- Home
- देश
-
भिण्ड . मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के एक गांव में चार दिन पहले स्कूल से साइकिल से लौट रही कथित रूप से अपहृत 16 वर्षीय छात्रा का शव रविवार को क्षत-विक्षत हालत में गांव के नजदीक बाजरे के एक खेत में मिला है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसके शव से कुछ ही दूरी पर 11वीं कक्षा की इस छात्रा की साइकिल एवं स्कूल का बस्ता भी मिला है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने इलाके में सड़क जाम कर दिया और उसका अपहरण कर हत्या करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की । साथ ही परिजनों ने मांग की शव का पोस्टमॉर्टम ग्वालियर के चिकित्सकों की मेडिकल टीम द्वारा कराया जाए। वहीं, पीड़ित परिवार के घर अपनी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलीप बौद्ध ने मांग की कि इस छात्रा के आरोपियों के खिलाफ अपहरण, हत्या एवं दुष्कर्म का मामला दर्ज किया जाये। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया, ‘‘इस छात्रा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पायेगा ।'' शासकीय स्कूल उमरी में पढ़ने वाली 11वीं की इस छात्रा का 19 अक्टूबर को उस वक्त अपहरण कर लिया गया था, जब वह अपने स्कूल से साइकिल पर सवार होकर घर लौट रही थी। इस मामले में इस छात्रा के दादा की शिकायत पर उसी दिन उमरी पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। -
औरंगाबाद .बिहार के औरंगाबाद जिले के गोह प्रखण्ड अंतर्गत कुसुमरा घाट पर रविवार को नहाने के क्रम में गहरे पानी में चले जाने से चार किशोरियों सहित पांच लोग डूब गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुसुमरा घाट पर पांच लोगों के डूबने की घटना पर मर्माहत हैं। उन्होंने हादसे में मरने की घटना पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि अविलम्ब उपलब्ध कराने का जिला प्रशासन को निर्देश दिया है। औरंगाबाद जिले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोह प्रखंड के उपहारा थाना अंतर्गत हमीदनगर गांव के पास पुनपुन नदी के कुसुमरा घाट पर रविवार को दीपावली के अवसर पर चार किशोरियां कपड़ा धोने और स्नान करने गयी थीं। इसमें कहा गया है कि कपड़ा धोने के बाद सभी किशोरियां नदी में स्नान कर रही थी और इसी दौरान नदी के तेज बहाव में एक किशोरी बहने लगी। जानकारी में कहा गया है कि उसे बचाने के दौरान ही अन्य तीनों किशोरियां भी नदी में डूबने लगी। किशोरियों को नदी में डूबते देख वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने शोर मचाया। महिलाओं की आवाज सुनकर उसी गांव के एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी और डूब रही लड़कियों को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान किशोरियों ने खुद को बचाने के लिए उसे एक साथ पकड़ लिया जिससे उनका भी संतुलन बिगड़ गया और वह भी नदी की तेज धारा में बह गये।
-
नई दिल्ली। बांग्लादेश की ओर बढ़ रहे सितरंग चक्रवात के कारण पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल और ओडिसा में वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यह चक्रवात मंगलवार सवेरे तिनकोना द्वीप और सनद्वीप से होते हुए बांग्लादेश के तट को पार करेगा। मछुआरों को बुधवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में इसका असर रहेगा। दोनों राज्यों में आज से मध्यम और तेज वर्षा होगी। पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी मध्यम वर्षा हो सकती है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में त्रिपुरा और अन्य राज्य सरकारों ने जिला और आपदा प्रबंधन अधिकारियों से चक्रवात की स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम एहतियाती कदम उठाने को कहा है।
- -सरयू नदी के तट पर 15 लाख 76 हजार दीए जलाए जाने का विश्व रिकॉर्डअयोध्या । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राम नगरी अयोध्या में भव्य 'दीपोत्सव' कार्यक्रम में सरयू के तट पर लाखों दीयों की मनोरम छटा के साक्षी बने और भगवान राम के शासन के मूल्यों को अपनी सरकार के 'सबका साथ, सबका विकास' के लक्ष्य का आधार बताया। राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त 2020 को शिलान्यास करने के बाद पहली बार अयोध्या पहुंचे प्रधानमंत्री पवित्र सरयू नदी के तट पर स्थित राम की पैड़ी पर 15 लाख 76 हजार दीए जलाए जाने के विश्व रिकॉर्ड के साक्षी बने। प्रधानमंत्री ने इसी हफ्ते उत्तराखंड स्थित केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के भी दर्शन किए थे। प्रधानमंत्री ने रामलला के अस्थाई मंदिर में पूजा अर्चना की और राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने राम कथा पार्क में भगवान राम का सांकेतिक राज्याभिषेक भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में श्रीराम के आदर्शों को विकसित भारत की आकांक्षा की पूर्ति के लिए प्रकाश स्तंभ करार देते हुए कहा कि राम के वचनों, विचारों और शासन ने जिन मूल्यों को गढ़ा है, वह 'सबका साथ, सबका विकास' की प्रेरणा हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, "इस बार दीपावली एक ऐसे समय में आई है जब हमने कुछ समय पहले ही आजादी के 75 वर्ष पूरे किए हैं। हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। इस