- Home
- विदेश
- कुआलालंपुर। मलेशिया की एक अदालत ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक की पत्नी रोस्माह मंसूर को अपने पति के कार्यकाल में रिश्वत लेने के मामले में दोषी ठहराने के बाद गुरुवार को 10 साल की सजा सुनाई।नजीब को पहले ही मलेशियाई विकास बरहाद कोष (1एमडीबी) के सरकारी धन के गबन के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और पिछले सप्ताह उन्हें जेल भेज दिया गया था। उन्हें पांच में से भ्रष्टाचार के एक मामले में 12 साल की सजा सुनाई गई है।रोस्माह मंसूर को बोर्नियो द्वीप के स्कूलों को सौर ऊर्जा पैनल लगाने करने की परियोजना का काम एक कंपनी को दिलाने के लिए 2016 और 2017 के बीच 65 लाख रिंगिट रिश्वत (15 लाख अमेरिकी डॉलर) मांगने और उसे स्वीकार करने के तीन मामलों में दोषी ठहराया गया।अदालत ने उन्हें हर एक मामले में 10-10 साल की सजा सुनाई और उन पर 97 करोड़ रिंगिट का जुर्माना भी लगाया। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।शीर्ष अदालतों में उनकी अपील लंबित होने तक वह जमानत के लिए गुहार लगा सकती हैं। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश मोहम्मद जैनी मजलान ने कहा कि अभियोजकों ने यह साबित कर दिया है कि रोस्माह मंसूर ने रिश्वत मांगी और उसे स्वीकार भी किया था।
-
केप केनवरल(अमेरिका) .अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा शनिवार को फिर से अपने नये चंद्र रॉकेट का उड़ान परीक्षण करने की कोशिश करेगा। इस हफ्ते किये गये प्रथम प्रयास के दौरान इंजन में गड़बड़ी आने के बाद इस कार्यक्रम को रोक दिया गया था। प्रबंधकों ने मंगलवार को कहा कि वे इस मुद्दे से निपटने के लिए ईंधन भरने की प्रक्रिया में बदलाव कर रहे हैं। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि सोमवार के नाकाम परीक्षण की वजह एक खराब सेंसर रहा होगा। नासा द्वारा अब तक निर्मित किया गया सर्वाधिक शक्तिशाली रॉकेट 322 फुट(98 मीटर लंबा) है। यह केनेडी स्पेस सेंटर में अपने परीक्षण स्थल पर है और इसके शीर्ष पर मौजूद ‘क्रू कैप्सूल' खाली है। स्पेस लॉंच सिस्टम रॉकेट ‘कैप्सूल' को चंद्रमा के आसपास पहुंचाने की कोशिश करेगा और इसके बाद वापस आ जाएगा। ‘कैप्सूल' में कोई भी सवार नहीं होगा और परीक्षण के लिए सिर्फ तीन पुतले रखे होंगे। यदि यह परीक्षण सफल रहा तो यह 50 साल पहले नासा के अपोलो कार्यक्रम के बाद से चंद्रमा पर जाने वाला पहला ‘कैप्सूल' होगा। नासा के रॉकेट प्रोग्राम मैनेजर जॉन हनीकट ने कहा कि शनिवार का प्रक्षेपण अतिरिक्त अंतर्दृष्टि प्रदान करेगा, भले ही समस्या फिर से उत्पन्न हो और उलटी गिनती फिर रोक दी जाए।
-
न्यूयॉर्क ।' सेरेना विलियम्स ने जब 1999 में 17 वर्ष की उम्र में पहला अमेरिकी ओपन ग्रैंडस्लैम जीता था तब बालों में सफेद मोती पहने थे और अब 40 वर्ष की उम्र में वह अपना आखिरी टूर्नामेंट खेल रही हैं तो उनकी बेटी ओलंपिया ने मां की तरह ही बाल बनाये हैं । सेरेना ने पहले दौर में दांका कोविनिच को हराने के बाद कहा ,‘‘ या तो वह बालों में मोती लगाती या मैं । मैं भी लगाना चाहती थी लेकिन समय ही नहीं मिला ।'' सेरेना ने आखिरी ग्रैंडस्लैम 2017 आस्ट्रेलियाई ओपन जीता था जब ओलंपिया उनके पेट में थी । वह अब पांच बरस की हो गई है । सेरेना ने कहा ,‘‘ उसे भी मोती बहुत पसंद है । मैने उससे नहीं कहा था लेकिन उसने खुद बालों में लगाये । बहुत अच्छे लग रहे हैं ।'
-
मॉस्को। पूर्व सोवियत नेता मिखायल गोर्बाचॉफ का मॉस्को के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। मीडिया की खबरों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था और वे गुर्दा रोग से पीडि़त थे। रूस की समाचार एजेन्सी तास ने बताया है कि गोर्बाचॉफ को उनकी पत्नी राइसा की कब्र के पास ही मॉस्को के नोवोदेविची कब्रिस्तान में सम्मान के साथ दफनाया जायेगा।
