ओपन टेनिस फाइनल में स्टेफानोस सिटसिपास को 6 . 4, 6 . 7, 7 . 5 से हराकर खिताब जीत लिया । नडाल का इस टूर्नामेंट में यह 12वां खिताब है। पिछले साल कोरोना महामारी के कारण वह अधिकांश टूर्नामेंट नहीं खेले थे और इस सत्र में भी उनकी शुरूआत खराब रही थी । नडाल ने कहा , यह चुनौती स्वीकार करने की बात है । यह स्वीकार करने में कोई हर्ज नहीं कि आप खराब खेल रहे थे और बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी था ।'' मैच तीन घंटे 38 मिनट तक चला जो एटीपी फाइनल में सबसे लंबा बेस्ट आफ थ्री मुकाबला था ।
- एवनडेल (अमेरिका)। भारतीय गोल्फर अर्जुन अटवाल और उनके जोड़ीदार किराडेच अफिबर्नरात पीजीए टूर पर खराब प्रदर्शन के बाद न्यू ओरलियंस में चल रहे ज्यूरिख क्लासिक से बाहर हो गए। भारत और थाईलैंड की जोड़ी ने पहले दौर में 71 का स्कोर बनाने के बाद दूसरे दौर में 79 का स्कोर बनाया। दूसरे दौर में इस जोड़ी ने तीन बर्डी लगाई लेकिन साथ ही तीन बोगी, एक डबल बोगी और एक ट्रिपल बोगी कर गए। दक्षिण अफ्रीका के लुइ ओस्तुइजेन और कार्ल श्वार्ट्जेल ने शनिवार को तीसरे दौर में अंतिम आठ होल में से छह में बर्डी की और नौ अंडर 63 के स्कोर से कुल 19 अंडर 197 के स्कोर के साथ एक शॉट की बढ़त बना ली है।
- नयी दिल्ली। ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके मुक्केबाज अमित पंघाल (52 किग्रा) को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में चल रहे गवर्नर्स कप के सेमीफाइनल में विश्व चैंपियन और चिर प्रतिद्वंद्वी शेखोबिदीन जोइरोव के खिलाफ हार के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित को उज्बेकिस्तान के गत ओलंपिक चैंपियन मुक्केबाज के खिलाफ 0-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी। विश्व चैंपियनशिप 2019 के बाद जोइरोव के खिलाफ भारतीय मुक्केबाज की यह दूसरी हार है। अमित को विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में जोइरोव ने हराया था। दोनों मुक्केबाज जुलाई-अगस्त में होने वाले तोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। जोइरोव को इस साल बुल्गारिया में स्ट्रैंजा मेमोरियल टूर्नामेंट में भारत के एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता दीपक कुमार ने हराया था। ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके आशीष कुमार (75 किग्रा) और सुमित सांगवान (81 किग्रा) के जल्द बाहर होने के बाद अमित ने भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया। ओलंपिक में पहली बार हिस्सा लेने जा रहे हरियाणा के अमित को तोक्यो खेलों में पदक का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। तेइस साल का यह मुक्केबाज पिछले तीन साल से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और इस दौरान एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा। वह 2019 में विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने वाले भारत के पहले पुरुष मुक्केबाज बने।
- नयी दिल्ली । हॉकी के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर सुरेश कुमार ठाकुर का कोविड-19 से जुड़ी जटिलताओं के कारण शुक्रवार को मोहाली में निधन हो गया। वह 51 साल के थे। हॉकी इंडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।ठाकुर ने कुआलालंपुर में अजलन शाह हॉकी टूर्नामेंट और हैम्बर्ग (जर्मनी) में हुए चार देशों की प्रतियाोगिता के अलावा कई अन्य टूर्नामेंटों में भी अंपायरिंग की थी। उन्होंने 2013 और 2014 में हॉकी इंडिया लीग में भी मैच अधिकारी की भूमिका निभाई थी।हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबाम ने कहा, ‘‘ सुरेश कुमार ठाकुर अंतरराष्ट्रीय सर्किट में जाने-माने अंपायर थे और हॉकी के मैदान में उनकी कमी खलेगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘ उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया और हर मैच में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। हम हॉकी इंडिया की तरफ से सुरेश के परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और आशा करते हैं कि वे इस कठिन समय का सामना कर पायेंगे।'











.jpg)