अमृत काल में भगवान राम जैसी संकल्प शक्ति देश को नई ऊंचाई पर ले जाएगी।" मोदी ने कहा, "अगले 25 वर्षों में विकसित भारत की आकांक्षा लिए आगे बढ़ रहे हिंदुस्तानियों के लिए श्री राम के आदर्श उस प्रकाश स्तंभ की तरह हैं जो हमें कठिन से कठिन लक्ष्यों को हासिल करने का हौसला देंगे।" उन्होंने कहा, "भगवान राम ने अपने वचनों, अपने विचारों और अपने शासन में जिन मूल्यों को गढ़ा है, वे 'सबका साथ, सबका विकास' की प्रेरणा हैं और 'सबका विश्वास, सबका प्रयास' का आधार भी हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा, "संयोग देखिए। हमारे संविधान की मूल प्रति पर भगवान राम, मां सीता और लक्ष्मण जी का चित्र अंकित है। संविधान का वह पृष्ठ भी मौलिक अधिकारों की बात करता है। यानी हमारे संवैधानिक अधिकारों की एक और गारंटी। साथ ही प्रभु राम के रूप में कर्तव्यों का शाश्वत सांस्कृतिक बोध भी, इसलिए हम जितना कर्तव्यों के संकल्प को मजबूत करेंगे राम जैसे राज्य की संकल्पना उतनी ही साकार होती जाएगी।" मोदी ने किसी का नाम लिए बगैर कहा, "एक समय था जब राम, हमारी संस्कृति और सभ्यता के बारे में बात करने तक से बचा जाता था। इसी देश में राम के अस्तित्व पर प्रश्नचिन्ह लगाए जाते थे। उसका परिणाम क्या हुआ, हमारे धार्मिक, सांस्कृतिक स्थान और नगर पीछे छूटते चले गए। हम यहीं अयोध्या के राम घाट पर आते थे तो दुर्दशा देखकर मन दुखी हो जाता था। काशी की तंग और गदंगी भरी वह गलियां परेशान कर देती थी। जिन स्थानों को हम अपनी पहचान का, अपने अस्तित्व का प्रतीक मानते थे, जब वही बदहाल थे तो देश के उत्थान का मनोबल अपने आप टूट जाता था।" उन्होंने अपनी सरकार द्वारा आध्यात्मिक विरासत को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा, "पिछले आठ वर्षों में देश ने हीन भावना की इन बेड़ियों को तोड़ा है। हमने भारत के तीर्थों के विकास की एक समग्र सोच को सामने रखा है। हमने राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम से लेकर केदारनाथ और महाकाल महालोक तक घनघोर उपेक्षा के शिकार हमारे आस्था के स्थानों के गौरव को पुनर्जीवित किया है। एक समग्र प्रयास कैसे समग्र विकास का जरिया बन जाता है, आज देश इसका साक्षी है।" प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘पंच प्राणों' को आत्मसात करने का आह्वान दोहराते हुए कहा "इन पंच प्राणों की ऊर्जा जिस एक तत्व से जुड़ी हुई है, वह है भारत के नागरिकों का कर्तव्य। आज अयोध्या नगरी में दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर हमें अपने इस संकल्प को दोहराना है। श्री राम से जितना सीख सकें सीखना है। भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम कहे जाते हैं, मर्यादा मान रखना भी सिखाती है और मान देना भी सिखाती है और मर्यादा जिस बोध की आग्रही होती है वह बोध कर्तव्य ही है।" मोदी ने कहा “ श्री रामलला के दर्शन और उसके बाद राजाराम का अभिषेक यह सौभाग्य राम जी की कृपा से ही मिलता है। जब श्री राम का अभिषेक होता है तो हमारे भीतर भगवान राम के आदर्श और मूल्य और भी ज्यादा दृढ़ हो जाते हैं। राम के अभिषेक के साथ ही उनका दिखाया पथ और प्रदीप्त हो उठता है। अयोध्या के कण-कण में उनका दर्शन समाहित है। ” उन्होंने कहा, "आज अयोध्या की रामलीलाओं के माध्यम से, सरयू आरती के माध्यम से, दीपोत्सव के माध्यम से और रामायण पर शोध और अनुसंधान के माध्यम से यह दर्शन पूरे विश्व में प्रसारित हो रहा है। मुझे खुशी है कि अयोध्या के लोग, पूरे उत्तर प्रदेश और देश के लोगों को इस प्रवाह का हिस्सा बना रहे हैं। देश में जन कल्याण की धारा को गति दे रहे हैं। मैं इस अवसर पर आपको देशवासियों को और विश्व भर में फैले हुए राम भक्तों को भी हार्दिक बधाई देता हूं।" इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने राम की पैड़ी पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की। मोदी पहली बार इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। इस बार राम की पैड़ी पर 15 लाख 76 हजार दीपक जलाए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस कीर्तिमान को 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में शामिल किए जाने का प्रमाण पत्र दिया। इसके अलावा अयोध्या के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी तीन लाख से अधिक दीप जलाए गए।प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “ आज अयोध्या दीपों से, दिव्य भावनाओं से भव्य हैं। आज अयोध्या नगरी भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम अध्याय का प्रतिबिंब है। जब 14 वर्ष के वनवास के बाद प्रभु श्री राम अयोध्या वापस आए होंगे तो अयोध्या कैसे सजी-संवरी होगी।” उन्होंने कहा, “हमने त्रेता युग की उस अयोध्या के दर्शन नहीं किए लेकिन प्रभु राम के आशीर्वाद से आज अमृत काल में अमर अयोध्या की अलौकिकता के हम साक्षी बन रहे हैं। ” मोदी ने कहा, “ प्रभु श्री राम ने रावण के अत्याचार का अंत हजारों वर्ष पूर्व किया था लेकिन आज हजारों साल बाद भी उस घटना का एक-एक मानवीय और अध्यात्मिक संदेश एक-एक दीपक के रूप में सतत प्रकाशित होता है। दीपावली के दीपक हमारे लिए केवल एक वस्तु नहीं हैं। यह भारत के आदर्शों, मूल्यों और दर्शन के जीवंत ऊर्जा पुंज हैं।” इसके अलावा प्रधानमंत्री ने राम की पैड़ी पर थ्री-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन शो तथा ग्रैंड म्यूजिकल लेजर शो का भी अवलोकन किया। इस शो में भगवान राम के जीवन की विभिन्न घटनाओं को दर्शाया गया है।
- लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गाजीपुर क्षेत्र में घर में आग लगने से सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दिनेश चंद्र पांडेय की मृत्यु हो गयी तथा उनकी पत्नी और बेटा गम्भीर रूप से झुलस गये। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि गाजीपुर थाना क्षेत्र की इंदिरा नगर कॉलोनी में रहने वाले पूर्व आईजी पांडेय (70) के मकान में शनिवार देर रात आग लग गयी। आग घर के निचले तल पर लगी थी जबकि पांडेय और उनके परिवार के सदस्य पहली मंजिल पर थे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल के सदस्यों ने पांडेय, उनकी पत्नी अरुणा और बेटे शशांक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने पांडेय को मृत घोषित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि अरुणा और शशांक का इलाज किया जा रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी जाती है।उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
- गुना (मप्र) । मध्यप्रदेश के गुना जिले में रविवार को मजदूरों से खचाखच भरी एक बस के पलट जाने से इसमें सवार 30 लोग घायल हो गये, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । उप मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) वीरेंद्र बघेल ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे गुना जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर गुना बाइपास पर हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘इस हादसे में 30 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत गुना जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घायलों में से चार की हालत गंभीर हैं, जिनमें से एक व्यक्ति को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।'' बघेल ने बताया कि हादसे के वक्त यह बस गुजरात के सूरत से उत्तरप्रदेश के कानपुर जा रही थी। उन्होंने कहा कि इस बस में सवार यात्रियों के अनुसार बस चालक शराब के नशे में तेज गति से वाहन चला रहा था और इसलिए हम इसके लिए चालक का मेडिकल जांच कराएंगे। बघेल ने बताया कि यात्रियों ने यह भी दावा किया कि इस 52 सीट वाली बस में 100 से अधिक लोग सवार थे।उन्होंने कहा कि बस चालक भी घायल हुआ है।यात्रियों के मुताबिक मुताबिक शनिवार सुबह 10:30 बजे मजदूरों और कामगारों से भरी बस गुजरात के सूरत से चली। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे बस गुना बाइपास पर टोल नाके से पहले रुकी। वहां सवारियों ने चाय-नाश्ता किया। एक घंटे ढाबे पर रुकने के बाद बस आगे बढ़ी। उन्होंने बताया कि अभी 10 मिनट ही हुए थे कि बस चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। कुछ महिला सवारियों ने चालक को समझाया भी, लेकिन वह नहीं माना। उन्होंने कहा कि ढाबे से 4-5 किलोमीटर आगे आकर बस पहले एक तरफ झुकी और संभल गयी, इसके बाद दूसरी तरफ झुकी और पलट गयी और इसके बाद चीख-पुकार मच गई। वहीं, बघेल ने बताया कि एक मोटरसाईकिल को बचाने के चक्कर में यह दुर्घटना होना प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है। अस्पताल में इलाज करा रहे घायल सुधीर ने बताया कि वह सूरत में एक कंपनी में काम करता है और अपने पिता के साथ दीवाली पर घर जा रहा था। उन्होंने कहा कि बस काफी ओवरलोड थी। चालक ने संभवतः शराब पी, जिसके बाद यह हादसा हुआ। सुधीर ने बताया कि वह काफी तेज बस चला रहा था।
- अयोध्या (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यहां राम जन्मभूमि पर रामलला की पूजा अर्चना की। राम मंदिर के निर्माण के लिए पांच अगस्त, 2020 को ‘भूमि पूजन' करने के बाद यह पहला मौका है जब प्रधानमंत्री अयोध्या आये हैं। दीपोत्सव समारोह के लिए अयोध्या पहुंचने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री राम मंदिर गए और राम लला की पूजा अर्चना की। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मोदी ने राम मंदिर में दीपक जलाये और भगवान राम की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। उसके बाद उन्होंने आरती की। प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने प्रधानमंत्री के माथे पर तिलक लगाया। मोदी ने मंदिर के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। मोदी ने वहां दीये जलाये और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंदिर की प्रगति के बारे में चर्चा करते नजर आए। उन्होंने वहां बन रहे प्लिन्थ (कुरसी) का काम देखा और मंदिर के निर्माण कार्य में लगे लोगों से बातचीत की।
-
भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के एक डिपो में एक टैंकर में पेट्रोल भरते समय अचानक धमाका हो गया, जिससे सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। खजूरी थाना प्रभारी संध्या मिश्रा ने बताया कि यह घटना बीती रात करीब पौने आठ बजे बकानिया में हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के छह टैंकर चालक एवं परिचालक और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड का एक कर्मचारी शामिल है।'' मिश्रा ने बताया कि घायल हुए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के ये टैंकर चालक एवं परिचालक वहां पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि घटना उस वक्त हुई, जब रीफिलिंग टैंकर भरा जा रहा था।