गोर्बाचोफ सोवियत कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव बने और 1985 में देश की सत्ता उनके हाथों में आ गयी। उस समय वे सत्तारूढ परिषद पोलित ब्यूरो के 54 वर्षीय सर्वाधिक युवा सदस्य थे।वर्षों के शीत युद्ध के बाद गोर्बाचोफ सोवियत यूनियन को पश्चिम के करीब लाने के सूत्रधार रहे।1980 के दशक में गोर्बाचॉफ ने सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता और सूचना की स्वतंत्रता की नीति आरम्भ की । ये दोनों नीतियां ग्लासनोस्त और पेरेस्त्रोइका के नाम से प्रचलित हुई।विश्व भर के नेताओं ने दिवंगत सोवियत नेता को श्रद्धांजलि दी है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एन्टोनियो गुत्रेस ने कहा है कि दुनिया ने एक महान नेता खो दिया है जो बहुपक्षवाद के लिए समर्पित था और शांति की पैरवी करता रहा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गोर्बाचोफ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि गोर्बाचोफ महान और अदभुत नेता थे। यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उरसला वोन डेर लेयेन ने गोर्बाचोफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सम्मानित नेता थे जिन्होंने मुक्त यूरोप का मार्ग प्रशस्त किया। - पेरिस। कार दुर्घटना में राजकुमारी डायना की मौत के 25 साल बाद भी फ्रांसीसी डॉक्टर फ्रेडरिक मैलीज को जब यह घटना याद आती है तो उन्हें लगता है कि क्या वह डायना को बचा सकते थे। पेरिस की अल्मा टनल में 31 अगस्त 1997 को प्रिंसेस डायना के साथ जो हादसा हुआ, उस दौरान उन्हें अंतिम क्षणों में जीवित देखने वाले कुछ लोगों में मैलीज भी शामिल थे। उन्होंने जब देखा तो एक महिला क्षत-विक्षत मर्सडीज कार में बेसुध पड़ी थी और सांस लेने में कठिनाई महसूस कर रही थी। उस दौरान एक पार्टी से अपने घर लौट रहे मैलीज के अनुसार, ‘‘मुझे लगता है कि मेरा नाम इस भयावह घटना के साथ हमेशा जुड़ा रहेगा। मैं उनके अंतिम क्षणों के लिए खुद को थोड़ा बहुत जिम्मेदार मानता हूं।'' ब्रिटेन और दुनियाभर में डायना के प्रशंसक उनकी 25वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद कर रहे हैं। इस मौके पर मैलीज ने उन मनहूस पलों को याद किया। वह बताते हैं, ‘‘मैं दुर्घटनाग्रस्त कार की तरफ गया। मैंने दरवाजा खोला और अंदर झांका। चार लोग थे। दो तो मृत ही लग रहे थे, जिनकी तरफ से कोई हलचल नहीं थी और वे सांस भी नहीं ले रहे थे। बाकी दो जिंदा थे, लेकिन गंभीर हालत में थे।'' उन्होंने कहा, ‘‘आगे जो व्यक्ति बैठा था, वह चिल्ला रहा था, वह सांस ले रहा था। वहीं, एक महिला मर्सडीज में सीट से नीचे घुटनों के बल थी और उसका सिर नीचे था। उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। उसे फौरन मदद की जरूरत थी।'' डॉक्टर मैलीज अपनी कार की तरफ दौड़कर गए और सांस लेने में मदद देने के लिए एक ‘रेस्पिरेटरी बैग' लेकर आए। उन्होंने आपात सेवाओं को फोन भी किया। उन्होंने बताया, ‘‘वह बेहोश थीं। मेरे ‘रेस्पिरेटरी बैग' की वजह से उनमें थोड़ी हरकत आई, लेकिन वह कुछ कह नहीं सकीं।'' डॉक्टर मौलीज को बाद में पूरी दुनिया के साथ पता चला कि आखिरी क्षणों में उन्होंने जिस महिला का उपचार करने की कोशिश की, उसकी मौत हो गई है और वह ब्रिटेन की एक महत्वपूर्ण हस्ती प्रिंसेस डायना थीं, जिनके लाखों प्रशंसक थे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि यह ताज्जुब की बात है, लेकिन मैं प्रिंसेस डायना को नहीं पहचान पाया था। मैं कार में पिछली सीट पर उनकी मदद कर रहा था। मैंने देखा कि वह बहुत सुंदर थीं, लेकिन मेरा ध्यान उनकी जान बचाने पर था। मेरे पास यह सोचने का वक्त नहीं था कि वह महिला कौन थी।'' कुछ देर बाद कैमरों की रोशनी नजर आने लगी, पत्रकार वहां जमा होने लगे। एक अधिकारी ने पता लगाया कि डायना का पत्रकार हेनरी पॉल नशे में था और वह पीछा कर रहे फोटोग्राफरों से बचने के लिए तेज रफ्तार में कार चला रहा था। मैलीज ने कहा, ‘‘यह बात सामने आना बड़े झटके की बात थी कि वह प्रिंसेस डायना थीं और उनकी मौत हो गई है।'' फ्रांसीसी डॉक्टर ने कहा कि उनके मन में सवाल उठने लगे कि ‘‘क्या मैंने उन्हें बचाने के लिए सब कुछ किया? क्या मैंने अपना काम सही तरीके से किया?''
