वास्तुविदों की प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन
0- ‘द इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ आर्किटेक्ट्स छत्तीसगढ़ चैप्टर की प्रदर्शनी से जनसामान्य को जागरूक और बेहतर निर्माण के प्रति प्रेरित करने का प्रयास
रायपुर। वास्तुविदों की प्रदर्शनी का शुक्रवार को मरीन ड्राइव पर महापौर मीनल चौबे ने उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में विभिन्न वास्तुविदों द्वारा तैयार किए गए आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक भवनों के डिज़ाइन, ड्राइंग, मॉडल, अन्य वास्तु- कृतियों को प्रदर्शित किया गया है।
उद्घाटन पर महापौर मीनल चौबे ने कहा कि वास्तुकार केवल भवन का नक्शा तैयार करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि किसी भवन की उपयोगिता, सुरक्षा, सौंदर्य, पर्यावरणीय प्रभाव और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उसकी समग्र योजना तैयार करने वाला विशेषज्ञ होता है। इसलिए भवन निर्माण अथवा पुनर्निर्माण से पहले योग्य एवं अनुभवी वास्तुविद का चयन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को यह जानकारी भी दी जा रही है कि वास्तुविद का चयन करते समय उसकी शैक्षणिक योग्यता, पंजीयन, अनुभव, पूर्व कार्यों, कार्यशैली और परियोजना की आवश्यकताओं की समझ को ध्यान में रखना चाहिए। सही वास्तुविद का मार्गदर्शन भवन की गुणवत्ता और उपयोगिता के साथ-साथ समय एवं संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में भी सहायक हो सकता है। प्रदर्शनी से लोगों को आधुनिक वास्तुकला, पर्यावरण- अनुकूल निर्माण, ऊर्जा दक्षता, सुरक्षित व उपयोगी भवन नियोजन, सौंदर्यपूर्ण डिजाइन की जानकारी दी जा रही है।
द इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ आर्किटेक्ट्स छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष सौरभ रहाटगांवकर ने बताया कि मरीन ड्राइव में यह प्रदर्शनी तीन से पांच अक्टूबर तक आम जनता के लिए सुबह 10 से रात 10 बजे तक खुली रहेगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, भवन निर्माताओं व निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और इसका लाभ उठाने की अपील की।












Leave A Comment