मिश्रा ने कहा, ‘‘अचानक धमाका हुआ, जिससे टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। करीब सात मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।'' उन्होंने कहा कि संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को यहां निजी चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘भोपाल के बकानिया स्थित पेट्रोलियम डिपो में डीजल टैंक के फटने से कर्मचारियों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से सभी घायलों को शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं। -
बिजनौर (उप्र) .बिजनौर जिले के नहटौर थाना इलाके के एक गांव में श्मशान में रह रहे एक बुजुर्ग की एक ट्रांसजेंडर ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिनेश सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह थाना नहटौर के गांव कासमपुर लेखराज के शमशान में 70 वर्षीय बुजुर्ग भोलेनाथ की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। उन्होने बताया कि दो घंटे में पुलिस ने बुजुर्ग के साथ महिला वेष में रह रहे ट्रांसजेंडर महारानी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। उन्होंने आरोपी महारानी से पूछताछ के हवाले से बताया कि बुजुर्ग तीन माह पहले श्मशान में रहने आया था जबकि आरोपी महारानी कुछ सालो से यहीं रहती थी। सिंह ने पूछताछ के हवाले से बमताया कि दोनों के बीच दाह संस्कार के लिए आने वाले मृतकों के परिजनों से मिलने वाली राशि को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात शराब के नशे में आरोपी महारानी ने भोलेनाथ की चाकू मारकर हत्या कर दी। सिंह ने बताया कि आरोपी महारानी ने ही सुबह भोलेनाथ के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी थी। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। -
हमीरपुर . उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के कबरई सागर मार्ग पर मौदहा चौराहे के पास सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी तथा चार लोग घायल हो गये । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । थाना प्रभारी भारत कुमार ने बताया कि शनिवार को कबरई सागर मार्ग पर मौदहा चौराहे के निकट सामान ढोने वाले डंफर एवं छोटी मेटाडोर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गयी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई। उन्होंने बताया कि शेष चार लोग गंभीर रूप से घायल है।
उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान लखनलाल (35) , पवन (29) और राहुल (19) के रूप में की गयी है ।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद डंफर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंफर को जब्त कर लिया है । मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। -
क्योंझर/बारिपदा (ओडिशा) .ओडिशा के क्योंझर जिले में शनिवार को एक ही परिवार की तीन महिलाओं की करंट लगने से मौत हो गई। मयूरभंज जिले में भी एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तीन आदिवासी महिलाएं अपनी बकरियों को चराने के लिए तेलकोई क्षेत्र के अपने तंगिरी जुआंगसाही गांव के पास एक जंगल में गईं थीं और इसी दौरान वे बिजली के तारों के संपर्क में आ गईं। उन्होंने बताया कि करंट की चपेट में आने से तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, एक अन्य घटना में मयूरभंज जिले के एक जलाशय में बिजली का तार डुबोकर मछली पकड़ने की कोशिश कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। -
सतना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति में ‘‘रेवड़ी संस्कृति'' की आलोचना करते हुए कहा कि देश में एक बड़ा वर्ग इससे मुक्ति दिलाने के लिए कमर कस रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना देश में सामाजिक-आर्थिक बदलाव का एक प्रमुख साधन बन रही है। मोदी शनिवार को मध्यप्रदेश के सतना जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के 4.5 लाख से अधिक लाभार्थियों के लिए रिमोट का बटन दबाकर ‘गृह प्रवेश' योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पहले गरीबों के लिए घर का आवंटन होने के बाद शौचालय अलग बनाना पड़ता था, पानी-गैस के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने समेत रिश्वत देनी पड़ती। उन्होंने कहा कि पहले जिसे घर में रहना होता है उसकी कोई पसंद या नापसंद नहीं होती थी, इसलिए जो थोड़े बहुत घर बनते भी थे तो उनमें से बहुतों में गृह प्रवेश नहीं हो पाता था। मोदी ने कहा, ‘‘लेकिन हमने ये आजादी घर की मालकिन को, घर के मालिक को दे दी। इसलिए आज पीएम आवास योजना बहुत बड़े सामाजिक-आर्थिक बदलाव का माध्यम बन रही है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएमएवाई के तहत घरों में बिजली, पानी कनेक्शन और गैस कनेक्शन जैसी सभी सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह लाभार्थियों को उनके सपनों को पूरा करने की ताकत देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों के गरीबी हटाने के हर वादे और हर दावे, सिर्फ राजनीति के दांव हुआ करते थे, वो किसी के काम नहीं