- केप कैनेवरल। प्रक्षेपण स्थल पर आकाशीय बिजली की घटना के बावजूद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का ‘मून रॉकेट' अपने सफर पर रवाना होने की राह पर है। तीन सौ 22 फुट का ये अतंरिक्ष प्रक्षेपण प्रणाली रॉकेट, नासा द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे शक्तिशाली रॉकेट है। यह नासा के ‘अपोलो' अभियान के करीब आधी सदी बाद चंद्रमा की कक्षा में एक खाली ‘क्रू कैप्सूल' को भेजने के लिए तैयार है। अपोलो अभियान के दौरान 12 अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा पर उतरे थे। छह सप्ताह की यह परीक्षण उड़ान अच्छी रही तो अंतरिक्ष यात्री कुछ वर्षों में चांद पर लौट सकते हैं। हालांकि, नासा के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जोखिम अधिक है और उड़ान की अवधि को कम किया जा सकता है। नासा के अधिकारियों ने रविवार को कहा कि शनिवार को आई आंधी के दौरान नासा केनेडी अंतरिक्ष केंद्र पर स्थित रॉकेट और कैप्सूल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अन्य उपकरणों को भी किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। उल्लेखनीय है कि नासा का आर्टेमिस-1 मिशन करीब आधी सदी के बाद मनुष्यों को चंद्रमा की यात्रा कराकर वापस लाने के एक महत्वपूर्ण कदम की ओर अग्रसर है। नासा की अतंरिक्ष प्रक्षेपण प्रणाली और ऑरियन क्रू कैप्सूल के लिए यह महत्वपूर्ण यात्रा होने वाली है। यह अंतरिक्ष यान चंद्रमा तक जाएगा, कुछ छोटे उपग्रहों को कक्षा में छोड़ेगा और स्वयं कक्षा में स्थापित हो जाएगा। नासा का उद्देश्य अंतरिक्ष यान के परिचालन का प्रशिक्षण प्राप्त करना और चंद्रमा के आसपास अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा अनुभव किए जाने वाले हालात की जांच करना है।
- कोलंबो,। श्रीलंकाई नौसेना ने कथित रूप से देश के जल क्षेत्र में मछलियां पकड़ने के आरोप में छह भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी नौकाएं जब्त कर ली हैं। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। यह अगस्त माह में इस तरह की दूसरी घटना है।श्रीलंकाई नौसेना ने बयान में बताया कि मन्नार द्वीप के उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित एक बस्ती तलाईमन्नार के पास शनिवार को मछुआरों को गिरफ्तार किया गया। मछुआरे तलाईमन्नार में नौसेना की हिरासत में हैं और उन्हें मन्नार में मत्स्यपालन निरीक्षक को सौंपा जाएगा। इससे पहले, 22 अगस्त को श्रीलंकाई जल क्षेत्र में मछलियां पकड़ने के आरोप में 10 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था।मछुआरों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई भारत और श्रीलंका के बीच विवाद की बड़ी वजह हैं। श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों द्वारा कथित रूप से अपने देश के जल क्षेत्र में अवैध तरीके से प्रवेश करने पर पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी किए जाने और उनकी नौकाओं को जब्त किए जाने की कई घटनाएं हुई हैं। पाक जलडमरूमध्य श्रीलंका से तमिलनाडु को अलग करने वाली पानी की एक संकरी पट्टी है। अधिक मछलियां होने के कारण यहां दोनों देशों के मछुआरे आते हैं। file photo
- त्रिपोली। लीबिया में रविवार को सुरक्षाबलों और हथियारबंद गुटों के बीच संघर्ष में कम से कम 32 लोगों की मृत्यु हो गई और 159 लोग घायल हो गए। इस दौरान हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की। उन्होंने कई अस्पतालों को नुकसान पहुंचाया और भवनों में आग लगा दी। हमलावरों ने छह अस्पतालों पर आक्रमण किया और संघर्ष से प्रभावित क्षेत्रों तक एंबुलेंस पहुंच नहीं पाई। लीबिया में दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासनिक गुट वहां के शासन और तेल संसाधनों पर नियंत्रण की होड़ में हैं। संयुक्त राष्ट्र के लीबिया मिशन ने वहां खून-खराबा तत्काल रोकने की अपील की है। लीबिया में अमरीका के राजदूत रिचर्ड नोरलैंड ने कहा है कि अमरीका वहां हिंसा में वृद्धि की निंदा करता है। उन्होंने वहां तुरंत संघर्ष विराम लागू करने और संघर्षरत गुटों के बीच संयुक्त राष्ट्र की मदद से बातचीत शुरू करने की अपील की।
-
द हेग. नीदरलैंड के रॉटरडैम में एक गांव में एक ट्रक के बांध से फिसलकर सामुदायिक बारबेक्यू से टकरा जाने के कारण हुए हादसे में रविवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में घायल हुए सात लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस प्रवक्ता मिरजाम बोअर्स ने कहा कि 46-वर्षीय ट्रक चालक मूल रूप से स्पेन का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना शनिवार की शाम नीउव-बीजरलैंड गांव में हुई थी। बोअर्स ने कहा कि इस हादसे के समय चालक ने शराब नहीं पी हुई थी। तेज रफ्तार ट्रक बांध से फिसलकर गांव में लोगों की भीड़ में जा घुसा। इस दुर्घटना के सही कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
