नेहरु नगर में वरिष्ठजनों के लिए खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं 5 अक्टूबर से
पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 सितंबर
-टी सहदेव
भिलाई नगर। वरिष्ठ नागरिकों के मनोरंजन, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए नेहरु नगर में खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होने जा रहा है। ज्येष्ठ नागरिक मंच नेहरू नगर के तत्वावधान में आयोजित ये प्रतियोगिताएं 5 अक्टूबर से प्रारंभ होंगी। इस आयोजन में दुर्ग एवं भिलाई के सभी सियान सदनों के सदस्य और उनके जीवनसाथी हिस्सा ले सकते हैं।
मंच के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता और सचिव हेमंत चौहान ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में इंडोर और आउटडोर गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से कैरम, बैडमिंटन, शतरंज, लूडो, टेबल टेनिस और बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत वाद्ययंत्र वादन, गायन और नृत्य को शामिल किया गया है। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का समय दो पालियों में तय किया गया है। सुबह की पाली 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और शाम की पाली 5:00 बजे से 9:00 बजे तक रहेगी।
कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक नं. 28-29, ज्येष्ठ नागरिक मंच, नेहरू नगर (पश्चिम) में किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 तय की गई है। प्रतिभागियों को कुछ शर्तें माननी होंगी। सभी खिलाड़ियों को अपने संबंधित सियान सदन अध्यक्ष के माध्यम से ही आवेदन करना होगा। सभी खेलों में कम से कम 6 खिलाड़ियों का होना अनिवार्य है, अन्यथा उन्हें दूसरे ग्रुप के खिलाड़ियों के साथ मिलकर खेलना होगा।











.jpeg)

.jpg)
Leave A Comment