ब्रेकिंग न्यूज़

 सेवा सेतु से साकार हो रही सुशासन की संकल्पना, महज एक घंटे में मिला केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र

-आईआईटी में प्रवेश की राह हुई आसान, छात्रा गीतांजलि साहू के सपनों को मिली नई उड़ान
-त्वरित एवं सहज शासकीय सेवा मिलने पर छात्रा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार
 रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आम नागरिकों को सहज, सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। शासन का सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसकी एक सुखद तस्वीर बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड में देखने को मिली, जहां आईआईटी में प्रवेश के लिए केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर छात्रा गीतांजलि साहू को महज एक घंटे के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। शासन की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल से छात्रा को बड़ी राहत मिली है।
 बेमेतरा जिले की बेरला तहसील अंतर्गत ग्राम आनंदगांव निवासी श्री नगनारायण साहू की पुत्री गीतांजलि साहू को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने के लिए केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उच्च शिक्षा के अपने सपने को साकार करने की दिशा में यह दस्तावेज उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण था। इसके लिए गीतांजलि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय बेरला पहुंचीं और केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
 कार्यालय में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उनके आवेदन की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। महज एक घंटे के भीतर गीतांजलि को केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया। इतनी कम अवधि में आवश्यक प्रमाण पत्र मिलने से गीतांजलि की चिंता दूर हुई और उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की राह आसान हो गई।
 गीतांजलि साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से इतनी कम अवधि में केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र प्राप्त होना उनके लिए बेहद सुविधाजनक और राहत भरा अनुभव रहा। समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने से अब उन्हें आईआईटी में प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस त्वरित सेवा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन बेमेतरा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बेरला सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
 सेवा सेतु पोर्टल शासन और नागरिकों के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से शासकीय सेवाओं की ऑनलाइन एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित होने से आम नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। साथ ही समय और श्रम की बचत होने के साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को भी बढ़ावा मिल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तकनीक के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं जनोन्मुखी बना रही है। शासन की इस पहल का लाभ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को मिल रहा है।
 गीतांजलि साहू को महज एक घंटे में केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाना न केवल प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण है, बल्कि यह इस बात का भी प्रमाण है कि संवेदनशील शासन और आधुनिक तकनीक का समन्वय किस प्रकार युवाओं के सपनों को साकार करने में सहायक बन सकता है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से सुशासन का लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है और शासन के प्रति जनविश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english