- वाशिंगटन । अमेरिका के टेक्सास में एक मैक्सिकन-अमेरिकी महिला ने चार भारतीय-अमेरिकी महिलाओं के साथ नस्ली दुर्व्यवहार और मारपीट की। आरोपी महिला ने भारतीय-अमेरिकी महिलाओं पर नस्ली टिप्पणी करते हुए कहा कि वे अमेरिका को ‘बर्बाद’ कर रही हैं और उन्हें ‘भारत वापस चले जाना चाहिए।’घटना बुधवार रात टेक्सास के डलास में एक पार्किंग क्षेत्र में हुई। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह एक वीडियो में खुद को मैक्सिकन मूल की अमेरिकी नागरिक बताती और भारतीय-अमेरिकी महिलाओं पर हमला करती नजर आ रही है।एस्मेराल्डा अप्टन नाम की महिला वीडियो में यह कहती दिख रही है कि ‘मैं तुम भारतीयों से नफरत करती हूं। भारतीय इसलिए अमेरिका आते हैं, क्योंकि वे एक बेहतर जिंदगी चाहते हैं।’’‘सीबीएस न्यूज’ की खबर के अनुसार, वीडियो में आरोपी महिला भारतीय मूल की महिलाओं से यह भी कहती नजर आ रही है कि ‘‘भारत वापस जाओ। तुम... लोग इस देश को बर्बाद कर रहे हो।’’संबंधित वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भारतीय-अमेरिकी समुदाय स्तब्ध है। इसमें अप्टन नस्ली टिप्पणी करने के साथ-साथ कम से कम दो महिलाओं से मारपीट करती भी नजर आ रही हैं।सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने वाले ने व्यक्ति ने लिखा, ‘‘यह घटना टेक्सास के डलास में मेरी मां और उनकी तीन दोस्तों के साथ हुई।’’ वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति की मां को वीडियो में मैक्सिकन-अमेरिकी महिला का विरोध करते और उससे नस्ली टिप्पणी न करने का अनुरोध करते हुए देखा जा सकता है।वीडियो में आरोपी महिला यह भी कहती नजर आ रही है कि ‘‘मैं जहां भी जाती हूं... तुम भारतीय हर जगह मिल जाते हो। अगर भारत में जीवन बेहतरीन है तो तुम यहां क्यों हो।’’ इसके बाद वह अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए चिल्लाती है और भारतीय-अमेरिकी महिलाओं के साथ मारपीट करने लगती है।प्लानो पुलिस के अधिकारियों ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उस पर हमला करने, शारीरिक चोट पहुंचाने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।डेमोक्रेटिक पार्टी से नाता रखने वाली रीमा रसूल ने घटना की निंदा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘यह बहुत भयावह है। उसके पास वास्तव में एक हथियार था और वह गोली चलाना चाहती थी... इस महिला के खिलाफ नस्ली अपराध का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।’’इस घटना की फिलहाल प्लानो पुलिस विभाग की ‘क्राइम अगेंस्ट पर्सन्स यूनिट’ द्वारा घृणा अपराध के तहत जांच की जा रही है।दक्षिण एशियाई अमेरिकी समुदाय से संबंध रखने वाले उत्तरी टेक्सास के संगठनों ने हमले की निंदा की और कहा कि उन्हें यह जानकर राहत मिली है कि संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है।द डलास मॉर्निंग न्यूज’ की खबर के मुताबिक, ‘इंडिया एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ टेक्सास’ के अध्यक्ष उर्मीत जुनेजा ने कहा कि उन्हें लगता है कि उत्तरी टेक्सास दक्षिण एशियाई मूल के लोगों के लिए एक स्वागत योग्य और सुरक्षित स्थान रहा है। जुनेजा ने कहा, “हमें खुशी है कि अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार किया। फिर भी हमारा मानना है कि उन्हें निष्पक्ष जांच करनी चाहिए, मामले की तह तक जाना चाहिए और इस घृणा अपराध की जांच को निष्कर्ष तक पहुंचाना चाहिए।’’खबर के अनुसार, ‘एशियन टेक्सन्स फॉर जस्टिस’ के प्रवक्ता सात्विक आहलूवालिया ने कहा, ‘‘प्लानो की घटना मुझे उन कहानियों की याद दिलाती है, जो मेरे माता-पिता और उनके दोस्तों ने 9/11 के हमले के बाद मुझे बार-बार सुनाई थीं। उन्होंने बताया था कि कैसे उनके साथी अमेरिकी उन्हें दुश्मनों के रूप में देखते थे।’’‘साउथ एशियन अमेरिकन वोटर एंगेजमेंट’ की कार्यकारी निदेशक चंदा प्रभू ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘हमने पार्किंग क्षेत्र में अपशब्द, शारीरिक हमले और नस्ली दुर्व्यवहार का सामना करने वाली महिलाओं की मदद की गुहार सुनी, जो बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। लेकिन अब हम राहत महसूस कर रहे हैं कि हमारे समुदाय के सदस्य सुरक्षित हैं।’’
- जिनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बुधवार को कहा कि दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौतों में पिछले सप्ताह 15 फीसदी की गिरावट आयी है जबकि संक्रमण के नये मामले पहले के मुकाबले नौ प्रतिशत कम दर्ज हुए। कोविड-19 महामारी के ताजा साप्ताहिक मूल्यांकन में संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने बताया कि पिछले सप्ताह दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमण के 53 लाख मामले आए हैं जबकि संक्रमण से 14,000 लोगों की मौत हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र को छोड़कर दुनिया के सभी क्षेत्रों में कोरोना वायरस संक्रमण के नये मामलों में गिरावट आ रही है। अफ्रीका में कोविड से