आए। उन्होंने कहा कि जब करदाता को लगता है कि उसका पैसा सही जगह पर लग रहा है तो वह खुश होता है और ज्यादा कर देता रहता है। आज देश के करदाता को यह संतोष है कि कोरोना काल में करोड़ों लोगों की मदद करके वह कितनी बड़ी सेवा का काम कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आज जब मैं चार लाख घर दे रहा हूं तो हर करदाता सोचता होगा कि मैं (करदाता) तो दिवाली मना रहा लेकिन मप्र का कोई गरीब भी दिवाली मना रहा है। उसे पक्का घर मिल रहा है।'' मोदी ने आगे कहा कि करदाता जब यह देखता है कि उससे वसूले गए रुपयों से मुफ्त की रेवड़ी बांटी जा रही है, तो करदाता सबसे ज्यादा दुखी होता है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर अनके करदाता उन्हें खुलकर चिट्ठी लिख रहे हैं। मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि देश में एक बड़ा वर्ग रेवड़ी संस्कृति से मुक्ति दिलाने के लिए कमर कस रहा है। मोदी ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने पिछले आठ सालों में पीएमएवाई के तहत देश के 3.5 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले आठ सालों में पीएमएवाई के तहत लगभग 30 लाख घर बनाए गए हैं और नौ से 10 लाख घरों का निर्माण किया जा रहा है। मोदी ने कहा कि इस योजना के तहत केवल मप्र में 22 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे मप्र में विकास की गतिविधियों को गति मिली है क्योंकि कारीगर, व्यापारी और समाज के अन्य सभी वर्ग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ ये जो घर आपको दिया है वो सिर्फ रहने,खाने-पीने, सोने की जगह नहीं है। आपका घर एक ऐसा किला है जो गरीबी को घुसने नहीं देगा। बची रह गई गरीबी को भी निकाल के रहेगा। ऐसा किला है ये आपका घर।'' उन्होंने अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत गांवों में लोगों को (संपत्ति के स्वामित्व) प्रमाणपत्र प्राप्त हो रहे हैं और बैंकों से ऋण मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार द्वारा उठाए गए किसान हितैषी कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार युद्ध की स्थिति में (यूक्रेन-रूस युद्ध) के चलते देश के किसानों को दो हजार रुपये कीमत की यूरिया की बोरी 300 रुपये से भी कम कीमत पर उपलब्ध करा रही है। मोदी ने आगे कहा कि भाई-भतीजावाद अब गरीब समर्थक योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावित नहीं करता है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान केंद्र सरकार ने 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने के लिए तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। -
चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की ब्रह्मपुरी तहसील में शनिवार को बाघ ने हमला कर एक 70 वर्षीय किसान को मार डाला । वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। चंद्रपुर प्रादेशिक मंडल अधिकारी ने बताया कि कुदेसाओली गांव के सदाशिव उंदिरवाडे जंगल के पास अपने खेत में थे, तभी घने जंगल में छिपे एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने कहा, ''मृतक के परिजनों को शुरुआती मुआवजा दिया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आस-पास के इलाकों में पिंजड़े बनाकर बाघ को पकड़ा जाए।'' गौरतलब है कि 20 अक्टूबर को रूपा रामचंद्र म्हस्के नाम की 40 वर्षीय महिला को ब्रम्हापुरी तहसील के हल्दा गांव के पास एक बाघ ने मार डाला था।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार ने सूर्य ग्रहण के कारण 25 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। शनिवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। विज्ञप्ति के अनुसार 25 अक्टूबर, मंगलवार को सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान, अदालत, बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान बंद रहेंगे। पच्चीस अक्टूबर को लगने वाला आंशिक सूर्य ग्रहण देश के सभी राज्यों में दिखाई देगा। यह सूर्य ग्रहण इस वर्ष का आखिरी सूर्य ग्रहण है।
-
शाजापुर. मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार जीप बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे इसमें सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अकोदिया थाना प्रभारी नरेन्द्र कुशवाह ने बताया कि यह हादसा शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बोलाई-अकोदिया मार्ग पर पलसावद मोड़ के निकट तड़के करीब तीन बजे हुआ। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान पवन हाड़ा कंजर (30), बबलू कंजर (30), गजेन्द्र सिंह ठाकुर (38) और दौलत सिंह मेवाड़ा (50) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुशवाह ने बताया कि इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें शुजालपुर शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच जारी है।
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश के शाजापुर में सड़क दुर्घटना का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मैं घायलों के सकुशल होने तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति। -
