उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ को दी विकास की बड़ी सौगात
-चार नगरीय निकायों में अटल परिसर का लोकार्पण, करोड़ों की योजनाएं स्वीकृत
सारंगढ़-बिलाईगढ़। राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के एक दिवसीय दौरे ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को विकास की नई दिशा दी। इस अवसर पर उन्होंने सारंगढ़, पवनी, भटगांव, सरसीवा सहित चार नगरीय निकायों में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण कर अटल परिसरों का भव्य लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री ने अटल परिसर को स्वच्छ, सुंदर और गरिमामय बनाए रखने का आव्हान करते हुए कहा कि अटल जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ, और उन्हीं के कारण आज प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है। इस दौरे में उन्होंने करोड़ों की योजनाओं की सौगात दी। पवनी नगर पंचायत को 5.30 करोड़ की जल आवर्धन योजना, 26 पीएम आवास, 1.64 करोड़ पार्षद निधि एवं 1 करोड़ विकास कार्यों की मंजूरी मिली। भटगांव में 14 करोड़ की जल योजना पूर्ण होने के साथ 5.76 करोड़ की अतिरिक्त योजनाएं और 99 परिवारों को 3.05 करोड़ की पीएम आवास स्वीकृति दी गई।सरसीवा को 2 करोड़ के विकास कार्य, 8.50 करोड़ की नल-जल योजना और 31 पीएम आवास की सौगात मिली। वहीं सारंगढ़ नगरपालिका को 8.18 करोड़ विकास कार्यों, 6.40 करोड़ नाली निर्माण, 4.41 करोड़ की 250 सीटर नालंदा लाइब्रेरी और 2 करोड़ के अन्य कार्यों की मंजूरी दी गई। बारिश के बीच भी उप मुख्यमंत्री का यह दौरा सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता और अटल विजन के प्रति समर्पण का प्रतीक बन गया। इस दौरे ने जिले के चारों नगरीय निकायों को समग्र विकास की ठोस सौगात दी है।
Leave A Comment