होने वाली मौतों में 183 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई है जबकि यूरोप में इनमें करीब एक तिहाई (33 फीसदी) और अमेरिका में 15 फीसदी गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी दी है कि कोविड-19 के मामले पूरी तरह से सामने नहीं आ रहे हैं क्योंकि कई देशों ने अपनी जांच में कमी कर दी है और वायरस की निगरानी के लिए ‘प्रोटोकॉल' का पालन नहीं कर रहे हैं जिससे वास्तविकता से बहुत कम मामले सामने आ रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि पूरी दुनिया में इस वक्त संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले कोरोना वायरस के ओमीक्रोन बीए.5 स्वरूप के आ रहे हैं और दुनिया भर में संक्रमण के करीब 70 फीसदी मामले इसी के हैं। पिछले महीने ‘जीनोम सीक्वेंसिंग' की रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में 99 प्रतिशत मामले ओमीक्रोन के अलग-अलग स्वरूप के हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में फाइजर ने अमेरिकी नियामक अधिकारियों से कहा था कि वे कंपनी के नए टीके को मंजूरी दे दें, जिनकी मदद से ओमीक्रोन के नये स्वरूपों बीए.4 और बीए.5 से बचाव संभव है। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने टीका निर्माताओं को आदेश दिया था कि वे अपने टीकों में बदलाव करके उन्हें बीए.4 और बीए.5 से लड़ने योग्य बनाएं। इस बीच, ब्रिटेन में नियामकों ने मॉडर्ना के कोविड-19 टीके के नये संस्करण को पिछले सप्ताह मंजूरी दे दी जो कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के उपस्वरूप बीए.1 से बचाव करने में सक्षम है।
- काठमांडू । विदेशी नागरिक अब नेपाल के रास्ते तीसरे देश की यात्रा पर जा सकते हैं। सरकारी प्रवक्ता ने महामारी की वजह से गत 16 महीने से बंद पड़ी ट्रांजिट वीजा सेवा बहाल किए जाने के सरकार के फैसले के बाद यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2021 में नेपाल के गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर त्रिभुवन हवाई अड्डे का इस्तेमाल किसी तीसरे देश में जाने के लिए ट्रांजिट प्वाइंट के तौर पर करने को लेकर रोक लगा दी थी। मंत्रालय ने यह कदम कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर उठाया था। सरकारी प्रवक्ता और संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ज्ञानेंद्र कर्की ने बताया कि यह फैसला प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रिमंडल की हुई बैठक में लिया गया। नवीनतम सरकारी अधिसूचना के तहत अब हवाई अड्डे के भीतर ट्रांजिट लेनें (रूक कर दूसरे विमान में सवार होने पर) पर कोई रोक नहीं होगी।
-
नई दिल्ली। अमरीका की ऑनलाइन पत्रिका 'इनसाइडर' के लिए काम करने वाली बांग्लादेश मूल की चित्रकार और कहानीकार फहमीदा अज़ीम को 2022 के पुलित्जर पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्हें यह पुरस्कार सचित्र व्याख्यात्मक रिपोर्टिंग और कमेंट्री की श्रेणी के लिए दिया जा रहा है। इनसाइडर पत्रिका के चार पत्रकारों-एंथनी डेल कर्नल, जोश एडम्स और वॉल्ट हिक्की सहित फहमीदा अज़ीम को चीन में उइगरों के उत्पीड़न पर काम करने के लिए चुना गया है।
फहमीदा अजीम का जन्म बांग्लादेश में हुआ था और वे अमरीका में बस गई। उनका कार्य, पहचान, संस्कृति और स्वायत्तता के विषयों पर केंद्रित है। उनकी कलाकृतियां एनपीआर, ग्लैमर, साइंटिफिक अमेरिकन, द इंटरसेप्ट, वाइस, द न्यूयॉर्क टाइम्स जैसी कई अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। - कोलंबो। भारत ने सोमवार को एक विशेष सहायता कार्यक्रम के तहत श्रीलंका को 21,000 टन उर्वरक सौंपा। इस कदम से पड़ोसी देश के किसानों को मदद मिलेगी और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे।हाल के महीनों में संकटग्रस्त श्रीलंका को भारत द्वारा दी गई इस तरह की यह दूसरी सहायता है।भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट में कहा, ‘‘दोस्ती और सहयोग के रिश्ते को आगे बढ़ाया गया। उच्चायुक्त (गोपाल बागले) ने भारत के विशेष समर्थन के तहत औपचारिक रूप से श्रीलंका के लोगों को 21,000 टन उर्वरक की आपूर्ति की है।’’इससे पहले पिछले महीने 44,000 टन की आपूर्ति की गई थी। यह आपूर्ति 2022 में भारत द्वारा कुल चार अरब डॉलर की सहायता के तहत की गई।भारतीय उच्चायोग ने कहा,‘‘उर्वरक आपूर्ति से खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और श्रीलंका के किसानों को मदद मिलेगी। यह कदम भारत के साथ घनिष्ठ संबंधों और भारत तथा श्रीलंका के बीच आपसी विश्वास और सद्भावना को दर्शाता है।’’भारत ने मई में श्रीलंका को मौजूदा कृषि सत्र में किसी व्यवधान से बचने के लिए 65,000 टन यूरिया की आपूर्ति करने का आश्वासन दिया था। श्रीलंका अभूतपूर्व आर्थिक संकट से जूझ रहा है, जिसके कारण वहां ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी हो गई है।