नयी दिल्ली. रोशनी, जश्न और उपहारों का त्योहार दीपावली दो साल के कोविड प्रतिबंधों के बाद लोग इस बार खुलकर मनाना चाहते हैं जिसकी वजह से बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार बढ़िया सौदों और पेशकशों की भरमार को देखते हुए खरीदार भी एक हद तक हैरान हैं और जमकर खरीदारी कर रहे हैं। ऐसी ही एक खरीदार वंदना थापा ने इस सबसे बड़े त्योहार को मनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर घरेलू उपयोग की वस्तुएं और सुरक्षित मिठाइयां खरीदी हैं। उनकी खरीदारी की सूची में भाई के लिए एक कैबिनेट, पिता के लिए फोन, सहयोगियों के लिए घर सजावट की वस्तुएं और घरेलू सहायकों के लिए मिठाई शामिल हैं। टेक्नोलॉजी ब्रांड नॉयज के सह-संस्थापक गौरव खत्री कहते हैं, ‘‘त्योहारी सीजन के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स और स्मार्ट गैजेट की मांग सर्वकालिक उच्च स्तर पर है और स्मार्ट वियरेबल उपकरणों की भी खासी मांग है। हमारा अनुमान है कि इस त्योहारी सीजन में उद्योग 2.2 गुना बढ़ेगा वहीं नॉइस को 150 फीसदी वृद्धि की उम्मीद है।'' पैकेटबंद खाद्य उत्पादों की कंपनी बिकानो के निदेशक मनीष अग्रवाल ने देश भर में 400 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य रखा है। वहीं 'खोया' ब्रांड के संस्थापक सिड माथुर ने कहा कि चाणक्यपुरी स्टोर पर उनकी ब्रिकी उनके अनुमानों के पार पहुंच गई। सेलेक्ट सिटीवॉक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं कार्यकारी निदेशक योगेश्वर शर्मा ने बताया कि रिटेलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के हालिया सर्वे में पता चला है कि महामारी से पहले के स्तर की तुलना में बिक्री 15 फीसदी बढ़ गई है। वहीं बीते तिमाही से शॉपिंग केंद्रों पर आने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के एक डिपो में एक टैंकर में पेट्रोल भरते समय अचानक धमाका हो गया, जिससे सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। खजूरी थाना प्रभारी संध्या मिश्रा ने बताया कि यह घटना बीती रात करीब पौने आठ बजे बकानिया में हुई।उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के छह टैंकर चालक एवं परिचालक और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड का एक कर्मचारी शामिल है।'' मिश्रा ने बताया कि घायल हुए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के ये टैंकर चालक एवं परिचालक वहां पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि घटना उस वक्त हुई, जब रीफिलिंग टैंकर भरा जा रहा था।मिश्रा ने कहा, ‘‘अचानक धमाका हुआ, जिससे टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। करीब सात मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।'' उन्होंने कहा कि संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को यहां निजी चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘भोपाल के बकानिया स्थित पेट्रोलियम डिपो में डीजल टैंक के फटने से कर्मचारियों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से सभी घायलों को शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं।
-
रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा के नजदीक नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। बस और ट्रेलर की टक्कर में यूपी के 15 यात्रियों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री घायल हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, तब जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
एसपी नवनीत भसीन ने बताया कि हादसा शुक्रवार की रात रीवा से 70 किमी दूर सोहागी पहाड़ी पर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, बस पहाड़ से नीचे उतरते वक्त ट्रेलर से जा टकराई। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। इसमें 55 से ज्यादा लोग सवार थे। मरने वालों में ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर हैं। ये दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे।
एसपी नवनीत भसीन के अनुसार सागर से प्रयागराज जा रहे प्रत्यक्षदर्शी शिवा शुक्ला ने बताया, मैं रात में सागर जिले से अपनी कार से लौट रहा था। हादसे वाली जगह ही मैंने कार खड़ी की। कार के ठीक बगल से बस निकली। थोड़ी ही दूर आगे जाने के बाद जोरदार धमाका सुनाई दिया। बहुत तेज आवाज आई। देखते ही देखते बस के अंदर से चीख-पुकार सुनाई देने लगी। मैंने तुरंत अपने एक परिचित को कॉल किया। उन्होंने ही पुलिस को हादसे की सूचना दी। करीब एक घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को निकाला जाने लगा था। पुलिस के पहुंचने के बाद खून से लथपथ लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। बस सोहागी पहाड़ी पर नीचे उतरते वक्त ट्रेलर से जा टकराई। यहां मौजूद लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी, तब जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ।
रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि बस के अगले हिस्से को ज्यादा नुकसान हुआ। रफ्तार ज्यादा होने से यह ट्रेलर में घुस गया। इससे बस के केबिन और फ्रंट सीट पर बैठे यात्रियों की मौत हुई है। 40 घायल यात्रियों को संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया है। कुछ को त्योंथर अस्पताल ले जाया गया। -
-अलग-अलग लोकेशन पर केंद्रीय मंत्रियों ने 75 हजार 226 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र...
