जन-कल्याणकारी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर ने दिए निर्देश
निर्धारित समय में लंबित प्रकरणों का शत प्रतिशत निराकरण करें
रायपुर/ कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की पूर्व तैयारियों का सूक्ष्मता से मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने राजस्व विभाग को लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फार्मर रजिस्ट्री को गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए। 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए अधिकारियों को ठोस रणनीति बनाने तथा अंतर-विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र के मामलों को शीघ्र सुलझाने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत आयोजित होने वाले 'आशीर्वाद का दीया', '25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत', राष्ट्रीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक तथा 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' जैसे अभियानों की वृहद समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा आगामी समय में शुरू की जाने वाली अत्यंत महत्त्वाकांक्षी 'अंत्योदय वंदन योजना' एवं 'प्रोजेक्ट चक्र' के संबंध में विस्तार से चर्चा कर अधिकारियों को उनके दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे सहित जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।












Leave A Comment