- इस्लामाबाद । पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमराम खान पर आतंकवाद रोधी अधिनियम के तहत आरोप दर्ज किया गया है। उन पर इस्लामाबाद में एक रैली को संबोधित करते समय एक न्यायाधीश और दो वरिष्ठ अधिकारियों को धमकी देने का आरोप है।पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री राना सनाउल्लाह ने कहा कि सरकार इमरान खान पर राजधानी इस्लामाबाद में शनिवार रात दिये गए भडकाऊ भाषण को लेकर मुकदमा दर्ज करने पर विचार कर रही है। शनिवार को इमरान खान ने अपने चीफ ऑफ स्टाफ डॉक्टर शहबाज गिल की गिरफ्तारी और पुलिस हिरासत में कथित यातना के खिलाफ इस्लामाबाद में अपने समर्थकों की रैली की। पुलिस और सरकार ने आरोपों का खंडन किया है। इस्लामाबाद पुलिस ने रैली में ड्यूटी पर तैनात मैजिस्ट्रेट की शिकायत पर इमरान खान के खिलाफ आतंकरोधी अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया है।इससे एक दिन पहले ही पाकिस्तान की मीडिया ने इमरान खान के भाषण के सीधे प्रसारण पर पाबंदी लगा दी थी।
-
बीजिंग। असामान्य रूप से उच्च तापमान और लंबे समय तक सूखे की वजह से चीन का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो रहा है जिससे फसलों की पैदावार और पेयजल आपूर्ति घट रही है। बारिश की कमी, विशेष रूप से दक्षिण-पश्चिमी मेगासिटी चोंगकिंग में चिह्नित की गई है, जिसमें पहाड़ों और नदियों का एक बड़ा क्षेत्र शामिल है। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि दमकल वाहन पेयजल और फसलों की सिंचाई के लिए दूरदराज के गांवों में पानी पहुंचा रहे हैं। चोंगकिंग में बारिश आमतौर पर इस वर्ष के लिए अपेक्षित वर्षा की आधी रही है और कुछ छोटे जलमार्ग पूरी तरह से सूख गए हैं। अधिकारियों ने 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान की चेतावनी जारी की है। चीन के कई हिस्सों में इस साल उच्च तापमान का रिकॉर्ड टूटा है। चीन में जहां कई क्षेत्रों में सूखा पड़ रहा है, वहीं अन्य क्षेत्र अचानक बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया कि चोंगकिंग में सूखे ने छह लाख से अधिक लोगों और 36,700 हेक्टेयर कृषि भूमि पर खड़ी फसल को प्रभावित किया है। -
लंदन/हैदराबाद. फिल्मकार एस.एस. राजामौली की ‘आरआरआर' फिल्म की तारीफ करने वालों में ब्रिटिश निर्देशक एडगर राइट का नाम भी जुड़ गया है। राइट ने इस फिल्म को ‘ज़बर्दस्त' बताया है। ‘बेबी ड्राइवर', ‘स्कॉट पिलग्रिम वर्सेज़ द वर्ल्ड' और “ लास्ट नाइट इन सोहो' जैसी कामयाब फिल्में बनाने वाले राइट ने कहा कि उन्होंने हाल में ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (बीएफआई) में ‘आरआरआर' देखी और यह ‘मनोरंजक' लगी। राइट (48) ने शनिवार को कहा, ‘ आखिरकार बीएफआई में बड़ी स्क्रीन पर आरआरआर फिल्म देखी। क्या ज़बर्दस्त फिल्म है। बहुत ही मनोरंजक है। मैंने ऐसी पहली फिल्म देखी है जिसके मध्यांतर में भी लोगों ने तालियां बजाईं।” ट्विटर पर ‘आरआरआर' के आधिकारिक पेज ने फिल्म की तारीफ के लिए राइट का आभार जताया।
‘आरआरआर' मार्च में सिनेमा घरों में रिलीज़ की गई थी। इसने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। -
न्यूयॉर्क. डॉयचे बैंक के पूर्व सह-मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंशु जैन का निधन हो गया है। भारत में जन्मे जैन 59 साल के थे। वह पिछले पांच साल से कैंसर से लड़ रहे थे। डॉयचे बैंक ने शनिवार को बयान में कहा, ‘‘हमारे पूर्व सह-सीईओ अंशु जैन का शनिवार सुबह निधन हो गया है। वह गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे।'' जैन 2017 से डुओडनल (ग्रहणी) कैंसर से पीड़ित थे। उनके परिजनों ने कहा कि कैंसर का पता चलने के बाद शुरुआती चार साल में जैन ने अपनी इच्छाशक्ति के बल पर इस बीमारी का मजबूती से मुकाबला किया। जैन का जन्म जयपुर में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद मैसाच्यूसेट्स एमहर्स्ट विश्वविद्यालय से फाइनेंस में एमबीए किया था। जैन ने वॉल स्ट्रीट में अपनी करियर की शुरुआत मेरिल लिंच के साथ की थी। उन्हें 2009 में डॉयचे बैंक के प्रबंधन बोर्ड में शामिल किया गया था। 2012 से 2015 तक वह बैंक के सह-मुख्य कार्यपालक अधिकारी थे। डॉयचे बैंक के सीईओ क्रिश्चियन स्विंग ने कहा, ‘‘जिन लोगों ने भी जैन के साथ काम किया है वे उनके नेतृत्व को हमेशा याद रखेंगे। बैंक के प्रति उनका समर्पण हम सभी पर गहरा प्रभाव छोड़ने वाला है। हम उनकी पत्नी, बच्चों और मां के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
-