-आजादी के 75वें वर्ष में 75 हजार युवाओं को मिली नौकरी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनतेरस पर आज मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव की लॉन्चिंग की। इसके तहत 50 केंद्रीय मंत्रियों ने अलग-अलग लोकेशन पर 75 हजार 226 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस ड्राइव के जरिए अगले डेढ़ साल, यानी दिसंबर 2023 तक 10 लाख युवाओं को नौकरी देने का टारगेट है। सभी भर्तियां पीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से की जाएंगी।
समारोह के दौरान पीएम मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत की युवा शक्ति के लिए महत्वपूर्ण दिन हैं। बीते 8 वर्ष में देश में रोजगार और स्वरोजगार का जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ी रही है। ये कड़ी रोजगार मेले की है। आज केंद्र सरकार 75,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है। पीएम मोदी ने कहा कि आज केंद्र सरकार आजादी के 75 वर्ष को ध्यान में रखते हुए 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है। पिछले कई वर्षों में भी लाखों युवाओं को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि अब हमने सोचा कि इक_े नियुक्ति पत्र देने की परंपरा शुरू की जाए, ताकि डिपार्टमेंट्स में भी टाइम बाउंड प्रक्रिया अपनाने की परंपरा बने। आने वाले समय में भी युवाओं को इसी तरह नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दस लाख कर्मियों के लिए एक विशाल भर्ती अभियान रोजगार मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पहले चरण में केंद्र सरकार के विभिन्न पदों के लिए 75 हजार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में सरकार ने रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य सभी के योगदान से हासिल किया जा सकता है। कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवाओं के कल्याण और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई फैसले लिए गए हैं।
सभी मंत्रालय और विभाग विशेष अभियान के तहत स्वीकृत रिक्त पदों को भरने की दिशा में काम कर रहे हैं। ये भर्तियां केंद्र सरकार के 38 मंत्रालयों और विभागों में की जा रही हैं। इनमें ग्रुप ए, बी और सी वर्ग में केंद्रीय सशस्त्र बल के जवान, सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर और एमटीएस शामिल हैं। -
नई दिल्ली। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि देश के 30 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी प्रशासन और सेवा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग के बारे में उन्होंने कहा कि ये प्रौद्योगिकियां जी एस टी और आयकर प्रभावी रूप से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि ब्लॉकचेन प्रौद्योगिकी अभिलेखों और प्रमाणपत्रों को सुरक्षित रखने में प्रभावी हो सकती है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि सरकारी कर्मचारी इन प्रौद्योगिकियों का दिन-प्रतिदिन के कार्यों और प्रशासन में शीघ्र ही उपयोग कर सकते है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शासन में नवाचार शुरू किया है और इसे प्रौद्योगिकी-युक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि भारत की वृद्धि आधार, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और विशिष्ट भुगतान इंटरफेस जैसी प्रौद्योगिकियों को शासन में अपनाने से हुई है।
- नई दिल्ली । केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा पार आतंकवाद से निपटने के लिए सभी देशों के सहयोग का आह्वान किया है। नई दिल्ली में 90वें इंटरपोल महासभा के समापन सत्र को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि सहयोग के बिना आतंकवाद को हराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इसके लिए इंटरपोल की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। गृह मंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि आतंकवाद मानवाधिकारों का सबसे अधिक उल्लंघन करता है और यह एक वैश्विक चुनौती है। उन्होंने आतंकवाद और आतंकवादी की परिभाषा पर सहमति बनाने पर जोर दिया और कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ सकते।गृह मंत्री ने कहा कि अच्छा, बुरा, छोटा और बड़ा आतंकवाद साथ-साथ नहीं चल सकता। उन्होंने ऑनलाइन कट्टरपंथ के माध्यम से सीमापार आतंकवाद की विचारधारा का प्रचार करने की चुनौतियों पर वैश्विक सहमति बनाने का आह्वान किया। श्री शाह ने कहा कि हमें आतंकवाद के खिलाफ सतत, व्यापक और प्रभावी संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए।गृह मंत्री ने इंटरपोल से सदस्य देशों की आतंकवाद विरोधी एजेंसियों में एक स्थायी रियल टाइम सूचना तंत्र स्थापित करने की सिफारिश की।श्री शाह ने कहा कि भारत इंटरपोल के साथ तकनीकी रूप से और सभी प्रकार के वैश्विक आतंकवाद से निपटने के लिए मानव संसाधन उपलब्ध कराकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की आतंकवादरोधी और मादक पदार्थ रोधी एजेंसियों का संचार नेटवर्क शुरू करने के लिए एक केन्द्र स्थापित करने में इंटलपोल का समर्थन करेगा।भारतीय पुलिस बल के बारे में श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठा रही है कि देश का पुलिस बल किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए सदैव तैयार रहे। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल में भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए कई नई पहल शुरू की है। श्री शाह ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद, मादक पदार्थ और आर्थिक अपराधों जैसे मामलों के बारे में राष्ट्रीय डाटाबेस तैयार करने का फैसला किया है। सरकार ने साइबर अपराधों से व्यापक रूप से निपटने के लिए भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र स्थापित किया है।इंटरपोल महासभा की अगली बैठक वियना में होगी। गृह मंत्री अमित शाह ने महासभा के समापन समारोह के दौरान ऑस्ट्रिया के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख को इंटरपोल का ध्वज सौंपा। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई के निदेशक सुबोध कुमार जायसवाल ने इंटरपोल महासभा को सफल बनाने के लिए देश के अधिकारियों और प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि 21वीं सदी के विकसित भारत के दो स्तंभ हैं - हमारी विरासत का गर्व और सभी के विकास के लिए हरसंभव प्रयास। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को उत्तराखंड में चमोली जिले के माणा गांव में तीन हजार चार सौ करोड़ रुपये की कनेक्टिविटी परियोजना का उद्घाटन किया। उन्होंने गौरी कुंड से केदारनाथ और गोविन्दघाट से हेमकुंड साहिब की दो रोपवे परियोजनाओं तथा सड़क चौड़ीकरण परियोजना का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी।
