ट्विटर पर रिजर्व बैंक के ‘फालोअर्स' की संख्या 10 लाख हुई
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक के ट्विटर पर ‘फालोअर्स' की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। रिजर्व बैंक यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का पहला केंद्रीय बैंक है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर 10 लाख फालोअर्स के साथ रिजर्व बैंक ने अमेरिका के फेडरल रिजर्व तथा यूरोपीय केंद्रीय बैंक (यूसीबी) को पीछे छोड़ दिया है। रिजर्व बैंक के ट्विटर हैंडल पर उपलब्ध सूचना के अनुसार उसके फालोअर्स की संख्या 27 सितंबर, 2020 को 9.66 लाख थी, जो अब 10 लाख हो गई है। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने रविवार को ट्वीट किया, रिजर्व बैंक के ट्विटर खाते पर आज फालोअर्स की संख्या 10 लाख हो गई है। इसके लिए रिजर्व बैंक में मेरे सभी सहयोगियों को बधाई। दुनिया के सबसे शक्तिशाली केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ट्विटर पर फालोअर्स की संख्या सिर्फ 6.67 लाख है। वहीं यूरोपीय केंद्रीय बैंक के फालोअर्स की संख्या 5.91 लाख है।
Leave A Comment