कोलंबो। श्रीलंका सरकार ने चीन के उच्च प्रौद्योगिकी वाले अनुसंधान जहाज को 16 अगस्त को दक्षिण बंदरगाह हंबनटोटा पर आने की अनुमति दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। बैलेस्टिक मिसाइल एवं उपग्रह का पता लगाने में सक्षम ‘युआन वांग 5' नामक यह जहाज पहले गुरुवार को पहुंचने वाला था और 17 अगस्त तक बंदरगाह पर रूकने वाला था। लेकिन, भारत द्वारा सुरक्षा चिंता व्यक्त किये जाने के बाद श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने पिछले सप्ताह यह चीनी दूतावास से इस जहाज का आगमन टाल देने का अनुरोध किया था। फिर, यह जहाज निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को नहीं आया। सूत्रों के अनुसार सरकार ने आखिरकार इस जहाज को बंदरगाह पर आने की अनुमति दे दी है। उनके अनुसार यह जहाज 16 अगस्त को आएगा और 22 अगस्त तक बंदरगाह पर रूकेगा। यह जहाज फिलहाल हंबनटोटा के पूरब में 600 समुद्रद मील की दूर पर आगे की यात्रा के लिए मंजूरी का बाट जोह रहा है। इस बीच, इस मामले से श्रीलंका में बड़ा विवाद उत्पन्न हो गया। विपक्ष ने सरकार पर इस मुद्दे को ढंग से नहीं संभाल पाने का आरोप लगाया है। दक्षिण में गहरे सागर में स्थित हंबनटोटा बंदरगाह को उसकी अवस्थिति को लेकर रणनीतिक दृष्टि से बड़ा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बंदरगाह को काफी हद तक चीनी ऋण से विकसित किया गया था। भारत ने कहा है कि उसके सुरक्षा एवं आर्थिक हितों पर असर डालने वाले किसी भी घटनाक्रम पर उसकी नजर है।
नयी दिल्ली में पिछले महीने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने चीनी जहाज की प्रस्तावित यात्रा के बारे में पूछे जाने पर कहा था, ‘‘ अगस्त में हंबनटोटा बंदरगाह पर इस जहाज की प्रस्तावित यात्रा की खबरों की हमें जानकारी है। सरकार ऐसे किसी भी घटनाक्रम पर बहुत सावधानीपूर्वक नजर रखती है जिसका भारत के सुरक्षा एवं आर्थिक हितों पर असर हो सकता है । सरकार उन हितों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाती है।'' भारत ने हिंद महासागर में चीनी सैन्य जहाजों के प्रति पारंपरिक रूप से कड़ा दृष्टिकोण अपनाया था और श्रीलंका में उनकी किसी भी यात्रा का विरोध किया था। वर्ष 2014 में जब श्रीलंका ने परमाणु क्षमता वाली एक चीनी पनडुब्बी को अपने एक बंदरगाह पर आने की अनुमति दी थी तब उसके और भारत के बीच रिश्ते में तनाव पैदा हो गया था। इस सोमवार को चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि तथाकथित ‘सुरक्षा चिंताओं' का हवाला देकर कुछ देशों द्वारा श्रीलंका पर दबाव बनाना ‘‘पूरी तरह अनुचित'' है । भारत ने शुक्रवार को चीन के ‘आक्षेप' को खारिज किया कि उसने चीनी जासूसी जहाज की निर्धारित यात्रा के विरूद्ध श्रीलंका पर दबाव डाला लेकिन यह जरूर कहा कि वह अपनी सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखकर निर्णय लेगा। - लंदन। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले सप्ताह कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की संख्या में नौ प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि नए मामले अपेक्षाकृत स्थिर रहे हैं। डब्ल्यूएचओ की बुधवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते सप्ताह के दौरान कोविड-19 के कारण 14 हजार से अधिक मरीजों की मौत हुई जबकि कोरोना वायरस संक्रमण के करीब 70 लाख नए मामले सामने आए। पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में संक्रमण के नए मामलों में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि अफ्रीका में नए मामलों में 46 प्रतिशत की कमी देखी गयी। अमेरिका और पश्चिम एशिया में संक्रमण के नए मामलों में 20 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गयी। पश्चिम एशिया में संक्रमण के कारण होने वाली मौतों में 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी जबकि अफ्रीका में मृतकों की संख्या में 70 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गयी। यूरोप और अमेरिका में संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या में क्रमश: 15 प्रतिशत और 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी।
- तोक्यो। एप्पल कंपनी के पूर्व सीईओ स्टीव जॉब्स के काले परिधान डिजाइन करने वाले जापान के मशहूर फैशन डिजाइनर इस्से मियाके का निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। मियाके के कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि उनका पांच अगस्त को लीवर कैंसर से निधन हो गया। मियाके फैशन डिजाइनिंग में पश्चिमी देशों से अलग जापानी शैली विकसित करने के लिए जाने जाते हैं।उन्हें 1992 में लिथुआनिया के लिए आधिकारिक ओलंपिक परिधान डिजाइन करने की जिम्मेदारी दी गयी थी जिसे तभी सोवियत संघ से आजादी मिली थी। हिरोशिमा में 1938 में जन्मे मियाके का अंतिम संस्कार किया जा चुका है और उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए अन्य कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। मियाके का निजी जीवन हमेशा पर्दे में रहा और उनके परिवार के जीवित सदस्यों के बारे में जानकारी नहीं है।