माणा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सभ्य बनने के लिए ऐतिहासिक विरासत, सदाचार और मूल्यों के सम्मान करने की आवश्यकता होती है। श्री मोदी ने कहा कि ढांचागत परियोजनाओं के विकास और इस क्षेत्र में रोपवे बनने से केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब से ईश्वर का आशीर्वाद मिलना आसान हो गया है। श्री मोदी ने कहा कि गौरीकुंड से केदारनाथ और गोविन्दघाट से हेमकुंड साहिब की रोपवे परियोजनाओं के निर्माण से न केवल कनेक्टिविटी बढ़ेगी, बल्कि इससे राज्य के आर्थिक विकास में भी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि कनाडा और अमरीका में रहने वाले लोग भी इन विकास परियोजनाओं से खुश होंगे।श्री मोदी ने कहा कि आध्यात्मिक महत्व के स्थानों पर विकास की पहल से श्रद्धालुओं को मदद मिल रही है और इन स्थानों पर पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक स्थानों के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे देश के युवा भी आकर्षित होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे देश की सभी विकास पहल समग्रता पर केन्द्रित होनी चाहिए। रोपवे परियोजना से दिव्यांगजनों को धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के स्थानों पर पहुंचने में आसानी होगी। - भुवनेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा संभावित चक्रवात 25 अक्टूबर को ओडिशा के तट को छोड़ पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तट से टकरा सकता है। आईएमडी ने एक बयान जारी कर बताया कि बंगाल की खाड़ी में गुरुवार को कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है और अगले चार दिन में इसके तीव्र होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा कम दबाव का क्षेत्र 22 अक्टूबर तक गहरे निम्न दाब क्षेत्र में और 23 अक्टूबर तक एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया, ‘‘ इसके दोबारा उत्तर की ओर मुड़ने और 24 अक्टूबर तक पश्चिम मध्य और उससे लगी पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। इसके बाद यह धीरे-धीरे उत्तर- उत्तरपूर्व की ओर बढ़ेगा और 25 अक्टूबर को ओडिशा से बचते हुए पश्चिम बंगाल और बांगलादेश के तट से टकराएगा।'' उन्होंने कहा कि अब भी आईएमडी द्वारा तूफान की तीव्रता और उस दौरान बहने वाली हवाओं की गति का पूर्वानुमान लगाना बाकी है। महापात्रा ने बताया कि 23 अक्टूबर से ओडिशा के तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने बताया कि पुरी, केंद्रपाड़ा और जगतसिंह जिलों में 23 अक्टूबर को भारी बारिश होगी। इससे पहले सुबह आईएमडी ने कहा था कि दक्षिण-पूर्व तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा कम दबाव का क्षेत्र 22 अक्टूबर तक गहरे दबाव में और 24 अक्टूबर तक एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। आईएमडी ने एक बयान में कहा, ‘‘ उत्तरी अंडमान सागर और उसके आसपास चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण उत्तरी अंडमान सागर व दक्षिण अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से औसतत 7.6 किलोमीटर तक उठ रहा है।'' इस बीच, ओडिशा सरकार में राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मलिक ने कहा कि आईएमडी के चक्रवात के पूर्वानुमान के मद्देनजर सात तटीय जिलों के प्रशासन को ‘अलर्ट' कर दिया है। गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर जिलों में इसका असर दिख सकता है। मंत्री ने बताया कि अधिकारियों से सतर्क रहने और स्थिति पर करीबी नजर रखने को कहा गया है।आईएमडी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 22 अक्टूबर से पहले समुद्र से लौट आएं क्योंकि समुद्र में विपरित परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बच्चों के समग्र एवं सर्वांगीण विकास के लिये बुनियादी शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए गुरुवार को कहा कि अगले शैक्षणिक वर्ष से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध सभी स्कूलों में ‘बाल वाटिका' से पढ़ाई शुरू की जायेगी। प्रधान ने देश के 50 केंद्रीय विद्यालयों में पायलट परियोजना के आधार पर ‘बाल वाटिका-1' की शुरूआत करते हुए यह बात कही । शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘ अभी देश के हर प्रांत में स्थित कुल 50 केंद्रीय विद्यालयों में पायलट प्रारूप में बाल वाटिका की शुरूआत की जा रही है। '' उन्होंने कहा, ‘‘ अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध सभी स्कूलों में बाल वाटिका की शुरूआत की जायेगी । हम राज्य सरकारों के साथ चर्चा करके उनके स्कूलों में बाल वाटिका प्रारंभ करेंगे । '' प्रधान ने कहा कि अगले 3-4 वर्षो में देश के सभी स्कूलों में बाल वाटिका शुरू करने का प्रयास करेंगे। यह सरकारी स्कूलों में प्ले स्कूल होगा । उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि जल्द से जल्द 3 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चे औपचारिक शिक्षा के दायरे में आ जाएं । मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने राज्य के करीब 4000 स्कूलों में बाल वाटिका की शुरूआत की है।ज्ञात हो कि बाल वाटिका में खेल खेल में पढ़ाने पर ध्यान दिया गया है । इसका मकसद भाषा साक्षरता, गणितीय सोच और पर्यावरण जागरूकता से संबंधित मूलभूत दक्षताओं को विकसित करने के लिये बच्चों तक समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। बाल वाटिका का उद्देश्य बच्चों के मन से पढ़ाई का डर निकालते हुए उन्हें रोचक तरीके से शिक्षा से जोड़ना तथा उनकी मानसिक तथा बौद्धिक क्षमता का आकलन करते हुए शिक्षकों को शिक्षा प्रदान करना है।