स्क्लि डवलपमेंट की दिशा में काम करे महाराष्ट्र मंडल: पंड्या
- महाराष्ट्र मंडल में अभिनंदन कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिया मार्गदर्शन
- कुटुंब में जीवन मूल्यों के हो रहे क्षरण को रोकने की दिशा में सहभागी बने महाराष्ट्र मंडल: भागैया
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल स्किल डेवलपमेंट की दिशा में काम करे। जो अप्रशिक्षित मजदूर हैं, उन्हें प्रशिक्षित करें, जो प्रशिक्षित हैं, उन्हें अति प्रशिक्षित करे। भारतीय मजदूर संघ इसी दिशा में काम करने जा रहा है। इस आशय के विचार बुधवार शाम को महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ (बीएमस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या ने व्यक्त किए।
पंड्या ने कहा कि अगले साल बीएमस ब्रिक्स देशों का सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। इसमें अभी सात देश हैं, छह देश और जुड़ने वाले हैं। साथ ही चार और देशों के जुड़ने की संभावना है। इस तरह करीब 17 देशों के 200 प्रतिनिधियों के सम्मेलन में शामिल होने की संभावना है। महाराष्ट्र मंडल रायपुर में बीएमएस राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में इस विषय पर चर्चा होनी है।
बीएमएस राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में स्किल डेवलपमेंट को लेकर भावी कार्ययोजना पर भी मंथन किया जाना है। उन्होंने कहा कहा कि महाराष्ट्र मंडल को 90 साल हो गए और बीएमएस को 70 साल। इस लिहाज से महाराष्ट्र मंडल का छोटा भाई बीएमस हुआ। हम आपसी समन्वय से आगे भी काम करेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह वी. भागैया ने कहा कि हमारे कुटुंब में जीवन मूल्यों का लगातार क्षरण हो रहा है। अभिभावक बड़े गर्व के साथ अपने बच्चों को विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए भेज रहे हैं। इसे दुर्भाग्य ही कहा जाए कि वे बच्चे वहीं विदेशों में नौकरी करने लगते हें, घर बसा लेते हैं और इधर उनके माता-पिता अकेले रह जाते हैं। विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए जाना गलत नहीं है लेकिन अपने अभिभावकों को छोड़कर वहां रहना अनुचित है। हमें कुटुंब में जीवन मूल्यों के क्षरण को रोकना होगा। महाराष्ट्र मंडल को इस दिशा में काम करना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले के अध्यक्षीय भाषण से हुई। इस मौके पर वी. भागैया, हिरण्मय पंड्या, बीएमएस के महामंत्री रवींद्र हिमते, संगठन मंत्री बी. सुरेंद्रन का मंडल की ओर से अजय काले, चेतन गोविंद दंडवते, दीपक पात्रीकर, गीता दलाल, नमिता शेष, रेणुका पुराणिक, कुमुद लाड, सुबोध टोले ने सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन बीएमस के पवन ओगले ने किया।
आभार प्रदर्शन करते हुए मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल गत तीन-चार वर्षों से कुटुंब जीवन मूल्य क्षरण को रोकने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। अब आपके मार्गदर्शन में हम इस कार्य को और भी गति प्रदान करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ सभासद अनिल श्रीराम कालेले, अरविंद जोशी, प्रेम उपवंशी, प्रवीण क्षीरसागर सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी व सभासद और बीएमस पदाधिकारी- सदस्य उपस्थित रहे।









Leave A Comment