- बीजिंग। चीन में 900 साल पुराना लकड़ी का एक पुल जलकर खाक हो गया है। अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी चीन में फुजियान प्रांत की पिंगनान काउंटी में शनिवार रात वानान पुल में आग लग गई। इस घटना के वीडियो और तस्वीरों में पुल पूरी तरह से आग की लपटों में घिरा नजर आता है। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। चीन में 98 मीटर लंबा यह पुल अपनी तरह का लकड़ी का सबसे लंबा पुल था। बीते 900 वर्षों में इस पुल की कई बार मरम्मत की गई थी। आखिरी बार 1932 में इस पुल की मरम्मत हुई थी। पत्थर के पांच खंभों पर खड़ा लकड़ी का यह पुल एक नदी के दोनों छोर को जोड़ता था। इस पुल का निर्माण चीन के सोंग राजवंश ने कराया था।
-
चेसापीक सिटी (अमेरिका) .अमेरिका में मैरीलैंड के एक नीलामी संगठन ने एडॉल्फ हिटलर की एक कलाई घड़ी को 11 लाख डॉलर में बेचा है। चेसापीक सिटी में ऐतिहासिक वस्तुओं की नीलामी करने वाले अलेक्जेंडर हिस्टॉरिकल नीलामी ने घड़ी को ‘ऐतिहासिक दृष्टि से द्वितीय विश्व युद्ध के अवशेष' के रूप में वर्णित करते हुए इसकी कीमत 20 से 40 लाख डॉलर के बीच लगाई थी। मीडिया में प्रकाशित कुछ रिपोर्टों के मुताबिक यहूदी नेताओं और अन्य लोगों ने इस सप्ताह घड़ी की नीलामी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसका कोई ऐतिहासिक मूल्य नहीं था। नीलामी संगठन ने कहा कि एक फ्रांसीसी सैनिक ने घड़ी को चार मई, 1945 को युद्ध की लूट के रूप में जब्त किया था।
- सिंगापुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नेतृत्व वाली आजाद हिन्द फौज (आईएनए) के सेनानी ईश्वरलाल सिंह का शुक्रवार को यहां 92 साल की उम्र में निधन हो गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। ईश्वर लाल सिंह भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ने वाली आजाद हिन्द फौज में 1943 में शामिल हुए थे।उनके भतीजों में से एक मेलविंदर सिंह ने कहा, "हमें अपने चाचा ईश्वर लाल सिंह के निधन के बारे में आपको सूचित करते हुए दुख हो रहा है। उन्होंने पांच अगस्त, 2022 को अंतिम सांस ली।" रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आईएनए सेनानी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘एक अपूरणीय क्षति! आईएनए के सेनानी, मेजर (सेवानिवृत्त) ईश्वर लाल सिंह ने असाधारण साहस और शौर्य के साथ भारत की स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी। मुझे नवंबर 2019 में अपनी सिंगापुर यात्रा के दौरान उनके साथ हुई अपनी बातचीत याद आ रही है। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति।'' उल्लेखनीय है कि रक्षा मंत्री ने नवंबर 2019 में सिंगापुर की अपनी अंतिम यात्रा के दौरान सिंह से मुलाकात की थी। सिंगापुर में भारतीय उच्चायोग ने भी सिंह के निधन की पुष्टि की।भारतीय उच्चायोग ने एक ट्वीट में कहा, "हम आईएनए के सेनानी ईश्वर लाल सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।" file photo
- जगरेब। बोस्निया में तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही पोलैंड नंबर प्लेट वाली एक बस के शनिवार तड़के उत्तरी क्रोएशिया में एक राजमार्ग से फिसलकर खाई में गिरने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस और अधिकारियों ने यह जानकारी दी। क्रोएशिया की पुलिस ने ट्विटर पर कहा, ''प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पोलिश लाइसेंस प्लेट वाली एक बस के फिसलने से 11 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए''। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य यात्री की बाद में अस्पताल में मौत हो गयी थी। उन्होंने बताया कि बस में कुल 43 लोग सवार थे। क्रोएशिया के सरकारी मीडिया चैनल 'एचआरटी टेलीविजन' के मुताबिक, लगभग 30 लोग घायल हो गए और कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसने कहा कि दुर्घटना का संभावित कारण चालक को झपकी लगना बताया जा रहा है। 'एचआरटी टेलीविजन' ने राजमार्ग के पास में खाई में टूटी नीली बस का वीडियो भी दिखाया। बस क्रोएशिया की राजधानी जगरेब की ओर जा रही थी। पोलिश प्रधानमंत्री माटुस्ज मोराविकी ने कहा कि बस तीर्थयात्रियों को दक्षिणी बोस्निया के एक शहर मेडजुगोरजे में कैथोलिक धर्मस्थल पर ले जा रही थी। मोराविकी ने फेसबुक पर कहा, ''आज सुबह, मैंने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री लेडी प्लेंकोविक के साथ दुर्घटना के जानकारी ली, जिन्होंने क्रोएशिया के चिकित्सा सेवाओं के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।'' मोराविकी ने कहा, ''मैंने दुर्घटना में घायल परिवारों के लिए एक सहायता संगठन बनाने के लिए हमारी कांसुलर सेवाओं की सिफारिश की।" क्रोएशिया के गृहमंत्री डावर बोज़िनिक ने कहा कि बस ''वारसॉ के पास एक स्थान'' से निकली और ''जानकारी के अनुसार,'' यह तीर्थयात्रियों को मेडजुगोरजे ले जा रही थी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर क्रोएशिया की राजधानी जगरेब से लगभग 50 किमी उत्तर में ए-चार राजमार्ग पर हुई। यह राजमार्ग पर्यटन सीजन के चलते दिनभर वाहनों की आवाजाही के कारण व्यस्त रहता है। सरकारी मीडिया के मुताबिक, बचाव दल को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया है। दुर्घटना के असल कारण की जांच की जा रही है।